ताजा खबरें


बड़ी खबर

रायगढ़ में सघन कुष्ठ खोज अभियान से मिली सफलता, 118 नए रोगी चिन्हित कर उपचार से जोड़े गए, भारत सरकार की टीम ने की कार्यप्रणाली की सराहना

रायगढ़, 10 जनवरी 2026  कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में जिले में 8 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक सघन कुष्ठ खोज एवं उपचार अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत घर-घर जाकर संदिग्ध मरीजों की पहचान एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत जिले में कुल 1397 शंकास्पद व्यक्तियों की पहचान की गई, जिनमें से 1161 व्यक्तियों की जांच पूर्ण की जा चुकी है। जांच उपरांत 118 नए कुष्ठ रोगियों की पुष्टि हुई है, जिन्हें तत्काल उपचार से जोड़ा गया है।
कुष्ठ कार्यक्रम की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता के आकलन के लिए भारत सरकार के क्षेत्रीय कुष्ठ प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान, लालपुर (रायपुर) से वरिष्ठ अधिकारियों का दल जिले के निरीक्षण पर पहुंचा। निरीक्षण दल में डॉ. कृष्णमूर्ति काम्बले, प्रिंसिपल कंसलटेंट एवं श्री इश्वरी मसीह, कंसलटेंट शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अविनाश चन्द्रा से सघन कुष्ठ खोज अभियान, अक्षमता पहचान तथा कुष्ठ विकृति रोकथाम से संबंधित कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
अभियान के प्रथम दिवस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर एवं इसके आश्रित ग्राम कोडतराई, छपोरा एवं डूमरमुड़ा का निरीक्षण किया गया। वहीं द्वितीय दिवस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लैलूंगा एवं आश्रित ग्राम राजपुर एवं लारीपानी में निरीक्षण कर कार्यक्रम की प्रगति का मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों, फिजियोथेरेपिस्ट, लैब टेक्नीशियन एवं प्रशिक्षित आरएचओ स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की तकनीकी दक्षता का परीक्षण किया गया तथा कुष्ठ मरीजों की स्वयं जांच कर संभावित विकृतियों की समय रहते पहचान एवं उपचार प्रबंधन पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जांच प्रपत्रों, रिपोर्ट, रजिस्टर संधारण, प्रचार-प्रसार सामग्री, नारा लेखन एवं जनजागरूकता गतिविधियों का अवलोकन कर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए। इसी क्रम में लैलूंगा के आश्रित ग्राम में 5 नए कुष्ठ रोगियों की पुष्टि की गई।
वर्तमान में रायगढ़ जिले में कुष्ठ रोग की प्रसार दर 3.18 प्रति 10 हजार जनसंख्या दर्ज की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शीघ्र पहचान, सतत उपचार एवं समुदाय आधारित जागरूकता के माध्यम से जिले को कुष्ठ मुक्त बनाने के लिए अभियान को निरंतर सुदृढ़ किया जाएगा।

और भी

रायगढ़ के एन. राघवेंद्र ने राष्ट्रीय मंच पर सुरों की साधना से रचा इतिहास, इंडियाज़ टैलेंट फाइट के ग्रैंड फिनाले में पहुंचकर बढ़ाया जिले और प्रदेश का गौरव

रायगढ़ के एन राघवेंद्र ने राष्ट्रीय मंच पर बिखेरा सुरों का जादू

इंडियाज़ टैलेंट फाइट के ग्रैंड फिनाले में पहुंचकर बढ़ाया जिले का मान

रायगढ़ की बूढ़ी माई मंदिर व सत्यनारायण बाबा का स्मरण कर की मंच से गायन की शुरुआत

रायगढ़,10 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और साहित्य की राजधानी के रूप में विख्यात एवं मशहूर रायगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त पहचान दर्ज कराई है। संगीत और कला के क्षेत्र में जिले की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रायगढ़ में पदस्थ केंद्र सरकार के शासकीय विभाग में कार्यरत नीतीश उर्फ एन. राघवेंद्र ने देश के प्रतिष्ठित टीवी रियलिटी शो ‘इंडियाज़ टैलेंट फाइट’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमी फाइनल राउंड से सीधे ग्रैंड फिनाले में प्रवेश कर लिया है। उनके इस उपलब्धि से न केवल रायगढ़, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय मंच पर रोशन होने जा रहा है। 
एन. राघवेंद्र ने मंच पर अपनी प्रस्तुति की शुरुआत रायगढ़ के प्रमुख धार्मिक एवं जन आस्था केंद्र बूढ़ी माई मंदिर तथा कोसमनारा के सत्यनारायण बाबा का स्मरण करते हुए की। उनकी भावपूर्ण और मधुर गायकी ने जजों के साथ-साथ दर्शकों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य जज प्रसिद्ध संगीतकार अनु मलिक हैं, जिनकी सराहना कलाकारों के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।
एन. राघवेंद्र, जिनका वास्तविक नाम नीतीश कुंडे है, सोशल मीडिया पर इसी नाम से व्यापक रूप से चर्चित हैं। वर्तमान में रेलवे विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शहडोल से रायगढ़ स्थानांतरण के बाद से वे रायगढ़ में निवासरत हैं और यहां की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक ऊर्जा को अपनी साधना का आधार मानते हैं।
उन्होंने बताया कि रायगढ़वासियों का स्नेह, आशीर्वाद और प्रोत्साहन ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी से अपने लिए आशीर्वाद बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि उनके कार्यक्रम के वीडियो शीघ्र ही टीवी चैनल एवं ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि रायगढ़ की धरती पहले से ही संगीत साधकों और कलाकारों की जन्मभूमि रही है। संगीत कला के क्षेत्र में एक बार फिर रायगढ़ को राष्ट्रीय कला मानचित्र पर गौरवान्वित स्थान मिलने जा रहा है।

