ताजा खबरें


बड़ी खबर

ऋण स्वीकृति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लक्ष्य हासिल करें बैंकर्स,हितग्राही मूलक योजनाओं के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश 

रायगढ़, 5 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे ने शासन की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के अंतर्गत विभागों द्वारा बैंकों को प्रेषित ऋण प्रकरणों एवं उनके निराकरण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। जिला पंचायत सीईओ ने ऋण स्वीकृति एवं वितरण में धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए बैंकर्स से कहा कि हितग्राहीमूलक योजनाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना बैंकों की जिम्मेदारी है और इसमें कोताही बरतने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
          बैठक में साख-जमा अनुपात, कमजोर वर्गों को ऋण स्वीकृति, महिलाओं, अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लिए बैंकिंग सुविधाओं की समीक्षा की गई। कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों के साथ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, पीएमईजीपी, पीएमएफएमई, अंत्योदय एवं आदिवासी स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत ऋण प्रगति पर विशेष फोकस किया गया। किसान क्रेडिट कार्ड, डेयरी उद्यमिता, मत्स्य पालन, बागवानी, पीएम मुद्रा योजना, स्व-सहायता समूहों के बैंक लिंकेज तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं-प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं जीवन ज्योति बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही निष्क्रिय खातों की सक्रियता एवं डेफ खातों के एक्टिवेशन की स्थिति पर भी चर्चा की गई।
           जिला पंचायत सीईओ ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं पीएम स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्षिक साख योजना, वित्तीय साक्षरता केंद्रों की प्रगति, फसल बीमा, कृषि मियादी ऋण, कुल कृषि ऋण, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा अन्य प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों में लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धि की जानकारी ली और कम प्रगति वाले बैंकों को आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला स्तरीय आरसेटी सलाहकार समिति के एजेंडा पर भी चर्चा की गई। इस दौरान आरबीआई के प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि 9 फरवरी से 13 फरवरी तक “सुरक्षित बैंकिंग की ओर” विषय पर वित्तीय जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें केवाईसी एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी आम नागरिकों को दी जाएगी। बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल, लीड बैंक मैनेजर, आरबीआई के प्रतिनिधि, विभिन्न बैंकों के बैंकर्स एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

नॉमिनल रोल, केंद्र व्यवस्था और छात्रों की तैयारी पर विशेष फोकस,कक्षा 5वीं एवं 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न

रायगढ़, 5 फरवरी 2026/ लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़, रायपुर द्वारा सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 05वीं एवं 08वीं की केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा के आयोजन एवं मूल्यांकन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इन निर्देशों के अनुपालन में जिले में परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है। 
            कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश एवं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के.वी.राव के मार्गदर्शन में जिले के समस्त अशासकीय विद्यालयों के शाला प्रमुखों एवं प्रबंधकों की समीक्षा बैठक पीएमश्री नटवर स्कूल के सभाकक्ष में दो पालियों में आयोजित की गई। बैठक में सभी शालाओं की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई थी। बैठक में नॉमिनल रोल जमा करने, परीक्षा केंद्रों में पर्यवेक्षकों की व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, बैठक व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही छात्रों को परीक्षा ब्लूप्रिंट की जानकारी देने, सैंपल प्रश्न पत्रों से अभ्यास कराने एवं प्रोजेक्ट वर्क समय पर पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।
             जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल से सम्बद्ध कक्षा 05वीं और 08वीं की केंद्रीकृत परीक्षा में सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त शालाओं के विद्यार्थियों की भागीदारी अनिवार्य है। बैठक में प्राचार्य दिनेश पटेल, नोडल अधिकारी, परीक्षा शाखा भुवनेश्वर पटेल, बीईओ संजय कुमार पटेल एवं एबीईओ द्वारका पटेल द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों में सुधार करते हुए जिले का लक्ष्य कक्षा 10वीं में 85 प्रतिशत एवं 12वीं में 90 प्रतिशत परिणाम प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए। समीक्षा बैठक में प्रह्लाद पटेल, व्याख्याता पीएमश्री नटवर एवं अमित श्रीवास्तव, प्रभारी परीक्षा शाखा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
             जारी समय-सारणी के अनुसार कक्षा 05वीं की परीक्षाएं 16 मार्च 2026 से 25 मार्च 2026 तक तथा कक्षा 08वीं की परीक्षाएं 17 मार्च 2026 से 06 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं में जिले के सभी शासकीय, मान्यता प्राप्त अशासकीय, अनुदान प्राप्त एवं माध्यमिक शिक्षा मंडल से सम्बद्ध अशासकीय गैर अनुदान प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थियों की भागीदारी अनिवार्य होगी। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा निर्धारित परीक्षा शुल्क कक्षा 05वीं के लिए 55 रुपए एवं कक्षा 08वीं के लिए 60 रुपए प्रति छात्र तय किया गया है, जिसे सभी अशासकीय विद्यालयों को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रायगढ़ के खाते में जमा करना अनिवार्य होगा।

