ताजा खबरें


बड़ी खबर

श्री रामलला दर्शन योजना के तहत जिले से 112 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना,मुख्यमंत्री की पहल से साकार हो रहा श्रद्धालुओं का सपना

रायगढ़, 4 फरवरी 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच और संवेदनशील पहल का परिणाम आज रायगढ़ जिले में देखने को मिला, जब श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत 112 श्रद्धालुओं का 15वां जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। वर्षों से मन में संजोया गया श्री रामलला के दर्शन का सपना श्रद्धालुओं के लिए साकार हो रहा है।
            यात्रा के समय श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह, भक्ति और भावनात्मक उल्लास देखने को मिला। जय श्रीराम के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उनके जीवन की सबसे बड़ी आध्यात्मिक उपलब्धि है। एक तीर्थयात्री ने भावुक स्वर में कहा कि बचपन से रामायण में रामजन्मभूमि की कथाएँ सुनते आए हैं, आज पहली बार उसी पावन भूमि पर कदम रखने का सौभाग्य मिलने जा रहा है। यह पल शब्दों से परे है-आँखें नम हैं और मन आनंद से भरा हुआ है।
            श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, भोजन, आवास एवं आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। श्रद्धालुओं को रायगढ़ से बिलासपुर रेलवे स्टेशन तक पहुँचाया गया, जहां से वे विशेष ट्रेन द्वारा अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। यात्रियों के मार्गदर्शन और सहयोग हेतु अधिकारियों की टीम भी जत्थे के साथ भेजी गई है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाओं के साथ विदाई दी तथा उनके सुरक्षित, सुखद और सफल दर्शन की कामना की।

और भी

प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला 9 फरवरी को आईटीआई रायगढ़ में,जिले के शिक्षित युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास का सुनहरा बड़ा अवसर

रायगढ़, 4 फरवरी 2026। राज्य शासन की मंशानुरूप तथा कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले के शिक्षित, प्रशिक्षित एवं तकनीकी युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) रायगढ़ में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला  का आयोजन आगामी 9 फरवरी 2026, सोमवार को किया जा रहा है। यह मेला जिले के युवाओं के लिए सीखते हुए कमाने और उद्योगों से सीधे जुड़ने का एक सुनहरा अवसर प्रदान कर सकता है। 
 प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके अंतर्गत युवाओं को वास्तविक औद्योगिक परिवेश में व्यावहारिक प्रशिक्षण, कार्य-अनुभव एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। इस मेले के माध्यम से जिले के आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं अन्य तकनीकी एवं गैर-तकनीकी योग्यताधारी युवाओं को सीधे उद्योगों में अप्रेंटिसशिप एवं भविष्य के रोजगार से जोड़ा जाएगा।

*212 रिक्त पदों पर होगा प्रत्यक्ष चयन*

प्रशिक्षण अधिकारी ने बताया कि मेले के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों द्वारा कुल 212 रिक्त पदों पर प्रत्यक्ष साक्षात्कार के माध्यम से चयन की प्रक्रिया की जाएगी। इसमें जिंदल साउथ वेस्ट (जेएसडब्ल्यू) द्वारा फिटर, वेल्डर, कोपा, टर्नर, कारपेंटर एवं पेंटर; हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा इलेक्ट्रीशियन, फिटर, बीएससी केमिस्ट्री एवं बीए सोशियोलॉजी; एमएसपी जामगांव के लिए फिटर, इलेक्ट्रीशियन एवं वेल्डर; आरकेएम पावर जनरेशन लिमिटेड द्वारा कोपा; आर आर एनर्जी लिमिटेड में फिटर; श्री बजरंग मोटर्स रायगढ़ में डीजल मैकेनिक, फिटर एवं वेल्डर; जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड में टेक्नीशियन तथा सुमन इंड एग्रो प्राइवेट लिमिटेड में किसी भी स्नातक, इंजीनियरिंग डिप्लोमा एवं आईटीआई कोपा योग्यताधारी युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध होंगे।

*प्रशिक्षण के साथ मिलेगा निर्धारित स्टाइपेंड*

प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान भारत सरकार द्वारा निर्धारित स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। इससे युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ आर्थिक संबल भी प्राप्त होगा। यह योजना युवाओं की कौशल दक्षता बढ़ाने, उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने तथा भविष्य में स्थायी रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करने में सहायक हो सकता है। 
मेले के साथ-साथ रीजनल डायरेक्टरेट ऑफ स्किल डेवलपमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप एवं नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के तत्वावधान में नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन भी किया जाएगा। इस कार्यशाला में जिले के समस्त उद्योगों के प्रतिनिधि, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र रायगढ़ तथा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के अधिकारी सहभागिता करेंगे। कार्यशाला का उद्देश्य उद्योगों को अप्रेंटिसशिप से जोड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है।

