ताजा खबरें


बड़ी खबर

“ऑपरेशन शंखनाद” के तहत तमनार पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 8 गौवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 23 फरवरी 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में गौवंशों को मवेशी तस्करों से संरक्षित करने और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने चलाये जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” लगतार जारी है । इसी कड़ी में कल तमनार पुलिस ने मुखबीर से गौवंश तस्करी की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मवेशी तस्करों के चंगुल से 8 नग गौवंशों को मुक्त कराया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम गोढी से बासनपाली मार्ग पर कुछ पशु तस्कर गौवंशों को बेरहमी से हांकते और मारते-पीटते हुए ओडिशा के बूचड़खाने की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चुहकीडीपा रोड गोढी में घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया।

          पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम *देव लाल मिंज पिता मुक्तुराम मिंज उम्र 26 वर्ष निवासी पंडीझरिया करवारजोर थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ तथा रंजीत तिर्की पिता जयराम तिर्की उम्र 28 वर्ष निवासी करवारजोर उरांवपारा थाना लैलूंगा जिला रायगढ़* बताया। आरोपियों ने गोढी पेट्रोल पंप आमाघाट रेलवे ब्रिज के आसपास चर रहे पालतू गौवंशों को पकड़कर भूखे-प्यासे हालत में पैदल क्रूरतापूर्वक ओडिशा बूचड़खाने ले जाकर बिक्री करने के उद्देश्य से परिवहन करना स्वीकार किया। पुलिस ने गवाहों के समक्ष 8 नग गौवंश कुल कीमती लगभग 1,10,000 रुपये बरामद कर विधिवत जप्ती पंचनामा तैयार किया। आरोपियों के विरुद्ध थाना तमनार में *अपराध क्रमांक 40/2026 धारा छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 6, 10, 11, 12 के तहत अपराध दर्ज* कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

*गिरफ्तार आरोपी*-
1. देव लाल मिंज पिता मुक्तुराम मिंज उम्र 26 वर्ष निवासी पंडीझरिया करवारजोर थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ 
2. रंजीत तिर्की पिता जयराम तिर्की उम्र 28 वर्ष निवासी करवारजोर उरांवपारा थाना लैलूंगा जिला रायगढ़

 *एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* — 
      *“गौवंशों की तस्करी एवं पशुओं के प्रति क्रूरता में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”*

       वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन तथा एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन पर इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद राठिया, आरक्षक उषारानी तिर्की एवं आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार की सराहनीय भूमिका रही।

और भी

रायगढ़ पुलिस की अपराध रोकथाम मुहिम तेज — मुख्य सराफा बाजार में फुट पेट्रोलिंग कर व्यापारियों को डायल 112, पुलिस वेरिफिकेशन और सीसीटीवी अनिवार्यता पर किया जागरूक

रायगढ़, 22 फरवरी 2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में आज शहर के मुख्य सराफा बाजार एवं व्यस्त मार्केट क्षेत्र में विशेष अभियान के तहत पैदल मार्च निकाला गया । अभियान का नेतृत्व स्वयं एडिशनल एसपी अनिल सोनी ने किया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बाजार क्षेत्र में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा व्यापारियों से सीधे संवाद स्थापित किया।

          पैदल मार्च के दौरान एडिशनल एसपी श्री सोनी ने सराफा व्यापारियों से दुकानों की सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी व्यापारियों को पुलिस कंट्रोल रूम, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर एवं डायल 112 की जानकारी साझा करते हुए इन नंबरों को दुकान के प्रत्येक कर्मचारी तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

     उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि—

* दुकानों में तैनात सुरक्षा गार्ड पूरी तरह मुस्तैद रहें।
* सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच व मेंटेनेंस सुनिश्चित किया जाए।
* रात्रि में औचक गार्ड को चेक भी किया जावे।
* कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन करावें।
* किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दी जाए।

         एडिशनल एसपी ने भरोसा दिलाया कि रायगढ़ पुलिस आम नागरिकों एवं व्यापारियों के जान-माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस की रणनीति केवल अपराध के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध को पहले ही रोक देना है।

         इस फुट पेट्रोलिंग में नगर कोतवाल सुखनंदन पटेल, प्रशांत राव सहित कोतवाली थाना एवं पुलिस लाइन का बल मौजूद रहा। एडिशनल एसपी ने यह भी बताया कि एसएसपी महोदय के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय सहित सभी थाना क्षेत्रों में सराफा कारोबारियों की नियमित बैठकें लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है तथा संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।

       उन्होंने आमजन से अपील की है कि अपराध अथवा अपराधियों से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस से साझा करें। प्रत्येक सूचना पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

*एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का स्पष्ट संदेश*

*“जान माल की सुरक्षा सर्वोपरि है — संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर, अपराधियों के लिए शहर में कोई स्थान नहीं।”*

और भी

उड़ीसा से गांजा लाकर रायगढ़ में खपाने की साजिश नाकाम — “ऑपरेशन आघात” के तहत किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन के पास 7.110 किलो गांजा के साथ दो महिलाएं सहित तीन तस्कर गिरफ्तार, 70 हजार का मादक पदार्थ व नकदी जब्त

