ताजा खबरें

बड़ी खबर

पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद जारी: लैलूंगा में घेराबंदी कर मवेशी तस्कर गिरफ्तार, उड़ीसा बूचड़खाने ले जाए जा रहे 06 गौवंश मुक्त, एसएसपी ने कहा—तस्करों पर लगातार होगी कड़ी कार्रवाई

रायगढ़, 16 फरवरी 2026। जिले में मवेशी तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। अभियान के दूसरे दिन थाना लैलूंगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मवेशी तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 06 नग गौवंश को मुक्त कराया है। पुलिस की इस कार्रवाई से मवेशी तस्करों में हड़कंप मच गया है और अवैध तस्करी पर कड़ा संदेश गया है।

महाशिवरात्रि ड्यूटी के दौरान मिली सूचना, तत्काल हुई कार्रवाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व के दौरान थाना लैलूंगा पुलिस क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति गौवंश को क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए पैदल हांककर के बूचड़खाने की ओर ले जा रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बांसडांड खालपारा तिराहा में गवाहों के साथ घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान एक व्यक्ति 06 नग गौवंश को पैदल ले जाते हुए मिला, जिसे पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया।

आरोपी ने पूछताछ में स्वीकारा अपराध

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सिद्धाराम अंचल (54 वर्ष), निवासी ग्राम बांसडांड थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गौवंश को क्षेत्र के आमापाली से खरीदकर उड़ीसा के बूचड़खाने में बिक्री के लिए ले जा रहा था।

48 हजार रुपए मूल्य के गौवंश जप्त, सुरक्षित संरक्षण में भेजा गया

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 06 नग गौवंश, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 48,000 रुपए बताई गई है, को विधिवत जप्त कर पशु चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसके बाद गौवंश को सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया गया ताकि उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित की जा सके।

आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

आरोपी के विरुद्ध कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10, 11 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 48/2026 दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों और टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरधारी साव, एएसआई राजेश दर्शन, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद चौहान, आरक्षक गोविंद बनर्जी, चमरसाय भगत और किशोर कुल्लू की सक्रिय भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और पुलिस टीम की सतर्कता से यह कार्रवाई सफल हो सकी।

एसएसपी ने दिया सख्त संदेश, जनता से सहयोग की अपील

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन शंखनाद के तहत जिले में मवेशी तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों पर लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। गौवंश की अवैध तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से अपील है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।”

लगातार कार्रवाई से तस्करों में भय का माहौल

रायगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई से मवेशी तस्करों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध तस्करी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पशु क्रूरता जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

Leave Your Comment

Click to reload image