ताजा खबरें


बड़ी खबर

बाल संरक्षण और वैकल्पिक देखरेख में जशपुर की सार्थक पहल: बाल गृह बालिका को पोषक परिवार के सुपुर्द किया गया, बच्चों को सुरक्षित और प्रेमपूर्ण वातावरण मुहैया कराने का प्रयास

जशपुरनगर 31 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अजय शर्मा के मार्गदर्शन में बाल संरक्षण के क्षेत्र में एक और सार्थक पहल की गई। शासन की मंशा के अनुरूप निराश्रित बालक-बालिकाओं को पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्हें पोषक परिवारों के सुपुर्द किया जा रहा है। इस पहल के अंतर्गत अब तक 07 बालक-बालिकाओं को सुरक्षित रूप से पोषक परिवारों को सौंपा जा चुका है।

इसी क्रम में  बाल कल्याण समिति जशपुर द्वारा संचालित समर्पित बाल गृह बालिका जशपुर में निवासरत 01 बालिका को नियमानुसार पालन-पोषण एवं देखरेख हेतु अस्थायी आदेश पारित करते हुए पोषक परिवार को सौंपा गया। संबंधित परिवार द्वारा जिला बाल संरक्षण इकाई जशपुर में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। दस्तावेजों के विधिवत परीक्षण एवं सत्यापन के उपरांत बालिका और परिवार के बीच मैचिंग प्रक्रिया पूर्ण की गई, जिसमें बालिका ने स्वयं परिवार के साथ रहने की इच्छा व्यक्त की तथा परिवार ने भी उसे अपनाने की सहमति दी।बालिका की सहमति एवं परिवार की तत्परता को दृष्टिगत रखते हुए, बाल कल्याण समिति द्वारा पालन-पोषण एवं संरक्षण हेतु आदेश पारित किया गया, जिससे बालिका को सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और पारिवारिक वातावरण प्राप्त हो सके।

इस संपूर्ण कार्यवाही में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष नितिन राय, सदस्य संदीप पाठक, रामेश्वर विश्वकर्मा, हेमा शर्मा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी चंद्रशेखर यादव, प्रभारी संरक्षण अधिकारी रमावती सिंह, सेंट्रल ऑफ एक्सीलेंस इन अल्टरनेटिव केयर के जिला कार्यक्रम अधिकारी उमाशंकर पांडेय तथा जिला बाल संरक्षण इकाई जशपुर के अमले का विशेष सहयोग रहा।
यह पहल जिले में बाल संरक्षण और वैकल्पिक देखरेख की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे बच्चों को संस्थागत देखरेख के स्थान पर पारिवारिक स्नेह और सुरक्षा का अवसर मिल रहा है।

और भी

इंडिया इन स्पेस’ थीम पर आधारित अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम: जिले के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने का महत्वाकांक्षी प्रयास

जशपुरनगर 31 जनवरी 2026/‘इंडिया इन स्पेस’ थीम पर आधारित 4 फरवरी को आयोजित होने वाले अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम की तैयारियां  शुरू हो गई है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से आज कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार ने रणजीता स्टेडियम जशपुर में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण एवं समन्वय बैठक की। बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं दायित्वों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नोडल अधिकारी श्री अभिषेक कुमार ने कहा कि 4 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक अवसर है, जिसमें अंतरिक्ष यात्री श्री शुभांशु शुक्ला के साथ जिले के लगभग 10 हजार विद्यार्थी प्रत्यक्ष संवाद करेंगे। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से सुनिश्चित की जाएं। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रशांत कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी - कर्मचारीगण मौजूद रहे।

व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस - 

बैठक में मंच, बैठक व्यवस्था, टेंट, माइक-साउंड सिस्टम, लाइव स्ट्रीमिंग, विद्युत एवं जनरेटर, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, आपातकालीन चिकित्सा एवं एम्बुलेंस, अग्निशमन, विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही, रंगोली एवं सजावट, सेल्फी प्वाइंट, प्रदर्शनी एवं विभिन्न बौद्धिक प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए। सीईओ जिला पंचायत ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुविधा, अनुशासन एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका, शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जिले के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने का सशक्त माध्यम है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कार्यक्रम स्मरणीय, प्रेरणादायक और अनुकरणीय बने।

और भी

छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव अंतर्गत वितरण केंद्र पत्थलगांव एवं कांसाबेल में कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