 रायगढ़, 22 फरवरी  2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की अवैध खरीदी-बिक्री पर पूर्णतः अंकुश लगाने के उद्देश्य से *“ऑपरेशन आघात”* लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत कल शाम थाना कोतरारोड़ एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे दो महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया।

             पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन के पास दो महिलाएं और एक पुरुष दो बैग में गांजा रखकर बिक्री हेतु ग्राहक खोज रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने तत्काल टीम गठित कर उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने तीनों संदेहियों को पकड़कर विधिवत एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से गांजा बरामद हुआ।

           पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम क्रमशः सोनी चौहान (35 वर्ष), सुमन यादव (30 वर्ष) और वासुदेव साहू (25 वर्ष) बताए। आरोपियों ने बताया कि वे दिनांक 19.02.2026 को उड़ीसा से लगभग 7 किलो गांजा खरीदकर लाए थे और बिक्री की तैयारी में थे। आरोपियों के कब्जे से कुल 7.110 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 70,000 रुपये है, बरामद किया गया। साथ ही आरोपी वासुदेव साहू से 2,000 रुपये तथा सुमन यादव से 2,000 रुपये नगद भी जब्त किए गए।

             आरोपियों द्वारा एक राय होकर उड़ीसा से गांजा खरीदकर अपने कब्जे में रखना और बिक्री के उद्देश्य से परिवहन करना पाए जाने पर थाना कोतरारोड़ में *अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 20(B), 29 एनडीपीएस एक्ट* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

*गिरफ्तार आरोपी* - 
1. सोनी चौहान पिता स्व. रामलाल बौहान उम्र 35 वर्ष सा तिलाईपाली थाना भूपदेवपुर जिला रायगढ़ 
2. सुमन यादव पति स्व सुरेश यादव उम्र 30 वर्ष सा० सीतामणी थाना सिटी कोतवाली कोरबा 
3. वासुदेव साहू पिता हृदय लाल साहू उम्र 25 वर्ष सा० बुढहनपुर थाना नगरदा जिला सक्ती तीनों वर्तमान पता PIL रोड़ भोजपुर गुहा मसीह का किराये का मकान थाना चांपा जिला जाजगीर चांपा (छ.ग) 

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश -

  ““ऑपरेशन आघात” के तहत युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”*

          एसएसपी के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी अनिल सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, आरक्षक संदीप कौशिक, चंद्रेश पाण्डेय, चुडामणि गुप्ता, टिकेश्वर प्रसाद यादव, शिवानंद प्रधान एवं महिला आरक्षक रश्मि केरकेट्टा और साइबर थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और भी

मैरिज गार्डन के पास मारपीट मामले का एक आरोपी गिरफ्तार, बलवा और एट्रोसिटी एक्ट में भेजा गया न्यायिक रिमांड पर,अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी

*रायगढ़, 22 फरवरी*
पिछले साल 24-25 मई की रात थाना चक्रधरनगर क्षेत्र अंतर्गत विजयम उत्सव मैरिज गार्डन के पास युवक के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई थी। घटना के संबंध में पीड़ित युवक द्वारा थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

      रिपोर्ट में युवक ने बताया कि दिनांक 24 मई को वह अपनी दीदी के घर ग्राम लामीदरहा गया था। रात्रि लगभग 1:30 बजे लौटते समय विजयम उत्सव मैरिज गार्डन के पास कुछ लड़कों ने मोटरसाइकिल एवं स्कूटी से उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों में मनीष बिहारी, बबलू दास महंत, अंकुल ठाकुर एवं अन्य साथी शामिल थे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों एवं हथियारों से मारपीट की।

       पीड़ित ने बताया कि वह किसी तरह जान बचाकर मौके से भागा और अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित द्वारा यह भी बताया गया कि आरोपियों ने उसे विशेष वर्ग का सदस्य जानते हुए अपमानित कर मारपीट की।

       प्रकरण में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 219/2025 धारा 126(2), 396, 351(3), 118(1), 191(2), 191(3), 190 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। साथ ही अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(v) (क) जोड़ी गई।

        घटना के बाद से आरोपी गिरफ्तारी के डर से फरार थे। प्रकरण की विवेचना नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा द्वारा की जा रही है। दिनांक 20 फरवरी की रात मारपीट में शामिल आरोपी *अंकुल ठाकुर उर्फ अंशुल ठाकुर* को शहर में घूमते देखे जाने की सूचना पर तत्काल सीएसपी मयंक मिश्रा ने निर्देशन पर चक्रधरनगर पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी पुलिस से बचने अपना हुलिया पूरी तरह बदल लिया था बाल और दाढ़ी बढ़ा ली थी। 

*गिरफ्तार आरोपी* —
अंकुल ठाकुर उर्फ अंशुल ठाकुर पिता — शिवदास ठाकुर उम्र — 35 वर्ष
निवासी — जूटमिल लेबर कॉलोनी, थाना जूटमिल

      आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजकर जेल दाखिल किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।