और भी

पालीटेक्निक रायगढ़ में अंशकालीन व्याख्याता के लिए आवेदन आमंत्रित

रायगढ़, 5 फरवरी 2026/ किरोड़ीमल शासकीय पालीटेक्निक रायगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अध्यापन कार्य हेतु कम्प्यूटर साइंस इंजी.विभाग में 1 अंशकालीन व्याख्याता के लिए 12 फरवरी तक आवेदन आमंत्रित किए गए है। इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन निर्धारित अवधि में समस्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों के साथ प्राचार्य किरोड़ीमल शासकीय पालीटेक्निक रायगढ़ के नाम प्रेषित कर सकते है अथवा सीधे कार्यालय में जमा कर सकते है। अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। यह नियुक्ति पूर्णतः अस्थाई होगी। अंशकालीन व्याख्याताओं की नियुक्ति एआईसीटीई मापदण्ड के अनुसार होगी। इस संबंध में अन्य विस्तृत जानकारी के लिए संस्था के वेबसाईट https://www.kgpraigarh.ac.in अथवा कार्यालय के सूचना पटल में पर अवलोकन कर सकते है।

और भी

रनभांठा में पांच दिवसीय योग शिविर से 366 ग्रामीणों को मिला स्वास्थ्य लाभ,कलेक्टर के निर्देश पर आयुष विभाग की पहल, बीपी-शुगर व जोड़ों के दर्द से राहत पर रहा फोकस

रायगढ़, 5 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश में आयुष विभाग द्वारा जिले में सतत् जनस्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में विकासखण्ड पुसौर के ग्राम रनभांठा में 1 से 5 फरवरी तक पांच दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 366 ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य के प्रति अपनी जागरूकता बढ़ाई।
         आयुष्मान आरोग्य मंदिर बुनगा के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का संचालन जिला आयुष अधिकारी डॉ. गौराहा के मार्गदर्शन में हुआ। शिविर प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 9 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें योगाभ्यास की विभिन्न विधियों से लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। शिविर प्रभारी डॉ. अजय नायक ने बताया कि इस शिविर में विशेष रूप से बीपी, शुगर, जोड़ो के दर्द, मोटापा, गैस जैसी समस्याओं से राहत पाने के लिए योगाभ्यास कराया गया। भागीदारों को अनुलोम-विलोम, प्राणायाम, कपालभाति, सूक्ष्म व्यायाम, सूर्य नमस्कार, तिर्यक आसन, मकर आसन और अन्य योगासनों की विधियों से अवगत कराया गया। योग प्रशिक्षक दुलमनी रजक ने इन आसनों का प्रशिक्षण दिया और ग्रामीणों को उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उपायों के बारे में बताया।
            शिविर के दौरान प्रतिदिन प्रतिभागियों को अंकुरित चना और काढ़ा का वितरण भी किया गया, जिससे उनका आंतरिक स्वास्थ्य भी बेहतर हो सके। शिविर में डॉ. जागृति पटेल, फार्मासिस्ट भोज मालाकर, सरपंच जगन्नाथ प्रधान, हेमसागर प्रधान, बीडीसी राजकुमार छत्तर और अन्य ग्रामीण नेताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।

और भी

जिला जेल में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 639 बंदियों को मिला लाभ

