ताजा खबरें


बड़ी खबर

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने फरसाबहार, कुनकुरी और मनोरा में पोषण पुनर्वास केंद्रों का किया शुभारंभ

जशपुरनगर, 29 दिसंबर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसाबहार परिसर से फरसाबहार के साथ-साथ कुनकुरी एवं मनोरा विकासखंडों में स्थापित किए गए पोषण पुनर्वास केंद्रों (NRC) का शुभारंभ किया। इन सभी पुनर्वास केंद्रों को 10-10 बिस्तरों की सुविधा के साथ प्रारंभ किया गया है। इसके साथ ही जिले में अब पोषण पुनर्वास केंद्रों की संख्या 6  हो गई है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुनर्वास केंद्रों में भर्ती माता से उनके बच्चों के बारे में पूछा और पोषण कीट के साथ खिलौने भी दिए।
    मुख्यमंत्री ने सीएचसी फरसाबहार में बन रहे श्री सत्य साईं मातृत्व शिशु चिकित्सालय का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के विशेष प्रयासों से सीएचसी में निर्माणाधीन श्री सत्य साईं मातृत्व एवं शिशु चिकित्सालय जिलेवासियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। चिकित्सालय में आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध हो सकेंगी। इसमें नवजात शिशुओं एवं बच्चों के उपचार के साथ-साथ गर्भवती माताओं के लिए भी ऑपरेशन सहित सभी आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएँ विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएँगी।    
    इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में जिले में मेडिकल कॉलेज, प्राकृतिक चिकित्सा एवं फिजियोथेरेपी केंद्र, शासकीय नर्सिंग कॉलेज तथा शासकीय फिजियोथेरेपी कॉलेज का निर्माण कार्य भी किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, कमिश्नर श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. एस. जात्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। 
    
*पोषण पुनर्वास केंद्र में गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों की समुचित देखभाल*
  
मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. एस. जात्रा ने बताया कि पोषण पुनर्वास केंद्र में 6 माह से 5 वर्ष तक की आयु के गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को उनकी माताओं के साथ 15 दिनों तक भर्ती रखा जाता है। इस अवधि के दौरान बच्चों को चिकित्सीय निगरानी, संतुलित पोषण एवं आवश्यक कौशल आधारित देखभाल प्रदान की जाती है, ताकि वे स्वस्थ होकर घर लौट सकें और भविष्य में कुपोषण से मुक्त रह सकें। केंद्र में बच्चों को दूध के साथ खिचड़ी, हलवा सहित अन्य पौष्टिक आहार दिए जाते हैं। इसके साथ ही चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार     माइक्रो-न्यूट्रिएंट्स को दवाई के रूप में उपलब्ध कराया जाता है, जिससे बच्चों की पोषण संबंधी कमी को दूर किया जा सके। कार्यक्रम के तहत बच्चों की माताओं को भी केंद्र में ही रहने एवं भोजन की सुविधा प्रदान की जाती है। साथ ही मां के खाते में 2250 रूपए क्षतिपूर्ति भुगतान भी किया जाता है। तथा शिशु पोषण, स्वच्छता एवं घर पर संतुलित आहार तैयार करने संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाता है, ताकि माताएं घर लौटने के बाद भी बच्चों की बेहतर देखभाल कर सकें और उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को सुनिश्चित किया जा सके।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पमशाला में राधा कृष्ण मंदिर का किया दर्शन  प्रदेश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की 

जशपुरनगर 29 दिसम्बर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज पमशाला में सरगुजा संभागीय पेंशनर सम्मेलन में शामिल होने के पश्चात कार्यक्रम स्थल परिसर में स्थित राधा कृष्ण मंदिर का दर्शन लाभ लिया। उन्होंने इस दौरान राधा कृष्ण की पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय सहित पेंशनर संघ के सदस्यों, जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक गण मौजूद रहे।

और भी

प्रशासनिक व्यवस्था के सुचारू संचालन में पेंशनर सदस्यों का शासकीय अनुभव महत्वपूर्ण - मुख्यमंत्री श्री साय, सरगुजा संभागीय पेंशनर सम्मेलन में हुए शामिल