और भी

मन की बात में प्रधानमंत्री की अपील: त्योहारों में ‘स्वदेशी’ अपनाएं, ‘वोकल फॉर लोकल’ को बनाएं जनआंदोलन,रमजान की दी शुभकामनाएं


नयी दिल्ली, 22 फरवरी 2026। नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से त्योहारों के दौरान ‘स्वदेशी’ उत्पादों को प्राथमिकता देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को जनभागीदारी का रूप देने का आह्वान किया। अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात में उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं का देश है, जहां अलग-अलग धर्मों और समुदायों के त्योहार पूरे उत्साह और सौहार्द के साथ मनाए जाते हैं। ऐसे अवसरों पर यदि हम स्थानीय उत्पादों का उपयोग करें तो यह देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे त्योहारों में सजावट की सामग्री, उपहार, वस्त्र, मिठाइयां और अन्य आवश्यक वस्तुएं स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और छोटे उद्यमियों से खरीदें। इससे न केवल ग्रामीण और लघु उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि लाखों परिवारों की आजीविका भी सुदृढ़ होगी।
      उन्होंने आगे कहा  कि वर्तमान समय में इस्लाम का पवित्र माह रमजान चल रहा है और देशभर में श्रद्धा एवं अनुशासन के साथ इसे मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने सभी देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम समुदाय को रमजान की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह महीना संयम, सेवा और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भारत की ताकत उसकी एकता और विविधता में निहित है, और त्योहार इस एकता को और मजबूत करते हैं।

और भी

खनिज उत्खनन प्रभावित सुदूर वनांचल में शिक्षा क्रांति की शुरुआत: कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी की बड़ी पहल, पुरुंगा और खड़गांव में 3 करोड़ 20 लाख की लागत से बनेंगे आधुनिक आदिवासी कन्या छात्रावास, डीएमएफ मद से बदलेगा बेटियों का भविष्य

रायगढ़, 22 फरवरी 2026। रायगढ़ जिले के खनिज उत्खनन प्रभावित धरमजयगढ़ विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा ठोस पहल की जा रही है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने वनांचल ग्राम पुरुंगा एवं खड़गांव का दौरा कर आदिमजाति विकास विभाग द्वारा संचालित शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास भवनों की जर्जर स्थिति का निरीक्षण किया तथा इनके स्थान पर नवीन भवन निर्माण के लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए। एक आंकलन के अनुसार डीएमएफ (जिला खनिज न्यास निधि) मद से प्रत्येक छात्रावास भवन के निर्माण के लिए लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपए की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि तकनीकी टीम द्वारा वर्तमान भवनों का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा, जिसके उपरांत आवश्यक तकनीकी स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने संबंधित संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया कि नए भवन निर्माण तक छात्राओं के सुरक्षित एवं सुचारू संचालन के लिए वैकल्पिक भवन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावासों में अध्ययन के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बच्चों की रुचि के अनुरूप खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं के मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए लाइब्रेरी सुविधा विकसित करने, पाठ्यक्रम आधारित पुस्तकों के साथ समसामयिक विषयों पर आधारित पत्र-पत्रिकाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विकास से संबंधित विभिन्न मांगें भी रखीं। कलेक्टर ने चर्चा के दौरान बताया कि खनिज प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं जैसे स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, पंचायत व्यवस्था एवं पीडीएस योजना का सुचारू क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने क्षेत्र में संचालित राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से भी संवाद कर योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि मांगों को चरणबद्ध प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान धरमजयगढ़ एसडीएम श्री प्रवीण भगत, कृषि एसडीओ प्रभास शंकर सिंह, तहसीलदार लोमस मिरी, जनपद सीईओ एवं संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे।

और भी

पत्तेदार और जड़ वाली सब्जियों में बढ़ते आर्सेनिक स्तर पर सरकार सतर्क, वैज्ञानिकों की टीम करेगी व्यापक अध्ययन और समाधान की खोज

पटना, 22 फरवरी 2026 । राज्य के कई जिलों में पत्तेदार एवं जड़ वाली सब्जियों में बढ़ती आर्सेनिक की मात्रा को लेकर राज्य सरकार ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। इस समस्या के समाधान के लिए सरकार ने वैज्ञानिकों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित करने का निर्णय लिया है, जो प्रभावित क्षेत्रों में अध्ययन कर ठोस रणनीति तैयार करेगी।

कृषि मंत्री ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि आर्सेनिक से प्रभावित भूजल का असर अब कृषि उत्पादन पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। विशेष रूप से पत्तेदार सब्जियों, जड़ वाली सब्जियों तथा आलू जैसी फसलों में आर्सेनिक की मात्रा बढ़ने की पुष्टि हुई है, जो स्वास्थ्य की दृष्टि से गंभीर विषय है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस चुनौती से निपटने के लिए बहु-आयामी रणनीति पर कार्य करेगी। इसके तहत कृषि, जल संसाधन, स्वास्थ्य और पर्यावरण विभाग के विशेषज्ञ मिलकर वैज्ञानिक विश्लेषण करेंगे तथा वैकल्पिक सिंचाई व्यवस्था, सुरक्षित जल स्रोत और मृदा परीक्षण की व्यापक योजना तैयार की जाएगी।

