ताजा खबरें


बड़ी खबर

प्रधानमंत्री टी.बी मुक्त भारत अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ,महापौर ने हरी झंडी दिखाकर एक्स-रे रथ को किया रवाना

रायगढ़, 25 मार्च 2026/ विश्व क्षय दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले में प्रधानमंत्री टी.बी मुक्त भारत अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया गया। राज्य शासन के निर्देशानुसार 24 मार्च को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगर निगम के महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने निक्षय वाहन एवं आयुष्मान आरोग्य शिविर के तहत एक्स-रे रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
             इस अभियान के प्रथम चरण में 258 उच्च जोखिम वाले ग्रामों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जबकि द्वितीय चरण में शेष ग्रामों में टी.बी जांच अभियान चलाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य जिले में टी.बी की शीघ्र पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है, ताकि टी.बी मुक्त भारत के लक्ष्य को जल्द हासिल किया जा सके। कार्यक्रम में टी.बी उन्मूलन के लिए सामुदायिक सहभागिता, समय पर जांच एवं पोषण सहयोग की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान जिंदल फाउंडेशन की ओर से 30 पंजीकृत टी.बी मरीजों को फूड बास्केट प्रदान किए गए। इस अवसर पर नगर निगम के सभापति श्री डिग्री लाल साहू, सरिता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत, सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. दिनेश पटेल, जिला क्षय अधिकारी डॉ. जयकुमारी चौधरी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव एवं एस.टी.एस. कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

और भी

विश्व क्षय दिवस पर टी.बी मुक्त ग्राम पंचायतों का हुआ सम्मान,टी.बी उन्मूलन के लिए व्यापक जांच एवं जागरूकता अभियान पर जोर

रायगढ़, 25 मार्च 2026/ विश्व क्षय दिवस के अवसर पर राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में 24 मार्च को सिंधु पंचायती धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री टी.बी मुक्त पंचायत अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सीईओ जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे ने जिले के 358 ग्राम पंचायतों में से 142 को ब्रॉन्ज, 176 को सिल्वर तथा 40 पंचायतों को गोल्ड श्रेणी में सम्मानित करते हुए गांधी जी की प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों से टी.बी मुक्त भारत के निर्माण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
              कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जगत ने वर्तमान में चल रहे टी.बी उन्मूलन अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टी.बी के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जिले को जल्द से जल्द टी.बी मुक्त बनाना है। जिला क्षय अधिकारी डॉ. जय कुमारी चौधरी एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा चिन्हित 298 ग्रामों में हैंडहेल्ड एक्स-रे के माध्यम से व्यापक टी.बी स्क्रीनिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि संदिग्ध मरीजों के सैंपल तत्काल लेकर जांच की जा रही है तथा सभी विकासखंडों में उपलब्ध ट्रू-नॉट मशीनों से परीक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

और भी

1 अप्रैल से 31 जुलाई तक रायगढ़ जिला जलाभाव क्षेत्र घोषित, नलकूप खनन पर लगा प्रतिबंध

रायगढ़, 25 मार्च 2026/ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी द्वारा छत्तीसगढ़ पेयजल परिरक्षण अधिनियम 1986 (क्रमांक 3, 1987) की धारा 3 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आगामी ग्रीष्म ऋतु में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संपूर्ण रायगढ़ जिले को 1 अप्रैल से 31 जुलाई 2026 तक जलाभाव ग्रस्त क्षेत्र घोषित किया गया है।
            आदेश के अनुसार अधिनियम की धारा 6 के तहत जिले में सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना कोई भी नया नलकूप, पेयजल अथवा पेयजल के अलावा किसी अन्य प्रयोजन हेतु खनन नहीं किया जा सकेगा। हालांकि, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित शासकीय एजेंसियों को पेयजल आपूर्ति के लिए आवश्यकतानुसार नलकूप खनन की अनुमति दी गई है। इसके अंतर्गत नगर निगम, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत अपने-अपने क्षेत्र में केवल पेयजल हेतु नलकूप खनन कर सकेंगे, जिसकी सूचना संबंधित प्राधिकृत अधिकारी को देना अनिवार्य होगा। आदेश में यह भी उल्लेखित है कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नलकूप खनन के लिए अनुमति प्रदान हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को प्राधिकृत किया गया है। इसके तहत अनुविभागीय अधिकारी (रा.) रायगढ़ को रायगढ़ एवं पुसौर क्षेत्र, अनुविभागीय अधिकारी (रा.) खरसिया को खरसिया क्षेत्र, अनुविभागीय अधिकारी (रा.) घरघोड़ा को घरघोड़ा एवं तमनार क्षेत्र, अनुविभागीय अधिकारी (रा.) धरमजयगढ़ को धरमजयगढ़ क्षेत्र तथा अनुविभागीय अधिकारी (रा.) लैलूंगा को लैलूंगा क्षेत्र के लिए अधिकृत किया गया है।
          उक्त प्राधिकृत अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में प्राप्त आवेदनों के अनुसार आवश्यकता का परीक्षण कर नलकूप खनन की अनुमति प्रदान करेंगे तथा अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करेंगे। यदि किसी व्यक्ति या एजेंसी द्वारा अधिनियम का उल्लंघन करते हुए नलकूप खनन किया जाता है, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है।

और भी

अफीम की काली खेती पर रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई — मुख्य आरोपी पहले ही सलाखों के पीछे, अब फरार सहयोगी भी चढ़ा हत्थे, ओडिशा-झारखंड तक चला हाई-टेक सर्च ऑपरेशन

25 मार्च, रायगढ़ । जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम खेती के मामले में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में तमनार पुलिस ने एक और फरार *आरोपी सिप्रियन भेंगरा (25 वर्ष), पिता सिरिल भेंगरा, निवासी ग्राम जापुद पहाड़टोली थाना तोरपा जिला खूंटी (झारखंड)* को उसके गृहग्राम में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

        घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। मौके पर एएनटीएफ टीम को कुल 60,326 अफीम के पौधे मिले, जिनका कुल वजन 2877 किलोग्राम पाया गया। पूछताछ में मुख्य आरोपी मार्शल संगा ने अपने सहयोगियों एमानुएल भेंगरा एवं सिप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर अवैध खेती करना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर उसके ठिकाने से 3.02 किलोग्राम अफीम, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख 10 हजार रुपये भी बरामद की गई।

           इस मामले में थाना तमनार में *अपराध क्रमांक 59/2026 धारा 8(बी), 18 एनडीपीएस एक्ट* के तहत प्रकरण दर्ज कर मुख्य आरोपी मार्शल संगा को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तमनार एवं साइबर थाना की संयुक्त टीमों को ओडिशा एवं झारखंड रवाना किया गया था। पुलिस टीम लगातार आरोपियों का पीछा करते हुए उनके गृहग्राम तक पहुंची, जहां आरोपियों को पुलिस की भनक लगने पर वे पहाड़ी क्षेत्र में छिप गए थे।

          दिनांक 22 मार्च को स्थानीय पुलिस के सहयोग से रायगढ़ पुलिस द्वारा सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें जंगल क्षेत्र में भाग रहे आरोपी एमानुएल भेंगरा को पकड़ लिया गया। आरोपी को रायगढ़ लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके कब्जे से मोबाइल फोन जप्त कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। वहीं दूसरे फरार आरोपी सिप्रियन भेंगरा की तलाश लगातार जारी रखते हुए तमनार पुलिस द्वारा उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से एक नाराजो कंपनी का मोबाइल फोन जप्त किया गया है।

*गिरफ्तार आरोपी - सिप्रियन भेंगरा पिता सिरिल भेंगरा 25 साल निवासी ग्राम जापुद पहाडटोली थाना तोरपा जिला खूंटी (झारखंड)*

           पूरे प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव, सहायक उप निरीक्षक शशिदेव भोई, आरक्षक अतुल सिदार एवं अमन टंडन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

      *“ऑपरेशन आघात के तहत मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी पर कार्रवाई जारी है । ऐसे अपराधों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त अभियान चलाते हुए सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।”*

और भी

विश्वास, प्यार और शादी का झूठा सपना देकर युवती से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

25 मार्च, रायगढ़  । महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर युवती के साथ शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

         प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 24 मार्च 2026 को स्थानीय युवती (उम्र 29 वर्ष) द्वारा महिला थाना रायगढ़ में आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू निवासी सरिया से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने विश्वास में लेकर दिनांक 20 अक्टूबर 2025 को युवती के घर पहुंचकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी, जिससे डरी सहमी युवती ने किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। इसके बाद नवंबर 2025 में आरोपी युवती को रायपुर अपने रिश्तेदार के घर ले गया, जहां भी उसने दो दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।

         युवती द्वारा लगातार शादी का दबाव बनाने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और अंततः दिनांक 05 मार्च 2026 को सरिया बुलाकर बाजार चौक में मिलने के बाद उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। घटना से आहत युवती ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर थाना महिला रायगढ़ में अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 351(3), 69 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

        मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू (34 वर्ष), पिता धनराज साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 8 थाना सरिया, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को कल ही उसके निवास से हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पोको मोबाइल फोन जप्त कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी महिला थाना उप निरीक्षक कुसुमु कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, राजेश उरांव एवं स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

     *“महिलाओं एवं बालकों से संबंधित अपराधों में आरोपियों के विरूद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही ।”*

और भी

खरसिया में दुपहिया वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 1 आरोपी समेत 5 नाबालिग पकड़े गए — तीन बुलेट और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

  रायगढ़, 24 मार्च । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खरसिया पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक युवक एवं 5 विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।  

   प्रकरण में दिनांक 22.03.2026 को प्रार्थी दीपक मेघानी, निवासी हनुमान चौक पुरानी बस्ती खरसिया द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BN 0643 को अज्ञात आरोपियों द्वारा घर के आंगन से चोरी कर लिया गया है। रिपोर्ट पर चौकी खरसिया में अपराध क्रमांक 128/2026 धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।  

   विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि रायगढ़ के ढिमरापुर क्षेत्र के रोहित चौहान एवं उसके साथी नई बुलेट में घूम रहे हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए रितेश सुनानी उर्फ रोहित चौहान (19 वर्ष) निवासी ढिमरापुर पुरानी बस्ती रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर खरसिया क्षेत्र से बुलेट चोरी करना स्वीकार किया।  

   आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ ट्रेन एवं मोटरसाइकिल से रात के समय खरसिया जाकर सुनसान स्थानों से बुलेट चोरी करता था। 19 मार्च को पुरानी बस्ती खरसिया निवासी दीपक मेघानी की बुलेट चोरी कर रायगढ़ लाया गया। इसके पूर्व 18 मार्च को गंजपीछे खरसिया निवासी प्रदुमन गर्ग बुलेट क्रं. CG13AA0747 की तथा उससे पहले 14 मार्च को न्यू पोस्ट आफिस रोड खरसिया निवासी आर्यन बंसल की बुलेट CG13V8329 चोरी की गई थी, जिन्हें पेट्रोल समाप्त होने पर खरसिया रेलवे साइडिंग के पास खंडहर में छिपा दिया गया था।  

   आरोपियों के मेमोरेंडम पर चोरी की गई तीनों बुलेट मोटरसाइकिल एवं घटना में प्रयुक्त हीरो होंडा सीडी डीलक्स बाइक कुल कीमत लगभग ₹3.50 लाख बरामद की गई है। प्रकरण में आरोपी रितेश सुनानी उर्फ रोहित चौहान पिता प्रकाश सुनानी उम्र 19 वर्ष सा. ढिमरापुर पुरानी बस्ती रायगढ़एवं 5 विधि से संघर्षरत बालकों को सक्षम न्यायालय न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।  

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, एएसआई उदय सिंह सिदार, प्रधान आरक्षक मनोज मरावी, बालचंद राव, आरक्षक मुकेश यादव और सोमनाथ पटेल की सराहनीय भूमिका रही।  

