ताजा खबरें


बड़ी खबर

09 से 18 फरवरी तक आयोजित होगा वजन त्यौहार,06 वर्ष से कम आयु के बच्चों के पोषण स्तर का होगा समग्र आकलन

रायगढ़, 2 फरवरी 2026/ जिले में 06 वर्ष से कम आयु के बच्चों के पोषण स्तर के सटीक आकलन हेतु समुदाय की सक्रिय सहभागिता के साथ वजन त्यौहार का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार यह अभियान 09 से 18 फरवरी तक जिले के समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में आयोजित किया जाएगा।
           उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जिले में वजन त्यौहार का आयोजन 12 सितंबर 2023 से 23 सितंबर 2024 तक किया गया था। कलेक्टर द्वारा संबंधित अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर क्लस्टरवार तिथियों का निर्धारण सुनिश्चित करें, ताकि सभी पात्र बच्चों का वजन समय पर लिया जा सके। वजन त्यौहार के दौरान बच्चों का वजन, लंबाई एवं ऊँचाई मापी जाएगी। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर कुपोषण की वास्तविक स्थिति का आकलन कर प्रत्येक बच्चे की जानकारी निर्धारित सॉफ्टवेयर में दर्ज की जाएगी। इसके माध्यम से कुपोषित बच्चों का अद्यतन डाटाबेस तैयार किया जाएगा, जिससे उनके लिए लक्षित पोषण एवं स्वास्थ्य हस्तक्षेप सुनिश्चित किया जा सके।
            कलेक्टर ने जिले के 06 वर्ष तक के सभी बच्चों के पालकों से अपील की है कि वे अनिवार्य रूप से अपने बच्चों को निकटतम आंगनबाड़ी केन्द्र में लेकर आएं और वजन त्यौहार में सहभागिता करें, ताकि बच्चों के पोषण स्तर की सही जानकारी प्राप्त हो सके और समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

और भी

प्रधानमंत्री श्रम-योगी मानधन व एनपीएस ट्रेडर्स योजना के पंजीयन हेतु 4 फरवरी को लगेगा शिविर

रायगढ़, 2 फरवरी 2026/ भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए संचालित प्रधानमंत्री श्रम-योगी मानधन योजना एवं एनपीएस ट्रेडर्स योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के पंजीयन हेतु 4 फरवरी को शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर नगर निगम रायगढ़ में दोपहर 12 बजे से आयोजित होगा। शिविर के माध्यम से नवीन श्रम पंजीयन, नवीनीकरण एवं योजना से संबंधित आवेदन किया जाएगा। इच्छुक व पात्र श्रमिक आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक खाता विवरण एवं मोबाइल नंबर के साथ शिविर स्थल पर उपस्थित होकर पात्रता जांच करवा सकते हैं और योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। 
           सहायक श्रमायुक्त रायगढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री श्रम-योगी मानधन योजना के तहत फेरी लगाने वाले, कचरा बीनने वाले, हमाल, रिक्शा चालक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका, मितानिन, वनोपज श्रमिक, भूमिहीन व कृषि श्रमिक, मध्यान्ह भोजन रसोइया, चमड़ा व हाथकरघा उद्योग, मनरेगा, बीड़ी उद्योग सहित अन्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिक शामिल हो सकते हैं। योजना का लाभ 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के वे श्रमिक ले सकते हैं, जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपये से कम है तथा जो ईपीएफओ, ईएसआईसी या एनपीएस सरकारी के सदस्य या आयकर दाता नहीं हैं।
            योजनांतर्गत हितग्राही को आयु के अनुसार 55 रुपये से 200 रुपये प्रतिमाह अंशदान जमा करना होगा, जिसके बराबर अंशदान भारत सरकार द्वारा दिया जाएगा। 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 3 हजार रुपये प्रतिमाह न्यूनतम पेंशन देय होगी। हितग्राही की मृत्यु की स्थिति में उत्तराधिकारी को 50 प्रतिशत पेंशन का लाभ मिलेगा। वहीं, 60 वर्ष से पूर्व योजना से बाहर होने पर जमा राशि ब्याज सहित वापस की जाएगी।

और भी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत जनकल्याणकारी बजट को आमजन ने बताया भविष्य के लिए लाभकारी, क्षेत्रवासियों ने जताई आभार और समर्थन

केंद्रीय बजट सभी वर्गों को ध्यान में रखकर किया गया तैयार - अमित मिश्रा 

बजट में गंभीर बीमारी सहित 17 प्रकार की आवाश्यक दवाईयों पर कर में दिया गया छूट 

जशपुर 2 फरवरी 2026/ केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत हालिया केंद्रीय बजट को लेकर क्षेत्र के नागरिकों ने इसे देशहित में बताया है। कुनकुरी शहर निवासी श्री राजकुमार गुप्ता ने कहा कि बजट में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी सहित 17 प्रकार की आवश्यक दवाइयों पर कर में छूट तथा ग्रीन कॉरिडोर के लिए प्रावधान किया जाना आमजन के लिए लाभकारी कदम है। उन्होंने इसे स्वास्थ्य क्षेत्र को सशक्त करने वाला बजट बताते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसी क्रम में श्री अमित मिश्रा ने भी केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि आयकर अधिनियम 2025 के अंतर्गत ₹75,000 की छूट से मध्यम वर्ग को विशेष राहत मिलेगी। साथ ही बजट में स्वास्थ्य, युवाओं और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे आने वाले समय में हजारों नई नौकरियों के अवसर सृजित होंगे। श्री मिश्रा ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रस्तुत इस जनकल्याणकारी बजट के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

और भी

नगरीय क्षेत्रों में असंगठित श्रमिकों के भविष्य को सुरक्षित करने बड़ा कदम, श्रम योगी मानधन योजना के तहत 15 फरवरी तक चलेंगे विशेष पंजीयन शिविर