मंत्री ने यह भी बताया कि प्रभावित जिलों में किसानों के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से किसानों को सुरक्षित खेती के तरीकों, शुद्ध जल के उपयोग, फसल चयन और मिट्टी सुधार तकनीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी, ताकि आर्सेनिक के दुष्प्रभाव को कम किया जा सके।

सरकार का मानना है कि यदि समय रहते वैज्ञानिक हस्तक्षेप और जन-जागरूकता के माध्यम से ठोस कदम उठाए जाएं, तो इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और इस दिशा में शीघ्र ही विस्तृत कार्ययोजना सार्वजनिक की जाएगी।

और भी

झारखंड के पलामू में भीड़ का कहर: चोरी के शक में 22 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या, एक आरोपी हिरासत में 

 

मेदिनीनगर (22 फरवरी): के में एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरी के शक में 22 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार देर रात में हुई, जो पड़वा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। मृतक की पहचान पवन राम के रूप में हुई है, जो इसी थाना क्षेत्र के का निवासी था।

बताया जा रहा है कि युवक पर एक गाड़ी से बैटरी चुराने की कोशिश करने का शक जताया गया था। इसी शक के आधार पर कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है और एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

और भी

संभल में बयान से मचा बवाल: क्षत्रिय करणी सेना प्रमुख राज शेखावत ने ‘सनातन धर्म को टारगेट’ करने वाली फिल्मों पर दी कड़ी चेतावनी, फिल्ममेकर्स को घर में घुसकर सबक सिखाने की बात कही

रने वाली फिल्मों पर दी चेतावनी

संभल (उत्तर प्रदेश), 22 फरवरी 2026 । जिले में एक हिंदू संगठन के नेता के बयान के बाद सियासी और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कथित रूप से सनातन धर्म और देवी-देवताओं को निशाना बनाने वाली फिल्मों पर कड़ा एतराज जताते हुए फिल्म निर्माताओं को चेतावनी दी है।

शनिवार रात संभल के हल्लू सराय स्थित चामुंडा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत में शेखावत ने आगामी फिल्मों “यादव जी की लव स्टोरी” और “घूसखोर पंडित” का उल्लेख करते हुए कहा कि इन फिल्मों के जरिए हिंदू आस्था और संस्कृति को आहत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कंटेंट के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा।

मीडिया से बातचीत के दौरान दिए गए उनके बयान में फिल्म निर्माताओं को “सबक सिखाने” की बात भी कही गई, जिसे लेकर विभिन्न वर्गों में मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ संगठनों ने इसे धार्मिक भावनाओं की रक्षा का सवाल बताया है, वहीं अन्य लोगों ने कानून-व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के संदर्भ में चिंता जताई है।

उल्लेखनीय है कि फिल्मों के प्रदर्शन और प्रमाणन की प्रक्रिया केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के माध्यम से होती है। किसी फिल्म को लेकर आपत्ति होने की स्थिति में कानूनी प्रावधान भी उपलब्ध हैं।

फिलहाल इस मामले में जिला प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। घटनाक्रम पर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की नजर बनी हुई है।

और भी

सुदूर वनांचल को मिली बड़ी सौगात: धरमजयगढ़ के पुरुंगा में 28.51 लाख का उपस्वास्थ्य केंद्र और छाल में 50 लाख का सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन तैयार, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने संचालन व परिसर विकास के दिए निर्देश

उत्खनन प्रभावित पुरुंगा गांव में 28.51 लाख का उपस्वास्थ्य केंद्र और छाल में 50 लाख का सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन तैयार

कलेक्टर में नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र भवन में इसी माह शिफ्ट करने और  छाल सामुदायिक भवन का जन उपयोग के लिए शुरू करने के निर्देश दिए

कलेक्टर ने निरीक्षण कर संचालन व परिसर विकास के दिए अतिरिक्त कार्य योजना बनाने के निर्देश

रायगढ़, 22 फरवरी 2026। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत सुदूर वनांचल ग्राम पुरुंगा को स्वास्थ्य और वनांचल के सबसे बड़े ग्राम छाल को सर्व सुविधायुक्त बुनियादी सुविधाओं की बड़ी सौगात मिली है। ग्राम पुरुंगा में 28 लाख 51 हजार रुपए की लागत से नया उपस्वास्थ्य केंद्र भवन बनकर तैयार हो गया है, वहीं ग्राम छाल में 50 लाख रुपए की लागत से सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निर्माण पूर्ण हो चुका है।

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी वनांचल क्षेत्र के भ्रमण के दौरान इन दोनों निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्राम पुरुंगा में नवनिर्मित उपस्वास्थ्य केंद्र भवन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि इसी माह से स्वास्थ्य केंद्र का सुव्यवस्थित संचालन शुरू किया जाए। उन्होंने उपस्वास्थ्य केंद्र के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर सहजता से उपलब्ध हो सकें। 
वहीं ग्राम छाल में निर्मित सर्व सुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने इसे सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामूहिक कार्यक्रमों के लिए शीघ्र जन एवं सामाजिक उपयोग में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह भवन क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बहुउद्देशीय गतिविधियों का केंद्र बनेगा।