रायगढ़, 5 फरवरी 2026/ रायगढ़ जिला जेल में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 639 परिरूद्ध बंदियों को लाभ प्राप्त हुआ। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़, जिला जेल रायगढ़ और अंतरंग सामाजिक संस्था के संयुक्त सहयोग से आयोजित हुआ। शिविर का उद्घाटन जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायगढ़ द्वारा किया गया, जिसमें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला विधिक सेवा समिति के सचिव, जेल अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
             शिविर में शासकीय चिकित्सालयों और निजी संस्थानों के चिकित्सकों ने जनरल मेडिसिन, हड्डी रोग, न्यूरोलॉजी, नेत्र रोग, चर्म रोग, दंत रोग, क्षय रोग, एचआईवी, मनोरोग और आयुर्वेद चिकित्सा जैसी विभिन्न विशेषज्ञताओं के माध्यम से बंदियों की जांच और उपचार किया। बंदियों को आवश्यक दवाइयाँ भी दी गईं। मौसम परिवर्तन से होने वाले रोगों को देखते हुए इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन मानवीय दृष्टिकोण से किया गया, ताकि बंदियों का स्वास्थ्य बेहतर हो सके। जिला सत्र न्यायाधीश ने सभी कर्मचारियों और संस्था के पदाधिकारियों की सराहना की और भविष्य में ऐसे और शिविरों के आयोजन की आवश्यकता जताई।

और भी

रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, सरगुजा में 16-17 फरवरी को संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन

*

*जशपुरनगर 05 फरवरी 2026* /प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरगुजा में 16 एवं 17 फरवरी 2026 को संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा।
              जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि मेला में सहभागिता हेतु ऑनलाईन पोर्टल  erojgar.cg.gov.in या छत्तीसगढ़ रोजगार एप में ऑनलाईन पंजीयन कर सकते है।  ऐसे आवेदक जिन्होनें ऑनलाईन पोर्टल erojgar.cg.gov.in  या छत्तीसगढ़ रोजगार एप में रोजगार पंजीयन एवं रोजगार मेला हेतु पंजीयन नहीं करवाया है, वे पोर्टल पर अपना पंजीयन करवा सकतें है। एवं अपने समस्त शैक्षणिक योग्यता, पासपोर्ट साईज फोटो, पहचान पत्र, अनुभव प्रमाण पर इत्यादि दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि को उपस्थित हो सकतें है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय जशपुर से सम्पर्क किया जा सकता है।

और भी

850 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम एवं काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए भारत गौरव स्पेशल ट्रेन से अयोध्या रवाना


रायपुर, 04 फरवरी 2026

भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या धाम की यात्रा को सुलभ बनाने के लिए राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन से 850 भक्तों से भरी स्पेशल ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। इस यात्रा के दौरान यात्रियों को वाराणसी में काशी विश्वनाथ जी के दर्शन का विशेष लाभ भी प्रदान किया जाएगा। राज्य सरकार की इस जनकल्याणकारी पहल ने छत्तीसगढ़ वासियों की धार्मिक आस्थाओं को नई ऊंचाई प्रदान की है।
श्रद्धालुओं को प्रेषित संदेश में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कटिबद्ध है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और आईआरसीटीसी के सहयोग से हम यात्रियों को उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। यह हमारी सरकार की जन-केंद्रित सोच का प्रतीक है।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही भक्तिमय वातावरण छाया रहा। ‘जय श्री राम‘ के उद्घोषों से स्टेशन गूंज रहा था। श्रद्धालुओं भजन-कीर्तन गा रहे थे। स्टेशन परिसर को फूलों, रंगोली और भगवा ध्वजों से सजाया गया था। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और आईआरसीटीसी के कर्मचारियों ने यात्रियों का स्वागत चाय, नाश्ता और स्मृतिचिन्ह प्रदान कर किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, मुंगेली जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पांडे, सभापति श्रीमती अंबालिका साहू सहित जिला प्रशासन के अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
ट्रेन में सवार श्रद्धालुओं ने बताया कि वे बेहद अच्छा अनुभव कर रहे हैं। मुंगेली की रहने वाली सुनीता बाई ने कहा कि पहली बार अयोध्या जाने का सौभाग्य मिला। राज्य सरकार की इस योजना ने सब कुछ आसान कर दिया। ट्रेन में स्वादिष्ट भोजन और राज्य सरकार की सभी तरह की व्यवस्थाएं देखकर मन प्रसन्न हो गया। काशी विश्वनाथ दर्शन का अवसर मिलना तो जैसे स्वप्न साकार हो गया है। बिलासपुर के रामेश्वर साहू ने बताया कि रेलवे स्टेशन का माहौल देखकर बहुत अच्छा लग रहा है। मुझे यह यात्रा जीवन भर याद रहेगी।
यह योजना राज्य सरकार की दूरदर्शी नीति का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित कर रही है। योजना के तहत श्रद्धालुओं को निःशुल्क यात्रा टिकट, शाकाहारी भोजन, चिकित्सा सुविधा प्रदान किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल यात्रा का समग्र प्रबंधन कर रहा है, जबकि आईआरसीटीसी टिकटिंग, भोजन और दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है। राज्य सरकार की यह पहल धार्मिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि को मजबूत करने वाली साबित हो रही है।