और भी

सड़क सुरक्षा माह में प्रशासन की बड़ी पहल, रायगढ़ में आज और कल एनटीपीसी लारा में विशेष लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन

रायगढ़, 10 जनवरी 2026
सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर आम नागरिकों को परिवहन संबंधी सेवाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय रायगढ़ द्वारा विशेष लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार यह शिविर आज एवं कल 10 जनवरी और 11 जनवरी 2026 को एनटीपीसी लारा, जिला रायगढ़ में आयोजित होगा।

शिविर का आयोजन आज प्रातः 11 बजे से शुरू हो गया है।  जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि शिविर में लर्निंग लाइसेंस बनवाने के इच्छुक आवेदकों को मौके पर ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें जिला परिवहन कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। 
जिला परिवहन अधिकारी ने आम नागरिकों से आग्रह है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। 
उल्लेखनीय है कि सड़क सुरक्षा माह के तहत जिले में प्रशासन एवं परिवहन विभाग द्वारा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ सुविधा केंद्रित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा मिल सके।

और भी

अवैध खनिज परिवहन पर एक्शन: 22 ट्रैक्टर और 1 हाईवा जप्त, माफिया में हड़कंप

रायगढ़, 10 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले में खनिज विभाग द्वारा खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सख़्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में खनिज अमला द्वारा विगत 4 दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाकर अवैध खनिज गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
            अभियान के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त खनिज रेत के कुल 22 ट्रैक्टर एवं 1 हाईवा, इस प्रकार कुल 23 वाहन जप्त किए गए। जप्त वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर, थाना खरसिया, छाल, घरघोड़ा, जोबी चौकी एवं रैरूमाचौकी में सुरक्षार्थ रखा गया है।
              खनिजों के अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 एवं 23(क) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस कार्यवाही में खनिज निरीक्षक श्री सोमेश्वर सिन्हा सहित जिला खनिज अमला सक्रिय रूप से शामिल रहा। खनिज अधिकारी ने बताया  कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध आगे भी निरंतर और कठोर कार्यवाही जारी रहेगी।

और भी

शिक्षकों पर समय से पहले स्कूल बंद करने और नशे में आने के सरपंच-उप सरपंच ने लगाए गम्भीर आरोप... .बीईओ के आकस्मिक निरीक्षण में नहीं मिली कोई शिकायत, 

बुटूंगा स्कूल लापरवाही मामला : बच्चों के भविष्य से खिलवाड़, जनप्रतिनिधियों ने लगाया आरोप,विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में स्कूल व्यवस्था पाई गई संतोषजनक