उल्लेखनीय है कि यह सामुदायिक भवन मुख्यमंत्री घोषणा की पूर्ति योजना के तहत 50 लाख रूपए की लागत से निर्मित किया गया है। जनपद पंचायत धरमजयगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत छाल द्वारा इस कार्य को 30 दिसंबर 2025 को पूर्ण किया गया।
कलेक्टर ने भवन परिसर के समग्र विकास पर भी जोर देते हुए पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से व्यवसायिक परिसर निर्माण हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही व्यवसायिक परिसर के सामने स्थित खाली मैदान के समतलीकरण एवं सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव तैयार करने को कहा, ताकि भविष्य में यह परिसर क्षेत्र के लिए एक सुव्यवस्थित गतिविधि केंद्र के रूप में विकसित हो सके।
दोनों ग्राम सुदूर वनांचल क्षेत्र में स्थित हैं, जहां इन आधारभूत संरचनाओं के निर्माण से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
 निरीक्षण के दौरान धरमजयगढ़ एसडीएम श्री प्रवीण भगत, कृषि एसडीओ प्रभास शंकर सिंह, तहसीलदार लोमस मिरी, जनपद सीईओ, छाल की सरपंच श्रीमती मालती राठिया  एवं पुरुंगा के ग्रामीण जन उपस्थित थे।

और भी

थाना प्रभारी ने सैकड़ों ग्रामीणों को किया जागरूक — फर्जी कॉल, ओटीपी ठगी, केवाईसी अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी से बचने के बताए प्रभावी उपाय, कहा “जागरूकता ही साइबर अपराध के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार

 रायगढ़, 21 फरवरी 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर आज दिनांक 21.02.2026 को थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में छाल बस्ती में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों को बढ़ते साइबर फ्रॉड से सचेत करना, नशा मुक्ति के प्रति प्रेरित करना तथा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे *“ऑपरेशन आघात”* के तहत पुलिस द्वारा की जा रही सख्त कार्रवाई की जानकारी देना रहा।

           कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने कहा कि साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने बताया कि साइबर ठग मोबाइल पर आने वाले अनजान लिंक, फर्जी कॉल, बैंक या केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों से संपर्क कर उनकी व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी आदि प्राप्त कर ठगी करते हैं। उन्होंने नागरिकों को आगाह किया कि किसी भी अनजान कॉलर पर विश्वास न करें, अपनी बैंक या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें तथा किसी भी लालच या आकर्षक स्कीम के झांसे में आकर पैसे निवेश न करें, क्योंकि पैसे कमाने का कोई शॉर्टकट नहीं होता।

            निरीक्षक त्रिपाठी ने महिलाओं को विशेष रूप से नशा मुक्ति अभियान में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि महिलाएं समाज में सकारात्मक बदलाव की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और पुलिस के साथ मिलकर इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर *“ऑपरेशन आघात”* के तहत अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छाल पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भी अवैध शराब या मादक पदार्थों का कारोबार करने की अनुमति नहीं है तथा ऐसे गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वालों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

            इस जन जागरूकता कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिक श्री महेश ठाकुर, महिला सरपंच श्रीमती मालती राठिया, सरपंच पति श्री नीलांबर राठिया, विधिक कार्यकर्ता श्रीमती मौसमी शर्मा, उप सरपंच, महिला समिति छाल सहित लगभग 300 ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए समाज में जागरूकता और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी श्रीनाथ त्रिपाठी के साथ उनके स्टाफ आरक्षक प्रबंध राठिया और उमेंद्र उरांव भी उपस्थित रहे।

और भी

जशपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिवस पर भव्य आयोजन, 500 किलो गाजर का हलवा बनाकर कराया गया विशाल भंडारा, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने निभाई सक्रिय भूमिका

जशपुरनगर 21 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिवस के अवसर पर जशपुर शहर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी एवं मानु सोनी के नेतृत्व में भव्य आयोजन किया गया, जिसमें 500 किलो गाजर का हलवा तैयार कर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

मुकेश सोनी के कार्यालय के बाहर आयोजित इस भंडारे में शहरवासियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में आमजन ने प्रसाद के रूप में गाजर का हलवा ग्रहण किया और मुख्यमंत्री के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। आयोजन स्थल पर सुबह से ही उत्सवी वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम में शहर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से नितीश गुप्ता, हीरा राम, संतोष ठाकुर, गुन्नू रवानी, नागेंद्र भगत, नरेश गुप्ता, राहुल गुप्ता, दीपू मिश्रा, कृष्णा गुप्ता एवं अभिषेक गुप्ता ने सक्रिय भूमिका निभाई और व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया।

आयोजन समिति के अनुसार मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को सेवा और सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए यह भंडारा आयोजित किया गया। समिति ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक एवं सेवा कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे।

और भी

जिले में ऑपरेशन “आघात” के तहत पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप — जूटमिल, कोतवाली और लैलूंगा थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर भारी मात्रा में महुआ शराब और देशी शराब जब्त, तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