*प्रत्येक तीन माह में होता है आयोजन*

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला का आयोजन प्रत्येक जिले में तीन माह में एक बार, तथा प्रत्येक माह के द्वितीय सोमवार को नियमित रूप से किया जाता है, जिससे युवाओं को निरंतर रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध हो सकें।
जिला प्रशासन एवं रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग ने जिले के सभी पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि को आईटीआई रायगढ़ पहुंचकर इस रोजगारोन्मुखी पहल का अधिकतम लाभ उठाएं। प्लेसमेंट एवं अप्रेंटिसशिप से संबंधित विस्तृत जानकारी आईटीआई रायगढ़ की वेबसाइट से अथवा संस्था में सीधे संपर्क कर प्राप्त की जा सकती है।

और भी

विधानसभा सत्र के दौरान पत्राचार समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

रायगढ़, 4 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ विधानसभा का षष्ठम विधानसभा का अष्टम सत्र सोमवार 23 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर शुक्रवार 20 मार्च 2026 तक आहूत किया गया है। विधानसभा सत्र के दौरान प्राप्त होने वाले तारांकित एवं अतारांकित प्रश्नों, स्थगन प्रस्ताव, आश्वासन, ध्यानाकर्षण, अशासकीय संकल्प, याचिका तथा लोक लेखा समिति से संबंधित पत्राचार एवं जानकारी निर्धारित समय-सीमा में शासन एवं वरिष्ठ कार्यालय को उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है।
          कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी द्वारा जारी आदेश के अनुसार संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल को इस कार्य हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी द्वारा विधानसभा सत्र अवधि में संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक सूचनाएं संकलित कर समयबद्ध रूप से प्रेषित की जाएगी।

और भी

प्रीमियम विदेशी मदिरा दुकान की निविदा खोलने की तिथि में परिवर्तन

रायगढ़, 4 फरवरी 2026/ प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रीमियम विदेशी मदिरा दुकान, कबीर चौक रायगढ़ हेतु आमंत्रित निविदा खोलने की तिथि पूर्व में 06 फरवरी 2026 को अपरान्ह 4 बजे निर्धारित की गई थी। अपरिहार्य कारणों के चलते अब उक्त निविदा खोलने की तिथि परिवर्तित कर 10 फरवरी कर दी गई है। निविदा पूर्व निर्धारित समयानुसार अपरान्ह 4 बजे ही खोली जाएगी।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय  बगिया पहुंचे,  हुआ आत्मीय आगमन

जशपुरनगर, 04 फरवरी 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज ग्राम बगिया, विकासखंड कांसाबेल पहुंचे। हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

सिविल सेवा में चयनित मधु साहू को मिली 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, दिव्यांग प्रतिभा को मिला संबल

रायगढ़, 3 फरवरी 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने एवं उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा क्षितिज अपार संभावनाएं सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना संचालित की जा रही है। इसी क्रम में रायगढ़ जिले की मेधावी दिव्यांग कु. मधु साहू को सिविल सेवा में चयनित होने पर 50 हजार रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। यह राशि दिव्यांग व्यक्ति (समान अवसर, अधिकारों का संरक्षण एवं पूर्ण भागीदारी) अधिनियम 1995 के तहत दी गई है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में योजना का बेहतर संचालन समाज कल्याण विभाग, रायगढ़ द्वारा प्रभावी रूप से किया जा रहा है, जिसके माध्यम से दिव्यांग युवाओं को सिविल सेवाओं के लिए प्रोत्साहन एवं आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है।
             उप संचालक समाज कल्याण ने जानकारी देते हुए बताया कि कु. मधु साहू, पिता श्री तुलाराम साहू, निवासी ग्राम एवं पोस्ट तमनार, विकासखण्ड तमनार, जिला रायगढ़, 40 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग हैं। उनका चयन छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा में छ.ग. अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी (वित्त विभाग) के पद पर हुआ है। चयन सूची की मुख्य सूची में सरल क्रमांक 22 पर उनका नाम दर्ज है। समाज कल्याण विभाग में 23 दिसंबर 2024 को प्राप्त आवेदन के परीक्षण उपरांत हितग्राही को पात्र पाया गया। इसके पश्चात कार्यालयीन आदेश के अनुसार दिनांक 29 जनवरी 2025 को प्रोत्साहन राशि 50 हजार रुपये उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। जिला प्रशासन द्वारा पारदर्शी व्यवस्था के तहत लाभार्थी को समयबद्ध सहायता प्रदान की गई।
       प्रोत्साहन राशि प्राप्त होने पर कु. मधु साहू ने बताया कि इस आर्थिक सहयोग से उनकी आगे की तैयारी को नई दिशा, ऊर्जा एवं आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

*सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने पर दिव्यांगों को एकमुश्त प्रोत्साहन राशि का प्रावधान*
योजना के अंतर्गत 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले, छत्तीसगढ़ के मूल निवासी दिव्यांग व्यक्तियों को संघ एवं छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने पर एकमुश्त प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इसके तहत प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने पर 20 हजार रुपये, मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने पर 30 हजार रुपये तथा संघ/छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में अंतिम चयन होने पर 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

और भी

एफएलएन लक्ष्य की दिशा में प्रधान पाठकों की संकुल स्तरीय बैठक आयोजित,2027 तक एफएलएन प्राप्ति के लिए ठोस रणनीति पर जोर

रायगढ़, 3 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश एवं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.के.व्ही.राव के मार्गदर्शन में विकास खंड रायगढ़ में शिक्षा विभाग द्वारा प्राथमिक शालाओं के 37 संकुलों को 6 जोन में विभाजित कर सभी प्रधान पाठकों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य बच्चों की पढ़ने-लिखने और गणितीय दक्षता को बढ़ाने के लिए गतिविधि आधारित रणनीतियों पर चर्चा करना रहा। इस दौरान कार्यशाला के माध्यम से विद्यालयों की शैक्षणिक प्रगति का आकलन भी किया गया।
           बैठक में कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों की पठन क्षमता का विश्लेषण किया गया, जिसमें यह देखा गया कि कितने बच्चे अटक-अटक कर पढ़ते हैं, कितने पढ़ नहीं पाते और कितने धाराप्रवाह हिंदी पठन में सक्षम हैं। इसी तरह गणित में जोड़, घटाव, गुणा और भाग की समझ रखने वाले बच्चों के आंकड़े भी प्रस्तुत किए गए। इन आंकड़ों के आधार पर बच्चों के लिए नियमित पठन समय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
           बैठक में यह सुझाव दिया गया कि विद्यालयों में रीडिंग कॉर्नर को सक्रिय किया जाए, जहाँ बच्चे कहानी पढ़ें, अपनी भाषा में सुनाएँ और पढ़ी गई कहानी को अपने शब्दों में लिखें। साथ ही साझा पठन और समूह पठन जैसी गतिविधियों को नियमित रूप से अपनाने पर बल दिया गया। शिक्षकों को बच्चों के साथ मिलकर हावभाव के साथ कहानी पढ़ने और सुनाने की सलाह दी गई, जिससे बच्चों की पठन, लेखन और मौखिक अभिव्यक्ति की दक्षता में वृद्धि हो सके। सत्र के निरीक्षण के लिए पहुँचे बीईओ श्री संजय पटेल ने प्रधान पाठकों को निर्देशित करते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ने की दक्षता में हर हाल में सुधार होना चाहिए, तभी वर्ष 2027 तक एफएलएन का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकेगा। वहीं बीआरसीसी श्री मनोज अग्रवाल ने संकुल बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों की समीक्षात्मक समीक्षा करते हुए एफएलएन प्राप्ति के लिए प्रभावी और व्यावहारिक रणनीतियाँ तैयार करने पर जोर दिया।

और भी

बीटी सड़क निर्माण में अनियमितता पर जिला प्रशासन का कड़ा एक्शन , लगातार शिकायतों पर कलेक्टर का औचक निरीक्षण, घटिया निर्माण उजागर

रायगढ़, 3 फरवरी 2026/ जिले में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए सख्त रुख अख्तियार किया है। नगर पालिक निगम रायगढ़ के वार्ड क्रमांक 42 सोनूमुड़ा में बीटी सड़क निर्माण में अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गंभीर तकनीकी खामियां और गुणवत्ता से समझौता सामने आया, जिसके बाद तत्काल सघन जांच कराई गई।
            निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि राज्य शासन द्वारा 1 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से बन रही बीटी सड़क के निर्माण में ठेकेदार संजय केडिया की फर्म द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण यह रहा कि नई बनी सड़क की ऊपरी परत कई स्थानों पर उखड़ने लगी, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया। कलेक्टर ने मौके पर ही पीडब्ल्यूडी एवं नगर पालिका अधिकारियों की उपस्थिति में तकनीकी जांच कराई, जिसमें निर्माण में गंभीर कमियां प्रमाणित हुईं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने ठेकेदार एवं नगर निगम के कार्यपालन अभियंता को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि तीन दिवस के भीतर सड़क की समस्त खामियों को दूर कर गुणवत्ता के अनुरूप दुरुस्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय-सीमा में सुधार कार्य पूरा नहीं होने की स्थिति में संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी, साथ ही दोषी इंजीनियरों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
          कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि सड़क निर्माण की मानक गुणवत्ता जांच अनिवार्य रूप से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से कराई जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि जनहित के विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और भविष्य में सड़क निर्माण सहित सभी कार्यों की सतत निगरानी कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, कार्यपालन अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