बगीचा/जशपुर 
जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला बुटूंगा इन दिनों गंभीर विवादों के घेरे में है। पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने स्कूल में पदस्थ शिक्षकों पर लापरवाही बरतने, समय से पहले विद्यालय बंद करने तथा शराब सेवन कर स्कूल आने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इस लापरवाही का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और भविष्य पर पड़ रहा है।
    ग्राम पंचायत बुटूंगा के उप सरपंच राजू शर्मा ने शिक्षकों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने इस संबंध में कई बार उच्च अधिकारियों को मौखिक शिकायत की, लेकिन अब तक किसी ठोस जांच या कार्रवाई का असर जमीनी स्तर पर नजर नहीं आया। इसी कारण सरपंच और उप सरपंच दोनों ने प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताई है।
पढ़ाई पर असर, घटती उपस्थिति बनी चिंता का कारण
उप सरपंच राजू शर्मा के अनुसार, स्कूल में शिक्षकों की लापरवाही के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई बार स्कूल समय से पहले ही बंद कर दिया जाता है, जिससे छात्रों को पूरा शैक्षणिक समय नहीं मिल पाता। इसके कारण बच्चों की उपस्थिति भी लगातार कम होती जा रही है, जो शिक्षा की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है। यदि यही स्थिति बनी रही, तो बच्चों का शैक्षणिक स्तर और कमजोर हो जाएगा, जिसका प्रभाव उनके भविष्य पर पड़ेगा।
प्रधान पाठक और संकुल समन्वयक पर जिम्मेदारी
प्राथमिक शाला बुटूंगा में दो शिक्षक पदस्थ हैं। इनमें प्रधान पाठक प्रफुल्ल कुमार तथा संकुल में पदस्थ संकुल समन्वयक निर्मल कुमार शामिल हैं। पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि दोनों की जिम्मेदारी के बावजूद स्कूल संचालन में गंभीर लापरवाही हो रही है।उनका कहना है कि प्रधान पाठक और संकुल समन्वयक की कार्यशैली के कारण नन्हे बच्चों को शैक्षणिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
शराब सेवन कर स्कूल आने का सरपंच ने लगाया आरोप
सरपंच बुटूंगा ने आरोप लगाया कि प्रधान पाठक कई बार शराब का सेवन कर स्कूल पहुंचते हैं। जब वे पंचायत कार्यालय में पे-डाटा पर हस्ताक्षर कराने आते हैं, तब भी वे नशे की हालत में रहते हैं। सरपंच ने बताया कि उन्होंने कई बार शिक्षक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी बातों पर कोई असर नहीं पड़ा।सरपंच ने बताया कि प्रधान पाठक का इस प्रकार का व्यवहार बच्चों पर गलत प्रभाव डाल सकता है और विद्यालय का अनुशासन भी प्रभावित हो रहा है।
अधिकारियों को शिकायत, कार्रवाई का इंतजार
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे सरपंच ओर उप सरपंच में रोष बढ़ता जा रहा है।इनकी मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
बीईओ का पक्ष : निरीक्षण में सबकुछ सामान्य
इस मामले पर बगीचा विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सुदर्शन पटेल ने बताया कि शिक्षा व्यवस्था में कसावट लाने के उद्देश्य से कल सुबह 9:30 बजे क्षेत्र के स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान हाई स्कूल कलिया, माध्यमिक शाला, प्राथमिक शाला बुटूंगा तथा प्राथमिक शाला कुरहाटीपना का भ्रमण किया गया। इस दौरान किसी भी स्कूल में शिक्षकों की अनुपस्थिति या लापरवाही सामने नहीं आई।
बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता की भी हुई जांच
बीईओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान बच्चों से विषय एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिनका शत-प्रतिशत बच्चों ने सही उत्तर दिया। इससे यह स्पष्ट होता है कि विद्यालयों में शैक्षणिक स्तर संतोषजनक है।उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों और अभिभावकों से चर्चा में भी शिक्षकों को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई ।
लेट पहुंचने पर कर्मचारी पर कार्रवाई
बीईओ ने बताया कि आकस्मिक निरीक्षण के दौरान हाई स्कूल में पदस्थ एक सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी के देर से स्कूल पहुंचने पर उसके एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की जा रही है।
बीईओ ने सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाई गई, तो संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी

एक ओर पंचायत प्रतिनिधि विद्यालय में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विभागीय निरीक्षण में स्थिति संतोषजनक बताई जा रही है। 

बीईओ बगीचा :- 

और भी

जनता की आवाज़ सीधे प्रशासन तक — सरगा में जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर में उमड़ा ग्रामीणों का सैलाब,243 आवेदन प्राप्त, 39 का हुआ तत्काल निराकरण

अंबिकापुर 09 जनवरी 2026/  कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशानुसार और जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत सीतापुर के ग्राम पंचायत सरगा में एक सफल जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में जनपद पंचायत सदस्य श्री शिवभरोस बेक, जनपद उपाध्यक्ष श्री अनिल अग्रवाल, सभी जनपद सदस्यगण एवं अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम श्री राम सिंह ठाकुर द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया और छत्तीसगढ़ महतारी तथा महात्मा गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद, सभी विभागों द्वारा अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई और उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान किया गया।

      शिविर में प्रस्तुत आवेदन और उनका निराकरण शिविर में कुल 243 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 39 आवेदन का तत्काल निराकरण किया गया। पशुधन विभाग के 03 आवेदन अपात्र होने के कारण अस्वीकृत किए गए, जबकि शेष 201 आवेदन जो स्थल पर निराकरण योग्य नहीं थे, उनका शीघ्र निराकरण करने का निर्देश अनुविभागीय अधिकारी  ने संबंधित विभागों को दिया। विभिन्न विभागों द्वारा लाभ वितरण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। कृषि विभाग द्वारा 14 कृषकों को मूंग बीज वितरण ,जनपद पंचायत और खाद्य विभाग द्वारा 28 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए। महिला बाल विकास विभाग द्वारा 04 महिलाओं को गोद भराई कार्यक्रम के तहत कीट प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 06 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड,मत्स्य विभाग द्वारा 02 हितग्राहियों को जाल ,शिक्षा विभाग द्वारा जाति/निवास प्रमाण पत्र ,पशुधन विभाग द्वारा 05 बेकयार्ड कुक्कुट के हितग्राहियों को इबर्ड एवं श्रम विभाग द्वारा 07 श्रम कार्ड वितरित किए गए। इस अवसर पर एसडीएम श्री राम सिंह ठाकुर ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों और उपस्थित जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद दिया।

और भी

रायगढ़ में राष्ट्रीय युवा दिवस का भव्य आयोजन, युवाओं को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर, 12 जनवरी को होंगी विविध प्रतियोगिताएं