जशपुरनगर, 31 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ रजत  महोत्सव के अवसर पर संचारण एवं संधारण संभाग पत्थलगांव अंतर्गत वितरण केंद्र पत्थलगांव एवं कांसाबेल में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।पत्थलगांव विकासखंड के पालीडीह में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सरपंच श्रीमती कमला सिदार ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की सराहना करते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत हितग्राही अपने घर की छत पर सौर पैनल स्थापित करा सकते हैं, जिसके लिए सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। साथ ही कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है तथा सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में अंतरित की जाएगी।
    कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सहायक यंत्री श्री मनीष खत्री ने विद्युत मंडल के 25 वर्षों की उपलब्धियों का सफरनामा प्रस्तुत करते हुए विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत पंजीकृत वेंडरों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों ने योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त कर पंजीयन भी कराया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा बीपीएल घरेलू, गैर-घरेलू, कृषक एवं सोलर श्रेणी के कुल 25 उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपसरपंच श्री भूपेन्द्र यादव, विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री श्री अमृत बेक, श्री दौलत राम चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
      इसी क्रम में वितरण केंद्र कांसाबेल अंतर्गत मंगल भवन में आयोजित समारोह की मुख्य अतिथि जनपद सदस्य श्रीमती क्षिप्रा दास ने क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था में हुए सुधार एवं प्रगति की सराहना की तथा 25 उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सहायक यंत्री श्री भानू प्रताप पटेल ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर सरपंच श्री विजय खलखो, कनिष्ठ यंत्री श्रीमती स्नेह लता टोप्पो सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

और भी

सस्ती, सुरक्षित और सतत बिजली की दिशा में बड़ा कदम, छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव अंतर्गत सीएसपीडीसीएल का जन-जागरूकता एवं सेवा-उन्मुख आयोजन

जशपुरनगर, 31 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव अंतर्गत छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा जशपुर शहर एवं जशपुर ग्रामीण वितरण केंद्रों में जन-जागरूकता एवं सेवा-उन्मुख कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने, ऊर्जा संरक्षण को प्रोत्साहित करने तथा राज्य की विद्युत व्यवस्था में किए गए नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर सौर ऊर्जा के उपयोग, स्मार्ट मीटर प्रणाली, विद्युत सुरक्षा उपायों एवं उपभोक्ता सेवा सुधार से जुड़े विषयों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
   जशपुर वितरण केंद्र कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव ने अपने संबोधन में कहा कि रजत महोत्सव केवल उत्सव भर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों एवं विकास यात्रा का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड राज्य के प्रत्येक नागरिक तक सस्ती, सुरक्षित एवं सतत विद्युत सेवा पहुँचाने की दिशा में निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी श्री विनोद पंडित, श्री लुकमान खान, श्री दिनेश कुमार त्रिपाठी, श्री अविनाश खेस सहित विद्युत विभाग के कर्मचारी, सभी वार्ड पार्षद, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

और भी

भाजयुमो के जिलाध्यक्ष विजय आदित्य ने की प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज से मुलाकात, संगठन को मजबूत करने का जताया संकल्प - शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में युवा मोर्चा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का जताया भरोसा

जशपुर 31 जनवरी 26 :   भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव का रायपुर में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। यहां जूदेव ने युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जशपुर में विजय आदित्य सिंह जूदेव के नेतृत्व से युवाओं को बेहतर दिशा और मार्गदर्शन मिलेगा तथा युवा मोर्चा का संगठन और मजबूत होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जशपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और संगठन मंत्री पवन साय का गृह जिला है, ऐसे में उनके मार्गदर्शन में जिला युवा मोर्चा नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। विजय आदित्य सिंह जूदेव की सक्रियता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक भागीदारी संगठन को सशक्त करेगी। विजय आदित्य सिंह जूदेव ने जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर कहा कि वे सभी वरिष्ठों के मार्गदर्शन में संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।

  उन्होंने आगे कहा कि वे स्वर्गीय दादा दिलीप सिंह जूदेव द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए संगठन को शीर्ष स्थान तक ले जाने का संकल्प रखते हैं। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व द्वारा विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवा शक्ति को संगठित करना, सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करना, धर्म जागरण और हिंदुत्त्व की रक्षा के लिए सतत कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। विजय आदित्य सिंह जूदेव ने परम् आदरणीय मार्गदर्शक मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, संगठन मंत्री पवन साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा, भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह, तथा भारतीय जनता पार्टी और युवा मोर्चा के सभी वरिष्ठ जनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

और भी

नीति आयोग के ’संपूर्णता अभियान 2.0’ का आकांक्षी विकास खंड लखनपुर में शुभारंभ,कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने दिखाई जागरूकता रथ को हरी झंडी,

अंबिकापुर 31 जनवरी 2026/  नीति आयोग द्वारा देश के आकांक्षी विकास खंडों में समग्र विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित ’संपूर्णता अभियान 2.0’ का आज सरगुजा जिले के आकांक्षी विकास खंड लखनपुर में शुभारंभ किया गया। छत्तीसगढ़ शासन में  पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य एवं जिला कलेक्टर श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन और जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का लक्ष्य सामाजिक सूचकांकों में 100 प्रतिशत संतृप्ति प्राप्त करना निर्धारित है।

समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति हमारी प्राथमिकताः मंत्री श्री राजेश अग्रवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन,संस्कृति,धार्मिक न्यास मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि लखनपुर विकास खंड के विकास के लिए निर्धारित सभी 06 प्रमुख संकेतकों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण जैसे बुनियादी क्षेत्रों में सुधार लाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

28 जनवरी से 14 अप्रैल तक चलेगा अभियान
संपूर्णता अभियान 2.0 का संचालन 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान छह प्रमुख संकेतकों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। जिसमें बच्चों को नियमित पूरक पोषण आहार प्रदान करना। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की मापन दक्षता (Measurement Efficiency) बढ़ाना। आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यशील शौचालय एवं पेयजल सुविधा सुनिश्चित करना। विद्यालयों में बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय की उपलब्धता। गोवंशीय पशुओं का खुरपका-मुंहपका रोग (FMD) के विरुद्ध शत-प्रतिशत टीकाकरण।

जनभागीदारी और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा संपूर्णता अभियान के पोस्टर का विमोचन किया गया और जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जनसमुदाय को अभियान की सफलता के लिए ’संपूर्णता शपथ’ भी दिलाई गई। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन संस्कार का आयोजन किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं पर आधारित सूचना स्टॉल भी लगाए गए।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सीईओ श्री विनय अग्रवाल के स्वागत उद्बोधन से हुआ। सेजस लखनपुर एवं बॉयज इंग्लिश मीडियम स्कूल की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन श्री उपेंद्र सिंह पैंकरा एवं एबीपी फेलो शुभिता शुक्ला द्वारा किया गया।

प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित
समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सावित्री, एसडीएम श्री बन सिंह नेताम, जनपद सीईओ श्री प्रकाश सिंह सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन एवं अन्य विभागों के जिला व खंड स्तरीय अधिकारी, स्थानीय सरपंच और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

और भी

जेल में पति, बाहर नशे का कारोबार! मुखबिर की एक सूचना और खुल गया नशे का जाल, ईदगाहपारा से 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त, महिला सलाखों के पीछे

जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

जशपुरनगर, 31 जनवरी 2026/
जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए साईंटांगरटोली ईदगाहपारा निवासी एक महिला को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार 800 रुपये बताई जा रही है, जप्त कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह को 30 जनवरी को एक विश्वसनीय मुखबिर से गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि साईंटांगरटोली ईदगाहपारा की आफरीन खातून अपने घर में अवैध रूप से नशीला मादक पदार्थ ब्राउन शुगर रखकर उसकी बिक्री करने की तैयारी में है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी द्वारा तत्काल थाना लोदाम प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे को टीम गठित कर दबिश देने के निर्देश दिए गए।

निर्देश के बाद थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां दबिश के दौरान आरोपिया आफरीन खातून अपने घर में मौजूद मिली। गवाहों की उपस्थिति में जब तलाशी ली गई तो घर की परछी में छिपाकर रखे गए प्लास्टिक पन्नी के पैकेट में कुल 18 छोटी-छोटी पुड़ियों में ब्राउन शुगर बरामद हुई। वजन करने पर कुल 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर पाई गई, जिसे विधिवत जप्त किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपिया ने पुलिस को बताया कि उक्त ब्राउन शुगर उसे उसके पति तस्लीम खान उर्फ चक्कर द्वारा विक्रय करने के लिए दी गई थी। उल्लेखनीय है कि आरोपिया का पति पहले से ही किसी अन्य प्रकरण में पिछले माह से जेल में बंद है। मामले में पुलिस ने आरोपिया के विरुद्ध थाना लोदाम में धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे के साथ सहायक उप निरीक्षक सहवीर भगत, प्रधान आरक्षक 128 प्रदीप लकड़ा, आरक्षक 694 राजेश गोप, महिला आरक्षक 794 लक्ष्मी बाई एवं महिला आरक्षक 801 सुष्मिता भगत की अहम भूमिका रही।

इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास हो रही अनैतिक एवं अवैध गतिविधियों की जानकारी बिना संकोच सीधे पुलिस को दें। समय पर दी गई सूचना समाज को नशे जैसी बुराइयों से बचाने में सहायक होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

और भी

गांधी पुण्यतिथि पर जिले में “स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान” का शुभारंभ -भेदभाव समाप्त कर गरिमा सुनिश्चित करने का संदेश, रैली, शपथ व स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम आयोजित