आम नागरिकों से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं-कलेक्टर , लंबित प्रकरणों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए सख्त निर्देश

रायगढ़, 3 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की समीक्षा बैठक में जिले के विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों का क्रियान्वयन केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि इनका शत-प्रतिशत लाभ जमीनी स्तर पर पात्र हितग्राहियों तक पहुँचे।

*मुख्यमंत्री के संभावित रायगढ़ दौरे को लेकर तैयारियों के निर्देश*
           बैठक में कलेक्टर ने बताया कि 14 फरवरी को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का रायगढ़ आगमन संभावित है। इसे देखते हुए उन्होंने समस्त निर्माण एजेंसियों एवं विभागीय प्रमुखों को लोकार्पण एवं भूमिपूजन योग्य कार्यों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम की तैयारियों में पूरी गंभीरता से जुटने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा।

*राजस्व प्रकरणों की गहन समीक्षा*
         कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए अविवादित एवं विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, डायवर्सन तथा त्रुटि सुधार जैसे लंबित प्रकरणों की तहसीलवार विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संबंधित नियमों का गहन अध्ययन कर नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में लैंडबैंक निर्माण के लिए तहसीलवार उपयुक्त शासकीय भूमि चिन्हांकन की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने राजस्व अभिलेखों के अद्यतीकरण की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए राजस्व अधिकारियों को इसे प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभाग प्रमुखों को भूमि आवंटन से संबंधित प्रकरणों में बिना विलंब तत्काल अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों।

*निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश*
            कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि जिले में चल रहे कार्यों में मानक गुणवत्ता का शत-प्रतिशत पालन किया जाए तथा कार्यों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिले में नवीन पर्यटन स्थलों के चिन्हांकन एवं विकास, सामुदायिक सहभागिता से जल संरक्षण एवं जलस्रोतों के रिचार्ज तथा नल-जल योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं संधारण की भी समीक्षा की गई।

*आधार संतृप्तिकरण एवं स्वास्थ्य-पोषण कार्यक्रमों पर विशेष फोकस*
           कलेक्टर ने 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के आधार पंजीयन, लंबित बायोमेट्रिक अपडेट तथा 100 वर्ष से अधिक आयु के आधार धारकों के सत्यापन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिए कि जिले में एनीमिया एवं कुपोषण में प्रभावी कमी लाने के लिए संयुक्त कार्य योजना बनाकर परिणाममूलक ढंग से कार्य किया जाए, जिससे बाल विकास के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सके।

*स्पर्श लेप्रोसी अवेयरनेस अभियान एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा*
           बैठक में स्वास्थ्य विभाग की गहन समीक्षा करते हुए आयुष्मान कार्ड पंजीयन, पीवीसी कार्ड वितरण, सिकल सेल, हाइपरटेंशन, टेलीमेडिसिन की प्रगति पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने ‘स्पर्श लेप्रोसी अवेयरनेस अभियान’ के तहत ग्राम स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन 50 बिस्तर के क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल के कार्य को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा। जिला खाद्य एवं औषधि नियंत्रण अधिकारी को रोस्टर अनुसार मेडिकल स्टोरों की औचक जांच कर अमानक एवं नशीली दवाओं की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने तथा होटल एवं रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

*पीएम स्वनिधि, श्रम-योगी मानधन एवं डीएमएफ कार्यों पर निर्देश*
            कलेक्टर ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को मिलने वाले गारंटी-मुक्त ऋण के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री श्रम-योगी मानधन योजना एवं एनपीएस ट्रेडर्स योजना के माध्यम से रिक्शा चालक, मितानिन, रसोइया सहित असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को पेंशन सुरक्षा से जोड़ने हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने रबी सीजन में किसानों को धान के स्थान पर दलहन एवं तिलहन फसलों को अपनाने तथा नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया जैसी आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। इसके साथ ही खाद्य विभाग को शासकीय उचित मूल्य दुकानों में राशन भंडारण एवं चावल उत्सव के सुचारू संचालन के निर्देश दिए गए। उन्होंने डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय में पूर्ण करने कहा। इस अवसर पर डीएफओ रायगढ़ श्री अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, श्री रवि राही, डॉ.प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री राकेश गोलछा, श्रीमती पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

शासन की योजनाओं को जमीन पर उतारने वाले कर्मठ कर्मचारियों को मिला सम्मान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने उत्कृष्ट कार्य के लिए किया प्रशस्ति पत्र वितरण