रायगढ़, 9 जनवरी 2026/ संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी को जिले के युवाओं के लिए विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला रायगढ़ में यह आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर, लक्ष्मीपुर, रायगढ़ में सुबह 10 बजे से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के समस्त स्कूलों, कॉलेजों के विद्यार्थी एवं खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष के मध्य होना अनिवार्य है।
              डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक संचालक ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत काव्य पाठ, भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें काव्य पाठ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को अधिकतम 5 मिनट का समय दिया जाएगा। काव्य पाठ का विषय “उठो जागो-स्वामी विवेकानंद जी का अमर संदेश” पर आधारित होगा। प्रतिभागी केवल एक कविता प्रस्तुत कर सकेंगे। कविता मौलिक अथवा किसी प्रसिद्ध कवि की हो सकती है, हालांकि मौलिक रचनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसी तरह भाषण प्रतियोगिता-इसके लिए भी अधिकतम 5 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। भाषण का विषय “स्वामी विवेकानंद जी युवाओं के प्रेरणास्त्रोत और राष्ट्रनिर्माण के पथप्रदर्शक” पर केंद्रित होगा। रंगोली प्रतियोगिता-इसके लिए प्रतिभागियों को 45 मिनट का समय दिया जाएगा। विषय “युवा शक्ति एवं स्वामी विवेकानंद जी” रहेगा। रंगोली में केवल सूखे एवं प्राकृतिक रंगों/सामग्री का उपयोग करना होगा, केमिकल रंगों का प्रयोग वर्जित रहेगा।

और भी

बचत से सुरक्षा तक का सफर: लखनपुर में एनआरएलएम कैडर्स को वित्तीय योजना, डिजिटल भुगतान और साइबर ठगी से बचाव की दी गई व्यावहारिक जानकारी


अंबिकापुर 09 जनवरी 2026/  आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में शुक्रवार को कलेक्टर श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय अग्रवाल के निर्देशन में केवरा क्लस्टर भवन में वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम अंतर्गत डेवलपमेंट पार्टनर माइक्रोसेव कंपनी द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें लखनपुर विकासखंड की एनआरएलएम कैडर्स ने हिस्सा लिया। इस दौरान माइक्रोसेव कंपनी के छत्तीसगढ़ राज्य समन्वयक श्री खगेंद्र कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए वित्तीय साक्षरता को दैनिक जीवन से जोड़कर समझाया तथा बचत, बैंकिंग सेवाओं के सही उपयोग, डिजिटल भुगतान, बीमा, पेंशन एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही वित्तीय योजना से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।

     कार्यशाला में साइबर क्राइम और साइबर सुरक्षा पर विशेष चर्चा की गई। श्री खगेंद्र कुमार ने साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों, फर्जी कॉल व मैसेज, ओटीपी एवं पासवर्ड साझा करने से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने, संदिग्ध लिंक से बचने तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर जनपद पंचायत लखनपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. स्वेच्छा सिंह ने वित्तीय समावेशन एवं महिलाओं की वित्तीय सुरक्षा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वित्तीय जागरूकता से महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं, बल्कि साइबर अपराधों से स्वयं को सुरक्षित भी रख सकती हैं।

    कार्यशाला में एबीपी फेलो शुभिता शुक्ला, एनआरएलएम के बीपीएम श्री मनोज केसपोट्टा, एसी श्रीमती रूही सबा, एसी श्री अजय तिर्की, एफपीओ के सीईओ श्री सतीश सारथी, आईएफएस एंकर श्री शिवम पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

जिले में अनमैप मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन शुरू,चारों विधानसभा क्षेत्रों के 1217 मतदान केंद्रों में जारी है दावा-आपत्ति व सुनवाई की प्रक्रिया

रायगढ़, 9 जनवरी 2026/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 कार्यक्रम के अंतर्गत रायगढ़ जिले में मतदाता सूची अद्यतन करने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों 15-लैलूंगा, 16-रायगढ़, 18-खरसिया एवं 19-धरमजयगढ़ के कुल 1217 मतदान केंद्रों/विहित स्थानों तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सह निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सर्व तहसीलदार/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालयों में निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया गया है।
              अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी रायगढ़ ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सुनवाई चरण में प्रारंभिक प्रकाशन के पश्चात दावा-आपत्तियों का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा सभी अनमैप मतदाताओं को नोटिस जारी कर निर्धारित तिथियों पर सुनवाई की जा रही है। मतदाताओं की पात्रता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उनके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का जिला स्तरीय सत्यापन दल द्वारा संबंधित प्राधिकृत अधिकारियों से जांच उपरांत सत्यापन किया जा रहा है। वहीं, राज्य से बाहर जारी दस्तावेजों को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ रायपुर के माध्यम से अन्य राज्यों को सत्यापन हेतु भेजा जा रहा है। सभी संबंधित मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।

और भी

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने केंद्रीय जेल अंबिकापुर का किया निरीक्षण


अंबिकापुर 09 जनवरी 2026/  प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सरगुजा श्री के. एल. चरयाणी  द्वारा शुक्रवार को केंद्रीय जेल अंबिकापुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए भोजन की गुणवत्ता एवं साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिए जाने कहा। उन्होंने  बंदियों द्वारा तैयार की गई पेंटिंग, शिल्पकला, पंजियां, लिफाफे का अवलोकन किया तथा बंदियों को प्रदान किये जाने वाली स्वास्थ्य सुविधा सहित अन्य सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों द्वारा विधिक सहायता हेतु इच्छुक होने पर त्वरित नियमानुसार किया जाए, किसी भी बंदी को विधिक सहायता से वंचित ना रखा जाए तथा इच्छुक बंदियों के संबंध में अपील पुनरीक्षण सहित प्रकरण की परिस्थिति अनुसार जेल प्रशासन सभी बंदियों को विधिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया का पालन करें। उन्होंने महिला बैरक का निरीक्षण कर महिला बंदियों एवं उनके बच्चों से मुलाकात कर उनकी समस्या के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री पल्लव रघुवंशी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लीनम बनसोड़े एवं जेल अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

