ताजा खबरें

बड़ी खबर

अब गांव-गांव में कचरे पर होगा कड़ा प्रबंधन, एसडब्ल्यूएम नियम-2026 लागू करने सचिवों को मिला विशेष प्रशिक्षण

रायगढ़, 4 जून 2026/ कलेक्टर के निर्देश एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत रायगढ़ के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत घरघोड़ा, धरमजयगढ़ एवं तमनार में ग्राम पंचायत सचिवों के लिए एसडब्ल्यूएम 2026 विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाना तथा एसडब्ल्यूएम नियम-2026 के प्रावधानों का जमीनी स्तर पर सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करना था। इस दौरान सचिवों को ग्राम पंचायतों की भूमिका, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, घर-घर कचरा संग्रहण, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) केंद्रों के संचालन तथा अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
          प्रशिक्षण में बताया गया कि स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्रामों के निर्माण में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए ग्राम पंचायतों को स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा कचरा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। सचिवों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायत क्षेत्रों में एसडब्ल्यूएम नियम-2026 के तहत निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। कार्यशाला के दौरान अधिकारियों द्वारा सचिवों को सितंबर 2026 तक निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु ग्राम पंचायत स्तर पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध रूप से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के उद्देश्यों के अनुरूप प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने पर बल दिया गया। प्रशिक्षण में जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्राम पंचायत सचिव बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image