और भी

आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों में जब्त वाहनों को लेकर कलेक्टर न्यायालय रायगढ़ में 23 फरवरी को होगी अहम सुनवाई

रायगढ़, 4 फरवरी 2026/ कलेक्टर न्यायालय रायगढ़ द्वारा आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों में जब्त वाहनों के संबंध में सूचना पत्र जारी किए गए हैं। जारी सूचना के अनुसार अवैध शराब परिवहन से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में वाहन स्वामियों को न्यायालय में 23 फरवरी 2026 को उपस्थित होकर पक्ष प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया गया है।
         प्राप्त जानकारी के अनुसार सहायक आयुक्त आबकारी रायगढ़ द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर थाना तमनार एवं थाना जुटमिल क्षेत्र अंतर्गत अवैध रूप से शराब का परिवहन करते हुए वाहनों को जब्त किया गया था। जांच के दौरान संबंधित वाहनों से बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा का परिवहन पाया गया, जिस पर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। सूचना पत्र में उल्लेख किया गया है कि संबंधित वाहन स्वामी यदि जब्त किए गए वाहनों के संबंध में कोई दावा अथवा पक्ष प्रस्तुत करना चाहते हैं, तो वे निर्धारित तिथि 23 फरवरी 2026 को अपराह्न 03.00 बजे कलेक्टर न्यायालय रायगढ़ में स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित हो सकते हैं।
            कलेक्टर न्यायालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथि पर उपस्थित न होने की स्थिति में प्रकरण में एकपक्षीय कार्यवाही कर आदेश पारित किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित वाहन स्वामी की होगी। उक्त सूचना पत्र संयुक्त कलेक्टर एवं सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी किए गए हैं। प्रशासन द्वारा अवैध मदिरा परिवहन के विरुद्ध निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात दोहराई गई है और आम नागरिकों से कानून का पालन करने की अपील की गई है।

और भी

पीएमश्री शासकीय नटवर विद्यालय रायगढ़ में परिपूर्णता जांच, शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष फोकस,कलेक्टर के निर्देश पर पीएमश्री नटवर विद्यालय में शैक्षणिक व प्रबंधन व्यवस्थाओं की सघन जांच


रायगढ़, 4 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.के.वी.राव के मार्गदर्शन में आज पीएमश्री शासकीय नटवर विद्यालय रायगढ़ में पीएमश्री योजना के अंतर्गत विद्यालय की परिपूर्णता जांच एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई।  
           निरीक्षण के दौरान विद्यालय की हिंदी माध्यम एवं अंग्रेजी माध्यम की प्रथम एवं द्वितीय पाली का अवलोकन किया गया। कक्षा संचालन, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यालयी वातावरण का सूक्ष्म परीक्षण करने के उपरांत दोनों पालियों के शिक्षकों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।  नोडल अधिकारी पीएमश्री विद्यालय एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी रायगढ़ श्री डी.पी.पटेल ने बताया कि समीक्षा बैठक में पीएमश्री विद्यालय परिपूर्णता के आठ प्रमुख बिंदुओं के साथ-साथ प्रबंधन एवं वित्तीय परिपूर्णता पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें विद्यालय की भौतिक अधोसंरचना जैसे भवन, कक्ष, फर्नीचर एवं मूलभूत सुविधाएं, शैक्षणिक परिवेश, शैक्षणिक गुणवत्ता एवं शैक्षणिक परिणाम, डिजिटल शिक्षण व्यवस्था, दस्तावेज एवं अभिलेख संधारण, समावेशी शिक्षा, पेयजल, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य व्यवस्था तथा नवाचार आधारित शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही विद्यालय प्रबंधन एवं वित्तीय व्यवस्था के अंतर्गत विद्यालय प्रबंधन समिति की सक्रियता, शासन से प्राप्त अनुदान राशि का नियमानुसार एवं पारदर्शी उपयोग, वित्तीय अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण तथा समयबद्ध वित्तीय क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।  
            निरीक्षण के दौरान छात्रहित से संबंधित योजनाओं की भी विशेष समीक्षा की गई, जिसमें छात्रवृत्ति योजनाएं, आधार सत्यापन, पाठ्यपुस्तक वितरण, गणवेश वितरण, साइकिल वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। छात्रहित के अंतर्गत मध्यान्ह भोजन योजना की भी विस्तृत समीक्षा की गई। भोजन की गुणवत्ता, पोषण स्तर, स्वच्छता, नियमितता, समय पर वितरण तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभाव पर चर्चा करते हुए योजना के सुचारु, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन हेतु निर्देश दिए गए।
          नोडल अधिकारी श्री डी. पी. पटेल द्वारा शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि पीएमश्री योजना के अंतर्गत निर्धारित सभी शैक्षणिक, भौतिक, प्रबंधन एवं वित्तीय मानकों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करते हुए विद्यालय को पूर्ण रूप से परिपूर्ण बनाया जाए, ताकि प्रत्येक योजना का लाभ समयबद्ध रूप से सभी पात्र विद्यार्थियों तक पहुंच सके। इस अवसर पर पीएमश्री शासकीय नटवर विद्यालय रायगढ़ के प्राचार्य श्री दिनेश अग्रवाल एवं सीएसी श्री  जाफरी सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी शिक्षकों ने छात्रहित, पोषणयुक्त शिक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