रायगढ़, 30 जनवरी 2026। महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर जिले में “स्पर्श कुष्ठ जन जागरूकता अभियान” का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 30 जनवरी से 13 फरवरी 2026 तक जिले एवं सभी विकासखंडों में संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य कुष्ठ रोग के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना, रोगियों के प्रति भेदभाव समाप्त करना तथा उनकी गरिमा सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
पुसौर में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण, निकली जागरूकता रैली
विकासखंड पुसौर में जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अविनाश चंद्रा एवं उनकी टीम द्वारा महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अवसर पर बीएमओ डॉ. विनोद नायक, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यहां जागरूकता रैली निकालकर कलेक्टर के संदेश का वाचन किया गया तथा उपस्थित लोगों को कुष्ठ रोग के प्रति भेदभाव न करने एवं जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, पुसौर में विद्यार्थियों को कुष्ठ रोग के लक्षण, बचाव एवं समय पर उपचार संबंधी जानकारी प्रदान की गई।
शहरी रायगढ़ में रैली, मेडिकल कॉलेज में रोगियों का सम्मान
रायगढ़ शहरी क्षेत्र में भी कुष्ठ जागरूकता रैली आयोजित की गई। वहीं मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुष्ठ रोगियों को विकृति से बचाव, समय पर उपचार एवं स्वच्छता संबंधी जानकारी दी गई। इस अवसर पर 30 कुष्ठ रोगियों को आमंत्रित कर उन्हें शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के डीन एवं जिले के चर्म रोग विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
सभी विकासखंडों में SLAC अंतर्गत गतिविधियां
SLAC कार्यक्रम के तहत जिले के सभी विकासखंडों में रैली निकालकर कलेक्टर का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया तथा शपथ ग्रहण कराया गया। जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अविनाश चंद्रा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा अभियान अंतर्गत सतत जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

और भी

ग्रामीण युवाओं से मजबूत जुड़ाव और संगठन के प्रति समर्पण का मिला पुरस्कार: जशपुर राजघराने से जुड़े ऊर्जावान युवा विजय आदित्य सिंह जूदेव बने भाजपा युवा मोर्चा के नए जिलाध्यक्ष,कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह


जशपुर 30 जनवरी 26 :  जशपुर जिले में युवा राजनीति को नई दिशा देते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जशपुर राजघराने से जुड़े ऊर्जावान युवा विजय आदित्य सिंह जूदेव को भाजपा युवा मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद जिलेभर में खुशियों का माहौल है, समर्थकों ने  जशपुर जिला मुख्यालय से  गांवों तक बधाइयों की झड़ी लगा दी है। उनके जिलाध्यक्ष बनने की खुशी में युवा मोर्चा के कार्यकर्त्ताओं ने जोरदार आतिशबाजी की और नारे भी लगाए.

विजय आदित्य सिंह जूदेव हमेशा से ही सामाजिक कार्यों, धर्म जागरण, युवाओं के मार्गदर्शन और खेल गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों से गहरा जुड़ाव बनाए हुए हैं। इन्हीं सक्रिय पहलों ने उन्हें युवाओं के बीच एक लोकप्रिय और प्रभावशाली नेतृत्वकर्ता के रूप में स्थापित किया है।

स्थानीय लोगों व भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं ने उनके जिला अध्यक्ष बनने पर ढेरों शुभकामनाएं दी है एवं  उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।  भाजपा युवा मोर्चा  के युवाओं को एक सशक्त व दूरदर्शी नेतृत्व मिला है.

जशपुर में उनके जिला अध्यक्ष बनने से भाजपा युवा मोर्चा को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

विजय आदित्य सिंह जूदेव ने जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर श्री विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री, श्री पवन साय संगठन मंत्री, श्री किरण सिंह प्रदेश अध्यक्ष, श्री राहुल योगराज टिकरिहा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, श्री भरत सिंह जिला अध्यक्ष सहित भारतीय जनता पार्टी के सभी वरिष्ठ जनों के प्रति आभार व्यक्त किया है

और भी

शहीदों की स्मृति में जिला कलेक्ट्रेट में मौन कार्यक्रम आयोजित , कलेक्टर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर अर्पित किए श्रद्धा सुमन

रायगढ़, 30 जनवरी 2026/ भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की स्मृति में आज जिला कलेक्ट्रेट, रायगढ़ में मौन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
          इस अवसर पर कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचार हमारे जीवन और समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। सत्य, अहिंसा, आत्मसंयम और सेवा जैसे उनके सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी के आदर्श न केवल हमें प्रेरित करते हैं, बल्कि एक समरस, शांतिपूर्ण और नैतिक समाज के निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं।
           शासन के निर्देशानुसार आज प्रातः 11 बजे जिला कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री रवि राही, संयुक्त कलेक्टर श्री राकेश गोलछा, श्रीमती पूजा बंसल सहित जिला कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स को लेकर रायगढ़ में मशाल गौरव रथ यात्रा का भव्य स्वागत,शुभंकर ‘मोर वीर’ से मिले खिलाड़ी, खेलों के महत्व और अनुशासन का दिया गया संदेश