जशपुरनगर 29 दिसम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज ग्राम पमशाला कंवरधाम (तपकरा) में आयोजित सरगुजा संभागीय पेंशनर सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर संभाग के विभिन्न जिलों से आए लगभग एक हजार पेंशनर्स की उपस्थिति से कार्यक्रम भावनात्मक एवं गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने मंच में आते ही बड़ी आत्मीयता के साथ पेंशनर सदस्यों से मुलाकात की। उनका हाल चाल जाना। साथ ही उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान संघ के सदस्यों ने ग़जमाला से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री श्री साय ने 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनरों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिन्होंने अपने सेवाकाल में शासन-प्रशासन की नींव को सुदृढ़ किया है और आज राज्य के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था के सुचारू संचालन में पेंशनर सदस्यों का शासकीय अनुभव बहुत महत्वपूर्ण है।सभी ने सरकारी सेवा में अमूल्य सेवा दिए है, जिसके कारण प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से निरन्तर है। सभी ने खूब मेहनत की है, सूझ बुझ के साथ काम किया। साथ ही कठिनाइयों का सामना करते हुए दायित्वों का निर्वहन किए। पहले आवागमन का भी पर्याप्त साधन नहीं था। सूचना तंत्र मजबूत नहीं था। फिर भी सुविधा विहीन समय में भी निष्ठापूर्वक जिम्मेदारी निभाई। आपके अच्छे काम से हम आगे बढ़ रहे है। आगे भी यह अनुभव काम आएगा। शासन में कोई भी नया निर्णय से पहले पूर्व निर्णय देखा जाता है। इसलिए निश्चित रूप से यह अनुभव आने वाले पीढ़ी को काम आएगा। आप लोगों ने अपने कामों के प्रति समर्पित होकर निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। इसके लिए सभी पेंशनर का आभार। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, पूर्व विधायक श्री भरत साय, पेंशनर संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ डीपी मनहर, आईजी श्री दीपक कुमार झा, सरगुजा कमिश्नर श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, वनमंडलाधिकारी श्री शशि कुमार सहित संभागीय एवं जिला स्तरीय पेंशनर संघ के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने पूर्व सरगुजा कमिश्नर रिटायर्ड आईएएस श्री महेश्वर साय पैंकरा द्वारा लिखित किताब करमडार एवं अन्य कथनी एवं महुवा के फूल का विमोचन किया।

         इस अवसर पर प्रांताध्यक्ष डॉ डीपी मनहर ने कहा कि आज तक कोई भी मुख्यमंत्री पेंशनर सम्मेलन में शामिल नहीं हुए थे। श्री साय पेंशनर संघ सम्मलेन में शामिल होने वाले पहले मुख्यमंत्री बने। इस पर उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने संघ की कुछ महत्वपूर्ण मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने सभी विषयों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए आश्वासन दिया कि शासन स्तर पर इन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। सम्मेलन के माध्यम से न केवल वरिष्ठ नागरिकों में सम्मान और आत्मविश्वास का संचार हुआ, बल्कि शासन और पेंशनर्स के मध्य संवाद का एक सशक्त एवं सकारात्मक मंच भी स्थापित हुआ।

और भी

खरसिया के ग्राम बकेली में किसान द्वारा ज़हर सेवन की घटना, : प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद सामने आया


रायगढ़ 29 दिसंबर। रायगढ़ जिले के तहसील खरसिया अंतर्गत ग्राम बकेली में किसान कृष्ण कुमार पिता मनबोध द्वारा ज़हर सेवन किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक स्तर पर मामले की पड़ताल की गई, जिसमें सामने आया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना पारिवारिक विवाद के चलते उत्पन्न मानसिक तनाव का परिणाम है, न कि धान विक्रय व्यवस्था या टोकन प्रणाली में किसी प्रकार की त्रुटि के कारण।
जांच में ज्ञात हुआ कि किसान कृष्ण कुमार का पंजीयन किसान कोड TF4100490100229 के अंतर्गत कुल 0.063 हेक्टेयर रकबा दर्शित है। वहीं उनकी माता श्रीमती नोनी बाई एवं बहन जानकी बाई का पंजीयन किसान कोड TF4100490100324 के तहत 0.5130 हेक्टेयर रकबा के साथ अलग–अलग दो समितियों (तुरेकेला) में दर्ज है। धान विक्रय के लिए टोकन कटाने के दौरान यह स्थिति सामने आई कि माता एवं बहन के आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक नहीं होने के कारण ओटीपी जनरेट नहीं हो पा रहा था।
मौके पर उपस्थित बहन जानकी बाई से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि उनके द्वारा आधार से मोबाइल नंबर अपडेट करा दिया गया है तथा यह प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। इस प्रकार धान विक्रय से संबंधित टोकन प्रक्रिया में कोई स्थायी या गंभीर तकनीकी समस्या नहीं पाई गई।
स्थानीय ग्रामीणों से की गई पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई कि किसान कृष्ण कुमार एवं उनकी बहन जानकी बाई के मध्य पूर्व से पारिवारिक विवाद की स्थिति बनी रहती थी। घटना के दिन दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिससे किसान मानसिक रूप से अत्यधिक व्यथित हो गया और इसी तनाव में आकर उसने ज़हर सेवन जैसा कदम उठाया।
जिला प्रशासन द्वारा बतलाया हुआ गया है कि यह घटना धान खरीदी व्यवस्था, टोकन प्रणाली अथवा किसी प्रशासनिक लापरवाही से संबंधित नहीं है। मामले की  संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सहयोग एवं आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।

और भी

शांति वार्ता सफल: रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में 14 प्रभावित ग्रामों के प्रतिनिधिमंडल और जिला प्रशासन के बीच शांति वार्ता संपन्न