जशपुरनगर, 02 फरवरी 2026/ प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना अंतर्गत नगरपालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में विशेष पंजीयन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से पात्र असंगठित श्रमिकों का पंजीयन कार्य 15 फरवरी 2026 तक सतत रूप से किया जाएगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य असंगठित क्षेत्र में कार्यरत फुटकर विक्रेता, रिक्शा चालक, निर्माण श्रमिक, घरेलू श्रमिक, कचरा बिनने वाले, कृषि श्रमिक, बीड़ी श्रमिक, मोची, हस्तकरघा श्रमिक, धोबी, चमड़ा कार्य से जुड़े श्रमिक, अंतर्राज्यीय श्रमिक सहित अन्य असंगठित व्यवसायों से जुड़े श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।
      योजना के अंतर्गत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के भविष्य को सुरक्षित करते हुए 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने के पश्चात् प्रति माह  3,000 की सुनिश्चित पेंशन प्रदान की जाती है। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के साथ ही विशेष शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजना की जानकारी देकर उनका अधिक से अधिक पंजीयन कराया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ सभी पात्र श्रमिकों तक पहुँचना चाहिए और कोई भी योग्य व्यक्ति इससे वंचित न रहे।

        *प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना*

असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को 60 वर्ष के आयु पश्चात् मासिक पेंशन प्रदाय करने के लिये भारत सरकार, श्रम एंव रोजगार मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है। इस योजना में 18 से 40 वर्ष आयु समूह के असंगठित श्रमिक  जिनकी मासिक आमदनी 15 हजार से कम हो योजना में शामिल हो सकते हैं। इस योजना के तहत्  55 से 200 रुपए तक अगल-अगल आयु समूह के अनुसार प्रतिमाह अंशदान देय होगा एंव अंशदान के बराबर के राशि भारत सरकार, श्रम मंत्रालय के द्वारा देय होगा।
   60 वर्ष के पश्चात् प्रत्येक श्रमिक को 3000 रुपए न्यूनतम प्रतिमाह पेंशन देय होगा, योजना में शामिल श्रमिक की 60 वर्ष पूर्व मृत्यु हो जाने पर उसके नॉमित द्वारा निर्धारित अंशदान देय होगा,  60 वर्ष की आयु पश्चात् पेंशन हितग्राही की मृत्यु हो जाने पर उसके नामित को 50 प्रतिशत पेंशन देय होगी। यदि कोई अंशदाता 60 वर्ष आयु के पूर्व योजना से बाहर होना चाहता है तो उसे उस समय तक उसके खाते में जमा राशि नये ब्याज के साथ एकमुश्त वापस कर दिया जावेगा।

और भी

अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू ने जनदर्शन में सुनी आमजन की समस्याएँ,अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी निराकरण के दिए निर्देश

जशपुरनगर 02 फरवरी 2026/ अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू ने आज जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में आम नागरिकों से सीधे रूबरू होकर उनकी समस्याएँ एवं मांगों की जानकारी ली। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन किया और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
      अपर कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्यवाही की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे उन्हें अपनी समस्या के समाधान की स्थिति स्पष्ट रूप से ज्ञात हो सके। उन्होंने जनसुविधाओं से जुड़े प्रकरणों पर संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया। आज आयोजित जनदर्शन में कुल 40 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से राजस्व प्रकरण, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, अधोसंरचना निर्माण, आजीविका उन्नयन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने संबंधित आवेदन शामिल थे।

और भी

प्रशासन गाँव की ओर—जनता के द्वार पहुँचेगी शासन की योजनाएँ,जिले में 6 से 27 फरवरी तक 32 ग्राम पंचायतों में सुशासन शिविरों का होगा व्यापक आयोजन

जशपुरनगर 02 फरवरी 2026/ जिले में शासन की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने तथा योजनाओं से वंचित हितग्राहियों को संतृप्त करने के उद्देश्य से जिले के समस्त विकासखण्डों के क्लस्टर ग्राम पंचायतों में सुशासन शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 6 से 27 फरवरी तक 32 ग्राम पंचायतों में लगेगी। जिला स्तरीय शिविर 11 फरवरी को ग्राम पंचायत बोखी में आयोजित की जाएगी। इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, साथ ही पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, व्यक्तिगत शौचालय, मनरेगा, आयुष्मान कार्ड, दिव्यांग कार्ड, नामांतरण-बंटवारा, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नल-जल जैसी सेवाओं के लिए आवेदन भी प्राप्त कर निराकरण किया जाएगा।

       जिले में सुशासन शिविरों की शुरुआत 6 फरवरी 2026 से होगी। इस दिन चराईडांड, बड़ाबनाई, कोदोपारा एवं तिरसोठ ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। इसके पश्चात 9 फरवरी को खटंगा, इचोली, चंद्रपुर एवं जुरतेला ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। 13 फरवरी को बासुदेवपुर, फुलझर, पिलखी एवं पंगसुवा ग्राम पंचायत में सुशासन शिविर आयोजित होंगे। इसी क्रम में 16 फरवरी को लोरो, खुटगाँव, मुड़ापारा, नन्हेसर एवं पुत्रीचौरा ग्राम पंचायतों में सुशासन शिविर आयोजित किए जाएंगे। 20 फरवरी को भंडरी, भेलवां, करडीह एवं बटईकेला ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे। 23 फरवरी को खरवाटोली, बम्हनमारा, गिद्धा एवं नकबार ग्राम पंचायतों में सुशासन शिविर लगाए जाएंगे। इसके बाद 26 फरवरी को केराडीह, खारपानी एवं करदना ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। 27 फरवरी को जोकारी, कोहपानी, एवं सागीभावना, सोनक्यारी ग्राम पंचायतों में सुशासन शिविर लगाए जाएंगे।

      कलेक्टर श्री रोहित व्यास द्वारा विकासखण्ड स्तरीय शिविरों के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पत्थलगांव, फरसाबहार, जशपुर, बगीचा एवं कुनकुरी को नोडल अधिकारी तथा संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शिविरों में तहसीलदार, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन परिक्षेत्र अधिकारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ कृषि अधिकारी, उद्यान अधीक्षक, महिला-बाल विकास विभाग, खाद्य निरीक्षक, पशुपालन, रेशम विभाग, पंचायत अमला, आंगनबाड़ी, मितानिन, एनआरएलएम, कोटवार, पटवारी सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
कलेक्टर श्री व्यास ने निर्देशित किया है कि सभी नोडल अधिकारी शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक शिविर के उपरांत पालन प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत करें। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुँचे और कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे।