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

      *“रायगढ़ पुलिस अपने ह्यूमन इंनपुट और टेक्निकल इंनपुट से संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त तत्वों पर निगाह रखी जा रही है, ऐसे आरोपियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी रहेगी”*

और भी

मोबाइल बना सट्टे का अड्डा! मस्जिदपारा और ढिमरापुर में चल रहा था ऑनलाइन जुआ का खेल — पुलिस की दबिश में रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी, लाखों के नेटवर्क का खुलासा संभव

   रायगढ़, 24 मार्च । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में ऑनलाइन सट्टा एवं जुआ के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान जारी है। इसी क्रम में धरमजयगढ़ एवं कोतवाली पुलिस द्वारा अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।  

   धरमजयगढ़ पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि मस्जिदपारा के पीछे रहने वाला विरेन्द्र मिश्रा अपने मोबाइल फोन के माध्यम से व्हाट्सएप पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव के नेतृत्व में टीम द्वारा दबिश दी गई, जहां आरोपी **विरेन्द्र मिश्रा (36 वर्ष)** पिता टिकादत्त मिश्रा निवासी मस्जिदपारा, थाना धरमजयगढ़ को मोबाइल में सट्टा पट्टी लिखते रंगे हाथ पकड़ा गया। जांच में उसके मोबाइल पर विभिन्न व्यक्तियों से अंकों एवं रकम का लेन-देन पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल एवं फोन पे के माध्यम से सट्टा खिलाना स्वीकार किया। आरोपी से 01 नग मोबाइल फोन एवं ₹870 नगद जब्त कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।  

          वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन पर कार्रवाई में थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक सीताराम ध्रुव, एएसआई मंजू मिश्रा, डेविड टोप्पो, सउनि एसके वर्मा, प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक कमलेश राठिया, किशोर राठौर और लालजीत राठिया शामिल थे ।

   वहीं कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ढिमरापुर पुरानी बस्ती निवासी श्यामलाल भास्कर अपने मोबाइल के माध्यम से सट्टा पट्टी नामक जुआ संचालित कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर आरोपी *श्यामलाल भास्कर (55 वर्ष) पिता राम प्रसाद भास्कर निवासी ढिमरापुर पुरानी बस्ती, थाना कोतवाली* को मोबाइल में व्हाट्सएप के जरिए सट्टा संचालित करते पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने सहनावाज मालिक उर्फ सानु के माध्यम से सट्टा संचालित करना एवं कमीशन प्राप्त करना स्वीकार किया। आरोपी से एक मोबाइल फोन, ₹1750 नगद एवं सट्टा पट्टी लिखित कागज जब्ती की गई है । थाना कोतवाली आरोपी *श्यामलाल भास्कर और सहनावाज मालिक उर्फ सानु* के विरूद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6(क), 7(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार आरोपी श्यामलाल भास्कर को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी सहनावाज मालिक उर्फ सानु फरार है ।  

   दोनों मामलों में डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।  

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

*“ऑनलाइन सट्टा एवं जुआ जैसे अवैध कृत्यों में संलिप्त आरोपियों पर रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”*

और भी

खल्लारी रोप-वे दुर्घटना: मुख्यमंत्री ने सहायता राशि की घोषणा की, दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई

रायपुर 24 मार्च 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने  महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हाल ही में हुई रोप-वे दुर्घटना में प्रभावित परिवारों के लिए सहायता राशि की घोषणा की है। उन्होंने दिवंगत श्रद्धालुओं के परिजनों को 5 लाख रुपए एवं घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है, ताकि इस कठिन समय में उन्हें संबल मिल सके।

मुख्यमंत्री श्री साय ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुःख की घड़ी में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता के लिए तत्पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

और भी

उपमुख्यमंत्री अरुण साव का बड़ा दावा—खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स से बदलेगा छत्तीसगढ़ का स्पोर्ट्स इकोसिस्टम, खिलाड़ियों को मिलेगा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच

रायपुर, 24 मार्च 2026/बुधवार 25 मार्च से शुरू हो रहे पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी के लिए  छत्तीसगढ़ पूरी तरह तैयार है और राज्य के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव का मानना है कि यह “राज्य के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को बड़ा बढ़ावा देगा।” खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री साव ने मंगलवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स भारतीय खेल इतिहास में एक “मील का पत्थर” साबित होगा।

         श्री साव ने बताया कि, “हमने पहले सरगुजा ओलंपिक और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन छोटे स्तर पर किए हैं। अब खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी कर हम एक बड़े मंच पर कदम रख रहे हैं, जो हमारी क्षमताओं की परीक्षा भी लेगा और उन्हें नई ऊंचाई देगा।”उन्होंने  कहा, “यह छत्तीसगढ़ के लिए निस्संदेह एक ऐतिहासिक और यादगार आयोजन है। यह हमारे खेल प्रतिभा और बुनियादी ढांचे को बड़ी मजबूती देगा। साथ ही, यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन का प्रत्यक्ष अनुभव भी प्रदान करेगा।”

      श्री साव ने बताया कि, “राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने वाले खिलाड़ियों के साथ खेलने और उन्हें देखने का अनुभव छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए बेहद समृद्ध करने वाला होगा। इसमें कोई संदेह नहीं कि यह आयोजन राज्य के खेल तंत्र और खिलाड़ियों दोनों के लिए बड़ी ताकत साबित होगा।”

         खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में 30 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हिस्सा लेंगे और कुल नौ खेलों का आयोजन होगा। तीरंदाजी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, तैराकी, वेटलिफ्टिंग और कुश्ती में पदक दिए जाएंगे, जबकि मल्लखंब और कबड्डी प्रदर्शन खेल के रूप में शामिल होंगे।
करीब 3,800 प्रतिभागी इन खेलों में हिस्सा लेंगे, जो 3 अप्रैल तक चलेंगे। प्रतियोगिताएं रायपुर, जगदलपुर और सरगुजा में आयोजित की जाएंगी। कुल 106 स्वर्ण पदक दांव पर होंगे। एथलेटिक्स में सर्वाधिक 34 स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। तैराकी (24), कुश्ती (18), वेटलिफ्टिंग (16) और तीरंदाजी (10) में भी दो अंकों में स्वर्ण पदक होंगे। हॉकी और फुटबॉल टीम खेल हैं, जिनका आयोजन रायपुर में होगा। एथलेटिक्स जगदलपुर में और कुश्ती सरगुजा में आयोजित की जाएगी।