और भी

टी.बी. मुक्त पंचायत सत्यापन को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक, तय मापदंडों पर सख्ती ,विकासखंड स्तर पर सत्यापन कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश

रायगढ़, 4 फरवरी 2026/ राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में टी.बी. मुक्त पंचायत सत्यापन के संबंध में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पंचायतों को टी.बी. मुक्त घोषित करने हेतु आवश्यक मानकों की समीक्षा एवं कार्ययोजना तैयार करना रहा।
             बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि प्रति 1000 जनसंख्या पर 30 संदेहास्पद व्यक्तियों की जांच अनिवार्य है। साथ ही प्रति 1000 जनसंख्या में एक या एक से कम टी.बी. मरीज की पुष्टि तथा उपचार सफलता दर कम से कम 85 प्रतिशत होना आवश्यक है, तभी पंचायत को टी.बी. मुक्त घोषित किया जा सकेगा। जिला क्षय अधिकारी डॉ. जयकुमारी चौधरी ने जानकारी दी कि दवा संवेदीकरण (ड्रग सेंसिटिविटी) परीक्षण की दर न्यूनतम 60 प्रतिशत होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत 50 प्रतिशत लाभ पहुंचाना तथा निक्षय मित्र के माध्यम से प्रत्येक टी.बी. मरीज को अतिरिक्त पोषण आहार उपलब्ध कराना आवश्यक है।
           बैठक में सभी विकासखंडों के खंड चिकित्सा अधिकारियों के प्रतिनिधि, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के प्रतिनिधि, मेडिकल कॉलेज के पीएसएम विभाग के चिकित्सा अधिकारी प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि सहित जिला नोडल अधिकारी श्री अविनाश चंद्रा, डॉ. केनन डेनियल एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैकरा उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे विकासखंड स्तर पर जाकर टी.बी. मुक्त पंचायत की स्थिति का भौतिक सत्यापन करें एवं अपनी समीक्षा रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत करें, ताकि जिले को टी.बी. मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

और भी

श्री रामलला दर्शन योजना के तहत जिले से 112 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना,मुख्यमंत्री की पहल से साकार हो रहा श्रद्धालुओं का सपना

रायगढ़, 4 फरवरी 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच और संवेदनशील पहल का परिणाम आज रायगढ़ जिले में देखने को मिला, जब श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत 112 श्रद्धालुओं का 15वां जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। वर्षों से मन में संजोया गया श्री रामलला के दर्शन का सपना श्रद्धालुओं के लिए साकार हो रहा है।
            यात्रा के समय श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह, भक्ति और भावनात्मक उल्लास देखने को मिला। जय श्रीराम के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उनके जीवन की सबसे बड़ी आध्यात्मिक उपलब्धि है। एक तीर्थयात्री ने भावुक स्वर में कहा कि बचपन से रामायण में रामजन्मभूमि की कथाएँ सुनते आए हैं, आज पहली बार उसी पावन भूमि पर कदम रखने का सौभाग्य मिलने जा रहा है। यह पल शब्दों से परे है-आँखें नम हैं और मन आनंद से भरा हुआ है।
            श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, भोजन, आवास एवं आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। श्रद्धालुओं को रायगढ़ से बिलासपुर रेलवे स्टेशन तक पहुँचाया गया, जहां से वे विशेष ट्रेन द्वारा अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। यात्रियों के मार्गदर्शन और सहयोग हेतु अधिकारियों की टीम भी जत्थे के साथ भेजी गई है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाओं के साथ विदाई दी तथा उनके सुरक्षित, सुखद और सफल दर्शन की कामना की।