रायगढ़, 28 दिसंबर 2025।रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में जनसुनवाई के विरोध में चल रहे धरना प्रदर्शन के बीच लगातार दो दिनों के प्रयास से जिला प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई शांति वार्ता में क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जिला प्रशासन एवं तमनार क्षेत्र के प्रभावित 14 ग्रामों के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई शांति वार्ता सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें धौराभाठा में आयोजित जनसुनवाई से संबंधित विषयों एवं उनके निस्तीकरण की प्रक्रिया पर गहन चर्चा की गई।
जिला प्रशासन द्वारा प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया गया कि 8 दिसंबर 2025 को धौराभाठा बाजार मैदान में आयोजित जनसुनवाई से संबंधित प्राप्त सुझावों के बाद निस्तीकरण की प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है। जिला प्रशासन ने बताया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी बिंदुओं पर विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन विगत दो दिनों से प्रभावित ग्रामों के प्रतिनिधिमंडल के साथ शांति वार्ता के लिए निरंतर प्रयासरत था। इसी क्रम में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में तमनार जनपद पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में आज रविवार  को देर शाम जिला प्रशासन एवं प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने को लेकर सार्थक और सकारात्मक चर्चा हुई। शांति वार्ता के उपरांत जिला प्रशासन एवं प्रतिनिधिमंडल, दोनों पक्षों ने क्षेत्र में शांति बहाल रखने, तथा किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने देने पर सहमति व्यक्त की। बैठक में प्रभावित 14 ग्रामों के जनप्रतिनिधि, ग्रामीण पुरुष एवं महिलाएं उपस्थित रहे। सभी ने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखते  हुए प्रशासन के साथ सहयोग करने का आश्वासन दिया।

और भी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का फरसाबहार विकासखंड के पगुराबहार हेलीपैड में हुआ आत्मीय स्वागत

जशपुरनगर, 25 दिसंबर 2025
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय आज जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत पगुराबहार पहुँचे। मुख्यमंत्री के आगमन पर पगुराबहार हेलीपैड में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया।
       इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा, सरगुजा संभाग आयुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, वनमंडल अधिकारी श्री शशि कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
         मुख्यमंत्री श्री साय का पारंपरिक ढंग से स्वागत करते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के आगमन से क्षेत्र में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने उनका अभिवादन कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के इस दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ की गई है। उनके आगमन को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक प्रबंध सुचारू रूप से बनाए गए थे।

और भी

राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर जशपुर में कड़ी सुरक्षा,राष्ट्रीय राजमार्ग के 5 किमी दायरे में नो-ड्रोन ज़ोन

जशपुरनगर 28 नवम्बर 2025/ राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का मांझाटोली जिला गुमला, झारखण्ड के कार्यक्रम हेतु आगडीह एयर स्ट्रीप जशपुर आगमन प्रस्तावित है। आगमन कार्यक्रम के दौरान उनकी सुरक्षा व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए 30 दिसंबर 2025 को प्रातः 05 बजे से अपरान्ह 05 बजे तक जशपुरनगर से झारखण्ड सीमा शंख नदी तक राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों तरफ 05 कि.मी. के दायरे को नो ड्रोन फ्लाईंग जोन घोषित किया गया है। उक्त क्षेत्र में किसी भी प्रकार के ड्रोन के उडाये जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। 
           प्रतिबंध सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशानुसार लागू रहेगा। किसी भी व्यक्ति द्वारा उक्त निर्देशों का उल्लघंन किये जाने की स्थिति में उसके विरूद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जायेगी।

और भी

कृपा शंकर भगत को जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी और अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने किया सम्मानित

जशपुर 28 दिसम्बर 25 : जिले के प्रभारी मंत्री ओ पी चौधरी सहित अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के स्थापना दिवस कार्यक्रम के अवसर पर राष्ट्रीय धर्म सेना के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष और जनजातीय सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय सदस्य कृपाशंकर भगत को हिंदुत्व के मुद्दे पर सक्रियता के साथ सफलता पूर्वक कार्य करने और निरंतर धर्मांतरण के मुद्दे पर उलगुलान करने पर साल श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया है।उक्त सम्मान के बाद प्रदेश भर से समर्थकों और शुभचिंतकों के द्वारा कृपाशंकर भगत को बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही है।
ज्ञात हो कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 26 दिसंबर को अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम जशपुर के प्रांगण में स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन आयोजित हुआ।इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री ओ पी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने हिंदुत्व के क्षेत्र में कार्य करने वाले कृपा शंकर भगत का नाम सम्मान के लिए घोषित किया,उक्त सम्मान धर्मांतरण के विरुद्ध उलगुलान (आंदोलन) करने,चक्का जाम करने और काला झंडा दिखाने मामले,गौहत्या के विरुद्ध आन्दोलन करने,रूढ़िवादी ग्राम सभा लगा फर्जी धर्मांतरण के खिलाफ 12 ग्राम पंचायत अंतर्गत 40 आश्रित ग्रामों से डीलिस्टिंग का प्रस्ताव पारित कराए जाने के कारण,जनजातीय एवं समस्त हिन्दू धर्म की रक्षा के लिए कार्य करने मामले,पंखराज साहब कार्तिक उरांव के डीलिस्टिंग व 20 वर्ष की काली रात के उनके कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करने मामले में और कार्तिक उरांव द्वारा डीलिस्टिंग के विरुद्ध संसद में सांसदों द्वारा हस्ताक्षरयुक्त बिल की छायाप्रति निकलवा जन जन तक पहुंचा डीलिस्टिंग कराए जाने के पक्ष में जागरूक करना मामले में यह सम्मान दिया गया है।
उक्ताशय की जानकारी देते हुए कृपाशंकर भगत ने बताया कि स्व.कुमार दिलीप सिंह जूदेव के सपनों को साकार करने हिन्दुत्व के मुद्दे कार्य करने संकल्पित हूं।जनजातीय समाज सहित अन्य सभी हिंदुओं के संरक्षण और उनके हक अधिकार के लिए सदैव कार्य करना मेरा प्रथम कर्तव्य है, स्व.कुमार दिलीप सिंह जूदेव के नेतृत्व में वर्ष 1986 से अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम से मेरा लगाव और जुड़ाव बना है,उन्हीं के मार्गदर्शन में आरएसएस संघ से भी जुड़ाव हुआ।वर्ष 1986 से ही अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के उद्देश्यों तू मै एक रक्त को पूरा करते हुवे कार्य कर रहा हूं। मेरा जीवन हिंदुत्व की रक्षा और वनवासी कल्याण आश्रम के उद्देश्यों की पूर्ति में सर्वोच्च न्योछावर हो चुका है।
प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने कृपाशंकर भगत का उत्साह बढ़ाते हुए उनको सम्मान देते साल श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट किया,तथा उनके उज्ज्वल भविष्य का कामना करते हुवे हिंदुत्व के क्षेत्र में निरंतर ऐसे ही सक्रिय रहने का बात कहा गया।