अटल स्मृति सम्मेलन में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, सुशासन और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का हुआ भव्य स्मरण, पत्थलगांव के अग्रसेन भवन में विधानसभा स्तरीय आयोजन

 जशपुर 09 जनवरी 2026,नगर के अग्रसेन भवन में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में विधानसभा स्तरीय अटल स्मृति सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य अटल जी के राष्ट्रवादी विचारों, सुशासन की अवधारणा, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं जनसेवा की भावना को जन-जन तक पहुँचाना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, प्रबुद्धजन एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे शिखर पुरुष थे जिन्होंने विचार, व्यवहार और नेतृत्व — तीनों में मर्यादा स्थापित की। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन सादगी, संवेदनशीलता और समर्पण का प्रतीक था।
श्रीमती साय ने कहा कि आदिवासी, ग्रामीण और वंचित समाज के उत्थान के लिए अटल जी की सोच दूरदर्शी थी। उन्होंने ग्राम सड़क योजना, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े निर्णयों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आज भी देश उन्हीं नीतियों के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने अपने अत्यंत भावपूर्ण एवं प्रेरणादायक उद्बोधन में स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जशपुर प्रवास को याद किया। उन्होंने कहा कि अटल जी का जशपुर आना केवल एक राजनीतिक दौरा नहीं था, बल्कि वह आदिवासी अंचल के प्रति उनके गहरे आत्मीय लगाव का प्रतीक था।

श्री राय ने कहा कि जशपुर प्रवास के दौरान अटल जी ने जिस सरलता से आम जनता से संवाद किया, वह आज भी लोगों के हृदय में अंकित है। उन्होंने बताया कि अटल जी आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और संघर्ष को गहराई से समझते थे और हमेशा मुख्यधारा से जोड़ने की बात करते थे।

उन्होंने आगे कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से अटल जी ने देश को सामरिक आत्मनिर्भरता दी, वहीं स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से देश के सुदूर अंचलों को विकास की धारा से जोड़ा।
श्री राय ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अटल जी के राष्ट्र प्रथम के विचार को जीवन में उतारें और संगठनात्मक मजबूती के साथ समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभाएं।

केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष रामकिशुन सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की आर्थिक दृष्टि में सहकारिता और आत्मनिर्भरता का विशेष स्थान था। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए अटल जी ने सहकारी संस्थाओं को मजबूती दी।
उन्होंने कहा कि आज आत्मनिर्भर भारत की जो संकल्पना साकार हो रही है, उसकी वैचारिक नींव अटल जी के कार्यकाल में ही रख दी गई थी।

पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष  सुनील गुप्ता ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी संगठन के प्रति अत्यंत संवेदनशील नेता थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सदैव सम्मान दिया और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना सिखाया।
उन्होंने कहा कि अटल जी ने यह सिद्ध किया कि राजनीति सत्ता का नहीं, सेवा का माध्यम है।


कार्यक्रम का स्वागत भाषण जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल ने दिया। उन्होंने कहा कि अटल स्मृति सम्मेलन नई पीढ़ी को अटल जी के विचारों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है और ऐसे आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए।
आभार व्यक्त एवं समापन की घोषणा जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने किया।


कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन जिला मंत्री आनंद शर्मा ने किया। उनके कुशल संचालन से पूरा कार्यक्रम अनुशासित और प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ।

सम्मेलन के अंत में उपस्थितजनों ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम राष्ट्रसेवा, सुशासन और संगठनात्मक सशक्तिकरण के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि सम्मेलन में मुख्य रूप से जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, जनपद अध्यक्ष धनियारो परहा, ठाकुर पुरषोत्तम सिंह, सुनील अग्रवाल, संतोष दास, हरजीत सिंह भाटिया, गणेश जैन, रोशन प्रताप सिंह, अनिल मित्तल, अंकित बंसल, प्रवीण अग्रवाल, संजय लोहिया, अवधेश गुप्ता,  हेमंत बंजारा, विशाल अग्रवाल, जागेश्वर यादव, प्रतीक सिंह, भुनेश्वरी बेहरा, भारती शर्मा, गुड़िया यादव,  सांवरिया अग्रवाल, नरेश यादव, सहित भाजपा पदाधिकारी, पार्षदगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

और भी

शिक्षकों के सब्र का बांध टूटा : 17 जनवरी को छत्तीसगढ़ के 33 जिला मुख्यालयों में एक साथ गूंजेगा अधिकारों का हुंकार, जागरूक शिक्षक संघ ने दिया खुला व नि:शर्त समर्थन

