जशपुर में छुट्टों की किल्लत खत्म करने एसबीआई की सराहनीय पहल, 50 हजार रुपये के 10 रुपये के सिक्के बस स्टैंड पर वितरित, व्यापारियों और ग्राहकों को रोजमर्रा के लेन-देन में मिली बड़ी राहत
जशपुरनगर 17 मार्च । शहर में लंबे समय से बनी खुले पैसों की समस्या को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने सराहनीय पहल करते हुए 10 रुपये के सिक्कों का वितरण किया। इस कदम से बाजार में रोजमर्रा के लेन-देन में आ रही दिक्कतों से व्यापारियों और ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है।
मंगलवार को एसबीआई शाखा के प्रबंधक समीर कुमार, कैश अधिकारी नियाज आलम एवं वरिष्ठ कर्मचारी गौतम झा की टीम ने बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर के पास सिक्कों का वितरण किया। जानकारी के अनुसार, बाजार में छुट्टे पैसों की कमी के कारण दुकानदारों को ग्राहकों के साथ लेन-देन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इसी समस्या के समाधान के लिए बैंक द्वारा करीब 50 हजार रुपये मूल्य के 10-10 रुपये के सिक्के वितरित किए गए। वितरण के दौरान एक बोरी में 12,500 रुपये के सिक्के रखे गए थे। अधिक मात्रा में जरूरत वाले व्यापारियों को पूरी बोरी दी गई, जबकि अन्य दुकानदारों को उनकी आवश्यकता के अनुसार गिनकर सिक्के उपलब्ध कराए गए।
इस पहल का लाभ किराना, दवा, होटल और फल दुकानों सहित विभिन्न व्यापारियों ने उठाया। स्थानीय दुकानदारों ने एसबीआई की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे अब ग्राहकों को छुट्टे पैसे लौटाने में आसानी होगी और व्यापार में भी सुगमता आएगी।