ताजा खबरें


बड़ी खबर

चैत्र नवरात्र पूर्णाहुति पर बगीचा में वैदिक परंपरा और संस्कारों का भव्य प्रदर्शन—पंचकुंडीय महायज्ञ के साथ कन्या पूजन, भंडारा और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश

जशपुर/बगीचा 27 मार्च 2026

गायत्री मंदिर, बगीचा में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर शुक्रवार को रामनवमी के दिन आयोजित पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं पूर्णाहुति कार्यक्रम बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ सम्पन्न हुआ।
प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चले इस महायज्ञ में क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुजन सपरिवार उपस्थित हुए। यज्ञ-हवन एवं विभिन्न संस्कारों की पूर्णाहुति वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई गई, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का संचार हुआ।
यज्ञीय कार्यक्रम का संचालन समयदानी सुश्री शुभा सिंह के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रज्ञापीठ के व्यवस्थापक संतोष सोनी, ब्लॉक समन्वयक हरिशंकर यादव, मंदिर समन्वयक श्रीमती रीना बरला, सह-समन्वयक कीर्तन सिंह सहित अन्य परिजनों एवं कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली। यज्ञ उपरांत दोपहर 1:00 बजे कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया। इसके पश्चात दोपहर 1:30 बजे से भंडारा (महाप्रसाद वितरण) किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
प्रज्ञा महिला मंडल की महिलाओं द्वारा कन्यापूजन के पश्चात महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रारंभ की गई युग निर्माण योजना की जानकारी देते हुए श्री योगेश ने बताया कि मनुष्य के विचारों में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु आचार्य श्री ने विचार क्रांति अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि उपासना, साधना, स्वाध्याय, श्रमदान, समयदान एवं अंशदान के माध्यम से व्यक्ति, परिवार, समाज एवं राष्ट्र निर्माण का कार्य सहजता से किया जा सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि गायत्री सद्बुद्धि की देवी है, वहीं गायत्री महामंत्र मनुष्य को सन्मार्ग की ओर अग्रसर करने वाला एवं कुमार्ग से बचाने वाला मंत्र है। इसके जप से मनुष्य विवेकशील बनकर समाजहित में कार्य करता है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति एवं युग निर्माण योजना के स्वाध्याय का संकल्प भी लिया। अंत में सभी के मंगलमय जीवन की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

और भी

रामनवमी के पावन अवसर पर पुलिस की सराहनीय पहल — बिना हेलमेट चलाने वालों को सजा नहीं, 200 हेलमेट देकर जीवन सुरक्षा का दिया अनमोल संदेश

रायगढ़, 27 मार्च 2026* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल की पहल पर रामनवमी पर्व के अवसर पर खरसिया पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्राम कुनकुनी में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के बीच 200 हेलमेट का वितरण किया गया।

         कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी श्री प्रभात पटेल ने उपस्थित वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाना जीवन के लिए अत्यंत जोखिमपूर्ण है। उन्होंने वाहन चालकों को भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, तेज गति से बचने तथा शराब सेवन कर वाहन न चलाने की समझाइश दी। साथ ही सभी को यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई।

          इस सामाजिक पहल में वेदांता कोल वाशरी का विशेष सहयोग रहा, जिसके लिए एसडीओपी श्री प्रभात पटेल ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में वेदांता वाशरी के डायरेक्टर ऋषभ अग्रवाल (एलआर), अमन अग्रवाल (तोता) सहित सहयोगी सहकर्मी प्रकाश गोयल, आर.आर. साहू एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश* —

          *“सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का संकल्प है — हेलमेट पहनना अपनी आदत बनाएं।”*

और भी

महिला सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस—रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, लैलूंगा में दुष्कर्म आरोपी गिरफ्तार, पूंजीपथरा में छेड़खानी करने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे,

रायगढ़, 27 मार्च 2026।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर रायगढ़ पुलिस महिलाओं से जुड़े अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना लैलूंगा क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म के मामले में आरोपी अधेड़ व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, वहीं पूंजीपथरा पुलिस ने छेड़खानी के आरोपी को भी गिरफ्तार कर कार्रवाई की है।

लैलूंगा पुलिस ने युवती से दुष्कर्म के आरोपी अधेड़ को गिरफ्तार कर भेजा जेल

     थाना लैलूंगा क्षेत्र में 25 मार्च को एक महिला द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी 20 वर्षीय बेटी के साथ गांव के नरसिंह खलखो (67 वर्ष) द्वारा दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने बताया कि करीब 6-7 माह पूर्व आरोपी घर में घुस आया, उस समय वह अकेली थी। आरोपी ने जबरदस्ती बलात्कार किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने कई दिनों तक डराकर दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी पीड़िता ने अपने परिजनों को दी, जिसके बाद ग्राम स्तर पर बैठक के पश्चात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले में उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 69 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पीड़िता की निजता का ध्यान रखते हुए महिला पुलिस अधिकारी से बयान एवं मेडिकल परीक्षण कराया गया। तत्पश्चात आरोपी नरसिंह खलखो (67 वर्ष) को कल गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पूंजीपथरा पुलिस ने महिला से छेड़खानी के आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा रिमांड पर