          भारत के शीर्ष खिलाड़ी, हॉकी ओलंपियन दिलीप तिर्की, सलीमा टेटे और शीर्ष धावक अनिमेष कुजूर ने कहा, “खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स खेलों में करियर बनाने और आदिवासी समुदाय से निकले दिग्गज खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने का एक शानदार मंच है।”

        हॉकी इंडिया के अध्यक्ष और पूर्व ओलंपियन दिलीप तिर्की ने साई मीडिया से कहा, “मेरे लिए और हम सभी के लिए यह गर्व की बात है कि देश में पहली बार इस तरह की चौंपियनशिप शुरू हो रही है। यह युवाओं और आदिवासी खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और खेलों में आगे बढ़ने, तथा देश के लिए खेलने का एक बेहतरीन अवसर है। हमारे  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का विज़न है कि भारत एक खेल राष्ट्र बने। वे चाहते हैं कि हर युवा किसी न किसी खेल से जुड़ा रहे।”

        मेजबान राज्य छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और असम से 100 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पुरुष और महिला खिलाड़ियों का अनुपात लगभग 50-50 रहेगा, जो ओलंपिक चार्टर में लैंगिक समानता के सिद्धांत के अनुरूप है। 
        
        दिलीप तिर्की ने बताया कि, “केन्द्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया भी चाहते हैं कि खेलों के माध्यम से हमारे खिलाड़ी, खासकर आदिवासी खिलाड़ी, बेहतर करियर बना सकें, अपने जीवन को सुधार सकें और देश का प्रतिनिधित्व कर सकें। मैं स्वयं एक आदिवासी परिवार से आता हूं और खेलों, विशेषकर हॉकी के माध्यम से आज यहां तक पहुंचा हूं। मुझे विश्वास है कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी आदिवासी बच्चों का भविष्य उज्ज्वल है। पहले भी कई आदिवासी खिलाड़ियों ने देश का प्रतिनिधित्व किया है और वे हमारे समाज के प्रेरणास्रोत बने हैं।”

        राष्ट्रीय 100 मीटर और 200 मीटर रिकॉर्ड धावक और भारत के उभरते एथलेटिक्स स्टार अनिमेष कुजूर ने साई मीडिया से कहा, “भारत में अभी भी कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां खेल पूरी तरह नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन और भी खास बन जाता है। मैं सरकार के इस प्रयास की सराहना करता हूं, जिसने देशभर के आदिवासी युवाओं को एक मंच पर लाने का काम किया है।”

        खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के इस उद्घाटन संस्करण में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय खेल महासंघों द्वारा आयोजित ट्रायल्स के माध्यम से किया गया है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भारतीय खेल प्राधिकरण (सांई) द्वारा नियुक्त कोच नजर रखेंगे। श्री तिर्की ने कहा, “हमारे सभी आदिवासी खिलाड़ी और बच्चे खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाएं, देश के लिए खेलें और अपना करियर बनाएं। प्रधानमंत्री का 2036 ओलंपिक और विकसित भारत का विज़न है कि हमारा देश एक युवा और खेल राष्ट्र बने। मुझे पूरा विश्वास है कि एक दिन हमारा देश एक सशक्त खेल राष्ट्र के रूप में उभरेगा।”

और भी

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026: प्रथम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह,जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय हुए शामिल....

जशपुरनगर 24 मार्च । भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठनात्मक सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत पत्थलगांव ग्रामीण मंडल का द्वि-दिवसीय मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग 23–24 मार्च 2026 को किलकिला पत्थलगांव स्थित शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण वर्ग का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
प्रथम दिवस के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में सालिक साय उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, अनुशासन तथा संगठन विस्तार के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, निष्ठा और समर्पण पर आधारित है। यदि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है, तो प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।उन्होंने आगे कहा कि पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाना ही कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को राष्ट्र निर्माण में संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका से भी अवगत कराया गया, जिससे उनमें नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।प्रशिक्षण वर्ग के दौरान विभिन्न सत्रों में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं को व्यवहारिक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष हेमंत बंजारा, जिला मंत्री आलोक सारथी, महामंत्री सरिता सिडार, जनपद उपाध्यक्ष फिलिसपीना एक्का, महामंत्री प्रकाश चौहान, हरजीत भाटिया, प्रदीप गुप्ता, वीरेंद्र सिंह, चमर साय, खेमानिधि यादव सहित अनेक ज्येष्ठ एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण वर्ग का यह आयोजन न केवल संगठन को मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है, बल्कि इससे कार्यकर्ताओं में नई प्रेरणा और सक्रियता भी देखने को मिल रही है।

और भी

लैलूंगा में अफीम माफियाओं पर बड़ा प्रहार : नवीन घटगांव और मुड़ागांव में 3 आरोपी गिरफ्तार, 61 किलो से अधिक अवैध अफीम जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई

रायगढ़, 24 मार्च । राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत तमनार क्षेत्र के आमाघाट से लेकर लैलूंगा विकासखंड के नवीन घटगांव एवं मुड़ागांव तक जिला प्रशासन, पुलिस, कृषि, आबकारी, एफएसएल एवं एएनटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक कार्रवाई की गई ।

             विदित हो कि तमनार क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम खेती की सूचना पर संयुक्त टीम द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 60,326 अफीम के पौधे एवं 3 किलोग्राम प्रोसेस कर तैयार अफीम जब्त की गई। इस मामले में आरोपी मार्शल संगा एवं उसके साथी एमानुएल भेंगरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।  