रायगढ़, 21 फरवरी 2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के लिए चलाए जा रहे *“ऑपरेशन आघात”* के तहत थाना कोतवाली, जूटमिल और लैलूंगा पुलिस द्वारा अवैध बिक्री हेतु रखी गई शराब पर अलग-अलग स्थानों पर रेड कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

      दिनांक 19.02.2026 को जूटमिल पुलिस ने कांशीराम चौक गांधी नगर क्षेत्र में सूचना के आधार पर शराब रेड की कार्रवाई की। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वार्ड निवासी *मंदीप सिंह सोनी पिता जरनैल सिंह सोनी उम्र 35 वर्ष* अपने मकान के पीछे झुरमुट में हाथ भट्टी से निर्मित महुआ शराब बिक्री के लिए छिपाकर रखा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा और उसके कब्जे से 5-5 लीटर क्षमता वाले दो प्लास्टिक डिब्बों में भरी कुल 10 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2000 रुपये है, गवाहों के समक्ष बरामद की। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

         इसी क्रम में आज दिनांक 21.02.2026 को कोतवाली पुलिस ने इंदिरानगर चौक के आगे बड़ी कार्रवाई करते हुए *अर्जुन चौहान पिता रामलाल चौहान उम्र 25 वर्ष निवासी इंदिरानगर* को उसके घर के अंदर कमरे में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री करते पकड़ा। पुलिस ने मौके से देशी प्लेन एवं मसाला शराब के 29 पौव्वा तथा बिक्री की रकम 300 रुपये गवाहों के समक्ष जप्त की। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

           वहीं लैलूंगा पुलिस ने आज दिनांक 21.02.2026 को बुधवारी बाजार लैलूंगा में बने शेड के पास *परदेशी सारथी उर्फ कृष्णा पिता गजराज सारथी उम्र 45 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 07 लैलूंगा* को शराब बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार करते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 1000 रुपये आंकी गई, जप्त कर उसके विरुद्ध थाना लैलूंगा में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश* —
                       *“ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।"*

और भी

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: अफगानिस्तान-कनाडा टी-20 मैच पर बॉल-टू-बॉल सट्टा नोट करते आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार, दो एप्पल आईफोन, नगद रकम और सट्टा वेबसाइट की सक्रिय आईडी बरामद

 रायगढ़, 21 फरवरी 2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान जारी है। इसी क्रम में चक्रधरनगर थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए अफगानिस्तान व कनाडा के बीच खेले जा रहे टी20 विश्व कप क्रिकेट मैच पर बॉल टू बॉल सट्टा नोट कर रहे आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

          पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि जमुनाईन चौक चक्रधरनगर रायगढ़ स्थित *“अजय कोल्ड्रिंक्स एवं पान सेंटर”* में हेमंत बत्रा नामक व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन हार-जीत पर रूपयों का दांव लगवा रहा है। सूचना मिलते ही साइबर थाना और चक्रधरनगर थाना की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी गई, जहां हेमंत बत्रा अपने दुकान में बैठकर दो मोबाइल फोन के जरिए मैच पर बॉल टू बॉल ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पाया गया।

           पूछताछ में आरोपी हेमंत बत्रा ने क्रिकेट सट्टा संचालित करना स्वीकार किया। उसने बताया कि वह *हिमालया हाईट्स चक्रधरनगर रायगढ़ निवासी रोहित अग्रवाल* के साथ मिलकर यह कार्य कर रहा था तथा सट्टा की रकम यूपीआई के माध्यम से प्राप्त की जाती थी। *संपूर्ण लेनदेन मुख्य खाईवाल मन्नु निवासी रायगढ़* के लिए किया जाना बताया गया है। आरोपी के कब्जे से *एक एप्पल आईफोन 13 प्रो, एक एप्पल आईफोन 12 तथा नगद ₹2,000 (कुल ₹52,000) जप्त* किए गए हैं। मोबाइल की जांच में क्रिकेट सट्टा वेबसाइट “JMDBET.com” पर सक्रिय आईडी संचालित होना पाया गया।

          पुलिस ने आरोपी हेमंत बत्रा पिता अजय कुमार बत्रा, उम्र 24 वर्ष, निवासी सिंधी कॉलोनी कच्ची खोली थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़* के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रकरण में *अन्य आरोपी रोहित अग्रवाल और मन्नु*  की पहचान कर ली गई है, दोनों फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।

 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश—

       *“ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही जारी रहेगी, ऐसे अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”*

           इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में  एएसआई नंदू सारथी(साइबर थाना), प्रधान आरक्षक संजय तिवारी तथा प्रधान आरक्षक कारुणेश राय(साइबर थाना) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और भी

पिता की मौत पर टिप्पणी से भड़का गुस्सा बना हत्या की वजह, ईंट से बेरहमी से पीटने के बाद युवक को जिंदा जलाया, पुलिस ने आरोपी को दबोचकर भेजा जेल, दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश

रायगढ़, 21 फरवरी । एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर खरसिया पुलिस ने मौहापाली (खरसिया) में युवक शिव प्रसाद पटेल की मारपीट कर आग से जलाकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए कल एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अब भी फरार है जिसकी पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