       इसी प्रकार थाना पूंजीपथरा क्षेत्र में 26 मार्च को 36 वर्षीय महिला द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका पति सुबह दुकान चला जाता है और वह घर पर अकेली रहती है। गांव का निवासी टीकम सिदार उर्फ गुड्डू आए दिन महिला को देखकर अश्लील इशारे और टिप्पणियां करता था। 21 मार्च को दोपहर के समय जब महिला घर पर अकेली थी, आरोपी घर में घुसकर छेड़खानी करने लगा और अशोभनीय हरकत की। महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निरीक्षक रामकिंकर यादव द्वारा थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 50/2026 धारा 75, 75(1)(iv) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर तत्काल प्रधान आरक्षक संजय यादव के हमराह स्टाफ आरोपी की धरपकड़ के लिए रवाना किया गया । पुलिस ने आरोपी टीकम सिदार उर्फ गुड्डू (38 साल) को हिरासत में लेकर थाना लाया गया जिसे आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

*“महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता में है । महिला संबंधी शिकायत पर त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है ।”*

और भी

तमनार में धरना स्थल पर महिला पुलिसकर्मी से मारपीट और लूटपाट के मामले में लगातार कार्रवाई—दो और आरोपी गिरफ्तार,

रायगढ़, 27 मार्च 2026* । तमनार थाना क्षेत्र के सीएचपी चौक, लिबरा में धरना-प्रदर्शन के दौरान महिला आरक्षक के साथ मारपीट, बदसलूकी, अमानवीय व्यवहार और लूटपाट की गंभीर घटना में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। घटना के दौरान आरोपियों ने न केवल ड्यूटीरत महिला पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता की, बल्कि पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल भी किया था।

       घटना के संबंध में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 309/25 दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के तहत मामला कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पूर्व में 7 आरोपी- मंगल राठिया, निवासी ग्राम आमगांव, चिनेश खमारी, निवासी-ग्राम आमगांव, प्रेमसिंह राठिया, निवासी ग्राम आमगांव, कीर्ति श्रीवास, निवासी ग्राम आमगांव तथा वनमाली राठिया, निवासी ग्राम झरना, कन्हैया राठिया निवासी झरना,  चित्रसेन साहू निवासी झरना की पहचान हुई जो महिला पुलिसकर्मी से मारपीट, अभ्रदता और लूटपाट में शामिल थे जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

       घटना की पृष्ठभूमि में गारे-पेलमा सेक्टर-1 कोयला खदान के विरोध में 12 दिसंबर 2025 से ग्रामीणों द्वारा सीएचपी चौक, लिबरा में आर्थिक नाकेबंदी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था। 27 दिसंबर 2025 को जब पुलिस-प्रशासन मार्ग बहाल कराने पहुंचा, तब भीड़ उग्र हो गई और पुलिस बल पर हमला कर दिया, जिसमें कई जवान घायल हुए। इसी दौरान महिला आरक्षक के साथ गंभीर आपराधिक कृत्य किया गया। घटना दिनांक को अलग-अलग घटनाओं पर थाना तमनार में कुल 16 अपराध पंजीबद्ध कर किया गया जिनकी निष्पक्ष विवेचना हेतु अलग-अलग विवेचनाधिकारी नियुक्त किये गये हैं । 

           महिला पुलिसकर्मी से जुड़े इस संवेदनशील प्रकरण में वायरल वीडियो की जांच हेतु एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर डीएसएपी सुशांतो बनर्जी द्वारा विशेष जांच की जा रही थी। जांच के दौरान गवाहों के कथन एवं तहसीलदार के समक्ष पंचनामा के आधार पर वीडियो बनाने वाले आरोपी की पहचान संजय मेहर निवासी बिजना, तमनार के रूप में हुई, जो घटना के बाद से गिरफ्तारी से बचने लुक छिप रहा था। पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास करते हुए उसे हिरासत में लिया गया।

        पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर अपने साथी माधव गुप्ता उर्फ माधो बीसी निवासी नागरामुडा को भेजा था। माधव गुप्ता, जो पेशे से टीवी मैकेनिक है, ने उक्त वीडियो को विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में वायरल किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए माधव गुप्ता को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। दोनों आरोपियों से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल जब्त किए गए हैं। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 *गिरफ्तार आरोपी* —
1. संजय मेहर पिता ललित मेहर, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम बिजना थाना तमनार
2. माधव गुप्ता उर्फ माधो बीसी पिता डूलोमणी गुप्ता उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम नागरामुडा थाना तमनार

 *जब्ती — दो मोबाइल फोन*

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

*“महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा, ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।”*

और भी

ओम ब्लड सेंटर” का भव्य शुभारंभ, अब आपातकाल में नहीं भटकेगा मरीजों का जीवन


पत्थलगांव: क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्री ए. जी. हॉस्पिटल, पालीडीह परिसर में “ओम ब्लड सेंटर (ब्लड बैंक)” का शुभारंभ किया गया। माननीय विधायक श्रीमती गोमती साय जी ने विधिवत फीता काटकर ब्लड सेंटर का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर हॉस्पिटल के संस्थापक श्री टिकेश्वर यादव, अस्पताल प्रबंधन के सदस्य, चिकित्सकगण एवं भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारीगण की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
ब्लड सेंटर के प्रारंभ होने से अब क्षेत्रवासियों को आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध हो सकेगा, जिससे कई जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलने की संभावना बढ़ेगी। यह पहल जनसेवा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।
इस दौरान टिकेश्वर यादव, अंकित बंसल, नरेश यादव, मोहन यादव, अरुण यादव, सुरेश साहू, जगदीश यादव, पवित्र मोहन यादव, गणेश यादव, यदु चंद बेहरा, दिलेश्वर यादव सहित डॉक्टर, स्टाफ एवं भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