        उक्त कार्रवाई के बाद जिले में अफीम की अवैध खेती के विरुद्ध प्रशासन एवं पुलिस सघन फिजिकल एवं ड्रोन सर्वे प्रारंभ किया गया। इसी क्रम में दिनांक 23 मार्च 2026 को लैलूंगा तहसील के ग्राम नवीन घटगांव में भूमिस्वामी *सादराम नागवंशी (60 वर्ष)* द्वारा अपने खसरा नंबर 412, रकबा लगभग 0.397 हेक्टेयर भूमि के करीब 2 डिसमिल हिस्से में अवैध अफीम की खेती किया जाना पाया गया। आरोपी के कब्जे से 6.100 किलोग्राम अफीम के सूखे पत्ते एवं 16.000 किलोग्राम सूखे डंठल जब्त कर थाना लैलूंगा में *अपराध क्रमांक 94/2026 धारा 8 (बी), 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध* कर विवेचना में लिया गया है।  

   इसी ग्राम में एक अन्य आरोपी *अभिमन्यु नागवंशी (20 वर्ष)* के घर से 14 किलोग्राम अफीम की सूखी फसल बरामद की गई। टीम के पहुंचने पर आरोपी द्वारा साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा था, जिसे तत्काल विफल करते हुए सामग्री जब्त की गई। आरोपी द्वारा अपने पुश्तैनी भूमि में अफीम की खेती की तैयारी किया जाना स्वीकार किया गया। इस संबंध में *अपराध क्रमांक 95/2026 धारा 8 (बी), 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध* कर विवेचना जारी है।  

        कार्रवाई की इसी कड़ी में लैलूंगा तहसील के ग्राम मुड़ागांव में आरोपी *तानसिंह नागवंशी (32 वर्ष)* द्वारा अपने हिस्से की भूमि में अफीम पोस्त की अवैध खेती किया जाना पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि फसल पूर्ण विकसित नहीं होने पर उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर प्लास्टिक बोरे में भरकर छिपाया गया था, जिसे नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए लगभग 4.00 किलोग्राम अफीम पोस्त जब्त कर आरोपी के विरुद्ध *अपराध क्रमांक 96/2026 धारा 8 (बी), 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध* कर विवेचना में लिया गया है। इस प्रकार तीनों कार्रवाई में 61 किलो से अधिक अफीम की जब्ती की गई है । तीनों आरोपियों को लैलूंगा पुलिस ने गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है । 

        ड्रोन तकनीक के माध्यम से दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी संभव हो सकी है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थ कारोबार से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है।  

        जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती एक गंभीर दंडनीय अपराध है, जिसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि इस प्रकार की किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।  

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

           *“राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरूद्ध प्रशासन व पुलिस गंभीरता पूर्वक कार्यवाही की जा रही है, जिले में कहीं भी अवैध रूप से मादक पदार्थों की खेती, क्रय-विक्रय, भंडारण पर कार्रवाई सुनिश्चित की जावेगी”*

और भी

जनता के द्वार पहुंचेगा प्रशासन” : रायगढ़ में 2 अप्रैल को लैलूंगा, 4 को घरघोड़ा और 9 को खरसिया में लगेंगे मेगा जनसमस्या निवारण शिविर, दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक मौके पर ही होगा समस्याओं का त्वरित समाधान

रायगढ़, 24 मार्च 2026/ आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा “प्रशासन पहुंचेगा जनता के द्वार” अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 02 अप्रैल को लैलूंगा, 04 अप्रैल को घरघोड़ा एवं 09 अप्रैल को खरसिया में शिविर आयोजित होंगे। सभी शिविर संबंधित तहसील मुख्यालय प्रांगण में दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।
            पूर्व निर्धारित तिथियों में आवश्यक संशोधन करते हुए यह नया कार्यक्रम जारी किया गया है। शिविरों में आम नागरिक अपनी मांग, शिकायत, आवेदन एवं अन्य प्रकरण सीधे जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। प्रत्येक शिविर में जिला स्तरीय अधिकारियों, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है, ताकि अधिकतम प्रकरणों का निराकरण स्थल पर ही किया जा सके।
           कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों के आयोजन एवं आवेदन प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिविर स्थल पर प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी आवेदकों को दी जाए तथा जिन प्रकरणों का निराकरण उसी दिन संभव न हो, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित कर आवेदकों को सूचित किया जाए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि अधिकतम प्रकरणों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे आम नागरिकों को शासकीय कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

और भी

प्रगतिरत निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूर्ण करें-कलेक्टर,कलेक्टर ने डीएमएफ कार्यों की विभागवार एवं एजेंसीवार समीक्षा की

रायगढ़, 24 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज जिला कलेक्टोरेट में जिला खनिज संस्थान न्यास अंतर्गत संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने एजेंसियों एवं संबंधित विभागों से वर्षवार जानकारी लेते हुए कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
          बैठक में कलेक्टर ने वित्तीय वर्ष 2017-18 से 2025-26 तक स्वीकृत, पूर्ण, अपूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तार पूर्वक जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुके कार्यों के पूर्णता प्रमाण पत्र तीन दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किए जाएं, ताकि अभिलेखों का संधारण व्यवस्थित रूप से किया जा सके। कलेक्टर ने पोर्टल में लंबित प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्र समय पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण एजेंसियां एवं संबंधित विभाग इस कार्य को प्राथमिकता में रखते हुए लंबित औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण करें।
          बैठक के दौरान कलेक्टर ने एजेंसीवार एवं विभागवार कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूर्ण होना सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर डीएफओ रायगढ़ श्री अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों एवं विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत 19 वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी नई रोशनी,रायपुर एम्स में होगा निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन, जिला मुख्यालय से विशेष व्यवस्था के साथ रवाना

