जशपुर में कर वसूली का कड़ा अभियान: बड़े बकायादारों पर शिकंजा, दुकान सीलिंग से लेकर नाम सार्वजनिक करने की तैयारी से मचा हड़कंप!
जशपुरनगर। नगरपालिका जशपुर नगर में लंबित करों की वसूली को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। शहर के सभी 20 वार्डों में संपत्तिकर, समेकित कर, जलकर, दुकान किराया एवं यूजर चार्ज की वसूली के लिए नगरपालिका के कर्मचारी सक्रिय रूप से घर-घर पहुंचकर बकाया राशि जमा कराने में जुटे हैं। राजस्व वसूली की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण अभियान को और तेज कर दिया गया है।
नगरपालिका के अनुसार, शहर में कई बड़े और प्रभावशाली बकायादार अब भी कर राशि जमा नहीं कर रहे हैं। बार-बार नोटिस और संपर्क के बावजूद भुगतान नहीं होने पर प्रशासन अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय ने राजस्व विभाग की बैठक लेकर कर्मचारियों को बड़े बकायादारों से हर हाल में वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि दुकान किराया नहीं चुकाने वाले दुकानदारों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए अनुविभागीय अधिकारी (आईएएस) अनिकेत से चर्चा कर रणनीति बनाई जा रही है। वहीं, संपत्तिकर, समेकित कर और जलकर के बड़े बकायादारों के नाम सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग लगाकर प्रदर्शित करने की भी तैयारी है, ताकि सामाजिक दबाव के माध्यम से वसूली सुनिश्चित की जा सके।
इसके अलावा जलकर बकायादारों के नल कनेक्शन काटने तथा अवैध नल कनेक्शन धारकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की योजना है। जरूरत पड़ने पर ऐसे मामलों में थाना स्तर पर भी कार्रवाई की जाएगी।
नगरपालिका प्रशासन ने करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खुले रखने का निर्णय लिया है, ताकि लोग आसानी से अपनी बकाया राशि जमा कर सकें।
उल्लेखनीय है कि नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव एस. वसव राजू द्वारा प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को शत-प्रतिशत कर वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत जशपुर नगर में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।