रायगढ़, 3 फरवरी 2026/ राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने वाले कर्मठ शासकीय सेवकों के उत्साहवर्धन हेतु प्रारंभ की गई अभिनव पहल के अंतर्गत आज कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया। जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के लगभग एक दर्जन कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय कार्य, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
          कलेक्टर ने कहा कि शासन की किसी भी योजना की सफलता की वास्तविक नींव विभागीय कर्मचारी होते हैं। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और अथक परिश्रम के कारण ही शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँच पाता है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन का यह निरंतर प्रयास है कि कर्मचारियों के मनोबल को ऊँचा बनाए रखा जाए और उन्हें बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाए। इसी उद्देश्य से उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को समय-समय पर सम्मानित करने की यह पहल शुरू की गई है।

*प्रत्येक माह की 01 तारीख को विभागों में होंगे सम्मान कार्यक्रम*
कलेक्टर ने जिले के सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन में जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को चिन्हित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह की 01 तारीख को संबंधित विभागों में ऐसे कर्मचारियों को सम्मानित किया जाए, जिससे कर्मचारियों में कार्य के प्रति सकारात्मक प्रतिस्पर्धा, नई ऊर्जा एवं समर्पण की भावना का विकास हो सके।

*01 फरवरी 2026 से राज्य भर में लागू हुआ यह नवाचार*
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, गति एवं गुणवत्ता लाने के उद्देश्य से इस विशेष नवाचार की शुरुआत 01 फरवरी 2026 से की गई है। इस व्यवस्था के अंतर्गत शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं एवं कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों को सम्मानित कर उनकी सेवाओं को सार्वजनिक रूप से पहचान दी जा रही है। इस अवसर पर डीएफओ रायगढ़ श्री अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, श्री रवि राही, डॉ.प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री राकेश गोलछा, श्रीमती पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

विधानसभा सत्र के दौरान बिना अनुमति अवकाश व मुख्यालय छोड़ने पर रोक-कलेक्टर

रायगढ़, 3 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिले के समस्त विभागों में पदस्थ एवं कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आदेशित किया है कि विधानसभा सत्र की अवधि में वे सक्षम प्राधिकारी की पूर्वानुमति के बिना न तो अवकाश पर रहेंगे और न ही मुख्यालय त्यागेंगे। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का षष्ठम विधानसभा का अष्ठम सत्र सोमवार 23 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर शुक्रवार, 20 मार्च 2026 तक आहूत किया गया है। 
           विधानसभा सत्र के दौरान प्राप्त होने वाले तारांकित एवं अतारांकित प्रश्नों, स्थगन प्रस्ताव, शून्यकाल, ध्यानाकर्षण सूचनाओं, आश्वासनों, अशासकीय संकल्पों, याचिकाओं तथा लोक लेखा समिति से संबंधित पत्राचार एवं सूचनाओं पर निर्धारित समयावधि में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि बिना स्वीकृत अवकाश पर जाने अथवा मुख्यालय छोड़ने की स्थिति में संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के साथ-साथ उनके कार्यालय प्रमुख भी इसके लिए उत्तरदायी होंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

और भी

खनिज परिवहन कर रहे सभी वाहनों पर तिरपाल व रेडियम रिफ्लेक्टर अनिवार्य,अवैध परिवहन पर बढ़ी पेनाल्टी, ओवरलोड वाहनों पर होगी कड़ी कार्रवाई

रायगढ़, 3 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी की अध्यक्षता में आज जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतत निगरानी एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 
            बैठक में निर्णय लिया गया कि खनिज परिवहन कर रहे सभी वाहनों को अनिवार्य रूप से तिरपाल से ढंककर परिवहन करना होगा। इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पर्यावरण विभाग एवं परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से निगरानी करने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए खनिज परिवहन कर रहे वाहनों के पीछे पर्याप्त मात्रा में रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जाने का भी निर्णय लिया गया। कलेक्टर ने इस संबंध में पुलिस विभाग एवं परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 
           बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भार क्षमता से अधिक खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जिला परिवहन अधिकारी को ऐसे मामलों में लगातार एवं कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अवैध खनिज परिवहन पर लगाई जाने वाली शास्ति राशि के पुनर्निर्धारण पर चर्चा करते हुए समिति ने निर्णय लिया कि ट्रैक्टर से अवैध खनिज परिवहन के मामलों में 20 हजार रुपये तथा टिपर, डम्पर, हाइवा एवं ट्रेलर के मामलों में 50 हजार रुपये की शास्ति राशि के साथ खनिज का निर्धारित बाजार मूल्य वसूल किया जाएगा।
            कलेक्टर ने कहा कि अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी श्री अरविंद पीएम सहित संबंधित अधिकारी और जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति के सदस्यगण मौजूद रहे।

और भी

ग्राम स्तरीय शिविरों में सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने विशेष कार्ययोजना बनने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