रायगढ़, 24 मार्च 2026/ भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत जिले के 19 वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए आज रायगढ़ से रायपुर स्थित एम्स के लिए रवाना किया गया। 
          समाज कल्याण विभाग के उप संचालक शिवशंकर पांडेय ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से 22 जनवरी को आशा निकेतन वृद्धाश्रम, कौहाकुण्डा रायगढ़ में विशेष जांच एवं चिन्हांकन शिविर आयोजित किया गया था। इस शिविर में डे-केयर सेंटर सियान गुड़ी जतन केंद्र परिसर, आशा निकेतन वृद्धाश्रम तथा आर्य विद्या सभा सलखिया वृद्धाश्रम लैलूंगा सहित आसपास क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विस्तृत जांच के बाद 19 वरिष्ठ नागरिकों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। आज चयनित सभी हितग्राहियों को आवश्यक सुविधाओं एवं समुचित देखरेख के साथ आशा निकेतन वृद्धाश्रम, कौहाकुण्डा से रायपुर एम्स के लिए रवाना किया गया। उनके साथ 11 केयर टेकर एवं संबंधित नोडल अधिकारी भी मौजूद हैं, ताकि उपचार प्रक्रिया सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। यह पहल “मोतियाबिंद मुक्त भारत” अभियान को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

और भी

मारपीट, हथियारबाजी और दहशत फैलाने वालों पर रायगढ़ पुलिस का सख्त एक्शन—दो थाना क्षेत्रों में 6 आरोपी दबोचे, तलवार और खुरपी जब्त, सभी को न्यायिक रिमांड, जिले में लगातार जारी सख्ती!

24 मार्च रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर रायगढ़ पुलिस द्वारा आदतन झगड़ा, मारपीट में शामिल रहने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जूटमिल और चक्रधरनगर पुलिस ने झगड़ा, मारपीट और सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले 6 आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।

जूटमिल पुलिस ने अपचारी बालक समेत चार आरोपियों पर की आर्म्स एक्ट की कार्रवाई*—

           जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत 21 मार्च को समाधी गली में हुई मारपीट की घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रार्थी किशोर बालक द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि वह अपने रिश्तेदार के साथ कयाघाट स्थित लकड़ी की देखरेख के लिए गया था, जहां करन बानी उर्फ करन गुप्ता अपने साथियों के साथ मौजूद था। किशोर बालक ने करन से उनके लकड़ी को नाली में बहा देने पर पूछताछ किया जिस पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष के वहां से भागने पर आरोपी पीछा करते हुए घर तक पहुंचे और बाद में करन गुप्ता का बड़ा भाई सोनू गुप्ता तलवार लेकर मौके पर पहुंचा और जान से मारने की नीयत से दौड़ाने लगा। मामले में जूटमिल पुलिस ने अपराध क्रमांक 94/2026 धारा 115(2), 296, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी करन बानी उर्फ करन गुप्ता, नंद किशोर बानी उर्फ अखिल गुप्ता, सोनू गुप्ता एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपियों को जेल भेजा गया।

➡️ *चक्रधरनगर पुलिस ने आदतन बदमाश आशीष महंत और उसके साथी श्याम बरेठ पर की कार्रवाई*—

         वहीं चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में 23 मार्च को पेट्रोलिंग के दौरान विजयपुर क्षेत्र में सूचना मिली कि दो युवक इंदिरा विहार मेन रोड पर धारदार खुरपी लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आशीष महंत और श्याम बरेठ बताया। आरोपी आशीष महंत के कब्जे से एक धारदार लोहे का खुरपी बरामद किया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी आशीष महंत पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।

???? *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

      *“जिले में शांति व्यवस्था भंग करने और मारपीट जैसी घटनाओं में शामिल असामाजिक तत्वों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। ऐसे तत्वों आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी”*

और भी

आयुर्वेद का चमत्कार: मधुमेह, बीपी, सर्वाइकल, माइग्रेन और मोटापा जैसी जटिल बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को रायगढ़ आयुष अस्पताल में मिला निःशुल्क इलाज से नया जीवन,छह सफल उदाहरण बने प्रेरणा

रायगढ़,24 मार्च 2026।  बदलते दौर में लोग मधुमेह (डायबिटीज), उच्च रक्तचाप (बीपी), सर्वाइकल पेन, स्पोंडिलाइटिस, माइग्रेन, एलर्जी, मोटापा, एनीमिया, बाल झड़ना, तनाव और पाचन संबंधी समस्याओं जैसी अनेक बीमारियों से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में आयुर्वेद एक बार फिर भरोसे का मजबूत आधार बनकर उभर रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के आयुष विभाग द्वारा रायगढ़ जिले के आयुष अस्पतालों में जटिल से जटिल रोगों का निःशुल्क और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे कई मरीजों का जीवन फिर से सामान्य और खुशहाल हो रहा है।

इस सफलता के पीछे आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी लोईग में पदस्थ डॉ. माकेश्वरी संभाकर जोशी प्रभारी आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, आयुष केंद्र लोईग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके मार्गदर्शन और सतत देखरेख में इन मरीजों का उपचार किया गया, जहां औषधियों के साथ-साथ आहार-विहार और दिनचर्या पर विशेष ध्यान दिया गया। जानकारी के अभाव में जहां कई लोग महंगे इलाज में समय और पैसा गंवा देते हैं, वहीं जागरूक मरीज आयुर्वेद के इस निःशुल्क उपचार का लाभ लेकर बेहतर स्वास्थ्य की ओर लौट रहे हैं। ऐसे ही छह मरीजों की कहानियां आज उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई हैं।
इस संबंध में प्रभारी आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी लोईग के डॉ. माकेश्वरी संभाकर जोशी ने कहा कि आयुर्वेद केवल रोग का उपचार नहीं, बल्कि जीवनशैली को संतुलित करने की एक संपूर्ण पद्धति है। यदि मरीज नियमित रूप से आहार-विहार और चिकित्सकीय परामर्श का पालन करें, तो जटिल से जटिल रोगों में भी सकारात्मक परिणाम मिलते हैं। आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है, जिसका अधिक से अधिक लोगों को लाभ लेना चाहिए।

जानिए कैसे किन–किन रोगों का हुआ आयुर्वेद से सफल उपचार, जो आज अपने खुशहाल जीवन में लौट आए है