और भी

रायगढ़ के लिबरा में  ग्रामीणों  ने किया  पुलिस पर  पथराव,एसडीओपी, टीआई  सहित  कई  पुलिसकर्मी घायल

  रायगढ़  27 दिसंबर  2025 / रायगढ़ जिले के ग्राम लिबरा के सीएचपी चौक में आज  उग्र  भीड़  ने  पुलिस  पर  पथराव किया,  जिसमें  एसडीओपी, टीआई  सहित  कई  पुलिसकर्मी घायल हो  गए हैं। 

इस संबंध में पुलिस द्वारा जारी बयान में बताया गया कि 8 दिसंबर 2025  को धौराभाठा में हुई जनसुनवाई के विरोध में सेक्टर 1 कोल ब्लॉक के अंतर्गत प्रभावित 14 ग्रामों के ग्रामवासी द्वारा दिनांक 12 दिसंबर 2025 से धरने पर बैठे हैं जिस पर आज दिनांक 27/12/2025 को सुबह 9 बजे के आस-पास लगभग 300 लोगों की भीड़ थी,उनमें से कुछ लोगों के द्वारा सड़क पर बैठकर सामान्य आवागमन को बाधित किया जा रहा था।  जिसके  लिए  सुबह 10 बजे अनुविभागीय अधिकारी राजस्व  अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, एडिशनल एसपी के द्वारा लोगों को समझाइश देकर वापिस उन्हें धरना के लिए लगाए गए टेंट पर वापस करा दिया गया। 

समय-समय पर भीड़ उग्र होती रही तथा सामान आवागमन को बाधित करने का प्रयास करती रही। उक्त भीड़ को एसडीएम घरघोडा व पुलिस अधिकारियों द्वारा लाउडस्पीकर से उन्हें बार बार समझाइश तथा शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन हेतु अपील की जा रही थी। लगातार आस-पास के गांवों से लोग जमा होते जा रहे थे जिनकी संख्या लगभग 1000 के आस-पास थी। 

अचानक लगभग दोपहर ढाई बजे भीड़ बेकाबू हो गई और बैरियर को तोड़ते हुए पत्थर एवं डंडों से वहां उपस्थित पुलिस पर टूट पड़ी। उपद्रवी भीड़ ने जमकर लाठी डंडे बरसाए। जिससे एसडीओपी अनिल विश्वकर्मा, थाना प्रभारी तमनार कमला पुसाम तथा एक आरक्षक को गंभीर चोट आई तथा कई पुलिस के जवान और महिला आरक्षक घायल हैं, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

अनियंत्रित भीड़ द्वारा मौके पर पुलिस की बस, जीप, एंबुलेंस को आग लगा दी गई तथा कई शासकीय वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके पश्चात अनियंत्रित भीड़ जिंदल के कोल हैंडलिंग प्लांट सीएचपी की ओर बढ़कर अंदर घुसकर कन्वेयर बेल्ट तथा दो ट्रैक्टर व अन्य वाहन को आग लगा दी गई तथा ऑफिस में भी  उत्पात मचाकर तोड़फोड़ की गई। 

भीड़ को समझाइश देने के लिए विधायक, लैलूंगा विद्यावती सिदार, कलेक्टर रायगढ़ एवं पुलिस अधीक्षक रायगढ़ के द्वारा मौके पर जाने पर भीड़ उग्र होते हुए पथराव किया गया तथा पुनः सीएचपी प्लांट की ओर जाकर प्लांट के अंदर आगजनी की घटना की गई।