रायपुर 09 जनवरी 2026 : 
आगामी 17 जनवरी 2026 को छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन द्वारा प्रदेश के सभी 33 जिला मुख्यालय में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन एवं आंदोलन किया जा रहा है।
यह आंदोलन प्रदेश के 69 हजार सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने, एक लाख अस्सी हजार शिक्षक एलबी संवर्ग को क्रमोन्नति वेतनमान देने, पुरानी पेंशन बहाल करने व प्रथम सेवा गणना कर समस्त लाभ देने की मांग को लेकर किया जा रहा है।
उक्त आंदोलन को छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ ने अपना नि:शर्त एवं खुला समर्थन दिया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जाकेश साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र साहू, प्रदेश सचिव राजेंद्र लाडेकर, प्रदेश महासचिव भोजराम साहू, गायत्री मंडलोई, महेश्वर कोटपरिहा, प्रदेश संयुक्त सचिव हरिशंकर पटेल, कमलेश कुमार भारती, प्रदेश प्रवक्ता, नरेंद्र तिवारी, केशव पटेल, सहित अन्य प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों  ने बताया कि 2018 में शिक्षक एलबी संवर्ग का शिक्षा विभाग में संविलियन हुआ था। परंतु शिक्षकों की सेवा गणना हमारे प्रथम नियुक्ति तिथि से न कर, संविलियन तिथि से की गई है।
जबकि शिक्षा विभाग में शिक्षक एलबी संवर्ग 1995-98 से सेवा दे रहे हैं। हमारी प्रथम सेवा गणना नहीं करने से हम शिक्षकों को काफी ज्यादा नुकसान हो रहा है। कई शिक्षक एलबी संवर्ग रिटायर हो गए हैं। कई शिक्षक रिटायर होने के कगार पर हैं। सेवा गणना नहीं होने से हमको पेंशन नहीं मिल पा रही है। जिससे हमारे सामने विचित्र स्थिति उत्पन्न हो गई है। कई शिक्षक सेवानिवृत्त होने के बाद दूसरों के घरों में मजदूरी करने मजबूर हैं क्योंकि पेंशन नहीं मिलने से उनके घर में भूखों मरने की नौबत आ गई है। ऐसे में सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आगामी 17 जनवरी को एकदिवसीय जिलास्तरीय आंदोलन का ऐलान किया गया है।
यह बात उल्लेखनीय है कि राज्य की भाजपा सरकार ने 2018 विधानसभा चुनाव से पहले अपने चुनावी घोषणा पत्र में सहायक शिक्षकों के वेतन विसंगति दूर करने, क्रमोन्नति वेतन देने एवं प्रथम सेवा गणना करने सहित विभिन्न लिखित वादा किया था। परंतु 2 साल पूर्ण होने के बाद भी आज तक मांगे पूरी नहीं हुई है।
आगामी 17 जनवरी के उक्त हड़ताल का छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ द्वारा खुला एवं नि:शर्त समर्थन करते हुए प्रदेश के अपने सभी जिला अध्यक्ष एवं 146 विकासखंड अध्यक्ष को निर्देशित करते हुए कहा है कि 17 तारीख को सभी 33 जिला मुख्यालयों में होने वाले आंदोलन में संगठन के सभी सदस्य शामिल हो एवं प्रदेश के सभी शिक्षक साथियों की अधिक से अधिक संख्या में हड़ताल में उपस्थित सुनिश्चित की जाए।

और भी

धान खरीदी में लापरवाही पर प्रशासन की कार्रवाई, गेरसा के धान खरीदी प्रभारी हटाए गए

अंबिकापुर 09 जनवरी 2026/  खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान खरीदी कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित गेरसा में कलेक्टर श्री  अजीत वसंत द्वारा दिनांक 07 जनवरी 2026 को आकस्मिक निरीक्षण किया गया था।
निरीक्षण के दौरान विपणन संघ के नए बोरे में भरे हुए धान के नाप-तौल के समय गंभीर अनियमितता पाई गई। फड़ प्रभारी की लापरवाही के कारण एक बोरे में 35.600 किलोग्राम धान पाया गया, जो निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं था। कलेक्टर द्वारा धान खरीदी प्रभारी को हटाए जाने के निर्देश दिए गए थे।
अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए समिति द्वारा तत्काल प्रभाव से धान खरीदी कार्य से धान खरीदी प्रभारी सुमित गुप्ता को पृथक कर दिया गया है। साथ ही समिति के कंप्यूटर ऑपरेटर श्री देव चरण सिंह को धान खरीदी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर श्री वसंत ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने सभी समितियों को निर्धारित मापदंडों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

और भी

प्रशासन गाँव की ओर—जनता के द्वार पहुँचेगी शासन की योजनाएँ,जिले में 09 से 29 जनवरी तक 39 ग्राम पंचायतों में सुशासन शिविरों का होगा व्यापक आयोजन