ग्राम लोईग की 78 वर्षीय लुवा सारथी पिछले दो वर्षों से मधुमेह और उच्च रक्तचाप से परेशान थीं। हालत इतनी गंभीर हो गई थी कि उन्हें चलने-फिरने में भी कठिनाई होने लगी थी। आयुर्वेदिक उपचार और नियमित दिनचर्या के पालन से जहां उनका शुगर स्तर 390 से घटकर 170-180 तक पहुंच गया, वहीं बीपी भी 170-180 से घटकर 130/70 तक नियंत्रित हो गया। विशेष बात यह रही कि उन्होंने दो महीने पहले से एलोपैथी दवाओं का उपयोग भी बंद कर दिया है।

इसी तरह गौवर्धनपुर के 38 वर्षीय गनपत उरांव सर्वाइकल पेन, स्पोंडिलाइटिस और मधुमेह से पीड़ित थे। लंबे समय तक एलोपैथी उपचार के बावजूद राहत नहीं मिली और सर्जरी की सलाह दी गई थी। लेकिन आयुर्वेदिक उपचार, पंचकर्म और संतुलित दिनचर्या अपनाने से उन्हें 70 प्रतिशत तक सुधार हुआ। अब वे बिना सर्जरी के सामान्य जीवन जी पा रहे हैं।

ग्राम रेगड़ा के 30 वर्षीय यासिम हुसैन का वजन काफी कम था, जिससे वे शारीरिक कमजोरी से जूझ रहे थे। आयुर्वेदिक औषधियों और सही आहार-विहार के पालन से मात्र दो माह में उनका वजन 49 किलो से बढ़कर 60 किलो हो गया।

रायगढ़ के बंटी मेहर, जो सिरदर्द और कमजोरी से परेशान थे, ने भी आयुर्वेदिक उपचार से दो महीने में 8 किलो वजन बढ़ाया और स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार पाया।
ममता जोशी (43 वर्ष) के मामले में आयुर्वेद ने और भी व्यापक प्रभाव दिखाया। बाल झड़ना, एसिडिटी, एनीमिया और मोटापे जैसी समस्याओं से जूझ रही ममता का वजन 90 किलो से घटकर 76 किलो हो गया। साथ ही बाल झड़ना बंद हुआ, हीमोग्लोबिन स्तर 13 ग्राम तक पहुंचा और लंबे समय से अनियमित मासिक धर्म भी फिर से नियमित हो गया।
वहीं 37 वर्षीय बी. डड़सेना, जो पिछले 8-9 वर्षों से एलर्जी, क्रॉनिक सर्दी, माइग्रेन और तनाव से पीड़ित थे, उन्हें भी आयुर्वेदिक उपचार से लगभग 70 प्रतिशत तक राहत मिली।

इन सभी उदाहरणों से हम यह कह सकते है कि आयुर्वेद न केवल रोगों का उपचार करता है, बल्कि जीवनशैली में सुधार लाकर व्यक्ति को संपूर्ण रूप से स्वस्थ बनाने का कार्य करता है। रायगढ़ के आयुष अस्पताल में उपलब्ध यह निःशुल्क उपचार उन लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जो बिना अधिक खर्च के बेहतर स्वास्थ्य की तलाश में हैं।

और भी

ऑपरेशन आघात” का रायगढ़ में जबरदस्त असर — एक ही दिन में 919 लीटर अवैध शराब जब्त, 36 आरोपी गिरफ्तार, 21 भेजे गए जेल, शराब माफियाओं में मचा हड़कंप

रायगढ़, 24 मार्च ।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में *“ऑपरेशन आघात”* के तहत अवैध शराब के विरुद्ध रविवार 22 मार्च से तीन दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है। इस सघन अभियान के दूसरे दिन भी पुलिस ने जिलेभर में प्रभावी कार्रवाई करते हुए *35 आबकारी प्रकरण* दर्ज किए हैं। इस दौरान बड़ी मात्रा में महुआ शराब (898 ली) के  साथ देशी/अंग्रेजी *कुल 919 लीटर अवैध शराब जब्त* की गई तथा 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। जप्त शराब की *कुल कीमत करीब 1 लाख 23 हजार रुपए* है। 

      पहले दिन की कार्रवाई में भी 23 प्रकरणों में लगभग 120 लीटर शराब जब्त कर आरोपियों पर कार्रवाई की गई थी।

  अभियान के दूसरे दिन छाल थाना क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई, जहां ग्राम बेहरामार में रेड कार्रवाई कर अवैध शराब निर्माण के पूरे सेटअप को ध्वस्त किया गया। मौके से 530 लीटर महुआ शराब जब्त की गई तथा करीब 1000 किलो महुआ पास को नष्ट किया गया। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया,  मुख्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

थाना छाल की कार्रवाई— बड़े पैमाने पर अवैध शराब निर्माण का भंडाफोड़
  छाल पुलिस ने मुखबिर सूचना पर ग्राम बेहरामार में रेड कर मौके पर आरोपी *जयपाल राठिया पिता कोलसिंह राठिया उम्र 40 वर्ष* को गिरफ्तार किया। आरोपी जयलाल राठिया ने गांव के प्रदीप बेहरा द्वारा अवैध शराब निर्माण करना बताया जो पुलिस रेड की सूचना पर फरार हो गया था ‌। पुलिस ने मौके से 400 लीटर सिन्टेक्स टंकी में, 120 लीटर जरीकेन में तथा 10 लीटर बोतलों में भरी *कुल 530 लीटर महुआ शराब, शराब बनाने के उपकरण* बरामद किए गए। छाल पुलिस ने आरोपी जयलाल राठिया को गिरफ्तार का रिमांड पर भेजा है और फरार आरोपी *प्रदीप कुमार बेहरा पिता लक्ष्मीनारायण बेहरा उम्र 40 वर्ष* की तलाश जारी है।

थाना चक्रधरनगर की दो बड़ी कार्रवाई, 81 लीटर शराब जब्त

  चक्रधरनगर पुलिस ने ग्राम बरलिया में आरोपी *जगदीश सारथी पिता स्व. भागीरथी सारथी उम्र 56 वर्ष* से 51 लीटर तथा ग्राम नवापाली में आरोपी *अजय चौहान पिता महेत्तर चौहान उम्र 22 वर्ष* से 30 लीटर महुआ शराब जब्त की।