और भी

पत्थलगांव में नकाबपोश बदमाशों ने शिक्षक के घर में की लूटपाट, किया चाकू से हमला

जशपुर 27 दिसम्बर 2025 : नकाब पोश बदमाशों के द्वारा पत्थलगांव के फुलैता चौक के करमीटीकरा में निवासरत शिक्षक गुलाब सिंह जगत के निजी मकान में , दिनांक 26.12.25 की रात्रि करीबन 12.00 से 12.30 बजे के मध्य, मकान के पीछे के दरवाजे को तोड़कर लूट की घटना को अंजाम दिया गया है, घटना के वक्त, घर में शिक्षक, उनकी पत्नी व दो बच्चे मौजूद थे, उनके द्वारा प्रतिरोध करने पर नकाब पोशों के द्वारा उन पर चाकू से हमला भी किया गया है, व मंगलसूत्र ,सोने की टॉप्स तथा मोबाइल फोन को लूटकर ले जाया गया है, चाकू के हमले से शिक्षक व उनके परिजनों को मामूली चोट लगी है, जिनका , पुलिस के द्वारा चिकित्सक से ईलाज कराया गया है,

   शिक्षक की रिपोर्ट पर पुलिस के द्वारा मामले एफ आई दर्ज कर जांच विवेचना में लिया गया है, जशपुर पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंच चुकी है, प्राथमिक जांच में मामले में तीन नकाबपोश आरोपियों की संलिप्तता उजागर हुई है, आरोपियों तक पहुंचने हेतु पुलिस की डॉग स्कॉड ,व  साइबर सेल की टीम की मदद भी ली जा रही है।

और भी

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने महापल्ली एवं गोपालपुर में महतारी सदन का किया लोकार्पण,कहा महतारी सदन से मिलेगा महिला सशक्तिकरण को नया आयाम

रायगढ़, 27 दिसम्बर 2025/ प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी आज रायगढ़ विकासखण्ड के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम महापल्ली एवं गोपालपुर में 49 लाख 40 हजार रुपये की लागत से तैयार 2 महतारी सदन का लोकार्पण किया।
     इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए सतत कार्य कर रही है। महतारी सदन न केवल महिलाओं के लिए सामूहिक गतिविधियों और सामाजिक कार्यक्रमों का केंद्र होगा, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण की नई पहचान बनेगा।
     उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायतों में ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा आपसी समरसता स्थापित करने सामायिक कार्यक्रमों में सामूहिक भागीदारी तथा महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से महतारी सदन का निर्माण कार्य कराया जा रहा हैै। न्यू इंडिया के ग्रोथ साइकल में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत अभियान महिलाओं की क्षमता को देश के विकास के साथ जोड़ रहा है। प्रदेश के ग्राम पंचायतों में बनने जा रहा महतारी सदन भी इसी दिशा में एक प्रयास है।

और भी

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने सुबह की पहली किरण के साथ किया अघोर गुरुपीठ दर्शन,लिया साधु संतों से आशीर्वाद, प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना

रायगढ़, 27 दिसम्बर 2025/ प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी आज रायगढ़ प्रवास के दौरान सुबह की पहली किरण के साथ बनोरा आश्रम पहुंचे। उन्होंने आश्रम में पहुंचकर सबसे पहले अघोरेश्वर बाबा राम जी की प्रतिमा के दर्शन करने के बाद आश्रम में बाबा प्रियदर्शी राम जी से आशीर्वाद लेकर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि साधु संतों का आशीर्वाद होना मानव जीवन के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और सामाजिक सौहार्द हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। इन्हीं मूल्यों के आधार पर राज्य सरकार जनकल्याण, विकास और सुशासन के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

और भी

कड़ाके की ठंड में सुबह-सुबह गांवों पहुंचे वित्त मंत्री श्री चौधरी, विकास कार्यों को दी नई गति,ग्रामीण विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है सरकार-वित्त मंत्री

रायगढ़, 27 दिसम्बर 2025/ ग्रामीण अंचलों के सर्वांगीण विकास और आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने आज कड़ाके की ठंड में सुबह-सुबह 8 बजे से रायगढ़ विकासखण्ड के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम छुहीपाली, बनोरा, महापल्ली, सियारपाली एवं गोपालपुर में कुल 1 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान की।
       इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के दूरदर्शी और जनहितकारी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर विकास की नई इबारत लिख रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसानों को लंबित धान बोनस का भुगतान, धान खरीदी की सीमा और समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी, महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना की शुरुआत, गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास तथा गांवों में सड़क, स्कूल और सामुदायिक भवन जैसे बुनियादी ढांचे के निर्माण को तेजी से आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें ईमानदारी, पारदर्शिता के साथ  जमीन पर उतारकर आम जनता के जीवन में ठोस और सकारात्मक बदलाव लाना है। इस दौरान उन्होंने गांवों में विकास के अन्य कार्य के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। उन्होंने सरपंच, सचिव और ग्रामीणों से कहा कि गांवों में जो भी निर्माण कराए जा रहे है उसकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।
   इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो, जनपद पंचायत रायगढ़ अध्यक्ष श्रीमती सुजाता चौहान, सुखलाल चौहान, सरपंच श्रीमती जमना मिरी, सरपंच श्रीमती पार्वती निषाद, श्रीमती मधुलता पटेल, निकेतन प्रधान, श्रीमती तपस्विनी राजेश, श्री सुरेश गोयल, श्रीमती पूनम सोलंकी, श्री विकास केडिया, श्री बृजेश गुप्ता, एसडीएम रायगढ़ श्री महेश शर्मा, जनपद सीईओ श्री सनत नायक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