             जानकारी के अनुसार 16 फरवरी को चपले निवासी शिव प्रसाद पटेल (36 वर्ष) अपने मामा के घर मौहापाली गया हुआ था, जहां रात में वह मामा के घर से निकला और कुछ देर बाद गांव की गली में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर मारपीट और जलने के गंभीर निशान थे। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा उसे तत्काल नजदीकी खरसिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी 17 फरवरी को मौत हो गई। घटना की सूचना पर थाना चक्रधरनगर में जीरो में मर्ग कायम कर मामले की डायरी चौकी खरसिया (थाना खरसिया) भेजी गई।

      घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के संज्ञान में मामला आते ही खरसिया पुलिस को तत्काल आरोपियों की पतासाजी के निर्देश दिए गए। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें मृतक शिव प्रसाद पटेल को निलेश डेंजारे उर्फ निले और कृष्णा सोनवानी उर्फ गंगाराम के साथ अंतिम बार देखा गया। एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के सुपरविजन और चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य संदेही निलेश डेंजारे उर्फ निले को रायगढ़ से हिरासत में लिया।

       पूछताछ में आरोपी निलेश डेंजारे उर्फ निले ने बताया कि 16 फरवरी की रात वह अपने साथी कृष्णा सोनवानी उर्फ गंगाराम और मृतक शिव प्रसाद पटेल के साथ बैठकर खाना-पीना कर रहा था। इसी दौरान मृतक ने उसके पूर्व में हुए पिता की मौत को लेकर  शिव पटैल की टिप्पणी से नाराज होकर उनके बीच झगड़ा हुआ, जिसमें उसने और कृष्णा सोनवानी ने मिलकर शिव प्रसाद पटेल के साथ हाथ-मुक्के और ईंट से बेतहाशा मारपीट की, निलेश डेंजारे उर्फ निले अपने मोटर सायकल से फरार हो गया और कृष्णा सोनवानी उर्फ गंगाराम, शिव पटैल की बाइक लेकर फरार हुआ । 

       आरोपी के मेमोरेंडम पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ईंट, आरोपी द्वारा घटना के समय पहने गए कपड़े तथा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, आरोपी का मोबाइल जप्त कर ली है। आरोपी निलेश ने घटना के बाद घायल शिव पटैल का अपने मोबाइल से वीडियो बनाया था। पुलिस द्वारा फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

               खरसिया पुलिस ने *आरोपी निलेश डेंजारे उर्फ निले (25 वर्ष) निवासी मौहापाली चौक खरसिया* को हत्या के *अपराध कमांक 66/2026 धारा 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता* में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 *एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश*

            *“हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”*

           इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी तथा एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में निरीक्षक अमित तिवारी, प्रधान आरक्षक मनोज मरावी तथा आरक्षक साविल चंद्रा और डमरूधर पटेल की विशेष भूमिका रही है।

और भी

बोर्ड परीक्षाओं को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह का प्रेरक संदेश — “आत्मविश्वास और मेहनत से लिखें परीक्षा, परिणाम चाहे जो हो जीवन में अवसर असीम”

 रायगढ़, 21 फरवरी 2026 । जिले में बोर्ड परीक्षाओं के प्रारंभ होने के साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह ने परीक्षार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए एक प्रेरक वीडियो संदेश जारी किया है। अपने संदेश में एसएसपी श्री सिंह ने जिले के सभी विद्यार्थियों को परीक्षा हेतु शुभकामनाएं देते हुए उन्हें आत्मविश्वास, दृढ़ निश्चय और मेहनत के साथ परीक्षा लिखने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन यह जीवन की अंतिम मंजिल नहीं है, इसलिए विद्यार्थी बिना किसी दबाव और तनाव के अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें।

       एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि वे सभी विद्यार्थियों को मोटिवेट करना चाहते हैं कि वे अपने एग्जाम को शानदार तरीके से लिखें और अपने ऊपर पूरा विश्वास रखें। उन्होंने कहा कि बच्चों की इच्छा शक्ति, उनका निश्चय और उनकी मेहनत निश्चित रूप से उन्हें सफलता दिलाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश किसी विद्यार्थी का परीक्षा परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं आता है, अंक कम हो जाते हैं या असफलता मिलती है, तो निराश होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जीवन बहुत बड़ा है और सफलता तक पहुंचने के अनेक रास्ते होते हैं।

         उन्होंने अभिभावकों से भी अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को निरंतर प्रोत्साहित करें, उनका मनोबल बढ़ाएं और उनकी भावनाओं को समझते हुए उन पर अनावश्यक दबाव न डालें। एसएसपी ने कहा कि अभिभावकों की सकारात्मक भूमिका बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूत करती है और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को भी संदेश दिया कि वे पूरी तैयारी और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा में शामिल हों और किसी भी प्रकार की निराशा या नकारात्मकता से दूर रहें।