और भी

बटुराकछार में आयोजित अखंड नाम विष्णु महायज्ञ में शामिल हुईं विधायक गोमती साय, बोलीं—ऐसे आयोजन समाज को जोड़ते हैं और सकारात्मक ऊर्जा का करते हैं संचार

पत्थलगांव 
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर विधायक गोमती साय बटुराकछार में अखंड नाम विष्णु महा यज्ञ में हुई शामिल
पत्थलगांव के ग्राम बटुराकछार में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती गोमती साय आयोजित अखंड नाम विष्णु महा यज्ञ में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान विष्णु से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
यज्ञ स्थल पर पहुंचने पर आयोजक समिति एवं ग्रामवासियों ने विधायक श्रीमती गोमती साय का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को आपसी भाईचारे एवं संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र में शांति, समृद्धि और उन्नति की कामना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्ति भाव से यज्ञ एवं पूजा-अर्चना में भाग लिया। यज्ञ के माध्यम से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं सामाजिक एकता की कामना की गई। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

और भी

पुलिस की बड़ी रेड में ग्राम बायंग के खेतों में छिपा मिला 100 से ज्यादा डिब्बों में महुआ लाहन, मौके पर ही किया गया नष्टीकरण — घर में अवैध शराब बेचते पकड़ा गया दादूलाल बंजारे, 12 लीटर महुआ शराब जब्त कर भेजा गया न्यायिक रिमांड

रायगढ़, 26 मार्च 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतरारोड़ पुलिस द्वारा ग्राम बायंग में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी रेड कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने गांव के बाहर भारी मात्रा में महुआ लाहन (पास) बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया तथा अलग कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

         प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक 26.03.2026 को कोतरारोड़ पुलिस को ग्राम बायंग में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बनाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर प्रशिक्षु डीएसपी श्री अजय नागवंशी एवं थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा गांव में रेड कार्रवाई की गई।

       पुलिस टीम ने ग्राम कोटवारों के साथ गांव का पैदल भ्रमण किया, जहां गांव के बाहर खेत में लगभग 105-110 प्लास्टिक डिब्बों में महुआ लाहन रखा मिला, जिसे कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार किया गया था। पुलिस द्वारा आसपास जांच एवं ग्रामीणों से पूछताछ की गई, परंतु शराब बनाने वाले व्यक्ति का पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस टीम द्वारा मौके पर ही समस्त महुआ लाहन का नष्टीकरण किया गया तथा ग्रामीणों को अवैध शराब निर्माण पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

          इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बायंग निवासी दादूलाल बंजारे अपने घर में अवैध कच्ची महुआ शराब बिक्री हेतु रखे हुए है। पुलिस टीम जब उसके घर पहुंची, तब आरोपी पुलिस को देखकर प्लास्टिक बोरी लेकर भागने लगा, जिसे पुलिस कर्मियों द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम दादूलाल बंजारे पिता स्व. घुराऊ राम बंजारे उम्र 64 वर्ष निवासी ग्राम बायंग थाना कोतरारोड़ जिला रायगढ़ बताया।

         आरोपी के कब्जे से 02 नग 5-5 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरीकेन एवं 01 नग 02 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक बोतल में भरा कुल 12 लीटर महुआ शराब (कीमती लगभग ₹1200) जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतरारोड़ में धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

     उक्त कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में की गई, जिसमें प्रशिक्षु डीएसपी श्री अजय नागवंशी, थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, आरक्षक चुडामणी गुप्ता, राजेश खांडे, अजय साय, शुभम तिवारी, जयचंद भगत तथा ग्राम कोटवारों की सराहनीय भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

       *“ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।”*

और भी

स्व. त्रिलोचन सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर अंकिरा में 26 अप्रैल को भव्य श्री श्याम संकीर्तन, अयोध्या की सुप्रसिद्ध गायिका गुनगुन दुबे बिखेरेंगी भक्ति रस

जशपुर  
क्षेत्र के स्वर्गीय श्री त्रिलोचन सिंह जी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर ग्राम अंकिरा में भव्य श्री श्याम संकीर्तन एवं भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 26 अप्रैल 2026, दिन रविवार को मेला मैदान अंकिरा में रात्रि 08 बजे से प्रभु इच्छा तक आयोजित होगा। इस आयोजन को लेकर श्याम भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में श्याम भजन की प्रसिद्ध गायिका सुश्री गुनगुन दुबे (प्रभु श्री राम की पावन नगरी अयोध्या से) अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति देंगी। उनके भजनों से पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर हो जाएगा और श्रद्धालु श्याम बाबा के संकीर्तन में भाव-विभोर होकर शामिल होंगे।
इस भव्य भजन संध्या का आयोजन स्वर्गीय त्रिलोचन सिंह जी की पावन स्मृति में किया जा रहा है। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्याम भक्तों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां भी जोर-शोर से की जा रही हैं।
कार्यक्रम के आयोजक एवं स्वर्गीय त्रिलोचन सिंह जी के सुपुत्र सागर सिंह (उपाध्यक्ष, भाजपा युवा मोर्चा मण्डल तपकरा) ने क्षेत्र के सभी श्याम भक्तों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन श्रद्धांजलि के साथ-साथ भक्ति और आस्था का संगम होगा, जिसमें सभी भक्त मिलकर श्याम बाबा का गुणगान करेंगे।