और भी

विश्व वेटलैंड दिवस पर नीमगांव जलाशय में प्रशिक्षण कार्यशाला एवं स्वच्छता अभियान का हुआ आयोजन

  

*जशपुरनगर 02 फरवरी 2026/* विश्व वेटलैंड दिवस के अवसर पर विगत दिवस जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत की मुख्य अतिथ्यि एवं वनमण्डलाधिकारी जशपुर श्री शशि कुमार की अध्यक्षता में नीमगांव जलाशय परिसर में प्रशिक्षण कार्यशाला एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।  
             कार्यक्रम का शुभारंभ वेटलैंड के संरक्षण, संवर्धन एवं उन्हें स्वस्थ बनाए रखने की शपथ के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को वेटलैंड के पारिस्थितिकीय महत्व, जैव विविधता संरक्षण, जल संरक्षण एवं स्थानीय आजीविका में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वेटलैंड की साफ-सफाई बनाए रखने, प्लास्टिक कचरे के दुष्प्रभावों तथा जलाशयों को प्रदूषण से मुक्त रखने के साथ-साथ जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया, जिसे उपस्थित ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों द्वारा सराहा गया। इसके पश्चात जलाशय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई।
            इस अवसर पर अधिक संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्कूल के लगभग 100 छात्र-छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा वेटलैंड संरक्षण को एक सतत जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं संरक्षणात्मक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने पर बल दिया गया।

और भी

युवा मोर्चा के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव के आगमन पर जशपुर बनेगा सियासी उत्सव का केंद्र 05 फरवरी को जशपुर में भाजपा युवा मोर्चा की ताकत का प्रदर्शन, विजय आदित्य सिंह जूदेव के स्वागत में भव्य रैली

जशपुरनगर :- भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव के प्रथम जशपुर आगमन पर दिनांक 05 फरवरी 2026, बुधवार को जिलेभर में भव्य स्वागत रैली एवं स्वागत समारोहों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर युवा मोर्चा एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्वागत यात्रा की शुरुआत प्रातः 09:30 बजे लवाकेरा से होगी। इसके पश्चात क्रमशः तपकरा (10:30 बजे), फरसाबहार (12:00 बजे), दोकड़ा (01:30 बजे), बगिया (02:00 बजे) एवं कुनकुरी (03:00 बजे) में स्वागत एवं उद्बोधन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कुनकुरी में हनुमान टेकरी में पूजा-अर्चना, श्री अटल परिसर एवं स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके उपरांत जूदेव प्रतिमा से कुनकुरी बस स्टैंड तक भव्य स्वागत रैली निकाली जाएगी।
दोपहर पश्चात चरईडाइ (04:15 बजे), पतराटोली (04:25 बजे), बालाछापर (04:45 बजे) तथा गम्हरिया (05:00 बजे) में स्वागत समारोह एवं बाइक रैली आयोजित की जाएगी। जशपुर में आगमन पर स्व. श्री दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा, भगवान बालाजी एवं माँ काली मंदिर, तथा महाराजा चौक स्थित श्री राजा विजय भूषण सिंह जूदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम प्रस्तावित है।
सायं 06:00 बजे बस स्टैंड जशपुर में स्वागत एवं उद्बोधन के पश्चात बस स्टैंड से भाजपा कार्यालय तक पदयात्रा निकाली जाएगी, जहाँ कार्यक्रम का समापन होगा।
इस कार्यक्रम का आयोजन भा.ज.यु.मो. वृषभ गोपाल कश्यप एवं विकास राजा सोनी के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजकों ने जिलेभर के कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

और भी

अंबिकापुर के प्रबुद्धजनों और व्यापारियों ने केंद्रीय बजट को बताया ’विकासोन्मुखी’; बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य राहत की हुई सराहना


अंबिकापुर 01 फरवरी 2026/ 
  केंद्रीय बजट 2026-27 के प्रस्तुतीकरण के पश्चात सरगुजा संभाग के मुख्यालय अंबिकापुर में उत्साह का माहौल देखा गया। वित्त मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री ओपी चौधरी की उपस्थिति में बजट श्रवण कर रहे नगर के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, व्यापारियों और प्रबुद्धजनों ने बजट को ’समावेशी’ और ’विकसित भारत’ की आधारशिला बताया है।

इन्फ्रास्ट्रक्चर और रोजगार पर फोकस
भारत विकास परिषद की प्रांतीय कार्यसमिति के सदस्य सीए शरद अग्रवाल ने बजट का विश्लेषण करते हुए कहा कि यह बजट पूरी तरह से बुनियादी ढांचे (Infrastructure) के विकास पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पीपीपी (PPP)) मॉडल पर जोर देने से न केवल विकास कार्यों को गति मिलेगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के स्वतः अवसर सृजित होंगे। पिछले 11 वर्षों में 25 करोड़ लोगों का गरीबी रेखा से बाहर आना सरकार की ’अंत्योदय’ नीति की बड़ी सफलता है।

व्यापारी वर्ग में हर्षः  MSME और ITR नियमों में राहत
व्यापारिक जगत ने बजट के प्रावधानों का पुरजोर स्वागत किया है। कैट (CAIT) के प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल ने एमएसएमई (MSME) क्षेत्र के लिए 10,000 करोड़ रुपये के प्रावधान को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे छोटे उद्यमियों और व्यापारियों को नई ऊर्जा मिलेगी। वहीं, कैट के प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र तिवारी और अग्रवाल महासभा के उपाध्यक्ष समीर अग्रवाल ने ’आयकर रिटर्न’ (ITR) में संशोधन (Revision) की प्रक्रिया को सरल बनाने के निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि मामूली टैक्स के साथ आईजीआर रिवाइज करने की सुविधा से व्यापारियों को तकनीकी त्रुटियों के कारण होने वाली परेशानियों से मुक्ति मिलेगी।

