ताजा खबरें

बड़ी खबर

ऑपरेशन तलाश” में तमनार पुलिस की बड़ी सफलता: टांगी से जानलेवा हमला कर फरार चल रहा आरोपी बाबूलाल राठिया गिरफ्तार, पुलिस ने हथियार सहित दबोचा

 14 मार्च, रायगढ़* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों एवं वारंटियों की लगातार गिरफ्तारी की जा रही है। इसी क्रम में थाना तमनार पुलिस को मारपीट के मामले में फरार आरोपी *बाबूलाल राठिया उर्फ परसनाथ पिता धनेश्वर राठिया उम्र 50 वर्ष निवासी आमगांव थाना तमनार* को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। आरोपी द्वारा गांव के ही गोवर्धन सेठ पर टांगी से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई गई थी, जिसके बाद वह फरार चल रहा था। तमनार पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

       प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी गोवर्धन सेठ निवासी आमगांव द्वारा दिनांक 24 फरवरी 2026 को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 23 फरवरी 2026 की शाम वह अपने बाड़ी से काम कर घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव में भीम सिंह चौहान के घर के पास बाबूलाल राठिया भीम सिंह को गाली-गलौज कर रहा था। प्रार्थी द्वारा उसे समझाकर घर जाने को कहा गया तो बाबूलाल राठिया प्रार्थी को भी गंदी-गंदी गालियां देने लगा और अपने घर से टांगी लाकर “जान से मार दूंगा” कहते हुए प्रार्थी की पीठ और पसली में दो बार हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

            प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 41/2026 धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में चोट की प्रकृति गंभीर पाए जाने पर प्रकरण में धारा 118(1) बीएनएस जोड़ी गई। घटना के बाद आरोपी बाबूलाल राठिया फरार हो गया था।

        एसएसपी रायगढ़ के निर्देशन पर चलाए जा रहे ऑपरेशन तलाश के तहत थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर द्वारा फरार आरोपियों और वारंटियों को चिन्हित कर लगातार दबिश दी जा रही है। इसी दौरान आज मुखबिर सूचना पर आरोपी बाबूलाल राठिया उर्फ परसनाथ को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया तथा उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी भी जब्त की गई। पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी की पताशाजी गिरफ्तारी की कार्यवाही में प्रधान आरक्षक  देव प्रसाद राठिया और आरक्षक डोल सिदार शामिल रहे ।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* — फरार आरोपियों और वारंटियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई, गंभीर अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image