और भी

प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला 9 फरवरी को आईटीआई रायगढ़ में,जिले के शिक्षित युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास का सुनहरा बड़ा अवसर

रायगढ़, 4 फरवरी 2026। राज्य शासन की मंशानुरूप तथा कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले के शिक्षित, प्रशिक्षित एवं तकनीकी युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) रायगढ़ में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला  का आयोजन आगामी 9 फरवरी 2026, सोमवार को किया जा रहा है। यह मेला जिले के युवाओं के लिए सीखते हुए कमाने और उद्योगों से सीधे जुड़ने का एक सुनहरा अवसर प्रदान कर सकता है। 
 प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके अंतर्गत युवाओं को वास्तविक औद्योगिक परिवेश में व्यावहारिक प्रशिक्षण, कार्य-अनुभव एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। इस मेले के माध्यम से जिले के आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं अन्य तकनीकी एवं गैर-तकनीकी योग्यताधारी युवाओं को सीधे उद्योगों में अप्रेंटिसशिप एवं भविष्य के रोजगार से जोड़ा जाएगा।

*212 रिक्त पदों पर होगा प्रत्यक्ष चयन*

प्रशिक्षण अधिकारी ने बताया कि मेले के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों द्वारा कुल 212 रिक्त पदों पर प्रत्यक्ष साक्षात्कार के माध्यम से चयन की प्रक्रिया की जाएगी। इसमें जिंदल साउथ वेस्ट (जेएसडब्ल्यू) द्वारा फिटर, वेल्डर, कोपा, टर्नर, कारपेंटर एवं पेंटर; हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा इलेक्ट्रीशियन, फिटर, बीएससी केमिस्ट्री एवं बीए सोशियोलॉजी; एमएसपी जामगांव के लिए फिटर, इलेक्ट्रीशियन एवं वेल्डर; आरकेएम पावर जनरेशन लिमिटेड द्वारा कोपा; आर आर एनर्जी लिमिटेड में फिटर; श्री बजरंग मोटर्स रायगढ़ में डीजल मैकेनिक, फिटर एवं वेल्डर; जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड में टेक्नीशियन तथा सुमन इंड एग्रो प्राइवेट लिमिटेड में किसी भी स्नातक, इंजीनियरिंग डिप्लोमा एवं आईटीआई कोपा योग्यताधारी युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध होंगे।

*प्रशिक्षण के साथ मिलेगा निर्धारित स्टाइपेंड*

प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान भारत सरकार द्वारा निर्धारित स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। इससे युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ आर्थिक संबल भी प्राप्त होगा। यह योजना युवाओं की कौशल दक्षता बढ़ाने, उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने तथा भविष्य में स्थायी रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करने में सहायक हो सकता है। 
मेले के साथ-साथ रीजनल डायरेक्टरेट ऑफ स्किल डेवलपमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप एवं नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के तत्वावधान में नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन भी किया जाएगा। इस कार्यशाला में जिले के समस्त उद्योगों के प्रतिनिधि, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र रायगढ़ तथा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के अधिकारी सहभागिता करेंगे। कार्यशाला का उद्देश्य उद्योगों को अप्रेंटिसशिप से जोड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है।

*प्रत्येक तीन माह में होता है आयोजन*

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला का आयोजन प्रत्येक जिले में तीन माह में एक बार, तथा प्रत्येक माह के द्वितीय सोमवार को नियमित रूप से किया जाता है, जिससे युवाओं को निरंतर रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध हो सकें।
जिला प्रशासन एवं रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग ने जिले के सभी पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि को आईटीआई रायगढ़ पहुंचकर इस रोजगारोन्मुखी पहल का अधिकतम लाभ उठाएं। प्लेसमेंट एवं अप्रेंटिसशिप से संबंधित विस्तृत जानकारी आईटीआई रायगढ़ की वेबसाइट से अथवा संस्था में सीधे संपर्क कर प्राप्त की जा सकती है।

और भी

विधानसभा सत्र के दौरान पत्राचार समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