रायगढ़, 30 जनवरी 2026/ रायगढ़ जिले में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के प्रचार-प्रसार एवं युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निकाली गई मशाल गौरव रथ यात्रा का उत्साहपूर्वक और भव्य स्वागत किया गया। छत्तीसगढ़ की मेजबानी में 14 फरवरी से आयोजित होने वाले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स को लेकर प्रदेशभर में यह रथ यात्रा निकाली जा रही है, जो विभिन्न जिलों का भ्रमण कर युवाओं और खिलाड़ियों में खेलों के प्रति उत्साह जगा रही है।
           डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण ने जानकारी देते हुए बताया कि सेंट जेवियर स्कूल बोईरदादर, रायगढ़ में खेलो इंडिया मशाल रैली रथ एवं खेलों के शुभंकर मोर वीर का विद्यालय परिवार द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री मंगल साय तिर्की, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने तालियों और नारों के साथ रथ यात्रा का अभिनंदन कर खेलों के प्रति अपना उत्साह प्रकट किया।
          विद्यालय कार्यक्रम के पश्चात् मशाल गौरव रथ रायगढ़ स्टेडियम बोईरदादर पहुँचा, जहाँ खिलाड़ियों ने खेलों के शुभंकर मोर वीर का उत्साह के साथ स्वागत किया। इस दौरान खिलाड़ियों से परिचय कराया गया तथा उन्हें खेलों के महत्व, अनुशासन, समर्पण और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। उल्लेखनीय है कि यह मशाल गौरव रथ यात्रा पूरे प्रदेश में भ्रमण कर युवाओं और खिलाड़ियों को खेलों के प्रति जागरूक कर रही है एवं उन्हें खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित कर रही है। यह यात्रा प्रदेश में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।

और भी

टीईटी परीक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी-:1 फरवरी को टीईटी परीक्षा, 30 मिनट पहले बंद होंगे परीक्षा केंद्र के गेट, समय से पहुंचना अनिवार्य

रायगढ़, 30 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल, रायपुर द्वारा आगामी 1 फरवरी को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 2026 का आयोजन किया जा रहा है। उक्त परीक्षा के लिए जिला रायगढ़ में प्रथम पाली हेतु 30 परीक्षा केंद्र एवं द्वितीय पाली हेतु 47 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
           व्यापम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व बंद कर दिया जाएगा। प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 9.30 बजे से प्रारंभ होगी, जिसके लिए परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार प्रातः 9 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसी प्रकार द्वितीय पाली की परीक्षा अपरान्ह 3 बजे से प्रारंभ होगी तथा परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार अपरान्ह 2.30 बजे बंद कर दिया जाएगा। सभी परीक्षार्थियों से अपेक्षा की जाती है कि वे परीक्षा केंद्र पर कम से कम 2 घंटे पूर्व उपस्थित होना सुनिश्चित करें तथा समय का विशेष ध्यान रखें। निर्धारित समय के पश्चात किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
           डिप्टी कलेक्टर एवं परीक्षा शाखा के नोडल अधिकारी ने बताया कि परीक्षार्थी हल्के रंग के आधी बाह वाले कपड़े पहनकर आए। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग का कपडे़ पहनना वर्जित होगा। केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) की अनुमति होगी। सुरक्षा जांच के समय स्वेटर को उतार कर जांच करना होगा। स्वेटर हेतु हल्के रंग एवं आधे बांह का बंधन नहीं होगा। धार्मिक व सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यार्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा। उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा गुजराने के उपरांत ही ऐेसे पोशाक की अनुमति होगी। फुटवेयर के रूप में चप्पल पहने। कान में किसी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है। परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र में केवल काले व बॉल पाइंट पेन लेकर ही आए। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करते पाए जाने पर निम्नानुसार कार्यवाही की जाएगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त की जाएगी।

और भी

अब दूरी नहीं बनेगी बाधा: सरस्वती साइकिल योजना के तहत सामारुमा स्कूल की कक्षा नवमी छात्राओं को साइकिल वितरण, चेहरों पर छलकी खुशी

सरस्वती साइकिल योजना: छात्राओं को वितरित की गई साइकिलें

रायगढ़, 30 जनवरी 2026/ शासन की जनकल्याणकारी सरस्वती साइकिल योजना के तहत कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश में विकासखंड तमनार अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल सामारुमा में आज कक्षा नवमी की नवप्रवेशी छात्राओं को साइकिल का वितरण किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सामारुमा की सरपंच श्रीमती ज्योति सिदार, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष श्री गुलामन चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साइकिल प्राप्त कर छात्राओं के चेहरे पर प्रसन्नता और उत्साह स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
               इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य श्री नरेंद्र कुमार चौधरी द्वारा शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी देते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत संचालित निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना, रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना सहित अन्य योजनाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में व्याख्याता श्री शालदन तिर्की श्रीमती कविता देशमुख, श्रीमती संतोषनी कापड़ी, श्रीमती विमला खेस, श्रीमती एमरेंसिया टोप्पो, श्रीमती शीला रानी कुजूर, श्रीमती जयंती पटेल, श्री भागीरथी चौहान, श्री रविकांत बेहरा एवं श्रीमती बबली नेताम उपस्थित रहे।

और भी

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान से बच्चों में जगी वैज्ञानिक सोच,मेडिकल कॉलेज से अटल टिंकरिंग लैब तक बच्चों ने जाना ज्ञान का संसार

रायगढ़, 30 जनवरी 2026/ बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि, जिज्ञासा एवं नवाचारी दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत रायगढ़ जिले के प्रारंभिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित जिला स्तरीय शैक्षणिक भ्रमण कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह भ्रमण जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के.वी.राव एवं जिला मिशन समन्वयक श्री आलोक स्वर्णकार के समन्वय में आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व एपीसी श्री अभय कुमार पांडे ने किया। समग्र रूप से यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में ज्ञान संग्रह, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचारी सोच और आत्मविश्वास विकसित करने में पूर्णतः सफल रहा तथा राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के उद्देश्यों को साकार करता प्रतीत हुआ।
           भ्रमण के दौरान डीएमसी श्री आलोक स्वर्णकार स्वयं मेडिकल कॉलेज पहुँचे और बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें डायरी एवं पेन प्रदान किए, ताकि वे दिनभर के अनुभवों, गतिविधियों और सीख को अंकित कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को भ्रमण का भरपूर आनंद लेने, मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों से जानकारी एकत्र करने तथा यह समझने के लिए प्रेरित किया कि यह ज्ञान उनके भविष्य में किस प्रकार के अवसर प्रदान कर सकता है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय आविष्कार अभियान की अवधारणा, विज्ञान विषयों के महत्व तथा मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।
            मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बच्चों को ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, ब्लड बैंक सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी का अवलोकन कराया गया। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट श्री आनंद मसीह लकड़ा के मार्गदर्शन में मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों एवं स्टाफ ने विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा की प्रक्रिया, डॉक्टर बनने की तैयारी तथा चिकित्सा क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों से अवगत कराया। आयोजकों द्वारा मेडिकल कॉलेज प्रबंधन, डॉक्टरों एवं स्टाफ के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
          शैक्षणिक भ्रमण के क्रम में विद्यार्थियों ने रायगढ़ जिले के पुरातात्विक स्थलों का अवलोकन कर क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को जाना। इसके अतिरिक्त पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की अटल टिंकरिंग लैब में बच्चों को विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल, सेंसर एवं नवाचार आधारित गतिविधियों की जानकारी दी गई, जिससे उनमें वैज्ञानिक सोच और नवाचार के प्रति रुचि विकसित हुई। बच्चों ने कमला नेहरू पार्क में आनंददायक समय बिताया तथा बाबा धाम कोसमनारा में दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभव भी प्राप्त किया। इस शैक्षणिक भ्रमण से जिले के विभिन्न विकासखंडों के लगभग 100 विद्यार्थी लाभान्वित हुए। कार्यक्रम में बीआरसी श्री मनोज अग्रवाल, व्याख्याता श्री बीर सिंह, श्री प्रकाश कुमार पंडा, श्री खगेश्वर साहू, सुश्री अंजलि तिर्की एवं सुश्री पार्वती पटेल का विशेष योगदान रहा।

और भी

एक ही परिवार की तीन बेटियों का शासकीय सेवाओं में चयन, जिले के लिए गौरव का क्षण,युवा केंद्र मदनपुर बना सामाजिक बदलाव की मिसाल

रायगढ़, 30 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के दूरदर्शी नेतृत्व एवं कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के कुशल मार्गदर्शन में संचालित युवा केंद्र मदनपुर आज ग्रामीण अंचल के युवाओं के लिए आशा और सफलता का सशक्त केंद्र बनकर उभरा है। इसी केंद्र से तैयारी कर विकासखंड खरसिया के ग्राम-भेलवाडीह की एक ही परिवार की तीन बेटियों ने शासकीय सेवाओं में चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। ऐश्वर्या चंद्रा का चयन राज्य सुरक्षा बल छत्तीसगढ़ पुलिस (सीजीपी), ऋतु चंद्रा का चयन केन्द्रीय सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) एवं कविता चंद्रा का चयन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ)में हुआ है। तीनों बहनों की इस ऐतिहासिक सफलता से जिले में हर्ष, उत्साह और गर्व का माहौल व्याप्त है।
            उल्लेखनीय है कि तीनों बेटियां आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से संबंध रखती हैं, जहाँ महंगी कोचिंग संस्थानों में अध्ययन करना या बड़े शहरों में रहकर तैयारी करना संभव नहीं था। इसके बावजूद उन्होंने कभी परिस्थितियों को अपने लक्ष्य के आड़े नहीं आने दिया और शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ उठाते हुए सतत परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी एवं सीईओ जिला पंचायत़ श्री पठारे के मार्गदर्शन में संचालित युवा केंद्र मदनपुर में तीनों बेटियां नियमित रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती थीं। केंद्र में उपलब्ध निःशुल्क कोचिंग कक्षाएं, अनुशासित अध्ययन वातावरण तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों से युक्त समृद्ध पुस्तकालय ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
           इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.के.वी.राव ने तीनों बेटियों को बधाई देते हुए कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं होतीं। जब लक्ष्य स्पष्ट हो और आत्मविश्वास मजबूत हो, तो संसाधनों की कमी भी बाधा नहीं बनती। इन बेटियों ने यह सच्चाई सिद्ध कर दी है। डीएमसी श्री आलोक स्वर्णकार ने इस सफलता को जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में रहकर, बिना महंगी कोचिंग पर निर्भर हुए, इन बेटियों ने युवा केंद्र की सुविधाओं का सदुपयोग कर यह सिद्ध किया है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। यह उपलब्धि पूरे जिले के बच्चों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने जिले के युवाओं से युवा केंद्रों से जुड़कर नियमित अध्ययन करने की अपील की। युवा केंद्र मदनपुर के प्रभारी श्री प्रदीप साहू बीआरसी, खरसिया ने भी चयनित बेटियों से भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। तीनों बहनों ने अपनी सफलता का श्रेय शासन द्वारा संचालित युवा केंद्र मदनपुर की कोचिंग व्यवस्था, पुस्तकालय सुविधा एवं निरंतर मार्गदर्शन को दिया।

और भी

धान विक्रय से किसानों के सपने हो रहे साकार,भुवनेश्वर पटेल बना रहे नया घर, दुबे राम पटेल बच्चों की शिक्षा में करेंगे निवेश

रायगढ़, 30 जनवरी 2026/ रायगढ़ विकासखंड के ग्राम-रेगड़ा के किसानों को शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था से प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। ग्राम रेगड़ा के किसान भुवनेश्वर पटेल ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अपना संपूर्ण धान समर्थन मूल्य पर विक्रय कर लिया है। उन्होंने 180 क्विंटल से अधिक धान का विक्रय किया, जिसकी राशि उनके खाते में समय पर प्राप्त हो चुकी है। भुवनेश्वर पटेल ने बताया कि धान विक्रय से प्राप्त राशि से वे अपने नए घर का निर्माण कर रहे हैं। धान उपार्जन केंद्र बंगुरसिया में पहुंचे किसान भुवनेश्वर पटेल ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन टोकन प्रणाली के माध्यम से दो चरणों में धान विक्रय किया। पहले चरण में 62 क्विंटल एवं दूसरे चरण में 120 क्विंटल धान का विक्रय किया गया। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया सरल रही और भुगतान भी बिना किसी परेशानी के सीधे खाते में प्राप्त हुआ। उपार्जन केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, सुव्यवस्थित व्यवस्था एवं अधिकारी-कर्मचारियों के सहयोगात्मक व्यवहार की उन्होंने सराहना की तथा शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
             इसी तरह ग्राम रेगड़ा के एक अन्य किसान दुबे राम पटेल ने भी समर्थन मूल्य पर धान विक्रय कर शासन की व्यवस्था का लाभ उठाया। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन टोकन के माध्यम से धान विक्रय कर भुगतान समय पर प्राप्त हुआ। धान विक्रय से मिली राशि का उपयोग वे अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई एवं घर की मरम्मत कार्यों में कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन की धान खरीदी व्यवस्था से किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुविधाजनक है। किसानों ने शासन द्वारा की गई बेहतर व्यवस्थाओं के लिए संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि धान खरीदी प्रणाली ने उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया है और उनके भविष्य के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

और भी

विदाई समारोह के नाम पर यातायात नियमों की अवहेलना पर सख्ती, आयोजन केवल विद्यालय परिसर तक सीमित रहेगा


अंबिकापुर 30 जनवरी 2026/  विगत वर्षों की भाँति वर्तमान वर्ष में भी सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो संज्ञान में आए हैं, जिनमें कुछ विद्यालयीन छात्र-छात्राएं विदाई समारोह के पश्चात विद्यालय से बाहर पृथक पार्टी का आयोजन करते हुए तथा उत्तेजक एवं अनियंत्रित रूप से दो पहिया एवं चार पहिया वाहन चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह कृत्य यातायात नियमों के प्रति घोर लापरवाही को प्रदर्शित करता है, जिससे न केवल विद्यार्थियों बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। उक्त स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा द्वारा जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि सभी विद्यालयों में विदाई समारोह का आयोजन पूर्णतः मर्यादित, अनुशासित एवं विद्यालय परिसर के भीतर ही किया जाए।

   विदाई समारोह में विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों में उत्तरदायित्व एवं अनुशासन की भावना विकसित हो सके। साथ ही यह स्पष्ट किया गया है कि किसी भी स्थिति में विदाई समारोह विद्यालय परिसर के बाहर-जैसे होटल, पार्क, रेस्टोरेंट अथवा अन्य किसी सार्वजनिक या निजी स्थान पर-आयोजित नहीं किया जाएगा। विद्यार्थियों को यातायात नियमों के उल्लंघन, तेज गति, स्टंट अथवा असुरक्षित वाहन संचालन से दूर रहने हेतु सख्त हिदायत देने के निर्देश भी दिए गए हैं। यदि किसी भी विद्यार्थी द्वारा यातायात नियमों के विपरीत दो पहिया अथवा चार पहिया वाहन चलाते हुए फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर पाया जाता है, तो उसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रमुख की होगी। अतः सभी विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि उपरोक्तानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए पालन प्रतिवेदन अविलंब जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

और भी

जिला खनिज न्यास निधि से 1583 छात्रावासीन बालिकाओं का होगा एचपीवी टीकाकरण - गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव की दिशा में रायगढ़ जिले की महत्वपूर्ण पहल

रायगढ़, 30 जनवरी 2026/ रायगढ़ जिले में बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण को लेकर एक सराहनीय पहल की जा रही है। जिले के शासकीय आश्रमों एवं छात्रावासों में अध्ययनरत 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की 1583 बालिकाओं को जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) के माध्यम से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) से बचाव का टीका लगाया जाएगा। यह पहल गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिले के आश्रमों एवं  छात्रावासों में अध्ययनरत अधिकांश बालिकाएँ वनांचल, खनन प्रभावित एवं आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों से आती हैं, जहाँ स्वास्थ्य जागरूकता तथा निवारक चिकित्सा सुविधाओं तक पहुँच सीमित रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य इन बालिकाओं को समय रहते आवश्यक स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना है। इसके अंतर्गत अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग की छात्रावासीन बालिकाएँ भी लाभान्वित होंगी।
             चिकित्सकीय विशेषज्ञों के अनुसार, महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का प्रमुख कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण है। यह रोग प्रारंभिक अवस्था में स्पष्ट लक्षण न होने के कारण देर से पहचान में आता है, जिससे उपचार जटिल हो जाता है। विशेषज्ञों द्वारा 9 से 14 वर्ष की आयु में एचपीवी टीकाकरण को प्रभावी एवं सुरक्षित माना गया है। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक बालिका को एचपीवी टीके की दो खुराक दी जाएंगी। पहली खुराक के छह माह पश्चात दूसरी खुराक दी जाएगी। टीकाकरण कार्य मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, रायगढ़ के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा पूरी सुरक्षा एवं सावधानी के साथ संपन्न कराया जाएगा। प्रति बालिका टीकाकरण की अनुमानित लागत लगभग 1800 रुपए होगी, जिसका वहन जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से किया जाएगा।
       आश्रमों एवं छात्रावासों में निवासरत अनेक बालिकाएँ ऐसी पारिवारिक पृष्ठभूमि से आती हैं, जहाँ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता, नियमित जांच एवं निवारक चिकित्सा सुविधाओं का अभाव रहा है। विशेषकर वनांचल, खनन प्रभावित एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सर्वाइकल कैंसर जैसे गंभीर रोगों के प्रति जानकारी की कमी एक बड़ी चुनौती रही है। यह पहल इन क्षेत्रों में निवासरत बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी और दूरदर्शी कदम सिद्ध होगी। मातृ शक्ति की सुरक्षा एवं संरक्षण हेतु किया जा रहा यह प्रयास न केवल रायगढ़ जिले, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक अनुकरणीय मॉडल बनेगा।

और भी