क्रेटा कार में छुपाकर उड़ीसा से जशपुर लाया जा रहा था गांजा, आरा चौकी पुलिस की मुस्तैदी से बड़ा खुलासा, दो आरोपी सलाखों के पीछे, तीसरा फरार,
जशपुर 07 फरवरी 2026
जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चौकी आरा क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने उड़ीसा से गांजा तस्करी कर जशपुर लाए जा रहे 52 किलो 100 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने चिन्हित कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 07 फरवरी 2026 की सुबह चौकी आरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक क्रेटा कार (क्रमांक CG-13-AM-9231) में कुछ लोग उड़ीसा राज्य से अवैध रूप से गांजा लाकर उसे प्लास्टिक की थैलियों में भरकर वाहन में छुपाते हुए कईकछार, काशीबंध और बीरोपानी के जंगलनुमा ग्रामीण रास्तों से होकर जशपुर की ओर बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी आरा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर बीरोपानी–काशीबंध जंगल क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान काशीबंध की ओर से आती संदिग्ध क्रेटा कार दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर कार में सवार तीन संदिग्धों में से एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि दो अन्य को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम शहरूख शाह (उम्र 34 वर्ष) निवासी आजाद मोहल्ला जशपुर एवं तारिक अंसारी (उम्र 27 वर्ष) निवासी ग्राम कव्वाली मंच के पास जशपुर, थाना सिटी कोतवाली जशपुर बताया।
पुलिस द्वारा जब क्रेटा कार की तलाशी ली गई तो वाहन की डिक्की में दो बोरियों में 50 पैकेट प्लास्टिक की पॉलिथीन में भरा हुआ कुल 52 किलो 100 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह गांजा उड़ीसा राज्य से अवैध रूप से लाकर जशपुर में बिक्री करने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार को विधिवत जप्त कर लिया है। जप्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 लाख रुपये तथा वाहन की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। इस तरह कुल लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।
इस मामले में चौकी आरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों शहरूख शाह एवं तारिक अंसारी को पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। वहीं फरार तीसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
इस पूरी कार्यवाही में एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, डीएसपी अजाक जशपुर भावेश समरत, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, चौकी प्रभारी आरा सहायक उप निरीक्षक चंद्रप्रकाश त्रिपाठी सहित प्रधान आरक्षक विद्यासागर पैंकरा, आरक्षक बेलसाजार कुजूर, अरुण तिग्गा एवं अविनाश लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मामले को लेकर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शने वाली नहीं है। ऑपरेशन आघात के तहत यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जिले को नशामुक्त बनाने के लिए कठोर कार्रवाई की जाती रहेगी।