जशपुरनगर, 03 फरवरी 2026/  कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी योजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्त कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा करते हुए ओडीएफ प्लस मॉडल, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, गांवों में कचरा संग्रहण व्यवस्था, हाट-बाजारों की नियमित साफ-सफाई, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों का निर्माण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट तथा स्वच्छता श्रमदान की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
       महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने  पीएम जनमन योजना अंतर्गत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों एवं शौचालयों के निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मातृत्व वंदन योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी कार्य भी समय पर पूर्ण करने के भी निर्देश दिए। खाद्य विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने राशन कार्डों के ई-केवाईसी कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध राशन कार्डों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसमें जांच, डुप्लीकेट कार्ड निरस्त करना एवं अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाना शामिल है, ताकि केवल पात्र एवं जरूरतमंद हितग्राहियों को ही शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने 20 फरवरी को आयोजित होने वाले चावल उत्सव की सभी आवश्यक तैयारियाँ समय पर पूर्ण करने हेतु भी निर्देशित किया। इसके अलावा उज्ज्वला योजना 3.0 के अंतर्गत सुशासन तिहार में आए आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने और विशेष पिछड़ी जनजाति समुदायों एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को इस योजना का लाभ दिलाने को कहा।
     मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री व्यास ने निस्तारी तालाबों को छोड़कर अन्य शासकीय तालाबों का नियमानुसार पट्टा प्रदान करने के निर्देश दिए, जिससे जरूरतमंदों को रोजगार उपलब्ध हो सके। साथ ही एनएफडीबी के अंतर्गत मछुआ पालक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित कराने तथा उन्हें केसीसी योजना से जोड़कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में पेंशन योजना के हितग्राहियों का आधार सीडिंग कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। कलेक्टर ने जिले के ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाले विभिन्न शिविरों के माध्यम से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।
    कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु प्रत्येक किसान का फार्मर आईडी कार्ड बनाना अनिवार्य है। इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर सभी किसानों की फार्मर आईडी तैयार करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में कलेक्टर श्री व्यास ने स्व-सहायता समूहों में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने, लंबित बैंक लिंकेज कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा महिलाओं द्वारा संचालित उद्यमों को ऋण वितरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

और भी

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक ली,राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण समयसीमा में सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जशपुरनगर, 03 फरवरी 2026/  कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में राजस्व विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित समस्त राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उन्होंने आधार एवं मोबाइल नंबर अद्यतन, किसान किताब प्रविष्टि, अविवादित एवं फौती नामांतरण, नक्शा अद्यतन, बटांकन, सीमांकन, ई-नामांतरण, स्वामित्व योजना, अभिलेख दुरुस्तीकरण, अभिलेख शुद्धता एवं व्यपर्वतन तथा राजस्व न्यायालय से संबंधित प्रकरणों की गहन समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी राजस्व प्रकरणों का नियमानुसार शत-प्रतिशत निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
     कलेक्टर श्री व्यास ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने सभी बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आपार आईडी सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु जन्म प्रमाण पत्र अत्यंत आवश्यक है, इसलिए इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। उन्होंने ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाले विभिन्न शिविरों के माध्यम से यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। साथ ही आरबीसी 6-4 के अंतर्गत लंबित प्रकरणों एवं पीड़ित क्षतिपूर्ति राशि संबंधी मामलों का त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि इससे प्रभावितों एवं पीड़ितों को समय पर मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जा सकेगी।

और भी

कृषि संबंधी शासकीय योजनाओं के लाभ हेतु किसान आईडी कार्ड अनिवार्य,कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने किसानों को शीघ्र अपना किसान आईडी कार्ड बनाने की अपील की

जशपुरनगर, 03 फरवरी 2026/ भारत सरकार द्वारा जारी एग्रीस्टेक  के अंतर्गत किसानों के लिए डिजिटल किसान आईडी कार्ड बनाना अनिवार्य किया जा रहा है। निकट भविष्य में समस्त कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए किसान आईडी आवश्यक होगी। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसान आईडी निर्माण हेतु व्यापक जागरूकता प्रसार करने के साथ ही   किसानों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने जिले के किसानों से अपील की है कि वे शीघ्र अपना किसान आईडी कार्ड बनवाएं और डिजिटल कृषि को बढ़ावा देने में सहभागी बनें।
    डिजिटल किसान आईडी कार्ड के माध्यम से किसानों को फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि अनुदान, सेवा सहकारी समितियों में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय तथा कृषि ऋण जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। किसान अपना डिजिटल किसान आईडी कार्ड बनवाने के लिए बी-1 , आधार कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर के साथ अपने नजदीकी लोक सेवा केंद्र में जाकर संपर्क कर सकते हैं।

और भी

पंडित रेवती रमण मिश्र स्मृति पुरस्कार में जशपुर का ऐतिहासिक दबदबा, सरगुजा संभाग की मेरिट सूची में जशपुर के मेधावी छात्र-छात्राओं ने किया शानदार प्रदर्शन