स्वास्थ्य और पर्यावरणः आम आदमी को मिली बड़ी सौगात
बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर की गई घोषणाओं ने आम नागरिकों को बड़ी राहत दी है। सभी ने एक सुर में कैंसर सहित 10 गंभीर बीमारियों की जीवन रक्षक दवाओं पर टैक्स कम करने के निर्णय को ’संवेदनशील कदम’ बताया। कैट के पूर्व जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र गुप्ता ने कहा कि यह बजट गरीब, मरीज और व्यापारी तीनों के हितों का संरक्षण करता है। साथ ही, ग्रीन एनर्जी और सोलर सिस्टम के दामों में कमी से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

सरगुजा के विकास को मिलेगी गति
व्यापारी संगठन का मानना है कि इस बजट से न केवल देश बल्कि छत्तीसगढ़ और विशेषकर सरगुजा अंचल के व्यापारिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। व्यापारियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के प्रति इस ’संतुलित और दूरदर्शी’ बजट के लिए आभार व्यक्त किया है।
और भी

अम्बिकापुर : वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने अंबिकापुर में प्रबुद्धजनों के साथ सुना केंद्रीय बजट; देश की नारी शक्ति का प्रतीक केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी ने लगातार 9वीं बार बजट पेश कर बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्डः श्री ओपी चौधरी


अंबिकापुर 01 फरवरी 2026/   छत्तीसगढ़ शासन में वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास और पर्यावरण, योजना और आर्थिक एवं सांख्यिकी एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओपी चौधरी ने आज जिला मुख्यालय अंबिकापुर के सर्किट हाउस में नगर के प्रबुद्धजनों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स(CA), व्यापारिक संगठनों, चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के साथ केंद्रीय बजट 2026-27 का सीधा प्रसारण देखा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शहर के बुद्धिजीवी और नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने बजट के तकनीकी पहलुओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।

ऐतिहासिक रिकॉर्ड और राजनीतिक स्थिरता
बजट श्रवण के पश्चात मीडिया और जनसमूह को संबोधित करते हुए श्री ओपी चौधरी ने कहा कि आज का दिन भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक है। केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी ने लगातार 9वीं बार बजट प्रस्तुत कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में जो राजनीतिक स्थिरता आई है, उसी का परिणाम है कि सरकार इतने कड़े और दूरदर्शी निर्णय ले पा रही है।

छत्तीसगढ़ के लिए रेलवे का ’स्वर्ण युग’
प्रदेश के संदर्भ में चर्चा करते हुए वित्त मंत्री ने विशेष रूप से रेलवे सेक्टर पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के पिछले 11 वर्षों के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ में रेलवे बुनियादी ढांचे के लिए पूंजीगत व्यय (Capex) में 22 गुना की वृद्धि हुई है। यह राज्य के औद्योगिक और सामाजिक विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

बजट के मुख्य आकर्षण और विजन
विकसित भारत 2047ः श्री चौधरी ने कहा कि यह बजट केवल एक वर्ष का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि 2047 तक भारत को ’विकसित राष्ट्र’ बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। समावेशी विकास (Inclusive Growth): पिछले 11 वर्षों में सरकार की नीतियों के कारण 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा (BPL) से बाहर आए हैं, जो हमारी समावेशी विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

आधुनिक तकनीक पर जोर
बजट में एआई (AI) मिशन, क्रिटिकल मिनरल्स, वाटरवेज, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और हाई-स्पीड रेलवे जैसे भविष्योन्मुखी विषयों को प्राथमिकता दी गई है। पूंजीगत व्यय (capex): देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूंजीगत व्यय में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने इस शानदार, लोक-कल्याणकारी और भविष्योन्मुखी समावेशी बजट के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण और केंद्र सरकार का हृदय से अभिनंदन किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

कार्यक्रम दौरान छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, सभापति श्री हरिमन्दर सिंह टिन्नी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, एसडीएम श्री फागेश सिन्हा सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
और भी

विकसित भारत की संकल्पना को साकार करेगा 2026-27 का बजट: रायगढ़ में उत्साह, हर वर्ग ने सराहा

​रायगढ़ 01 फरवरी 2026/ केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट का रायगढ़ जिले में भव्य स्वागत हुआ है। जिले के जनप्रतिनिधियों, किसानों, युवाओं और व्यापारियों ने इसे 'मील का पत्थर' बताते हुए एक दूरदर्शी बजट करार दिया है। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, रायगढ़ नगर निगम महापौर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की लखपति दीदियों तक, हर चेहरे पर बजट के प्रावधानों को लेकर संतोष और उम्मीद की लहर देखी गई है।
     वित्तमंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि ये बजट 2047 के विकसित भारत की हमारी ऊंची उड़ान का मजबूत आधार है। आज भारत जिस रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है, इस बजट से उसे नई ऊर्जा, नई गति मिलेगी। जो पाथ ब्रेकिंग रिफॉर्म किए गए हैं, वो आकांक्षा से भरे हुए भारत के साहसिक, प्रतिभाशाली युवाओं को उड़ने के लिए खुला आसमान देते हैं। नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह बजट गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग के उत्थान के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट न केवल वर्तमान की जरूरतों को पूरा करता है, बल्कि 'विकसित भारत' की राह में एक मजबूत आधारशिला भी रखता है। ​जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल ने बजट को ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि बेटियों के लिए हर जिले में हॉस्टल की स्थापना से महिला शिक्षा और सुरक्षा को नया बल मिलेगा। साथ ही, महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने और 'एक जिला एक उत्पाद' पर फोकस करने से ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। श्रीमती गबेल ने पशुपालन में ऋण सब्सिडी और 500 अमृत सरोवरों के विकास की पहल की भी सराहना की, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी।
     ​जिले के युवाओं और छात्र वर्ग में भी बजट को लेकर खासा उत्साह है। डिजिटल स्किल्स और एनीमेशन लैब्स की स्थापना के निर्णय का स्वागत करते हुए युवाओं ने कहा कि स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग पर जोर देने से वे स्वयं उद्यमी बनने की दिशा में अग्रसर हो सकेंगे। इसी तरह, स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए भी यह बजट नई खुशियां लेकर आया है। तमनार विकासखंड की श्रीमती सुरेखा राठिया और रायगढ़ विकासखंड की श्रीमती शिल्पा सोनी ने कहा कि 'लखपति दीदी' योजना का विस्तार और 'शी मार्ट' की स्थापना उनके लिए संजीवनी साबित होगी, जिससे स्थानीय उत्पादों को एक बेहतर बाजार और पहचान मिलेगी। ​बजट की अन्य विशेषताओं की बात करें तो स्वास्थ्य क्षेत्र में बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे कैंसर और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी।
     व्यापारियों के अनुसार, आयकर प्रक्रिया का सरलीकरण और आयात शुल्क में कटौती से मोबाइल, कपड़े, जूते और ईवी बैटरी जैसी रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होंगी। सरिया इस्पात पूर्व संघ अध्यक्ष श्री कमल अग्रवाल ने उद्योगों के विकास के लिए की गई पहलों को सराहा है। इसके अलावा, बजट में दिव्यांगजनों के कौशल विकास और सहकारी समितियों को दी गई रियायतों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचने की उम्मीद है। समग्र रूप से, यह बजट 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र को साकार करता नजर आ रहा है।