*महतारी वंदन योजना से महिलाएं हो रही सशक्त*
          वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना का लाभ मिलने से महिलाएं न केवल अपनी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा कर पा रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने की ओर भी कदम बढ़ा रही हैं। इससे घरेलू खर्चों में सहूलियत मिल रही है और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि आज ग्राम-छुहीपाली में 166, बनोरा में 442, महापल्ली में 601, सियारपाली में 430 एवं गोपालपुर में 447 इस तरह कुल 2086 महिलाएं महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हो रही है। उक्त योजना से अब तक 4 करोड़ 59 लाख 22 हजार रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके खाते में भेजी जा चुकी है। 

*इन गांवों में पूर्ण हुए पीएम आवास*
          वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में हितग्राहियों को अपना सपना पूरा करने का मौका मिला है। इस योजना से अब गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सुरक्षित और पक्का आवास मिल रहा है, जिससे उनकी जीवनशैली में सुधार और सामाजिक सुरक्षा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि योजना से न केवल उनका रहन-सहन बेहतर हुआ है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई और परिवार की सुरक्षा में भी मदद मिली है। पीएम आवास योजना के तहत ग्राम-छुहीपाली में 107, बनोरा में 108, महापल्ली में 81, सियारपाली में 67 एवं गोपालपुर में 115 इस तरह कुल 478 आवास इन गांवों में पूर्ण हो चुके है। 

*इन कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं भूमिपूजन*
          वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी सर्वप्रथम ग्राम छुहीपाली पहुंचे, जहां उन्होंने ने 18 लाख रुपये की लागत से बनने वाले माध्यमिक शाला भवन का भूमिपूजन किया। वहीं राजघाट पुल से छुहीपाली बस्ती की ओर 10 लाख रुपये की सीसी रोड तथा बजरंग मंदिर के समीप 6 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इसके पश्चात ग्राम बनोरा में पंचायत भवन के सामने 10 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण एवं सारथी मोहल्ला में 4 लाख रुपये की लागत से चबूतरा निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। ग्राम-महापल्ली में बजरंग मंदिर के सामने 10 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण, 10 लाख रुपये की सामाजिक भवन निर्माण तथा 24.70 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन का लोकार्पण किया गया। ग्राम सियारपाली में बीच बस्ती में 10 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। वहीं ग्राम गोपालपुर में बीच बस्ती में 8 लाख रुपये की शेड निर्माण एवं मेन रोड से राज चौहान के घर तक 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन किया गया। इसके साथ ही गोपालपुर में 24.70 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन तथा दुर्गा पंडाल के पास 6 लाख रुपये की सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।

और भी

एम.ए. परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 5 मेधावी छात्राओं को मिला नोटपैड, डिजिटल शिक्षा को मिलेगा नया संबल

रायगढ़, 26 दिसम्बर 2025/ संघर्ष और सीमित संसाधनों के बीच निरंतर मेहनत करने वाली छात्राओं के लिए जब उनकी उपलब्धियों को पहचान मिलती है, तो वह पल उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देता है। रायगढ़ जिले की मेधावी छात्राओं के साथ भी ऐसा ही हुआ, जब उन्हें उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए आदिवासी विकास विभाग की योजनांतर्गत नोटपैड प्रदान किए गए। शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय में अध्ययनरत ग्राम-तरेकेला की कुसुम पटेल ने एम.ए. अर्थशास्त्र में प्रथम स्थान, रायगढ़ की बनीता गुप्ता ने एम.ए. इतिहास में द्वितीय, पुसौर की नीलम ने एम.ए. भूगोल में द्वितीय, रायगढ़ की अंजलि गुप्ता ने एम.ए. राजनीति विज्ञान में तृतीय तथा लक्ष्मीन पटेल ने एम.ए. संस्कृत में सातवां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। 
             इन छात्राओं को उनकी इस उपलब्धि के लिए हाल ही में आयोजित कार्यक्रम में विभागीय योजनांतर्गत नोटपैड प्रदान किए गए। नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम तथा वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने छात्राओं को नोटपैड सौंपते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम मानती है और मेधावी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। नोटपैड मिलने से छात्राओं में उत्साह का माहौल है। इस दौरान छात्राओं ने कहा कि अब वे डिजिटल माध्यम से अध्ययन सामग्री तक आसानी से पहुंच सकेंगी और आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी बेहतर ढंग से कर सकेंगी। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री श्रीकांत दुबे ने बताया कि पोस्ट मैट्रिक अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास रायगढ़ में रहकर अध्ययन करने वाले इन छात्राओं को स्नातकोत्तर की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर करने पर विभागीय योजनान्तर्गत नोटपैड प्रदान किया गया है।

और भी

मनरेगा से आगे बढ़ा ‘वीबी-जी राम जी’,विकसित भारत रोजगार व आजीविका गारंटी मिशन-ग्रामीण लागू,अब 125 दिन का रोजगार, 7 दिन में मजदूरी भुगतान