           इसके साथ ही एसएसपी श्री सिंह ने परीक्षा के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा के दौरान किसी क्षेत्र में डीजे, लाउडस्पीकर या अन्य किसी माध्यम से अनावश्यक शोर होता है, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी होती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों की बैठक लेकर उन्हें सख्त हिदायत दी जाएगी, ताकि परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

         एसएसपी रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह ने अंत में सभी परीक्षार्थियों को ढेर सारी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और कड़ी मेहनत के साथ परीक्षा दें तथा अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने आश्वस्त किया कि रायगढ़ पुलिस विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

और भी

प्रशासन हुआ सख्त, अधिकारियों को स्पष्ट संदेश: समय पर पूरा हो स्टेशन का पुनर्निर्माण, आम जनता को जल्द मिले आधुनिक और सुगम आवागमन की सुविधा

रायगढ़, 21 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार और पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए एक विशेष समीक्षा बैठक की और निर्माण स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे एक-एक कार्य का अवलोकन किया और निर्माण की गुणवत्ता परखी। निरीक्षण के दौरान कार्यों की गति धीमी पाए जाने पर कलेक्टर ने अधिकारियों के प्रति अपनी असहमति जताई और निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य आगामी 30 जून तक अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा होना चाहिए ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
  स्टेशन को आधुनिक और सुगम बनाने के लिए कलेक्टर ने माल धक्का रोड और रेलवे स्टेशन रोड की ओर दो नए मुख्य प्रवेश द्वार बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, आम नागरिकों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में एक आधुनिक नागरिक सुविधा केंद्र विकसित करने की योजना पर भी चर्चा की गई। प्रशासन की प्राथमिकता है कि स्टेशन का नया स्वरूप यात्रियों के लिए आरामदायक और सुविधाजनक हो। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एसडीएम रायगढ़ श्री महेश शर्मा, रेलवे के सीनियर डिप्टी डीआरएम, कंस्ट्रक्शन विभाग के प्रमुख और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

सेवा, त्याग और राष्ट्रभक्ति के प्रेरणास्रोत हैं स्वामी श्रद्धानंद जी : राज्यपाल श्री रमेन डेका , आर्ष गुरुकुल तुरंगा में बलिदान शताब्दी महोत्सव संपन्न

रायगढ़, 21 फरवरी 2026/ पुसौर विकासखंड के ग्राम तुरंगा स्थित आर्ष गुरुकुल आश्रम में स्वामी श्रद्धानंद के पावन बलिदान के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में ‘स्वामी श्रद्धानंद बलिदान महामहोत्सव एवं राष्ट्र रक्षा महायज्ञ’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान तथा छत्तीसगढ़ महतारी की वंदना ‘अरपा पैरी के धार’ के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के राज्यपाल श्री रमेन डेका उपस्थित रहे। उन्होंने यज्ञ कुंड का दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
            राज्यपाल श्री डेका ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी श्रद्धानंद जी एक महान समाज सुधारक, प्रखर शिक्षाविद् और वीर स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने भारतीय समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। राज्यपाल ने कहा कि स्वामी जी आर्य समाज के प्रमुख स्तंभ थे और उन्होंने स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि वर्ष 1902 में स्थापित गुरुकुल कांगड़ी के माध्यम से स्वामी जी ने प्राचीन भारतीय शिक्षा पद्धति और आधुनिक विषयों का समन्वय प्रस्तुत किया, जो आज भी प्रासंगिक है। 
           राज्यपाल ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद जी ने छुआछूत, जातिवाद और सामाजिक भेदभाव जैसी कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष किया। वे ‘शुद्धि आंदोलन’ के प्रणेता थे, जिसका उद्देश्य उन लोगों को उनकी मूल सांस्कृतिक पहचान से पुनः जोड़ना था, जो विभिन्न कारणों से उससे दूर हो गए थे। उन्होंने वर्तमान शिक्षा पद्धति में नैतिक एवं चारित्रिक मूल्यों की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि जीवन का लक्ष्य केवल करियर निर्माण न होकर समाज सेवा और आत्मसंतोष भी होना चाहिए। राज्यपाल ने जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने संस्थान के ‘अन्नपूर्णा भवन’ निर्माण हेतु भूमि पूजन किया। साथ ही श्रीमती मल्लिका चतुर्भुज को संस्थान के विकास के लिए 10 एकड़ भूमि दान करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया।
           लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने राज्यपाल के आगमन को क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताया और कहा कि स्वामी जी की शहादत राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक संरक्षण का संदेश देती है। श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि स्वामी जी ने धर्मांतरण के प्रयासों का विरोध कर अनेक लोगों को सनातन परंपरा से पुनः जोड़ा। श्री कपिलदेव शास्त्री ने स्वामी जी के उत्तराखंड में संचालित शुद्धि आंदोलन के ऐतिहासिक प्रसंगों को साझा किया। उन्होंने बताया कि आज भी इस संस्थान में पूर्वोत्तर भारत के विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथियों को शाल, श्रीफल एवं स्वामी जी का छायाचित्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य राकेश कुमार ने किया तथा डॉ.राम कुमार पटेल ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आर्ष गुरुकुल आश्रम के सदस्यगण, स्वामी जी के अनुयायी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

और भी