और भी

किराया मांगने पर भड़का गुस्सा बना जानलेवा हमला: पूंजीपथरा की रंजीत कॉलोनी में प्लांटकर्मी पर डंडों से ताबड़तोड़ वार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 26 मार्च। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में मकान किराया विवाद के चलते हुए प्राणघातक हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

        जानकारी के अनुसार दिनांक 23.03.2026 को प्लांटकर्मियों के बीच मकान किराया नहीं देने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपी बंशीधर चौहान ने प्लांटकर्मी चन्द्रभान प्रसाद पर लकड़ी के डंडे से प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उसे सिर, माथा, गाल, हाथ एवं पसली में गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। घायल को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया था।

       घटना की सूचना मिलने पर पूंजीपथरा पुलिस द्वारा अस्पताल पहुंचकर घायल चन्द्रभान प्रसाद (30 वर्ष) निवासी ग्राम रामपुर गरडी थाना गोला जिला गोरखपुर (उ.प्र.), हाल मुकाम रंजीत कॉलोनी पूंजीपथरा का कथन लिया गया। पीड़ित ने बताया कि वह बीए पावर प्लांट पूंजीपथरा में मैकेनिकल फिटर के पद पर कार्यरत है तथा कॉलोनी में किराये के कमरे में रहकर मकान मालिक की ओर से किराया वसूली का कार्य भी देखता है।

      पीड़ित के अनुसार आरोपी बंशीधर चौहान, जो उसी कालोनी के कमरे में रहता है, कई दिनों से किराया नहीं दे रहा था। दिनांक 23 मार्च को किराया मांगने पर आरोपी आक्रोशित हो गया और जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखे लकड़ी के डंडे से लगातार सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला कर दिया।

          प्रार्थी की रिपोर्ट पर दिनांक 24.03.2026 को थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 47/2026 धारा 109(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए *आरोपी बंशीधर चौहान पिता विप्ता राम चौहान उम्र 35 वर्ष निवासी कोटिया थाना नारायणपुर जिला जशपुर, हाल मुकाम रंजीत कॉलोनी पूंजीपथरा* को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

    उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव एवं उनकी टीम द्वारा की गई, जिनकी सराहनीय भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* — 

      “आपसी विवाद को हिंसा का रूप देने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी, कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”

और भी

मंत्रालय में नौकरी का झांसा देकर 20 लाख से ज्यादा की ठगी, आरोपी गिरफ्तार, फरार साथी की तलाश में दबिश जारी, फर्जी चेक देकर किया गुमराह, अब कानून के शिकंजे में आया महाठग 

रायगढ़, 26 मार्च  । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में पुसौर पुलिस द्वारा नौकरी लगाने के नाम पर की गई बड़ी ठगी के मामले में योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी विवेक उर्फ विवेक कुमार विश्वकर्मा उर्फ विवेक कुमार शर्मा निवासी वैशाली नगर, दुर्ग को कल गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, इस मामले का एक और आरोपी सितेश पाणिग्राही निवासी गोपालपुर, चन्द्रपुर फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।

        जानकारी के अनुसार प्रकरण में पीड़ित कुंजबिहारी पटेल (32 वर्ष) निवासी ग्राम घुघवा थाना पुसौर द्वारा दिनांक 22 जनवरी को थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि ग्राम गोपालपुर थाना चन्द्रपुर जिला सक्ती निवासी सितेश पाणिग्राही के पिता दुर्गा पाण्ग्रिाही का इसके गांव आना जाना था । इसी दरम्यान सितेश ने मंत्रालय में पहचान होने और सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे संपर्क किया। आरोपी ने अपने भाई का ऑनलाइन जॉइनिंग लेटर दिखाकर विश्वास में लिया और किस्तों में बड़ी रकम की मांग की। पीड़ित कुंजबिहारी पटेल ने अपनी सरकारी नौकरी लगाने के लिए जमीन बेचकर अप्रैल 2022 में 4,58,300 रुपये तथा बाद में 3,69,000 रुपये आरोपी सितेश को दिए।

             कई महीनों बाद भी कुंजबिहारी की नौकरी नहीं लगने पर सितेश पाणिग्राही को पैसे को वापस करने को बोला, तब सितेश धीरे धीरे पैसा वापस कर देने या अपनी जमीन की रजिस्ट्री कुंजबिहारी के नाम पर कर देने की बात कहकर टालमटोल करते रहे। बाद में पता चला कि आरोपी सितेश पाणिग्राही ने इसी प्रकार अन्य व्यक्तियों से भी ठगी की। गांव के ही मुन्ना प्रसाद डनसेना से 3,77,000 रुपये तथा देवकुमार से 8,00,000 रुपये लेकर कुल 20,04,000 रुपये की धोखाधड़ी की गई। पैसे वापस मांगने पर आरोपी सितेश पाणिग्राही ने पीड़ितों को दुर्ग ले गया, जहां विवेक कुमार नामक व्यक्ति से मिलाया और दोनों ने नौकरी के नाम पर पैसे लेने की बात स्वीकारा और विवेक ने पीड़ितो को उनके नाम से चेक दिए गए, जो बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए।