रायगढ़, 4 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ विधानसभा का षष्ठम विधानसभा का अष्टम सत्र सोमवार 23 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर शुक्रवार 20 मार्च 2026 तक आहूत किया गया है। विधानसभा सत्र के दौरान प्राप्त होने वाले तारांकित एवं अतारांकित प्रश्नों, स्थगन प्रस्ताव, आश्वासन, ध्यानाकर्षण, अशासकीय संकल्प, याचिका तथा लोक लेखा समिति से संबंधित पत्राचार एवं जानकारी निर्धारित समय-सीमा में शासन एवं वरिष्ठ कार्यालय को उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है।
          कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी द्वारा जारी आदेश के अनुसार संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल को इस कार्य हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी द्वारा विधानसभा सत्र अवधि में संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक सूचनाएं संकलित कर समयबद्ध रूप से प्रेषित की जाएगी।

और भी

प्रीमियम विदेशी मदिरा दुकान की निविदा खोलने की तिथि में परिवर्तन

रायगढ़, 4 फरवरी 2026/ प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रीमियम विदेशी मदिरा दुकान, कबीर चौक रायगढ़ हेतु आमंत्रित निविदा खोलने की तिथि पूर्व में 06 फरवरी 2026 को अपरान्ह 4 बजे निर्धारित की गई थी। अपरिहार्य कारणों के चलते अब उक्त निविदा खोलने की तिथि परिवर्तित कर 10 फरवरी कर दी गई है। निविदा पूर्व निर्धारित समयानुसार अपरान्ह 4 बजे ही खोली जाएगी।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय  बगिया पहुंचे,  हुआ आत्मीय आगमन

जशपुरनगर, 04 फरवरी 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज ग्राम बगिया, विकासखंड कांसाबेल पहुंचे। हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

सिविल सेवा में चयनित मधु साहू को मिली 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, दिव्यांग प्रतिभा को मिला संबल

रायगढ़, 3 फरवरी 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने एवं उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा क्षितिज अपार संभावनाएं सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना संचालित की जा रही है। इसी क्रम में रायगढ़ जिले की मेधावी दिव्यांग कु. मधु साहू को सिविल सेवा में चयनित होने पर 50 हजार रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। यह राशि दिव्यांग व्यक्ति (समान अवसर, अधिकारों का संरक्षण एवं पूर्ण भागीदारी) अधिनियम 1995 के तहत दी गई है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में योजना का बेहतर संचालन समाज कल्याण विभाग, रायगढ़ द्वारा प्रभावी रूप से किया जा रहा है, जिसके माध्यम से दिव्यांग युवाओं को सिविल सेवाओं के लिए प्रोत्साहन एवं आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है।
             उप संचालक समाज कल्याण ने जानकारी देते हुए बताया कि कु. मधु साहू, पिता श्री तुलाराम साहू, निवासी ग्राम एवं पोस्ट तमनार, विकासखण्ड तमनार, जिला रायगढ़, 40 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग हैं। उनका चयन छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा में छ.ग. अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी (वित्त विभाग) के पद पर हुआ है। चयन सूची की मुख्य सूची में सरल क्रमांक 22 पर उनका नाम दर्ज है। समाज कल्याण विभाग में 23 दिसंबर 2024 को प्राप्त आवेदन के परीक्षण उपरांत हितग्राही को पात्र पाया गया। इसके पश्चात कार्यालयीन आदेश के अनुसार दिनांक 29 जनवरी 2025 को प्रोत्साहन राशि 50 हजार रुपये उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। जिला प्रशासन द्वारा पारदर्शी व्यवस्था के तहत लाभार्थी को समयबद्ध सहायता प्रदान की गई।
       प्रोत्साहन राशि प्राप्त होने पर कु. मधु साहू ने बताया कि इस आर्थिक सहयोग से उनकी आगे की तैयारी को नई दिशा, ऊर्जा एवं आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

*सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने पर दिव्यांगों को एकमुश्त प्रोत्साहन राशि का प्रावधान*
योजना के अंतर्गत 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले, छत्तीसगढ़ के मूल निवासी दिव्यांग व्यक्तियों को संघ एवं छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने पर एकमुश्त प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इसके तहत प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने पर 20 हजार रुपये, मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने पर 30 हजार रुपये तथा संघ/छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में अंतिम चयन होने पर 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