जशपुरनगर 08 जनवरी 2026/ जिले में शासन की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने तथा योजनाओं से वंचित हितग्राहियों को संतृप्त करने के उद्देश्य से जिले के समस्त विकासखण्डों के क्लस्टर ग्राम पंचायतों में सुशासन शिविर का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, साथ ही पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, व्यक्तिगत शौचालय, मनरेगा, आयुष्मान कार्ड, दिव्यांग कार्ड, नामांतरण-बंटवारा, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नल-जल जैसी सेवाओं के लिए आवेदन भी प्राप्त कर निराकरण किया जाएगा।
कलेक्टर श्री रोहित व्यास द्वारा विकासखण्ड स्तरीय शिविरों के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पत्थलगांव, फरसाबहार, जशपुर, बगीचा एवं कुनकुरी को नोडल अधिकारी तथा संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शिविरों में तहसीलदार, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन परिक्षेत्र अधिकारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ कृषि अधिकारी, उद्यान अधीक्षक, महिला-बाल विकास विभाग, खाद्य निरीक्षक, पशुपालन, रेशम विभाग, पंचायत अमला, आंगनबाड़ी, मितानिन, एनआरएलएम, कोटवार, पटवारी सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
कलेक्टर श्री व्यास ने निर्देशित किया है कि सभी नोडल अधिकारी शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक शिविर के उपरांत पालन प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत करें। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुँचे और कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे।

       जिले में सुशासन शिविरों की शुरुआत 09 जनवरी 2026 से होगी। इस दिन बम्हनी, सोलकेरा, बोखी एवं तिलंगा ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। 10 जनवरी 2026 को कोरना, आरा, पगुराबहार एवं नकटीमुण्डा ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे। 12 जनवरी 2026 को दुलदुला विकासखंड के भुसडीटोली, जशपुर के बरगांव, फरसाबहार के उपरकछार तथा कांसाबेल के शब्दमुण्डा ग्राम पंचायतों में शिविर लगेंगे। 15 जनवरी 2026 को सिरिमकेला, नरायणपुर, जामबहार, बिरिमडेगा एवं कोटानपानी ग्राम पंचायतों में सुशासन शिविर आयोजित किए जाएंगे। 16 जनवरी 2026 को चटकपुर, पीडी, भेजरीडांड, झिमकी एवं सेमरकच्छार ग्राम पंचायतों में शिविर होंगे। 17 जनवरी 2026 को बेहराखार, पटिया एवं महेशपुर ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। 19 जनवरी 2026 को पकरीकच्छार, अलोरी, मुडाबहला एवं बुटंगा ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। 22 जनवरी 2026 को चराईखारा, रेमने, काडरो एवं कलिया ग्राम पंचायतों में शिविर होंगे। 23 जनवरी 2026 को हेठकापा, ओरकेला एवं गायलुंगा ग्राम पंचायतों में सुशासन शिविर आयोजित होंगे। 24 जनवरी 2026 को जेकबहला, घाघरा एवं बछरांव ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे, जबकि 29 जनवरी 2026 को गुरमाकोना ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित कर इस श्रृंखला का समापन किया जाएगा।

और भी

बखरूटोला में 10-11 जनवरी को भव्य रामायण स्वर मानस सम्मेलन,छत्तीसगढ़ भर की रामायण मंडलियों का होगा संगम, भाजपा-कांग्रेस के दिग्गज नेता रहेंगे मंचासीन

राजनांदगांव/छुरिया 08 जनवरी 2026
निप्रस्थ ग्राम बखरूटोला में आगामी 10 एवं 11 जनवरी, शनिवार एवं रविवार को दो दिवसीय रामायण स्वर मानस सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में कांकेर, गुंडरदेही, महासमुंद, घटारानी, अहिवारा सहित छत्तीसगढ़ प्रदेश के विभिन्न जिलों से अनेक प्रतिष्ठित रामायण मंडलियां भाग लेंगी।

ग्राम बखरूटोला में यह आयोजन चौथे वर्ष में प्रवेश कर रहा है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक व सांस्कृतिक उत्साह का वातावरण निर्मित हो गया है।

10 जनवरी को होगा भव्य उद्घाटन समारोह

सम्मेलन का उद्घाटन 10 जनवरी शनिवार को सुबह 10 बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक भोलाराम साहू होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव करेंगे।

विशेष अतिथि के रूप में छन्नी साहू पूर्व विधायक खुज्जी, रितेश जैन अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुरिया, राजकुमार सिन्हा कार्यकारी अध्यक्ष, पुष्पा सिन्हा मंडल अध्यक्ष, राजकुमारी सिन्हा पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष छुरिया, अनुसुइया ललित आंचले सरपंच नादिया खुर्द, संजय सिन्हा उपसरपंच, रूपेंद्र साहू ग्राम पटेल बखरूटोला, तिलक राम सरपंच झाड़ीखैरी, रोहित पटेल समाजसेवी, चेतन पटेल समाजसेवी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

11 जनवरी को समापन समारोह, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

रामायण मानस सम्मेलन समिति के अध्यक्ष भीषण लाल साहू, सचिव बल्लूराम मंडावी एवं कोषाध्यक्ष कलेश्वर दास साहू ने बताया कि सम्मेलन का समापन 11 जनवरी रविवार की शाम को होगा।

समापन समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष किरण रविंद्र वैष्णव होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरिया के अध्यक्ष संजय सिंहा करेंगे।