थाना पुसौर की कार्रवाई— ओडिशा की शराब परिवहन पर प्रहार
  पुसौर पुलिस ने ग्राम तरडा में घेराबंदी कर आरोपी *जयकुमार यादव पिता वेणुधर यादव उम्र 35 वर्ष* एवं *देमति साव पति महेन्द्र कुमार साव उम्र 38 वर्ष* को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 100 पाउच (18 लीटर) महुआ शराब जब्त की गई। वहीं दूसरी कार्रवाई में आरोपी *तोरन साव पिता मनीराम साव निवासी ग्राम औरदा* को 5.40 लीटर देशी शराब के साथ पकड़ा गया।

थाना घरघोड़ा की कार्रवाई— ढाबा में छिपाकर बिक्री का खुलासा, ग्राम टेरम और कारीकछार में भी भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त*

  घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम कोनपारा में आरोपी *राजेश चौहान पिता सुशील चौहान उम्र 22 वर्ष* को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 13 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसे वह ढाबा में बिक्री हेतु छिपाकर रखा था।
    वही ग्राम टेरम जुनाडीह में आरोपी दिलबोध राठिया (58 साल) से 15 लीटर एवं ग्राम करीकछार में आरोपी हेमलाल राठिया से 70 लीटर अवैध महुआ शराब जप्त कर कार्रवाई की गई है ।

थाना पूंजीपथरा की कार्रवाई— खेत और घर दोनों जगह रेड

  पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम गुडगुड में आरोपी *एतवार सिंह राठिया पिता धरम सिंह राठिया उम्र 45 वर्ष* से 12 लीटर तथा ग्राम तराईमाल में आरोपिया *कुमारी उरांव पति सहेश लाल उरांव उम्र 36 वर्ष* से 6 लीटर महुआ शराब जब्त की।

*थाना भूपदेवपुर की कार्रवाई— बाड़ी में छिपाकर रखी शराब जब्त*
  भूपदेवपुर पुलिस ने ग्राम गिण्डोला में आरोपी *मनोहर राठिया पिता स्व. रूप सिंह राठिया उम्र 40 वर्ष* तथा ग्राम कुर्रूभाठा में आरोपी **शगंगोली लाल रावत पिता महेश राम रावत उम्र 55 वर्ष* के कब्जे से कुल 14 लीटर महुआ शराब जब्त की।

थाना खरसिया की लगातार तीन रेड कार्रवाई

  खरसिया पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी *श्यामलाल केंवट पिता स्व. लाल दास केंवट उम्र 33 वर्ष* से 9 लीटर, *संजय तुरी पिता करम सिंह उम्र 36 वर्ष* से 10 लीटर तथा *नारायण प्रसाद तुरी पिता करम सिंह उम्र 27 वर्ष* से 10 लीटर महुआ शराब बरामद की ।

थाना तमनार की कार्रवाई— परिवहन करते आरोपी गिरफ्तार

तमनार पुलिस ने ग्राम महलोई में आरोपी *लोचन प्रसाद सिदार पिता गोपाल सिदार उम्र 37 वर्ष* को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब बरामद की, जिसे वह पाउच में परिवहन कर रहा था।

     उक्त सभी कार्रवाइयों में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। जिले में “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —
  “अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध "ऑपरेशन आघात" के तहत लगातार कठोर कार्रवाई की जा रही है। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा।”

और भी

सक्षम आंगनबाड़ी योजना में खरीदी केंद्र सरकार के प्रावधानों और राज्य के वित्तीय नियमों के तहत,पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन का पूरा ध्यान

रायपुर, 23 मार्च 2026/महिला एवं बाल विकास विभाग ने सक्षम आंगनबाड़ी योजना के तहत आंगनबाड़ियों में आरओ एवं एलईडी टीवी खरीदी को लेकर  विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि योजना से संबंधित सभी प्रक्रियाएं केंद्र सरकार के प्रावधानों और राज्य सरकार के वित्तीय नियमों के अनुरूप ही की जा रही हैं, जिससे किसी प्रकार के भ्रम की स्थिति नहीं है।

           विभाग ने बताया कि पिछले दो वर्षों से बजट उपलब्ध होने के बावजूद उसका उपयोग नहीं किया गया, जो तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है। वास्तविक स्थिति यह है कि 10 फरवरी 2026 को भारत सरकार से सक्षम आंगनबाड़ी योजना के लिए मदर सैंक्शन प्राप्त हुआ। यह केंद्र प्रवर्तित योजना है, इसलिए मदर सैंक्शन प्राप्त होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सकती थी। मदर सैंक्शन से पहले टेंडर जारी न होने पर सवाल उठाना उचित नहीं है।

         महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एलईडी टीवी, आरओ प्यूरीफायर, वाल पेंटिंग और रेन वाटर हारवेस्टिंग के लिए राशि भारत सरकार द्वारा ही निर्धारित की गई है। इसके तहत एलईडी टीवी के लिए 25 हजार रुपये, आरओ प्यूरीफायर के लिए 10 हजार रुपये, वाल पेंटिंग के लिए 10 हजार रुपये और रेन वाटर हारवेस्टिंग के लिए 16 हजार रुपये की राशि तय की गई है।

            तकनीकी स्पेसिफिकेशन को लेकर भी विभाग ने पूरी स्पष्टता रखी है। एलईडी टीवी के लिए न्यूनतम 32 इंच या उससे अधिक का प्रावधान विभागीय पत्र में उल्लेखित है और सभी खरीदी प्रक्रिया जेम पोर्टल के माध्यम से की जानी है।

           महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि सक्षम आंगनबाड़ी के उन्नयन से जुड़े सभी कार्य छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियम, कोषालय संहिता, वित्तीय संहिता, एसएनए स्पर्श प्रणाली तथा शासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के तहत ही किए जा रहे हैं। विभाग ने यह भी कहा है कि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन का पूरा ध्यान रखा जा रहा है, जिससे आंगनबाड़ी केंद्रों का बेहतर उन्नयन सुनिश्चित हो सके।

और भी