और भी

एफएलएन लक्ष्य की दिशा में प्रधान पाठकों की संकुल स्तरीय बैठक आयोजित,2027 तक एफएलएन प्राप्ति के लिए ठोस रणनीति पर जोर

रायगढ़, 3 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश एवं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.के.व्ही.राव के मार्गदर्शन में विकास खंड रायगढ़ में शिक्षा विभाग द्वारा प्राथमिक शालाओं के 37 संकुलों को 6 जोन में विभाजित कर सभी प्रधान पाठकों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य बच्चों की पढ़ने-लिखने और गणितीय दक्षता को बढ़ाने के लिए गतिविधि आधारित रणनीतियों पर चर्चा करना रहा। इस दौरान कार्यशाला के माध्यम से विद्यालयों की शैक्षणिक प्रगति का आकलन भी किया गया।
           बैठक में कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों की पठन क्षमता का विश्लेषण किया गया, जिसमें यह देखा गया कि कितने बच्चे अटक-अटक कर पढ़ते हैं, कितने पढ़ नहीं पाते और कितने धाराप्रवाह हिंदी पठन में सक्षम हैं। इसी तरह गणित में जोड़, घटाव, गुणा और भाग की समझ रखने वाले बच्चों के आंकड़े भी प्रस्तुत किए गए। इन आंकड़ों के आधार पर बच्चों के लिए नियमित पठन समय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
           बैठक में यह सुझाव दिया गया कि विद्यालयों में रीडिंग कॉर्नर को सक्रिय किया जाए, जहाँ बच्चे कहानी पढ़ें, अपनी भाषा में सुनाएँ और पढ़ी गई कहानी को अपने शब्दों में लिखें। साथ ही साझा पठन और समूह पठन जैसी गतिविधियों को नियमित रूप से अपनाने पर बल दिया गया। शिक्षकों को बच्चों के साथ मिलकर हावभाव के साथ कहानी पढ़ने और सुनाने की सलाह दी गई, जिससे बच्चों की पठन, लेखन और मौखिक अभिव्यक्ति की दक्षता में वृद्धि हो सके। सत्र के निरीक्षण के लिए पहुँचे बीईओ श्री संजय पटेल ने प्रधान पाठकों को निर्देशित करते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ने की दक्षता में हर हाल में सुधार होना चाहिए, तभी वर्ष 2027 तक एफएलएन का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकेगा। वहीं बीआरसीसी श्री मनोज अग्रवाल ने संकुल बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों की समीक्षात्मक समीक्षा करते हुए एफएलएन प्राप्ति के लिए प्रभावी और व्यावहारिक रणनीतियाँ तैयार करने पर जोर दिया।

और भी

बीटी सड़क निर्माण में अनियमितता पर जिला प्रशासन का कड़ा एक्शन , लगातार शिकायतों पर कलेक्टर का औचक निरीक्षण, घटिया निर्माण उजागर

रायगढ़, 3 फरवरी 2026/ जिले में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए सख्त रुख अख्तियार किया है। नगर पालिक निगम रायगढ़ के वार्ड क्रमांक 42 सोनूमुड़ा में बीटी सड़क निर्माण में अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गंभीर तकनीकी खामियां और गुणवत्ता से समझौता सामने आया, जिसके बाद तत्काल सघन जांच कराई गई।
            निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि राज्य शासन द्वारा 1 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से बन रही बीटी सड़क के निर्माण में ठेकेदार संजय केडिया की फर्म द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण यह रहा कि नई बनी सड़क की ऊपरी परत कई स्थानों पर उखड़ने लगी, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया। कलेक्टर ने मौके पर ही पीडब्ल्यूडी एवं नगर पालिका अधिकारियों की उपस्थिति में तकनीकी जांच कराई, जिसमें निर्माण में गंभीर कमियां प्रमाणित हुईं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने ठेकेदार एवं नगर निगम के कार्यपालन अभियंता को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि तीन दिवस के भीतर सड़क की समस्त खामियों को दूर कर गुणवत्ता के अनुरूप दुरुस्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय-सीमा में सुधार कार्य पूरा नहीं होने की स्थिति में संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी, साथ ही दोषी इंजीनियरों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
          कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि सड़क निर्माण की मानक गुणवत्ता जांच अनिवार्य रूप से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से कराई जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि जनहित के विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और भविष्य में सड़क निर्माण सहित सभी कार्यों की सतत निगरानी कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, कार्यपालन अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

और भी