रायगढ़, 26 दिसंबर 2025। भारत एवं राज्य शासन की प्राथमिकता वाली रोजगार मूलक केंद्र सरकार की नई और महत्वाकांक्षी योजना 'विकसित भारत रोजगार व आजीविका गारंटी मिशन-ग्रामीण' (वीबी-जी राम जी) अधिनियम, 2025 को रायगढ़ जिले में जिला कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजित बबन पठारे के संयुक्त मार्गदर्शन में प्रभावी ढंग से लागू कर दिया गया है।

 हाल ही में राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद शुरू हुई यह योजना महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का एक आधुनिक और उन्नत रूप है। इसका मुख्य उद्देश्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ बनाना है।

रोजगार के दिनों में वृद्धि और त्वरित भुगतान

  महात्मा गांधी नरेगा के आयुक्त श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने योजना की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस नए मिशन के तहत अब ग्रामीण परिवारों को प्रति वर्ष 100 दिन के स्थान पर 125 दिन का गारंटीड रोजगार प्राप्त होगा। इससे ग्रामीणों को 25 दिनों का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। साथ ही, श्रमिकों के आर्थिक हितों का ध्यान रखते हुए 7 दिनों के भीतर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

  योजना के तहत अब कार्यों का नियोजन पारंपरिक तरीकों के बजाय जीआईएस सैटेलाइट तकनीक से किया जाएगा। इसमें प्रमुख रूप से जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल मरम्मत, जल संरक्षण, स्कूलों का कायाकल्प, सामुदायिक भवनों का निर्माण और डबरी निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा, 'लखपति दीदी' योजना से जुड़े आजीविका कार्यों और कृषि संबंधी गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी गई है।

खेती के सीजन का सम्मान और ग्रामीण सहभागिता
  
इस नवीन योजना के तहत स्थानीय जरूरतों को देखते हुए खेती-बुआई के पीक सीजन के दौरान वर्ष में 2 महीने कार्य बंद रखे जाएंगे, ताकि कृषि कार्यों के लिए मजदूरों की उपलब्धता बनी रहे। इस योजना की सबसे बड़ी ताकत ग्राम सभाएं होंगी, जहाँ ग्रामीण स्वयं अपने गांव के विकास की योजना बनाएंगे, जिसे सरकार द्वारा क्रियान्वित किया जाएगा।


व्यापक प्रचार-प्रसार और ग्राम सभाओं का आयोजन

  राज्य शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विकास विभाग के निर्देशानुसार रायगढ़ जिले के  सभी सात विकासखंडों में इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। पेसा क्षेत्र के पांच विकासखंडों में 24 दिसंबर से विशेष ग्राम सभाओं का सिलसिला शुरू हो चुका है, वहीं गैर-पेसा क्षेत्र 26 दिसंबर से (रायगढ़ एवं पुसौर) में भी लगातार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए पंचायतों में पोस्टर, बैनर, होर्डिंग्स, नारा लेखन, दीवार लेखन, जन जागरूकता रैली, रंगोली और नुक्कड़ नाटकों का सहारा लिया जा रहा है।

और भी

रायगढ़ कलेक्टर की संवेदनशील पहल: 1860 छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल पाली के दौरान गरम और पौष्टिक भोजन की टिफ़िन व्यवस्था, बच्चों के पोषण, आत्मविश्वास और शैक्षणिक विकास में सुधार

रायगढ़, 26 दिसम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप एवं कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी की संवेदनशील सोच और दूरदर्शिता से जिले के छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए एक सराहनीय पहल शुरू की गई है। कलेक्टर के निर्देश पर छात्रावास-आश्रम में निवासरत कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों को विद्यालय की पाली के दौरान गरम एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने हेतु टिफिन व्यवस्था की शुरुआत की गई है, जिससे वर्तमान में 1860 छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो रहे हैं। यह पहल उन विद्यार्थियों की आवश्यकता को ध्यान में रखकर शुरू की गई है, जिन्हें शासन की मध्यान्ह भोजन योजना का लाभ नहीं मिल पाता था। विद्यालय के भोजन अवकाश के दौरान ऐसे छात्र स्वयं को अन्य बच्चों से अलग महसूस करते थे। टिफिन व्यवस्था लागू होने के बाद अब वे भी अपने सहपाठियों की तरह गरम भोजन कर पा रहे हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ा है।
             सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री श्रीकांत दुबे ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश के अनुरूप इस पहल को व्यवहारिक रूप दिया गया। छात्रावासों में उपलब्ध बचत राशि का सदुपयोग करते हुए विद्यार्थियों को प्रतिदिन टिफिन दिया जा रहा है, जिसमें वही भोजन शामिल होता है, जो छात्रावास में समय-सारणी अनुसार तैयार किया जाता है। इसमें नाश्ता, चावल, दाल, हरी सब्जी, आचार एवं सलाद उपलब्धता अनुसार शामिल हैं। वर्तमान में जिले में कुल 147 प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रावास संचालित हैं। इनमें से विद्यालय से दूर स्थित 67 छात्रावासों में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के छात्रों के लिए टिफिन व्यवस्था लागू की गई है। वहीं, जो छात्रावास विद्यालय के समीप या एक ही परिसर में संचालित हैं, वहां भोजन अवकाश के दौरान गरम भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रतिमाह शासन द्वारा प्रदाय की जाने वाली राशि, जो विद्यार्थियों की दैनिक आवश्यकताओं जैसे साबुन, टूथपेस्ट, जूते, मोजे एवं स्टेशनरी हेतु निर्धारित होती है, उसी की बचत से यह व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इससे बिना अतिरिक्त भार के बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।      पुसौर विकासखंड अंतर्गत संचालित प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास में निवासरत कक्षा 10वीं के छात्र युवराज बरेठ ने बताया कि टिफिन व्यवस्था से अब उन्हें प्रतिदिन भोजन अवकाश के दौरान नाश्ता या गरम भोजन मिल जाता है और वे अपने साथियों से अलग महसूस नहीं करते है। इसी तरह अन्य बच्चों ने बताया कि स्कूल में ही पौष्टिक भोजन की व्यवस्था होने से उन्हें बाहर जाना नहीं पड़ रहा है। वे प्रशासन की इस टिफिन व्यवस्था से काफी खुश है। बता दे कि यह व्यवस्था न केवल विद्यार्थियों के पोषण स्तर को सुधार रही है, बल्कि उनकी शैक्षणिक एकाग्रता और मानसिक विकास में भी सहायक सिद्ध हो रही है।