         मामले की विवेचना के दौरान पुसौर पुलिस द्वारा गवाहों के बयान एवं दस्तावेजी साक्ष्य एकत्रित किए गए। तकनीकी साक्ष्यों एवं मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी विवेक कुमार को गिरफ्तार करने पुलिस टीम दुर्ग रवाना हुई जिसे पत तलाश कर अभिरक्षा में लेकर रायगढ़ लाया गया, आरोपी ने पूछताछ में नौकरी लगाने के नाम पर रकम लेने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से एचडीएफसी बैंक का एक चेक, बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम कार्ड एवं मोबाइल फोन जप्त किया गया। आरोपियों द्वारा अन्य जिलों में भी नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने की जानकारी मिली है, जिस संबंध में भी जानकारी ली जा रही है ।

        पुसौर पुलिस ने आरोपी विवेक कुमार को कल दिनांक 25.03.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण के अन्य आरोपी सितेश पाणिग्राही की तलाश जारी है।

        वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं सीएसपी रायगढ़ श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में उक्त कार्रवाई की गई, जिसमें थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक मोहन भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक मनमोहन बैरागी, प्रधान आरक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता एवं आरक्षक राहुल सिदार की सराहनीय भूमिका रही।

???? *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* — 

     *“आमजन ऐसे झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें रायगढ़ पुलिस ऐसे आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी”*

और भी

पुलिस की घेराबंदी में टूटा मवेशी तस्करी का जाल, 06 बेजुबान पशु अत्याचार से मुक्त, अंतरराज्यीय तस्करी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार तो मास्टरमाइंड फरार

रायगढ़, 26 मार्च । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत लैलूंगा पुलिस द्वारा मवेशी तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 06 नग कृषक मवेशियों को मुक्त कराया गया है। मामले में एक आरोपी समारू यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, आरोपी समारू ने  आरोपी कुसु यादव के लिये तस्करी करना बताया है । आरोपी कुसु यादव फरार है जिसकी तलाश जारी है।

           मामले के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 25.03.2026 को लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति द्वारा 06 नग बैल/बछड़ों को मारपीट करते हुए, बिना चारा-पानी के ग्राम कुंजारा की ओर से लैलूंगा होते हुए उड़ीसा ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा हमराह स्टाफ एवं गवाहों के साथ अटल चौक लैलूंगा पहुंचकर घेराबंदी कर जांच की गई, जहां एक व्यक्ति 04 नग बैल एवं 02 नग बछड़ों को ले जाते पाया गया।

            संदिग्ध को रोककर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम *समारू यादव पिता मुनु यादव उम्र 49 वर्ष निवासी भुईयापानी थाना लैलूंगा जिला रायगढ़* बताया। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह उक्त मवेशियों को कुसु यादव निवासी सिहारधार थाना लैलूंगा के कहने पर उड़ीसा में बिक्री हेतु ले जा रहा था।

        प्रकरण में *थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 100/2026* दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10, 11 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी के कब्जे से 06 नग कृषक मवेशी (कीमती लगभग ₹53,000) एवं एक लकड़ी का डंडा जप्त कर लिया गया। जब्त मवेशियों के चारा-पानी की व्यवस्था कर उन्हें गौशाला के सुपुर्द किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आरोपी कुसु यादव निवासी सिहारधार थाना लैलूंगा फरार है, जिसकी पतासाजी लैलूंगा पुलिस द्वारा की जा रही है।

      वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में उक्त कार्रवाई की गई, जिसमें थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रधान आरक्षक रामप्रसाद चौहान एवं आरक्षक चमरसाय भगत की सराहनीय भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* — 

         *“गौवंश की तस्करी करना छोड़ दें तस्कर, ऑपरेशन शंखनाद के तहत मवेशी तस्करी एवं पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ मवेशी तस्करों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।”*

और भी

किसानों की खुशियों भरी होली के बाद अब भूमिहीन कृषि श्रमिकों की नवरात्रि भी हुई समृद्ध,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के 4.95 लाख से अधिक भूमिहीन कृषकों के खातों में 495 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित

रायपुर, 25 मार्च 2026/ किसानों की खुशियों भरी होली के बाद अब भूमिहीन कृषि श्रमिकों के लिए भी यह नवरात्रि समृद्धि और आत्मविश्वास का संदेश लेकर आई है। छत्तीसगढ़ में सुशासन सरकार की योजनाएं अब सीधे जनजीवन में परिवर्तन का आधार बनती दिख रही हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार जिले में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।

 मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज बलौदा बाजार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 4 लाख 95 हजार 965 भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार  रुपये की राशि अंतरित की। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि श्रम और सम्मान को सशक्त करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को सरकार द्वारा तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जा रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि धान खरीदी में अंतर की राशि मिलने से किसानों ने इस वर्ष उत्साह और संतोष के साथ होली मनाई, वहीं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महतारी वंदन योजना के अंतर्गत महिलाओं को मिली राशि ने उनके आत्मनिर्भरता के संकल्प को और मजबूत किया है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से गृह प्रवेश कराते हुए मकानों की चाबियां भी सौंपीं। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में 18 लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिससे हजारों परिवारों के जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा का नया अध्याय जुड़ा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बलौदाबाजार की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का स्मरण करते हुए बाबा गुरु घासीदास, संत कबीर और शहीद वीर नारायण सिंह को नमन किया। उन्होंने कहा कि  दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत प्रति वर्ष 10 हजार रुपये की सहायता राशि भूमिहीन कृषि मजदूरों को दी जा रही है, जिससे वे अपने परिवार की आवश्यकताओं, बच्चों की शिक्षा और छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ाने में सक्षम हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों से किए गए वादे के अनुरूप 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार हेतु 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। साथ ही तेंदूपत्ता संग्रहण दर में वृद्धि, चरण पादुका योजना का पुनः संचालन तथा रामलला दर्शन एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजनाओं के माध्यम से सामाजिक और आध्यात्मिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बिजली बिल समाधान योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि कोरोना काल में लंबित बिलों के निपटान हेतु विशेष छूट एवं आसान किस्तों की सुविधा प्रदान की जा रही है। यह योजना जून तक संचालित होगी और प्रदेशभर में इसके लिए समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रदेश के समग्र विकास पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खनिज संपदा, कृषि और वन उत्पादों के बेहतर उपयोग से छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने बस्तर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्षों तक नक्सलवाद से प्रभावित यह क्षेत्र अब शांति, विश्वास और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार के संकल्प और सुरक्षाबलों के साहस से नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है और बस्तर में विकास की नई धारा प्रवाहित हो रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया तथा पांच जिलों के हितग्राहियों से वर्चुअल संवाद कर योजनाओं के प्रभाव की जानकारी ली।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को कम समय में पूरा करना सरकार की प्रतिबद्धता और कार्यक्षमता का प्रमाण है। उन्होंने महतारी वंदन योजना, धान खरीदी के अंतर की राशि तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक 18 लाख गरीब परिवारों के लिए आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। 

राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि सरकार पारदर्शिता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। आज योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुंच रही है, जिससे व्यवस्था में विश्वास और पारदर्शिता दोनों मजबूत हुए हैं। उन्होंने सभी भूमिहीन कृषि मजदूरों, विशेषकर बैगा-गुनिया परिवारों को इस योजना के लाभ के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

और भी

जब जनप्रतिनिधि खुद सुनें जनता की पीड़ा — पत्थलगांव में जनदर्शन बना राहत का सबसे बड़ा मंच, दिव्यांग को मिली नई राह

पत्थलगांव:- क्षेत्रीय विधायक श्रीमती गोमती साय के निवास कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम एक बार फिर जनसेवा और संवेदनशीलता का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित निराकरण की दिशा में आवश्यक कदम उठाए गए।
जनदर्शन के दौरान आमजन से सीधा संवाद स्थापित करते हुए विधायक श्रीमती गोमती साय ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली गई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक सुलभ एवं प्रभावी मंच प्रदान करना रहा, जिसमें यह पहल पूरी तरह सफल होती नजर आई।
इसी क्रम में झिमकी निवासी धनेश्वर राम ने अपनी शारीरिक स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि उन्हें चलने-फिरने में अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ता है, जिससे उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। उनकी स्थिति को देखते हुए विधायक श्रीमती गोमती साय ने तत्काल संवेदनशीलता का परिचय दिया और मौके पर ही उन्हें ट्राय साइकिल उपलब्ध कराई। इस त्वरित पहल से धनेश्वर राम को न केवल बड़ी राहत मिली, बल्कि उनके जीवन को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ।
जनदर्शन कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें स्वास्थ्य इलाज हेतु आर्थिक सहायता,राजस्व, विधुत एवं अन्य प्रशासनिक समस्याएं प्रमुख रहीं। सभी आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। इससे यह स्पष्ट होता है कि जनदर्शन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों ने विधायक द्वारा किए जा रहे त्वरित एवं संवेदनशील कार्यों की सराहना करते हुए इसे जनहित में अत्यंत उपयोगी पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से आम जनता को अपनी बात सीधे जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है, जिससे समस्याओं का समाधान तेजी से संभव हो पाता है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। जनदर्शन कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनसेवा ही सर्वोपरि है और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान ही जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है।

और भी

जशपुर मण्डल में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान 2026 का सफल समापन, कार्यकर्ताओं को मिला संगठनात्मक सशक्तिकरण का मंत्र

जशपुर। पण्डित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान 2026 के अंतर्गत जशपुर मण्डल में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का समापन उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। दूसरे एवं अंतिम दिन की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलन तथा राजकीय गीत के साथ की गई।

कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न विषयों पर वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने व्यवहारिक ज्ञान  विषय पर विस्तार से अपने विचार रखते हुए कहा कि संगठन की असली पहचान कार्यकर्ताओं के व्यवहार से होती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता का आचरण ही जनता के बीच पार्टी की छवि बनाता है, इसलिए हर कार्यकर्ता को विनम्रता, अनुशासन और सेवा भाव के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने संवाद कौशल को मजबूत करने, जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और सकारात्मक समाधान देने पर जोर दिया। अंत में उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

बलरामपुर जिला संगठन प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा ने कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि विषय पर कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर से ही सुनिश्चित होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक घर तक पहुंच बनाएं और पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने सक्रिय सदस्यता बढ़ाने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर विशेष जोर दिया।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नंदे ने कार्य पद्धति विषय पर संगठन की संरचना, कार्यशैली और अनुशासन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता उसके सुव्यवस्थित कार्यपद्धति पर निर्भर करती है। समयबद्धता, जिम्मेदारी और टीमवर्क को अपनाकर ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