और भी

जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, परीक्षार्थियों की रही अच्छी उपस्थिति ,दोनों पालियों में 90 प्रतिशत से अधिक परीक्षार्थी हुए शामिल

रायगढ़, 1 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा आज रायगढ़ जिले में व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। इस परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिले में कुल 77 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें प्राथमिक स्तर के लिए 30 और माध्यमिक स्तर के लिए 47 केंद्र निर्धारित थे। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखा गया, जिसके परिणामस्वरूप दोनों ही पालियों में उपस्थिति का औसत 90 प्रतिशत से अधिक रहा। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, प्रथम पाली में 8,235 परीक्षार्थियों में से 7,401 उपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली में 13,059 में से 11,950 परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
         परीक्षा के दौरान नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया गया। व्यापम के निर्देशानुसार परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले ही केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए थे। सुरक्षा के लिहाज से तैनात पुरुष एवं महिला कर्मी द्वारा सभी परीक्षार्थियों की गहन जांच की गई और केवल मूल पहचान पत्र के आधार पर ही प्रवेश की अनुमति दी गई। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पूरी प्रक्रिया को इतना सुव्यवस्थित रखा गया कि कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। प्रशासनिक स्तर पर इस परीक्षा की निगरानी के लिए कलेक्टर द्वारा डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। उनके सहयोग के लिए सहायक नोडल अधिकारियों और तहसीलदार व नायब तहसीलदार के नेतृत्व में उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया था। इन दलों ने दिन भर विभिन्न परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। अधिकारियों की इसी सक्रियता और मुस्तैदी के कारण जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।

और भी

10 फरवरी को सजेगा मुख्यमंत्री कन्या विवाह का भव्य मंडप, 190 जोड़े लेंगे सात फेरे

रायगढ़, 1 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आगामी 10 फरवरी को रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में खुशियों की शहनाई गूंजने वाली है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस विशाल सामूहिक विवाह समारोह में जिले की विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं से आए 190 जोड़े एक-दूजे का हाथ थामेंगे। इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होकर नव-दंपत्तियों को अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं प्रदान करेंगे। समारोह को गरिमामय और सफल बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री एल.आर.कच्छप ने सभी परियोजना अधिकारियों को तैयारियों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।  
           उल्लेखनीय है कि रायगढ़ जिले को इस वर्ष कुल 300 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य मिला था, जिसमें से 110 जोड़ों का सफल विवाह पहले ही संपन्न कराया जा चुका है और अब 10 फरवरी को 190 और जोड़ों के साथ इस लक्ष्य को पूरा किया जा रहा है। शासन की इस योजना के तहत प्रत्येक नव-वधु को आर्थिक संबल देने के लिए कुल 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है, जिसमें 35 हजार रुपये का चेक या बैंक ड्राफ्ट सीधे कन्या को दिया जाता है। इसके अतिरिक्त 7 हजार रुपये वर-वधु के परिधान व श्रृंगार सामग्री पर तथा 8 हजार रुपये भव्य विवाह समारोह के आयोजन पर व्यय किए जाते हैं। इस योजना का लाभ उन परिवारों को मिलता है जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करते हैं या मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के पात्र हितग्राही हैं। कन्या का छत्तीसगढ़ निवासी होना और यह उसका प्रथम विवाह होना अनिवार्य है। शासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज में फिजूलखर्ची रोककर आदर्श विवाह को बढ़ावा देना, बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं पर अंकुश लगाना और गरीब परिवारों के पिता के आत्मसम्मान को सुरक्षित रखते हुए बेटियों की विदाई सम्मानपूर्वक संपन्न कराना है।

और भी

मोदी सरकार ने कर दिखाया: बजट 2026-27 से आमजन को राहत, युवाओं को ताक़त और किसानों को सम्मान—विकसित भारत अब सपना नहीं, संकल्प की जीत

*विकसित भारत की रफ्तार बढ़ाने वाला, आमजन-युवा-किसान को ताकत देने वाला बजट : भाजपा*

जशपुर 1 फरवरी 2026
केंद्रीय बजट 2026-27 के प्रस्तुत होते ही भाजपा कार्यालय जशपुर सहित जिले के सभी मंडलों में बजट का सामूहिक श्रवण किया गया। भाजपा नेताओं ने इस बजट को *प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को जमीन पर उतारने वाला, रिफॉर्म्स को नई गति देने वाला और देश को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में निर्णायक कदम* बताया।

सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष *श्रीमती गोमती साय* ने कहा कि
“प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने स्पष्ट किया है कि भारत केवल तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनकर संतुष्ट नहीं रहेगा, बल्कि जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। यह बजट अपार अवसरों का राजमार्ग है। गंभीर बीमारियों की जीवनरक्षक दवाओं को सस्ता कर सरकार ने आमजन की पीड़ा को समझने का काम किया है, वहीं इंफ्रास्ट्रक्चर और सामाजिक क्षेत्रों में निवेश से आदिवासी अंचलों का कायाकल्प होगा।”

जशपुर विधायक *श्रीमती रायमुनी भगत* ने कहा कि
“आयकर छूट सीमा 12 लाख रुपये करना मध्यम वर्ग को सीधी और बड़ी राहत है। यह बजट वर्तमान के सपनों को साकार करने वाला और भविष्य की नींव मजबूत करने वाला है। महिला, किसान और युवा—तीनों को केंद्र में रखकर यह बजट तैयार किया गया है।”

भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री *कृष्ण कुमार राय* ने कहा कि
“देश में रिफॉर्म एक्सप्रेस पूरी रफ्तार से दौड़ रही है। सनराइज सेक्टर, रेयर अर्थ कॉरिडोर, क्रिटिकल मिनरल्स, टेक्सटाइल और हाईटेक टूल मैन्युफैक्चरिंग पर फोकस यह दिखाता है कि सरकार केवल आज नहीं, आने वाले दशकों की तैयारी कर रही है। यह बजट स्किल, स्केल और सस्टेनेबिलिटी का मजबूत आधार है।”

पूर्व राज्यसभा सांसद *रणविजय सिंह जूदेव* ने कहा कि
“यह एक यूनिक बजट है, जिसमें फिस्कल डेफिसिट को काबू में रखते हुए हाई कैपेक्स और हाई ग्रोथ का बेहतरीन संतुलन बनाया गया है। हाई स्पीड रेल कॉरिडोर और टियर-2 व टियर-3 शहरों के विकास से भारत की विकास यात्रा को नई रफ्तार मिलेगी।”

जिला पंचायत अध्यक्ष *सालिक साय* ने कहा कि
“प्रधानमंत्री जी ने कहा है कि देश की सबसे बड़ी पूंजी उसके नागरिक हैं और यही सोच इस बजट में साफ दिखाई देती है। डेयरी, नारियल, काजू और कोको किसानों को प्राथमिकता, भारत विस्तार ऐप के माध्यम से किसानों को उनकी भाषा में जानकारी—ये फैसले गांव और किसान को आर्थिक रूप से मजबूत करेंगे।”

भाजपा जिलाध्यक्ष *श्री भरत सिंह* ने कहा कि
“यह ‘युवा शक्ति बजट’ है। ऑरेंज इकोनॉमी, पर्यटन, खेलो इंडिया, डेटा सेंटर हब बनने की दिशा में टैक्स छूट और हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल निर्माण जैसे फैसले युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएंगे। यह बजट भारत के आत्मविश्वास और वैश्विक नेतृत्व की घोषणा है।”


केंद्रीय बजट 2026-27 : निर्णायक बिंदु

* गंभीर बीमारियों की जीवनरक्षक दवाएँ सस्ती
* आयकर छूट सीमा बढ़ाकर 12 लाख रुपये
* युवाओं के लिए रोजगार, स्किल और स्टार्टअप को बढ़ावा
* महिलाओं के लिए एसएचजी, गर्ल्स हॉस्टल और आर्थिक सशक्तिकरण
* किसान, डेयरी और बागवानी क्षेत्र को प्राथमिकता
* हाई स्पीड रेल, इंफ्रा और टियर-2/3 शहरों का विकास
* सनराइज सेक्टर और डेटा सेंटर हब को प्रोत्साहन
* फिस्कल अनुशासन के साथ हाई ग्रोथ का स्पष्ट रोडमैप

    जिला भाजपा कार्यालय जशपुर में मुख्य रूप से जिला भाजपा उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, नपा उपाध्यक्ष युवराज यशप्रताप सिंह जूदेव, संतोष सिंह, सुधीर पाठक, मुकेश सोनी, फैज़ान सरवर खान, शरद चौरसिया, राजा सोनी, दीपू मिश्रा, राहुल गुप्ता, मानू सोनी, सज्जू खान, सतीश गोस्वामी, विनोद निकुंज, रागिनी भगत, सावित्री निकुंज, चंदन गुप्ता, अभ्युदय मिश्रा, नमित सिंह, निखिल गुप्ता सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

और भी

दूरस्थ गांवों तक पहुंची विकास की सवारी: मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से स्वास्थ्य, शिक्षा और बाजार तक आसान हुई पहुंच

जशपुरनगर, 01 फरवरी 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर शुरू की गई मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना  जिले के दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों के ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। यह योजना उन गांवों के लिए वरदान साबित हो रही है, जहां अब तक बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। इस योजना से लाभान्वित सन्ना निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सुनीता निकुंज बताती हैं कि पहले उन्हें आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंचने के लिए किसी से लिफ्ट लेनी पड़ती थी या फिर पैदल अथवा निजी वाहन से जाना पड़ता था। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यह बेहद कठिन होता था, लेकिन मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना शुरू होने से उनकी यह समस्या पूरी तरह दूर हो गई है। वे कहती हैं कि अब यह बस उनके लिए एक सुरक्षित और भरोसेमंद साधन बन गई है।
    इसी तरह ग्राम मरंगी निवासी श्री दशरथ भगत बताते हैं कि पहले इस मार्ग पर बस नहीं चलती थी, जिससे उन्हें रोज़मर्रा के कामों के लिए पैदल ही आना-जाना करना पड़ता था। अब बस सेवा शुरू होने से वे आसानी से बगीचा पहुंच जाते हैं और समय पर वापस भी लौट आते हैं। वहीं श्री मंगलराम का कहना है कि पहले वे छिछली और चंपा जैसे बाजारों तक पैदल जाया करते थे, लेकिन अब बस सेवा से उन्हें काफी सुविधा हो गई है और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने विशेष रूप से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए आवागमन को सरल बनाया है। पहले जहां निजी वाहनों या महंगे साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था, अब नियमित बस सेवा से उन्हें बड़ी राहत मिली है।

*जिले में 8 रूटों पर हो रहा है बस संचालन*

ग्रामीणों की राह आसान बनाने के उद्देश्य से जिले में 8 रूटों पर मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का संचालन किया जा रहा है। इनमें सन्ना से चंपा, दोकड़ा से दुलदुला, रनपुर से कांसाबेल, तेलाईन से फरसाबहार, कैलाश गुफा से बगीचा, दुलदुला से अबिरा, कोतबा से बुलडेगा तथा जशपुर से हर्री रूट शामिल हैं। प्रत्येक बस अपने निर्धारित रूट पर प्रतिदिन चार बार आवागमन कर रही है, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीण नियमित रूप से इस सेवा का लाभ ले रहे हैं। इस योजना से न केवल यात्रा सुगम हुई है, बल्कि ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा संस्थानों, बाजारों और प्रशासनिक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय तक पहुंचने में भी बड़ी सुविधा मिली है। जशपुर जैसे पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में यह योजना विकास की नई राह खोल रही है।

*स्वास्थ्य, शिक्षा और अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव*

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायत से लेकर जिला मुख्यालय तक निर्बाध बस कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना है, ताकि ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और बाजार जैसी आवश्यक सेवाओं तक आसानी से पहुंच मिल सके। योजना की दीर्घकालिक सफलता सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा बस संचालकों को वायबिलिटी गैप फंडिंग प्रदान की जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त होकर दूरस्थ क्षेत्रों में निरंतर सेवा दे सकें। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिल रहा है। योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा में पूर्ण छूट दिए जाने का प्रावधान है, जो सामाजिक समावेशन और संवेदनशील शासन का सशक्त उदाहरण है। ग्रामीणों ने इस बस सेवा को क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

और भी

आज का दैनिक राशिफल: मेष से मीन तक 12 राशियों का राशिफल

♈ मेष राशि

आज का दिन उत्साह और निर्णय क्षमता से भरा रहेगा। कार्यक्षेत्र में नई ज़िम्मेदारी मिल सकती है, जिसे आप पूरी निष्ठा से निभाएंगे। अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। आर्थिक मामलों में सोच-समझकर कदम उठाएँ, अनावश्यक खर्च से बचें। पारिवारिक वातावरण सुखद रहेगा, छोटे विवाद स्वतः सुलझ सकते हैं।
स्वास्थ्य: सिरदर्द या थकान हो सकती है, आराम ज़रूरी।
शुभ रंग: लाल | शुभ अंक: 9

♉ वृषभ राशि

आज का दिन धैर्य और संयम की परीक्षा ले सकता है। नौकरीपेशा लोगों को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ेगी। व्यापार में लाभ के संकेत हैं, लेकिन साझेदारी में सावधानी रखें। घर-परिवार में किसी वरिष्ठ का मार्गदर्शन लाभ देगा।
स्वास्थ्य: पेट से जुड़ी समस्या संभव, खान-पान संतुलित रखें।
शुभ रंग: सफेद | शुभ अंक: 6

♊ मिथुन राशि

आज संपर्क और संवाद आपके लिए लाभकारी सिद्ध होंगे। रुके हुए काम गति पकड़ेंगे। मीडिया, लेखन, शिक्षा और संचार क्षेत्र से जुड़े लोगों को विशेष सफलता मिलेगी। मित्रों से सहयोग मिलेगा।
स्वास्थ्य: मानसिक तनाव से बचें, ध्यान करें।
शुभ रंग: हरा | शुभ अंक: 5

♋ कर्क राशि

आज भावनाओं में बहने से बचें। कार्यक्षेत्र में स्थिरता बनी रहेगी, लेकिन निर्णय लेते समय सोच-विचार ज़रूरी है। पारिवारिक मामलों में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। माता से सहयोग मिलेगा।
स्वास्थ्य: नींद की कमी परेशानी दे सकती है।
शुभ रंग: सफेद | शुभ अंक: 2

♌ सिंह राशि

आज सम्मान और प्रतिष्ठा में वृद्धि के योग हैं। नेतृत्व क्षमता निखरेगी। राजनीति, प्रशासन या प्रबंधन से जुड़े लोगों के लिए दिन अनुकूल है। प्रेम संबंधों में मधुरता आएगी।
स्वास्थ्य: रक्तचाप या हृदय संबंधी सावधानी रखें।
शुभ रंग: सुनहरा | शुभ अंक: 1

♍ कन्या राशि

आज का दिन मेहनत और अनुशासन का है। नौकरी में स्थायित्व रहेगा। व्यापार में लाभ धीरे-धीरे बढ़ेगा। दस्तावेज़ी कामों में सावधानी रखें। परिवार में सहयोग मिलेगा।
स्वास्थ्य: कमर या जोड़ों में दर्द संभव।
शुभ रंग: आसमानी | शुभ अंक: 5

♎ तुला राशि

आज संतुलन और समझदारी से काम लें। आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। दांपत्य जीवन में मधुरता आएगी। कला, फैशन और सौंदर्य से जुड़े लोगों को लाभ होगा।
स्वास्थ्य: त्वचा या एलर्जी की समस्या हो सकती है।
शुभ रंग: गुलाबी | शुभ अंक: 6

♏ वृश्चिक राशि

आज गोपनीय कार्यों में सफलता मिलेगी। विरोधी परास्त होंगे। नौकरी में पदोन्नति के संकेत हैं। निवेश सोच-समझकर करें। भावनात्मक रूप से दिन गहरा रहेगा।
स्वास्थ्य: तनाव से दूर रहें।
शुभ रंग: गहरा लाल | शुभ अंक: 8

♐ धनु राशि

आज भाग्य का साथ मिलेगा। धार्मिक या आध्यात्मिक कार्यों में मन लगेगा। यात्रा के योग हैं। शिक्षा और प्रतियोगिता में सफलता मिल सकती है।
स्वास्थ्य: सामान्य रहेगा, लेकिन आलस्य से बचें।
शुभ रंग: पीला | शुभ अंक: 3