और भी

आर्थिक तंगी से जूझ रहे मरीजों के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना बनी संजीवनी

रायगढ़, 26 दिसम्बर 2025/ मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना जरूरतमंद एवं गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए संजीवनी साबित हो रही है। रायगढ़ जिले के कोतरा रोड, बावलीकुआ निवासी श्रीमती कमला देवी को किडनी रोग के उपचार हेतु इस योजना के अंतर्गत निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया। श्रीमती कमला देवी विगत दस वर्षों से मधुमेह से पीड़ित थीं, जो समय के साथ गंभीर रूप लेती चली गई और किडनी की जटिल बीमारी में परिवर्तित हो गई। प्रारंभिक उपचार रायगढ़ में कराया गया, किंतु स्वास्थ्य की स्थिति अधिक बिगड़ने पर उन्हें रायपुर में भर्ती कराया गया। लंबे समय तक चले इलाज और आर्थिक तंगी के कारण आगे का उपचार कराना मरीज एवं परिजनों के लिए अत्यंत कठिन हो गया था। इसी दौरान स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी मिली। योजना के अंतर्गत आवेदन करने पर हितग्राही को 2 लाख 90 हजार 400 की स्वीकृति प्राप्त हुई, जिसके माध्यम से मरीज को निःशुल्क एवं कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया। वर्तमान में मरीज की किडनी डायलिसिस उपचार प्रक्रिया निरंतर जारी है तथा उनके स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। 
            बता दे कि कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के दिशा-निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को समय पर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसी भी पात्र नागरिक को केवल आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित न रहना पड़े। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें।

और भी

देशभर के प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए समृद्धि मेहर ने मधु गुंजन डांस प्रतियोगिता में क्लासिकल कथक सोलो में हासिल किया विजेता का खिताब

रायगढ़,26 दिसंबर 2025। 
नगर निगम ऑडिटोरियम में 21 से 24 दिसंबर तक सतरंग संस्था के तत्वावधान में आयोजित प्रतिष्ठित मधु गुंजन डांस प्रतियोगिता का भव्य और भावनात्मक समापन हुआ। चार दिवसीय इस सांस्कृतिक महोत्सव में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली कलाकारों ने शास्त्रीय एवं लोक नृत्य विधाओं में अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता के क्लासिकल कैटेगरी अंतर्गत सोलो कथक नृत्य में ओपी जिंदल स्कूल, रायगढ़ की कक्षा सातवीं की छात्रा समृद्धि मेहर ने अपनी सधी हुई भाव-भंगिमाओं, सुस्पष्ट मुद्राओं, लयबद्ध ताल और आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुति के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया। मंच पर उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति के दौरान सभागार देर तक तालियों की गूंज से गूंजता रहा।
समृद्धि मेहर की कथक प्रस्तुति में शास्त्रीय परंपरा के साथ भाव, गति और ताल का अद्भुत संतुलन देखने को मिला, जिसे निर्णायक मंडल ने सर्वश्रेष्ठ मानते हुए उन्हें विजेता घोषित किया। प्रतियोगिता में शामिल अन्य राज्यों के प्रतिभागियों के बीच समृद्धि का चयन उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का प्रतिफल रहा।
चार दिनों तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने भरतनाट्यम, कथक, ओडिसी, फ्यूजन और लोक नृत्य जैसी विविध नृत्य शैलियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति और कलाकारों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया।

समापन समारोह के अवसर पर सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि मधु गुंजन डांस प्रतियोगिता जैसे आयोजनों से बच्चों और युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को एक सशक्त मंच मिलता है, साथ ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर की सांस्कृतिक विविधता से जुड़ने और अपनी कला को निखारने का अवसर भी प्राप्त होता है।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय कला एवं संस्कृति से जोड़ने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। समृद्धि मेहर की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों एवं नगरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

और भी