विशेष अतिथि के रूप में एमडी ठाकुर उपाध्यक्ष प्रदेश भाजपा, चंद्रिका प्रसाद डडसेना वरिष्ठ भाजपा नेता, बीरम बाई मंडावी सदस्य जिला पंचायत, अजय पटेल अध्यक्ष जनपद पंचायत छुरिया, उभय राम मंडावी, कामता प्रसाद साहू, भूखन लाल धनकर, अनुसुइया ललित आंचले सरपंच नादिया खुर्द, ललित साहू सरपंच भरीटोला, शिवा मिश्रा अध्यक्ष सेवा सहकारी समिति, सतीश यादव समाजसेवी, विश्राम पाल ग्राम पटेल, पद्मभूषण साहू, मोनू गुप्ता, रूपेंद्र साहू ग्राम पटेल बखरूटोला, गणेश लाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

धार्मिक-सांस्कृतिक समरसता का बनेगा केंद्र

रामायण मानस सम्मेलन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। यह सम्मेलन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का संदेश देगा।

और भी

स्वामी विवेकानंद के विचारों से युवाओं को प्रेरित करेगा जशपुर का युवा संगम,11 जनवरी को सरस्वती शिशु मंदिर में विवेकानंद यूथ सर्कल का आयोजन

जशपुरनगर 08 जनवरी 2026 : 
स्वामी विवेकानंद के जीवन संदेश और युवाओं के प्रति उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विवेकानंद यूथ सर्कल जशपुर द्वारा आगामी 11 जनवरी, रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर जशपुर में युवा संगम कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वाधान में संपन्न होगा।

स्वामी विवेकानंद का यह कथन— “यदि मुझे 100 चरित्रवान युवा मिल जाएं, तो मैं देश का भविष्य बदल सकता हूं”— इस आयोजन की प्रेरणा का मूल आधार है। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए चरित्रवान, कर्तव्यनिष्ठ और राष्ट्रभक्त युवाओं के निर्माण की दिशा में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इस दौरान युवाओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए वाद-विवाद प्रतियोगिता, भाषण, खेल गतिविधियां और क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को वर्तमान सामाजिक, शैक्षणिक और राष्ट्रीय परिस्थितियों से अवगत कराया जाएगा, साथ ही उनके समाधान पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार युवा संगम का उद्देश्य युवाओं में सामूहिकता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और मिलकर कार्य करने की भावना को विकसित करना है। कार्यक्रम युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने का अवसर प्रदान करेगा।इस कार्यक्रम में 16 से 36 वर्ष आयु वर्ग के विद्यालय एवं महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत युवक-युवतियां भाग ले सकेंगे। आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और व्यक्तित्व विकास का मंच मिलेगा।

विवेकानंद यूथ सर्कल जशपुर ने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस युवा संगम में शामिल होकर स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

और भी

माण्ड नदी के चपले एनीकट में हाईड्रो पंपिंग सिंचाई परियोजना का कलेक्टर ने किया निरीक्षण,तालाब व फील्ड चैनल के माध्यम से खेतों तक पहुंचेगा सिंचाई जल

रायगढ़, 08 जनवरी 2025। रायगढ़ जिले के विकासखण्ड खरसिया अंतर्गत माण्ड नदी पर स्थित चपले एनीकट में संचालित हाईड्रो पंपिंग आधारित सिंचाई कार्य का आज कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भारतीय विज्ञान संस्थान (आई.आई.एस.सी.) बैंगलुरू के प्रोफेसर श्री पुनित सिंह, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन संभाग श्री होमेश नायक, संबंधित अनुविभागीय अधिकारी, तकनीकी अमला एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा बताया गया कि शासन द्वारा इस महत्वाकांक्षी सिंचाई परियोजना के लिए 292.89 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें से 196.52 लाख रुपए की राशि का अनुबंध किया जा चुका है। वर्तमान में हाईड्रो टरबाईन पंप आधारित प्लेटफार्म का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं, प्लेटफार्म से डिस्ट्रीब्यूशन चैम्बर तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य 50 प्रतिशत तक पूर्ण कर लिया गया है। चपले एनीकट से हाईड्रो टरबाईन पंप आधारित प्लेटफार्म के मध्य पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रगतिरत है।

कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्त निर्माण कार्य मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने से चपले एनीकट से पानी डिस्ट्रीब्यूशन प्रणाली के माध्यम से तालाब तक पहुंचाया जाएगा तथा वहां से फील्ड चैनल के जरिए किसानों के खेतों तक सिंचाई जल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

और भी

रेंगालपाली चेकपोस्ट में 63 वाहनों पर हुई चालानी कार्रवाई,कलेक्टर के निर्देश पर सड़क सुरक्षा माह में सख्त अभियान

रायगढ़, 8 जनवरी 2026/ सड़क सुरक्षा माह जनवरी के अंतर्गत जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने हेतु कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा सघन जाँच एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
         इसी क्रम में कल रेंगालपाली चेकपोस्ट पर विशेष अभियान चलाया गया। जाँच के दौरान बिना रिफ्लेक्टर के संचालित पाए गए 63 वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम 104/177 एमव्हीए 1988 के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए कुल 31 हजार 500 रुपए की चालानी कार्रवाई की गई। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके पर ही संबंधित वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए, जिससे रात्रिकालीन दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

*सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई*
परिवहन अधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

और भी