पूर्व संयोजक आईटी सेल विनोद निकुंज ने सोशल मीडिया विषय पर अपने उद्बोधन में कहा कि आज के दौर में डिजिटल प्लेटफॉर्म संगठन का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के सही और प्रभावी उपयोग के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को सकारात्मक तरीके से जनता तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने फेक न्यूज से बचने और तथ्यात्मक जानकारी साझा करने की सलाह दी।

प्रशिक्षण अभियान के विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नंदे, देवधन नायक, गोविंद भगत एवं सावित्री निकुंज ने की, जबकि कार्यशाला का सफल संचालन जिला मंत्री संतोष सिंह एवं शरद चौरसिया ने किया।

जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण अभियान के दूसरे दिन नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत सहित राजकपूर भगत, रूपेश सोनी, श्रीमती शारदा प्रधान, राजू गुप्ता, मुकेश सोनी, दीपक चौहान, अनिता पैंकरा, कृपा भगत, राजा सोनी, सतीश गोस्वामी, नागेन्द्र भगत, रागिनी भगत, नीतू गुप्ता, रोमी गुप्ता, आशु राय, दीपक गुप्ता, सज्जू खान, आकाश गुप्ता, सुरेंद्र यादव, कंचन बैरागी, शशि बाई, अमित साय, राहुल गुप्ता, दीपू मिश्रा, दीपक सिंह, रूपेश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यशाला ने कार्यकर्ताओं को व्यवहारिक ज्ञान, संगठनात्मक कार्यशैली, विस्तार रणनीति और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग की महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

और भी

ग्राम कुजेंमुरा में आपसी विवाद ने लिया खूनी मोड़ — बांस के डंडे से बेरहमी से पीटकर युवक की हत्या, तमनार पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचकर भेजा सलाखों के पीछे

 25 मार्च, रायगढ़ । थाना तमनार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुजेंमुरा में 14 मार्च को हुई मारपीट की घटना में घायल युवक झसकेतन निषाद (उम्र 49 वर्ष ) की इलाज के दौरान 19 मार्च 2026 को रायपुर में मृत्यु हो गई। मामले में तमनार पुलिस ने आरोपी पंचराम निषाद के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर उसे आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

        जानकारी के अनुसार श्यामनगर बजारपारा निवासी पंचराम निषाद अपने परिवार के साथ ग्राम कुजेंमुरा में जाति समाज के विवाह कार्यक्रम में शामिल होने आया था। 14 मार्च की रात्रि में अपने परिजनों को घर चलने के लिए कहने पर परिवार द्वारा सुबह जाने की बात कही गई, जिस पर उसका अपने बड़े साले इस्केतन निषाद से विवाद हो गया। विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया, जिसमें आरोपी ने बांस के डंडे से इस्केतन निषाद पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

        घायल को उपचार हेतु जिंदल अस्पताल उर्जानगर तमनार ले जाया गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया। रायपुर के आरोग्य अस्पताल शंकर नगर में उपचार के दौरान 19 मार्च को उसकी मृत्यु हो गई। घटना का मूल स्थान तमनार थाना क्षेत्र होने के कारण मर्ग डायरी थाना सिविल लाइन से प्राप्त होने पर मर्ग क्रमांक 19/2026 धारा 194 बी.एन.एस.एस. के तहत जांच प्रारंभ की गई।

         जांच के दौरान गवाहों के कथनों एवं साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी द्वारा जान से मारने की नियत से मारपीट की गई थी, जिससे आई चोटों के कारण युवक की मृत्यु हुई। इस आधार पर 24 मार्च 2026 को आरोपी पंचराम निषाद के विरुद्ध *अपराध क्रमांक 62/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता* के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

        आरोपी की तलाश में पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और हुकराडीपा क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया तथा अपने मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा ग्राम कुजेंमुरा स्थित अपने घर के पास झाड़ी से बरामद कराया गया।

*नाम आरोपी - पंचराम निषाद पिता श्री निरंजन निषाद उम्र 43 वर्ष निवासी श्यामनगर बजारपारा वार्ड नंबर 09 लैलगा थाना लैलूंगा जिला रायगढ़* 

     पूरे प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में आरोपी की पतासाजी गिरफ्तारी मथा प्रकरण के खुलासे में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर, सहायक उप निरीक्षक सुरूतिलाल सिदार, प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार, पुरुषोत्तम सिदार एवं रंजीत भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

???? *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

              *“आपसी विवाद कभी भी गंभीर अपराध का रूप ले सकता है, ऐसे मामलों से बचना आवश्यक है। रायगढ़ पुलिस ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को जेल भेजने के लिए प्रतिबद्ध है।”*

और भी

रायगढ़ के 32 हजार भूमिहीन मजदूरों को मिला आर्थिक संबल,मुख्यमंत्री श्री साय ने हितग्राहियों के खाते में अंतरित की 32 करोड़ राशि