जशपुर 
पंडित रेवती रमण मिश्र स्मृति पुरस्कार शैक्षणिक सत्र 2004-05 से प्रत्येक वर्ष मेरिट लिस्ट में आए मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान किया जाता है इसी तारतम्य में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए सरगुजा शैक्षणिक संभाग जिसमें सरगुजा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी, सूरजपुर, बलरामपुर एवं जशपुर आते हैं से मेरिट में आए मेधावी विद्यार्थियों को 1 मई 2026 को पंडित रेवती रमण मिश्र फाउंडेशन कार्यालय में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में पुरस्कार के संस्थापक अनूप कुमार मिश्र के द्वारा मेरिट में आए चयनित मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि व प्रशस्ति पत्र के माध्यम से सम्मानित किया एवं उनके उज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ भी दिया एवं पंडित जी द्वारा रचित कविता "मातृभूमि का प्यार हृदय में लेकर हम जीते हैं" का गायन सभी छात्रों के साथ किया,  

कार्यक्रम में प्रभू नारायण वर्मा, शशि‌कांत दुबे, अरुण त्रिपाठी एवं चयनित मेधावी छात्र छात्राएं एवं उनके परिवार के सदस्य एवं मित्रगण विशेष रूप से उपस्थित थे.. 

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप ज्योति परम ज्योति दीप ज्योति जनार्दनः एवं सरस्वती वंदना के साथ दीप प्रज्ज्वलित करके एवं पंडित जी के चित्र पर माल्यार्पण करके किया गया एवं समापन वन्दे मातरम के सुमधुर गायन के साथ सम्पन्न हुआ 
कक्षा 10वीं के पुरस्कृत छात्र 
नमन खुंटिया जशपुर 99.17% 4000/
टीपेश प्रसाद यादव जशपुर 98.83% 3000/
युवराज पैकरा जशपुर 98.5%  2000/
अनुष्का सिंह जशपुर 98.17%  2000/
अंकित कुमार यादव जशपुर 98% 2000/
हर्षिता सिंह जशपुर 98%  2000/
पूजा चौहान जशपुर 98% 2000/
जितेंद्र बंजारे जशपुर 98.00%  2000/
संजना पैकरा पत्थलगांव 98.00%  2000/
भूमिका राजवाड़े लखनपुर 97.83%  2000/
करीना टोप्पो जशपुर‌ 97.83% 2000/
रीतू कुर्रे जशपुर 97.83% 2000/
दिव्या चौहान अंबिकापुर 97.67%  2000/
ख़ुशबू बारिक अम्बिकापुर 97.67%  2000/
माही डनसेना जशपुर‌ 97.67%  2000/
अंबिराज पहाड़िया जशपुर 96.83%  2000/
 संभाग‌ से बाहर होने के कारण कक्षा 12वीं के
श्रुति मंगतानी मनेन्द्रगढ़
निशा‌ एक्का जशपुर
रूपेश‌ लायेक‌ जशपुर
कक्षा 10वीं के 
पूर्णिमा पैंकरा जशपुर
स्तुति पाण्डे जशपुर
बंदना सिंह जनकपुर को बाद में सम्मानित किया जाएगा..
 

और भी

मोर गांव-मोर पानी से बदलेगी घरघोड़ा की तस्वीर, चेक डैम से संवरेगा जल स्तर और खेती

रायगढ़, 2 फरवरी 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में रायगढ़ जिला जल संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना मोर गांव-मोर पानी महाअभियान के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले का जल स्तर संवर रहा है और राष्ट्रीय पटल पर रायगढ़ का गौरव बढ़ रहा है। इसी क्रम में घरघोड़ा विकासखंड के तमनार क्षेत्र सहित कई ग्राम पंचायतों में चेक डैम और स्टॉप डैम निर्माण को स्वीकृति मिलने से किसानों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। सरपंचों एवं किसानों ने इस बहुप्रतीक्षित सौगात के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
           महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत रायगढ़ जिले के सभी सात विकासखंडों में जल संरक्षण और संवर्धन से जुड़े कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता दी जा रही है। जिले में डबरी, स्टॉप डैम, चेक डैम, गैब्रियन संरचना, तालाब गहरीकरण, नवीन तालाब निर्माण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, लूज बोल्डर चेक डैम, मिनी परकोलेशन टैंक एवं कुआं निर्माण जैसे कार्यों को बड़े पैमाने पर स्वीकृति प्रदान की गई है। भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार तमनार एवं पुसौर विकासखंड सेमी-क्रिटिकल श्रेणी में होने के कारण यहां जल संरक्षण पर 40 प्रतिशत व्यय किया जा रहा है, जबकि अन्य सुरक्षित विकासखंडों में 30 प्रतिशत व्यय सुनिश्चित किया गया है। इसका उद्देश्य आने वाले वर्षों में संभावित जल संकट से जिले को सुरक्षित रखना है।