♑ मकर राशि

आज जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ सकता है, लेकिन आप उसे कुशलता से संभालेंगे। नौकरी में वरिष्ठों का विश्वास मिलेगा। परिवार में किसी महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा होगी।
स्वास्थ्य: हड्डियों और घुटनों का ध्यान रखें।
शुभ रंग: नीला | शुभ अंक: 4

♒ कुंभ राशि

आज नवीन सोच और योजनाएँ फलीभूत होंगी। मित्रों के साथ मिलकर कोई बड़ा काम शुरू हो सकता है। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी।
स्वास्थ्य: थकान महसूस हो सकती है।
शुभ रंग: बैंगनी | शुभ अंक: 7

♓ मीन राशि

आज मन कल्पनाशील और संवेदनशील रहेगा। कला, संगीत और रचनात्मक क्षेत्र में सफलता मिलेगी। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। आर्थिक मामलों में सतर्क रहें।
स्वास्थ्य: सर्दी-जुकाम से बचाव करें।
शुभ रंग: हल्का पीला | शुभ अंक: 2

और भी

36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का जशपुर में भव्य समापन, डीआईजी–एसएसपी के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा को लेकर आमजन में जागरूकता का बड़ा अभियान

36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन

हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिया गया जागरूकता संदेश

जशपुरनगर, 31 जनवरी।
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा मनाए गए 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शनिवार को एसडीओपी कार्यालय परिसर, जशपुर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के साथ विधिवत समापन किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों एवं छात्राओं को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित ड्राइविंग तथा सड़क सुरक्षा के महत्व के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। समापन अवसर पर हाइवे पर होने वाली दुर्घटनाओं में त्वरित सहायता एवं अपराधों की रोकथाम के लिए हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने सड़क सुरक्षा नियमों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव, नशे की हालत में वाहन न चलाना तथा यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात से ही जीवन की सुरक्षा संभव है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार एवं डीएफओ श्री शशि कुमार ने भी सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए आमजन से जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को स्वयं की तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।

इस दौरान जशपुर पुलिस द्वारा ‘सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा’ थीम पर निबंध, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समापन अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों ने सामूहिक रूप से सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि एक माह तक चले राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान जशपुर पुलिस द्वारा हाट-बाजारों में वीडियो एवं फोटो के माध्यम से यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके साथ ही विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में नुक्कड़ नाटक, हेलमेट बाइक रैली तथा ऑटो रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक किया गया। एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड एवं नेहरू युवा केंद्र के युवाओं द्वारा भी चौक-चौराहों पर जाकर आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के पश्चात डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह तथा जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार द्वारा हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वाहन लोरो घाट से कुनकुरी तक 24 घंटे नियमित पेट्रोलिंग करेगा। किसी भी दुर्घटना या घटना की स्थिति में पेट्रोलिंग टीम द्वारा त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर किसी भी दुर्घटना की जानकारी तुरंत मोबाइल नंबर 9479193699 पर दें। पुलिस की हाइवे पेट्रोलिंग टीम 24 घंटे सेवा के लिए तत्पर रहेगी।

और भी

शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों की मिसाल रहे प्राचार्य तिनतियुस टोप्पो का सेवानिवृत्ति पर भव्य सम्मान समारोह

जशपुर। विकास खंड मनोरा के लोकप्रिय वरिष्ठ प्राचार्य तिनतियुस टोप्पो को शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला खरसोता के प्रांगण में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्यों शिक्षकों ग्राम वासियों छात्रों अभिभावकों के द्वारा विदाई दी गयी। विदाई कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय कॉलेज मनोरा के प्राचार्य शांति प्रकाश भगत मुख्य सम्मानित अतिथि दिनेश्वर प्रधान पूर्व बीडीसी विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक श्री आशुतोष शर्मा के द्वारा किया गया इस अवसर पर खरसोता सरपंच श्रीमती पद्मावती ओहदार शाला प्रबंधन एवं विकास समिति अध्यक्ष मेघनाथ ओहदार प्रवीण पाठक प्रधान पाठक डूमर टोली राजेन्द्र यादव प्रधान पाठक सोगडा एवं अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
    ग्रामीणों  छात्रों के द्वारा प्राचार्य का स्वागत पारंपरिक सांस्कृतिक ढंग से नृत्य गीत मांदर के थाप पर कर विधालय प्रांगण लाया गया वरिष्ठ व्याख्याता जगमईत भगत एवं निर्मला भगत  के द्वारा स्वागत भाषण  एवं रोपना उरांव सर के द्वारा प्राचार्य महोदय के जीवन परिचय का वाचन किया गया विधालय के छात्र छात्राओं के द्वारा विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गये। आशुतोष शर्मा बीआरसी मनोरा ने कहा कि आदमी के कार्यों की सदैव गुणगान होती है तिनतियुस जी ने प्रधान पाठक एवं प्राचार्य कै रूप मैं जो कार्य किया है वो सदैव याद किए जाएंगे मुख्य अतिथि प्राचार्य शांतिप्रकाश ने अपने पुराने दिनों को याद कर तिन्तियुस जी को अपना मित्र एवं मार्गदर्शक बताया अंत में सेवानिवृत्त प्राचार्य ने कार्यक्रम के आयोजकों उपस्थित जनसमुदायों शाला समिति सदस्यों छात्रों को भारी मन से कार्यक्रम के लिए धन्यवाद दिया।

     इस अवसर पर विधालय द्वारा सामुहिक भोज का आयोजन किया गया था जहां छात्रों शिक्षकों सम्मानित अतिथियों के सामुहिक भोजन पश्चात कार्यक्रम का समापन किया गया । कार्यक्रम को व्यवस्थित करने में सर्वश्री दिनेश कुमार राम बीना कुजूर सुसन्ना एक्का मीना भगत अजित मिश्रा रामपति सायं अंजना तिग्गा लीलावती भगत एवं अमरूत राम का सहयोग रहा।

और भी