रायगढ़, 25 मार्च 2026/ दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत रायगढ़ जिले के लगभग 32 हजार हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम से राशि अंतरित करते हुए जिले के हितग्राहियों के खातों में 10-10 हजार रुपये के मान से कुल 32 करोड़ रुपये सीधे भेजे। जिले में लगभग 32 हजार हितग्राही इस योजना से लाभान्वित हुए, जिनमें ग्रामीण क्षेत्र के 30 हजार 730 तथा नगरीय निकाय क्षेत्र के 1 हजार 312 हितग्राही शामिल हैं।
           नगरीय क्षेत्र में नगर पंचायत घरघोड़ा के 65, धरमजयगढ़ के 563, पुसौर के 371, किरोड़ीमल नगर के 9 तथा लैलूंगा के 304 हितग्राहियों को लाभ मिला। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में खरसिया के 7391, घरघोड़ा के 1135, छाल के 790, तमनार के 2433, धरमजयगढ़ के 2313, पुसौर के 7360, मुकड़ेगा के 303, रायगढ़ के 6985 तथा लैलूंगा के 2020 हितग्राही लाभान्वित हुए। जिले के रायगढ़, पुसौर, खरसिया, धरमजयगढ़, तमनार एवं लैलूंगा तहसीलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति रही तथा योजना से संबंधित वीडियो का प्रदर्शन कर हितग्राहियों को जानकारी दी गई। तहसील मुख्यालय रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री रामश्याम डनसेना सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे। बता दें कि यह योजना भूमिहीन कृषि मजदूरों के साथ-साथ वनोपज संग्राहक, चरवाहा, बढ़ई, लोहार, मोची, नाई, धोबी तथा अन्य पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।

और भी

शहर विकास की रफ्तार पर कलेक्टर की पैनी नजर — औचक निरीक्षण में दिए सख्त निर्देश, समय से पहले काम पूरा करने की हिदायत

रायगढ़, 25 मार्च 2026/ नगर पालिक निगम रायगढ़ के अंतर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने मैदानी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहर के विकास से जुड़ी सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय से पहले पूर्ण करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
    कलेक्टर ने सबसे पहले नालंदा परिसर के निर्माण कार्य का जायजा लिया। वर्तमान में इस परियोजना का 60 प्रतिशत कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है, जो पूरे राज्य में एक बेहतर प्रगति का उदाहरण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी जून माह से पहले इस परिसर का लोकार्पण सुनिश्चित करें ताकि छात्र-छात्राओं को नए शैक्षणिक सत्र से इसका लाभ मिल सके।
    खेल सुविधाओं को विस्तार देने की कड़ी में रायगढ़ स्टेडियम का भी अवलोकन किया गया। यहाँ निर्माणाधीन आधुनिक स्विमिंग पूल और सिंथेटिक ट्रैक को आगामी दो महीनों के भीतर पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही मरीन ड्राइव के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एसईसीएल और नगर निगम के अधिकारियों को कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए पुराने और नए चक्रधर पुल के पास डायवर्जन बनाने की योजना पर चर्चा की गई। यहाँ पुल के नीचे बॉक्स कलवर्ट का निर्माण किया जाएगा, जिससे जल निकासी और आवागमन में सुगमता आएगी। निरीक्षण के अंतिम चरण में कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग द्वारा भविष्य में बनाए जाने वाले वुमेन्स हॉस्टल और ट्रांजिट हॉस्टल के लिए प्रस्तावित स्थलों का भी सूक्ष्म निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत जिलेभर में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित,गर्भवती महिलाओं की हुई जांच, उच्च जोखिम मामलों पर रखी गई विशेष निगरानी

रायगढ़, 25 मार्च 2026/ स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त सीएचसी एवं पीएचसी केन्द्रों में 24 मार्च को विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं के लिए व्यापक जांच एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही उन्हें पौष्टिक स्वल्पाहार प्रदान कर उनकी स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
     राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में प्रत्येक माह के 9 एवं 24 तारीख को “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत जिलेभर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है। जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजना पैंकरा के संचालन में आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना रहा। शिविरों में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं पोषण संबंधी सेवाओं का लाभ उठाया। अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर, सिकलिन, मलेरिया, एचआईवी, वजन एवं ऊंचाई सहित सभी आवश्यक जांच की गई। साथ ही आयरन एवं कैल्शियम की गोलियों का वितरण कर एनीमिया की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया गया। महिला चिकित्सकों द्वारा व्यक्तिगत काउंसलिंग कर स्वच्छता एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।
           उच्च जोखिम (हाई रिस्क) गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें निजी एवं शासकीय सोनोग्राफी केंद्रों में निःशुल्क जांच की सुविधा प्रदान की गई। इसके अलावा महिलाओं को लेबर रूम एवं ऑपरेशन थियेटर का भ्रमण भी कराया गया, जिससे उनके मन में प्रसव को लेकर किसी प्रकार का भय न रहे और वे मानसिक रूप से सुरक्षित प्रसव के लिए तैयार हो सकें। जिले के विभिन्न विकासखंड पुसौर में 88, लोइंग में 38, तमनार में 21, घरघोड़ा में 85, लैलूंगा में 93, धरमजयगढ़ में 109 एवं खरसिया में 59 कुल 258 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन कर उनकी जांच एवं उपचार सुनिश्चित किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने सभी गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं से अपील की है कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहें, अपने एवं शिशु के पोषण पर विशेष ध्यान दें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी या स्वास्थ्य कर्मियों से संपर्क करें। यह अभियान न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य को सुदृढ़ बना रहा है, बल्कि “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” के संकल्प को भी मजबूत कर रहा है।

और भी