*सोक पिट निर्माण का वृहद अभियान*
जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता एवं जल संवर्धन को जोड़ते हुए लक्ष्य आधारित अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 10 दिनों में 1800 सोक पिट तथा 100 दिनों में 18 हजार सोक पिट निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विशेष रूप से प्रत्येक प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही के घर के समीप एक सोक पिट का निर्माण किया जा रहा है, जिससे अपशिष्ट जल प्रबंधन के साथ-साथ भू-जल रिचार्ज सुनिश्चित हो सके।

*राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान*
जल प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए रायगढ़ जिले को जल शक्ति जन भागीदारी 1.0 के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय पुरस्कार (25 लाख रुपये) प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि से उत्साहित जिला प्रशासन अब जल शक्ति जन भागीदारी 2.0 में भी शीर्ष स्थान प्राप्त करने हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

*घरघोड़ा विकासखंड में स्वीकृत चेक डेम व स्टॉप डेम की स्वीकृति*

विकासखंड घरघोड़ा की विभिन्न ग्राम पंचायतों में निम्नानुसार जल संरक्षण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है इनमें कया ग्राम पंचायत-स्टॉप डेम निर्माण कार्य के लिए 16.681 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। इसी तरह बटुराकछार ग्राम पंचायत में स्टॉप डेम निर्माण कार्य के लिए 16.681 लाख रुपए, चिमटापानी ग्राम पंचायत में चेक डेम निर्माण के लिए 16.474 लाख रुपए, पुसल्दा ग्राम पंचायत में चेक डेम निर्माण के लिए 16.440 लाख रुपए, टेरम ग्राम पंचायत में चेक डेम निर्माण के 17.002 लाख रुपए तथा चिल्कागुड़ा ग्राम पंचायत चेक डेम निर्माण कार्य के लिए 19.778 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। 
          इन कार्यों की स्वीकृति पर सरपंच श्रीमती सुकान्ति राठिया, श्री निकेश राठिया, श्री ईंदरसाय राठिया, श्री संतुराम राठिया, श्रीमती श्यामवती राठिया एवं श्री प्रदीप कुमार राठिया सहित क्षेत्र के किसानों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने से भू-जल स्तर में वृद्धि होगी तथा प्रत्येक पंचायत में लगभग 20 से 25 एकड़ भूमि में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित होगी, जिससे किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।

और भी

जनदर्शन में सुनी गई जनसामान्य की समस्याएं,प्राप्त आवदेनों के त्वरित निराकरण के दिए गए निर्देश

रायगढ़, 2 फरवरी 2026/ जिला कलेक्टोरेट में आज जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न अंचलों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं, मांगें एवं शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश  टोप्पो ने आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित जांच एवं निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में राशन कार्ड, चिकित्सा एवं आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर श्री टोप्पो ने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
             जनदर्शन के दौरान विकासखंड पुसौर के ग्राम छिछोरउमरिया निवासी रामगोपाल चौहान एवं रामकुमार चौहान ने मकान क्षतिपूर्ति राशि दिलाए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि के कारण उनका मकान पूर्णतः क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसकी मौके पर हल्का पटवारी द्वारा जांच कर पंचायत पंचनामा प्रमाण-पत्र सहित प्रकरण तहसीलदार पुसौर के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका है। इसके बावजूद 5 से 6 माह बीत जाने के बाद भी आज तक क्षतिपूर्ति राशि प्राप्त नहीं हुई है। इसी क्रम में तहसील धरमजयगढ़ के ग्राम आमापाली निवासी लोकनाथ सिंह ठाकुर ने आवेदन देते हुए बताया कि गांव में लगभग एक वर्ष पूर्व पानी टंकी का निर्माण पूर्ण हो चुका है तथा प्रत्येक घर में नल कनेक्शन भी लगाए जा चुके हैं, किंतु अब तक नलों में जलापूर्ति प्रारंभ नहीं हो पाई है। इसके अतिरिक्त ग्राम ठाकुरदिया, खरसिया निवासी सुभाष अग्रवाल ने श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। 
             विकासखंड तमनार की ग्राम पंचायत डोलेसरा अंतर्गत ग्राम कठरापाली के ग्रामीणों ने बताया कि यहां प्राथमिक शाला संचालित है, जिसमें कक्षा पहली से पांचवीं तक के बच्चे अध्ययनरत हैं, किंतु मुख्य शाला भवन एवं अतिरिक्त कक्ष दोनों ही जर्जर अवस्था में हैं। उन्होंने बच्चों के सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त शाला भवन के निर्माण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अलावा अन्य आवेदकों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। अपर कलेक्टर श्री टोप्पो ने सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी