ताजा खबरें


बड़ी खबर

कलेक्टर के निर्देशन में जिले में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं का सफलता पूर्वक विस्तार,जन्मजात मोतियाबिंद के 8 बच्चों की आंखों की रोशनी लौटी, परिजनों ने जताया आभार


रायगढ़, 11 दिसंबर 2025। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा के छोटे गुमड़ा गांव का 8 वर्षीय योगेन्द्र दास महंत जन्मजात मोतियाबिंद की समस्या से जूझ रहा था। आंखों की कमजोर दृष्टि के कारण वह न पढ़ पाता था, न सामान्य रूप से खेल पाता था। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था और इलाज असंभव लग रहा था।
राष्ट्रीय अंधत्व एवं अल्प दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चे का चिन्हांकन किया और जिला चिकित्सालय में उसका निःशुल्क ऑपरेशन कराया। ऑपरेशन के बाद योगेन्द्र की आंखों की रोशनी लौट आई। पहला साफ दृश्य देखकर योगेन्द्र खिल उठा और परिवार ने इसे “जीवन का सबसे बड़ा वरदान” बताया।
रायगढ़ के जिला चिकित्सालय में  गुरुवार 11 दिसंबर को किरोड़ीमल शासकीय जिला चिकित्सालय में 35 मोतियाबिंद ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुए। विशेष रूप से जन्मजात मोतियाबिंद से पीड़ित 8 बच्चों की आंखों की रोशनी वापस लौटना इस अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि साबित हुई है।
दूरस्थ विकासखंड घरघोड़ा के आदिवासी ग्राम छोटे गुमड़ा से आए 8 वर्षीय योगेन्द्र दास महंत सहित अन्य बच्चों का ऑपरेशन जिला चिकित्सालय में नेत्र विशेषज्ञों की टीम द्वारा सफलता पूर्वक किया गया। बच्चों ने पहली बार साफ दिखाई देने पर खुशी जताई और माता–पिता ने भावुक होकर शासन की इस महत्वपूर्ण योजना के प्रति आभार व्यक्त किया।
इन सफलताओं का श्रेय जिला अस्पताल की दक्ष चिकित्सकीय टीम डॉ. मीना पटेल, डॉ. आर.एम. मेश्राम, डॉ. पी.एल. पटेल (निश्चेतना विशेषज्ञ), डॉ. उषा किरण भगत, सहायक नोडल अधिकारी राजेश आचार्य, निजी चिकित्सालयों के नेत्र रोग विशेषज्ञों, स्वास्थ्यकर्मियों और मितानिनों के अथक प्रयासों को जाता है।
 उल्लखेनीय है कि जिला प्रशासन रायगढ़ द्वारा राष्ट्रीय अंधत्व एवं अल्प दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम को ज़मीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में कार्यक्रम ने उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की हैं। जिला नोडल अधिकारी डॉ. मीना पटेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैकरा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा समन्वित प्रयासों के चलते यह अभियान जनहित का सशक्त माध्यम बन रहा है। 
कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में नेत्र सहायक अधिकारियों द्वारा ग्रामीण, वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में मोतियाबिंद के संभावित मरीजों की लगातार पहचान की जा रही है। चिन्हांकित मरीजों को जिला चिकित्सालय लाकर उनका निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं उपचार किया जा रहा है। स्कूल हेल्थ कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के सभी शासकीय माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की आंखों की जांच कर दृष्टि दोष पाए जाने पर निःशुल्क चश्मा वितरण किया जा रहा है।

और भी

दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम में नई चेतना 4.0 पर हुआ विशेष प्रसारण,रायगढ़ जिले की मेनका सिदार दीदी की पूरे प्रदेश में गूंज

रायगढ़, 11 दिसम्बर 2025/ महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाले आकाशवाणी के लोकप्रिय कार्यक्रम “दीदी के गोठ” का विशेष एपिसोड आज नई चेतना 4.0 थीम पर आधारित होकर पूरे प्रदेश में प्रसारित हुआ। गुरुवार दोपहर 2 बजे हुए इस लाइव प्रसारण में रायगढ़ जिले का गौरव उस समय और बढ़ गया जब रायगढ़ ब्लॉक के कुसमुरा संकुल स्तरीय संगठन से मेनका सिदार दीदी, जो कि जेंडर बीआरपी भी हैं, का सारगर्भित संवाद पूरे प्रदेश में प्रसारित किया गया।
           कार्यक्रम के दौरान मेनका सिदार ने बिहान योजना अंतर्गत संचालित “संगवारी-जेंडर रिसोर्स सेंटर के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जिले की कोई भी पीड़ित महिला इस केंद्र में आकर परामर्श प्राप्त कर सकती है तथा आवश्यकतानुसार पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य संबंधित संस्थानों से सहयोग हेतु मार्गदर्शन भी प्राप्त कर सकती है। यह केंद्र महिलाओं की समस्याओं के समाधान एवं उन्हें सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
              जिले में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश तथा जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर नई चेतना 4.0 जेंडर कैंपेन पर विस्तृत वक्तव्य प्रस्तुत किया गया, जिसके अंतर्गत जेंडर समानता, जागरूकता और महिलाओं के अधिकारों को मजबूत करने हेतु जिले में संचालित की जा रही गतिविधियों की आधारभूत जानकारी साझा की गई।
             बिहान योजना अंतर्गत यह कार्यक्रम रायगढ़ जिले के सभी 7 ब्लॉकों में आयोजित किया जा रहा है। एनआरएलएम में शामिल सभी स्व-सहायता समूह की दीदियाँ, ग्राम संगठन के पदाधिकारी, पीआरपी, जेंडर मास्टर ट्रेनर सहित बड़ी संख्या में महिलाओं की सक्रिय सहभागिता इस अभियान की विशेषता रही। जिले भर में महिलाओं की भागीदारी से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें रंगोली प्रतियोगिता, रैली, सांप-सीढ़ी खेल के माध्यम से जेंडर संदेश, नुक्कड़-नाटक, जेंडर शपथ, जागरूकता गतिविधियाँ शामिल है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में जेंडर समानता की भावना को बढ़ावा देना, महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और उन्हें अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

और भी

विश्व मानवाधिकार दिवस पर जनपद पंचायत रायगढ़ में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

रायगढ़, 11 दिसम्बर 2025/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छ.ग. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशन में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री जितेन्द्र कुमार जैन के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ न्यायाधीश/सचिव श्रीमती अंकिता मुदलियार के नेतृत्व में विश्व मानव अधिकार दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत रायगढ़ में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। 
   आयोजित जागरूकता शिविर कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सनत कुमार नायक, सहायक जनसूचना अधिकारी श्री अंथ्रेस तिग्गा, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोशनी दुबे अधिवक्ता वर्षा अमीता, अधिवक्ता सौरभ मिश्रा, मास्टर टेªनर देवकुमारी शर्मा एवं पैरालीगल वालिंटियर्स के संयुक्त तत्वाधान में किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए शुरूवात में अधिवक्ता सौरव मिश्रा ने बताया कि विश्व मानवाधिकार दिवस हर साल 10 दिसम्बर को अन्तर्राष्ट्रीय समुदाय द्वारा मनाया जाता है। विश्व मानव अधिकार दिवस का दिन वैश्विक स्तर पर मौलिक मानवाधिकारों और स्वतंत्रता को बढ़ावा देता है। प्रत्येक व्यक्ति को जाति, नस्ल, धर्म या लैंगिकता की परवाह किए बिना समान अधिकार प्राप्त है। जो इस बात पर भी जोर देता है कि समानता, न्याय, और स्वतंत्रता जैसे मानवाधिकार हमारे दैनिक जीवन के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं और आगामी नेशनल लोक अदालत 13 दिसम्बर 2025 की जानकारी से अवगत कराया।
    इसी अनुक्रम में जागरूकता शिविर कार्यक्रम में नालसा-सालसा की योजनाओं से अवगत कराते हुए बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं और विधिक सहायता प्रदान करता है, न्याय जो सभी जरूरतमंदों को मुफ्त कानूनी सेवाएं देती है। नालसा-सालसा की योजनाएं जैसे- नालसा (आपदा पीड़ितों को विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से विधिक सेवाएं), नालसा तस्करी और वणिज्यिक यौन शोषण पीड़ितों के लिए विधिक सेवाएं योजना, नालसा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक सेवाए, नालसा (बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं) नालसा मानसिक रूप से बीमार और मानसिक रूप से विकलांग व्यक्तियों के लिए विधिक सेवाएं, नालसा (संवाद), नालसा (डॉन), वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवा, विकलांग बच्चों के लिए कानूनी सेवाएं नालसा (जागृति), के बारे बताया गया। उक्त शिविर में जनपद पंचायत के समस्त पदाधिकारीगण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के पैरालीगल वालिंटियर्स उपस्थित रहे।

और भी

गुरू घासीदास लोक कला महोत्सव,18 दिसम्बर को होगा जिला स्तरीय आयोजन, 16 दिसम्बर तक मंगाई गई प्रविष्टियाँ

रायगढ़, 11 दिसम्बर 2025/ गुरू घासीदास लोक कला महोत्सव योजना अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 18 दिसम्बर को किया जाएगा। इस आयोजन में शामिल होने हेतु अनुसूचित जाति के लोक कला नर्तक दलों से 16 दिसम्बर तक प्रविष्टियाँ आमंत्रित की गई हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीयन निःशुल्क रहेगा। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि गुरू घासीदास लोक कला महोत्सव योजना नियम, वर्ष 2005 के अनुसार अनुसूचित जाति वर्ग के वे कलाकार अथवा नर्तक दल जो पारंपरिक लोककला से जुड़े हैं-जैसे लोकगीत, लोकगायन, पंथी नृत्य, पंडवानी, भरथरी, एवं परम्परागत लोक वाद्य प्रतियोगिता में प्रतिभागिता कर सकते हैं।

और भी

रायगढ़ : धान से सब्जी की ओर सफल कदम, खरसिया के किसान मुरलीधर साहू ने ग्राफ्टेड बैंगन से बदली खेती की तस्वीर

रायगढ़, 11 दिसंबर 2025। रायगढ़ जिले के विकासखण्ड खरसिया के ग्राम करूमौहा के किसान श्री मुरलीधर साहू आज आसपास के किसानों के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। कभी परंपरागत धान की खेती करने वाले श्री साहू को लागत अधिक और लाभ कम होने के कारण खेती में संतुष्टि नहीं थी। इसी बीच उन्होंने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। यही मार्गदर्शन उनके कृषि जीवन में बड़ा बदलाव साबित हुआ।
उद्यानिकी विभाग द्वारा समय-समय पर दी गई तकनीकी सलाह, प्रशिक्षण एवं प्रेरणा से उनका रूझान पारंपरिक खेती से बदलकर उद्यानिकी फसलों की ओर बढ़ा। विभाग की अनुशंसा पर उन्होंने अपनी एक हेक्टेयर भूमि में ग्राफ्टेड बैंगन फसल का रोपण किया। जैविक खाद और जैविक दवाओं के प्रयोग से लागत भी कम रही और उत्पादन क्षमता में बड़ा इजाफा देखने को मिला।
राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत उन्हें 20 हजार रुपए का अनुदान भी मिला। इससे आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था हुई और खेती की दिशा व दशा दोनों बदली।
पहले जहां उपज 80 से 85 क्विटंल उत्पादन होता था वहीं आधुनिक तकनीक अपनाने के बाद उपज बढ़कर 150 से 70 क्विंटल तक पहुँच गई। बाजार भाव अच्छा मिलने पर कुल आय 4.5 लाख रुपए और कुल लाभ लगभग 3 लाख रुपए तक पहुँच गया, जो पहले की तुलना में तीन गुना है।

*मुरलीधर ने अन्य किसानों में भी जगाई उम्मीद*

मुरलीधर साहू की सफलता को देखकर आसपास के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के किसान भी उद्यानिकी फसलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। आधुनिक कृषि तकनीक, जैविक पद्धति और कम लागत में अधिक उत्पादन का संदेश दूर-दूर तक फैल रहा है।
उनकी यह सफलता कहानी बताती है कि सही मार्गदर्शन, आधुनिक तकनीक और योजनाओं का लाभ लेकर किसान आज आर्थिक रूप से मजबूती की दिशा में बड़े कदम उठा सकते हैं।

*"एक बीघा से बनी मिसाल”, ग्राफ्टेड बैंगन ने बदली आर्थिक स्थिति*

खरसिया के किसान मुरलीधर साहू ने 1 हेक्टेयर में ग्राफ्टेड बैंगन की आधुनिक खेती अपनाकर उत्पादन को लगभग दोगुना कर दिया। जैविक विधियों, विभागीय मार्गदर्शन और बागवानी मिशन से प्राप्त अनुदान के सहारे उन्हें इस सीजन में करीब 3 लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ।
इस उपलब्धि ने क्षेत्र के किसानों में नई ऊर्जा और उम्मीद जगाई है।

और भी

गिनाबहार के टुकुपानी में हुआ सुशासन शिविर का आयोजन,शासन की योजनाओं का लाभ लेने हितग्राहियों को किया गया प्रेरित...अधिकारी अगर बात नही सुनते है तो जनता जनप्रतिनिधियों को बताएं-श्रीमती सुशीला साय

कुनकुरी/नारायणपुर 11 दिसम्बर 2025 

छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष के अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास के दिशा निर्देश पर जनपद पंचायत कुनकुरी के ग्राम पंचायत गिनाबहार के टुकुपानी में सुशासन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्राम गिनाबहार सहित अन्य गांव के ग्रामीणों की शिकायतों एवं मांगों से संबंधित आवेदनों को लिया गया।

     शिविर में उपस्थित विभागीय अधिकारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों का वाचन  किया गया।शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। सभी विभागों द्वारा लगाए गए सूचनात्मक स्टॉलों का जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने अवलोकन किया, जहाँ अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया। सुशासन शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों एवं मांगों को संकलित किया गया है, जिनका शीघ्र निराकरण करने की प्रक्रिया जारी है। कृषि विभाग द्वारा 12 हितग्राहियों को सरसों का बीज वितरण किया गया

       सुशासन शिविर के तहत गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को उनका लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनिता सिंह ने कहा कि गिनाबहार में आयोजित यह शिविर जनता की समस्याओं का समाधान करने के उद्देश्य से लगाया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुँचाने के लिए गंभीरता से प्रयासरत हैं।

     जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सुदूर क्षेत्रों में लगे इस शिविर से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी मिली है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि गैस कनेक्शन, महतारी योजना, सहित सभी योजनाओं का लाभ अवश्य लें। उद्यान विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे फलदार पौधे लगाने की भी अपील की।उन्होंने कहा कि सरकार सुविधाएँ प्रदान कर रही है, लेकिन लाभ लेने वालों की संख्या कम है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सक्रिय रूप से योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। सुशीला साय ने ग्राम सभा में उपस्थित रहने, समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों से संपर्क करने तथा मतदाता सूची में नाम जोड़वाने की बात भी कही।उन्होंने कहा कि बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन किया जा सकता है। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा स्वास्थ्य को सर्वोपरि रखने की अपील की।

सुशीला साय ने जानकारी दी कि 1 दिसंबर से बिजली बिल हाफ योजना दोबारा शुरू होने जा रही है, 

टुकुपानी में लगा सुशासन शिविर में मिले 150 आवेदन

सुशासन शिविर में जनपद पंचायत के सीईओ ने संबोधित करते हुए बताया कि कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर में अब तक कुल 150 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें उज्ज्वला गैस कनेक्शन, पौती, तथा अन्य राजस्व एवं जनकल्याण से संबंधित आवेदन शामिल हैं। सभी आवेदनों का नियम अनुसार परीक्षण कर त्वरित समाधान किया जाएगा।

“शिविर केवल आवेदन लेने का माध्यम नहीं”—सीईओ

सीईओ ने कहा कि लोगों में यह गलत धारणा बनी रहती है कि ऐसे शिविरों में केवल आवेदन लिए जाते हैं और कार्यवाही नहीं होती। यह पूरी तरह गलत है। सभी आवेदनों का नियमानुसार अवलोकन कर कार्रवाई की जाती है।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी पात्र हितग्राहियों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा, सभी कार्य नियमों से होना है, इसलिए किसी भी प्रकार का नियम-विरुद्ध कार्य संभव नहीं है।अंत में उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे प्रशासन पर विश्वास बनाए रखें और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें।

      शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मलिता बाई, अनिता सिंह, जनपद उपाध्यक्ष बालेश्वर यादव, जनपद सदस्य अभिनन्द खलखो, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, महामंत्री शंकर यादव, असलम आजाद, तुलाधर यादव. शिवशंकर महामंत्री तथा ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सनीता पैंकरा सहित जनपद पंचायत के कर्मचारी समस्त सचिव एवं  जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

और भी

नेशनल लैक्रोस फेडरेशन कप में सहभागिता पर रायगढ़ जिले के खिलाड़ियों का कलेक्टर ने किया सम्मान

रायगढ़, 10 दिसम्बर 2025/ नेशनल लैक्रोस फेडरेशन कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाने वाले रायगढ़ जिले के 26 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आज जिला कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ने सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा खेल प्रतिभाओं के सर्वांगीण विकास हेतु जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
            कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि खेल न केवल अनुशासन और टीम भावना का विकास करते हैं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा भी प्रदान करते हैं। जिला प्रशासन खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
             जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.के.वी.राव ने जानकारी दी कि नेशनल लैक्रोस एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं जम्मू-कश्मीर लैक्रोस एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में नेशनल लैक्रोस फेडरेशन कप का आयोजन कटरा (जम्मू-कश्मीर) में 5 से 7 दिसंबर 2025 तक किया गया। प्रतियोगिता में देशभर की 16 क्वालिफाइड टीमों ने सहभागिता की, जिसमें छत्तीसगढ़ की पुरुष एवं महिला टीमों ने भी भाग लिया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ महिला टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ महिला टीम में रायगढ़ जिले के खरसिया एवं पुसौर विकासखंड की 13 बालिकाएँ, जबकि पुरुष टीम में 13 बालक खिलाड़ी शामिल थे। जिले के खिलाड़ियों की तैयारी में एनटीपीसी लारा का विशेष योगदान रहा, जिसने खेल किट, पंजीयन शुल्क तथा आर्थिक सहयोग प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। टीम की सफलता में कोच श्री देवअवतार चौधरी, श्री राजनारायण प्रधान एवं कुमारी मेनका यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी श्री जीवन नायक, व्यायाम शिक्षक श्री युवराज चौधरी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

रायगढ़ : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान अंतर्गत 716 गर्भवती माताओं की हुई निःशुल्क जांच, उच्च जोखिम गर्भावस्था पर विशेष ध्यान

रायगढ़, 10 दिसम्बर 2025/ राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
           मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अनिल कुमार जगत ने बताया कि अभियान के अंतर्गत माह की 9 एवं 24 तारीख को आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक स्वल्पाहार प्रदान कर संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श दिया गया। शिविर में प्रत्येक गर्भवती महिला की हिमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर, सिकलिन, मलेरिया, एचआईवी सहित आवश्यक जांच की गई। साथ ही वजन, ऊंचाई मापन, आयरन व कैल्शियम टैबलेट वितरण किया गया तथा महिला चिकित्सकों द्वारा व्यक्तिगत रूप से शरीर की स्वच्छता, पोषण एवं सुरक्षित मातृत्व को लेकर विशेष काउंसलिंग की गई।
           जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री रंजना पैंकरा ने बताया कि शिविर के दौरान उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें निजी एवं शासकीय सोनोग्राफी केन्द्रों में निःशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। गर्भवती महिलाओं को लेबर रूम एवं ऑपरेशन थियेटर का भी अवलोकन कराया गया, जिससे प्रसव संबंधी भय एवं तनाव को कम कर उन्हें सुरक्षित प्रसव के लिए मानसिक रूप से तैयार किया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत रायगढ़ जिले में कुल 716 गर्भवती माताओं की जांच की गई। जिसमें लैलूंगा विकासखंड से 57, पुसौर से 164, चपले से 56, तमनार से 55, धरमजयगढ़ से 218, लैलूंगा से 50 एवं घरघोड़ा से 116 गर्भवती माताएं शामिल थी।

और भी

किसान नारायण की मुस्कान में छिपी सफलता, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी ने बदली आर्थिक तस्वीर

रायगढ़, 10 दिसंबर 2025। राज्य सरकार की धान खरीदी नीति और जिले में चल रही धान खरीदी व्यवस्था ने एक बार फिर किसानों के जीवन में ठोस बदलाव लाने की अपनी क्षमता को साबित किया है। ग्राम मिडमिडा के किसान नारायण साव की कहानी इसी बदलाव की जीवंत मिसाल है। 13 एकड़ में खेती करने वाले नारायण साव  की आर्थिक मजबूती और आत्मविश्वास में इस वर्ष अभूतपूर्व वृद्धि साबित हो रही है। नारायण साव ने इस सीजन में लगभग 200 क्विंटल धान विक्रय किया। ऑनलाइन टोकन से लेकर तुलाई तक की पूरी प्रक्रिया इतनी सहज रही कि उन्हें किसी भी स्तर पर परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। धान विक्रय के बाद मिलने वाली राशि उनके लिए राहत की नई किरण साबित हुई। नारायण बताते हैं कि इस बार खरीदी व्यवस्था इतनी आसान रही कि बिना समय बर्बाद किए मैं धान बेच सका। जो राशि मिली है, उससे मैं अपने ट्रैक्टर की किस्त आसानी से चुका पाऊंगा। अब खेत के लिए खाद-बीज की खरीदी और रबी सीजन की तैयारी भी समय पर कर सकूंगा। किसान नारायण साव ने शासन एवं प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की खुले मंच से सराहना की। 
      किसान नारायण साव की यह सफलता की कहानी सिर्फ एक किसान की उपलब्धि नहीं, बल्कि जिले में किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शासन-प्रशासन की रणनीति की सफलता है। समर्थन मूल्य पर समयबद्ध खरीदी ने न केवल नारायण की आर्थिक स्थिति को संतुलित किया है, बल्कि कृषि कार्यों में निवेश बढ़ाने का हौसला भी दिया है।

और भी

रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में मरीजों के लिए न्यूरोसर्जन, यूरो सर्जन एवं नेफ्रोलॉजी डॉक्टर की सुविधा

रायगढ़, 10 दिसम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य के तरक्की और सुशासन के सफर में स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विस्तार लगातार हो रहा है। इसी दिशा में स्व. श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति शासकीय चिकित्सालय रायगढ़ में दिवंगत अधिष्ठाता डॉ विनीत जैन के द्वारा किए गए प्रयासो के उपरांत शहर के सुप्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ नितीश नायक, यूरोसर्जन डॉ के.डी.खरे एवं नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. मीना पटेल सप्ताह में एक दिन चिकित्सा परामर्श देकर इलाज करेंगे।  
             स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति को रायगढ़ मेडिकल कालेज में आने वाले मरीजों के लिए लाभदायक बताया है। उन्होंने कहा कि शासन का प्रयास है कि लोगों को उनके शहरों और गांवों के आसपास ही बेहतर और उच्च चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हों ताकि उन्हें इलाज के लिए लंबी दूरी न तय करनी पड़े और त्वरित तथा बेहतर इलाज से उन्हें स्वास्थ्य लाभ मिले। 
            अस्पताल अधीक्षक डॉ एम. के. मिंज ने बताया कि न्यूरोसर्जन डॉ. नितीश नायक  (मस्तिष्क/रीढ़ की हड्डी के सर्जन), प्रत्येक मंगलवार प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक, यूरो सर्जन डॉ.के.डी. खरे (मूत्ररोग विशेषज्ञ )शुक्रवार को चिकित्सालय के भूतल में सर्जरी विभाग की ओ.पी .डी .कक्ष क्रमांक 01 में और नेफ्रोलॉजिस्ट  डॉ मीना पटेल (किडनी /गुर्दा रोग विशेषज्ञ ) चिकित्सालय के प्रथम तल में मेडिसिन विभाग के ओ.पी.डी. कक्ष क्रमांक 01 में सप्ताह के प्रत्येक शुक्रवार प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक  चिकित्सा परामर्श के लिए उपलब्ध रहेगे । इसका लाभ रायगढ़ अंचल सहित आसपास के क्षेत्रों के संबंधित मरीजों को मिलेगा। इससे इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी ।
             डॉ. नितीश नायक न्यूरोसर्जन (मस्तिष्क/रीढ़ की हड्डी के सर्जन ) मस्तिष्क की गांठ,  ब्रेन ट्यूमर, स्पाइनल इंज्यूरी, साईटिका, मस्तिष्क की गंभीर चोट, दिमाग का इन्फेक्शन होना, रक्त का थक्का (स्ट्रोक), कमर दर्द, लकवा की बीमारी, रीढ़ की हड्डी का दर्द, मांसपेशी (नसों) के दर्द चलने में कठिनाई, मांसपेशी का कमजोर होना, सिरदर्द, हाथ पांव में दर्द, उठने-बैठने में परेशानी होना और मिर्गी चक्कर आना आदि गंभीर बीमारियों का परामर्श देकर इलाज करेंगे। डॉ.के.डी. खरे यूरो सर्जन (मूत्ररोग विशेषज्ञ ) पुरुषों और महिलाओं की मूत्र प्रणाली (गुर्दे, मूत्राशय, मूत्रवाहिनी, मूत्रमार्ग) और पुरुषों के प्रजनन अंगों (प्रोस्टेट, लिंग, अंडकोश, वृषण) से जुड़ी बीमारियों का इलाज जैसे कि गुर्दे की पथरी, मूत्र मार्ग संक्रमण (यूटीआई), प्रोस्टेट की समस्याएँ, मूत्र असंयम, बांझपन, कैंसर (मूत्राशय, किडनी, प्रोस्टेट), और स्तंभन दोष (इरेक्टाइल डिसफंक्शन). इत्यादि गंभीर बीमारियों का परामर्श देकर इलाज करेंगे। इसी तरह से डॉ.मीना पटेल नेफ्रोलॉजिस्ट (किडनी/गुर्दा रोग विशेषज्ञ) गुर्दे से जुड़ी बीमारियों, जैसे क्रोनिक किडनी डिजीज (सीकेडी), किडनी फेलियर, किडनी स्टोन, किडनी इन्फेक्शन, हाई ब्लड प्रेशर, डायलिसिस और मधुमेह और उच्च रक्तचाप से होने वाली किडनी समस्याओं से संबंधित गंभीर बीमारियों का परामर्श देकर इलाज करेंगी।

और भी

महालेखाकार कार्यालय व जिला कोषालय की संयुक्त पहल,जीपीएफ के लंबित प्रकरणों के समाधान के लिए 15 से 17 दिसंबर तक रहेगा विशेष शिविर

रायगढ़, दिसंबर 2025। जिले के अभिदाता एवं अभिदात्रियों के सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ ) से संबंधित वर्षों से लंबित प्रकरणों के त्वरित समाधान के लिए महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा विशेष समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर आगामी 15 दिसंबर से 17 दिसंबर 2025 तक जिला कोषालय रायगढ़ में आयोजित किया जाएगा, जिसमें जीपीएफ  ऋणात्मक शेष, गुमशुदा कटौतियाँ और डॉर्मेंट खातों के मामलों का निराकरण किया जाएगा।
जिला कोषालय श्री चंद्रपाल सिंह ठाकुर ने बताया कि महालेखाकार कार्यालय द्वारा पूर्व में जारी वर्षवार लेखापर्ची एवं ब्याज गणना पत्रक में दर्ज कटौतियों और आहरणों का विभागीय अभिलेखों एवं संबंधित अधिकारियों के जापीएफ पासबुक से सूक्ष्म परीक्षण एवं मिलान आवश्यक है। शिविर के दौरान इन अभिलेखों का सटीक मिलान होना अनिवार्य है, जिससे कर्मचारियों से जुड़े जीपीएफ मामलों का अंतिम भुगतान सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
जिला कोषालय अधिकारी ने सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे शिविर के पूर्व अपने-अपने विभागों के अभिलेखों की पूर्ण जाँच कर लें और दस्तावेज़ों के साथ अनिवार्य रूप से शिविर में उपस्थित हों। अधिकारियों की अनुपस्थिति या अभिलेखों के अभाव में लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण बाधित हो सकता है, इसलिए समयबद्ध उपस्थिति को अनिवार्य माना गया है।

और भी

पत्थलगांव में प्राचार्यों की समीक्षा बैठक, अनुपस्थितों को शो-काज नोटिस जारी करने डीईओ ने दिए निर्देश

बोर्ड परीक्षा परिणाम, पाठ्यक्रम पूर्णता और जेईई-नीट तैयारी पर विशेष चर्चा; कमजोर प्रदर्शन वाले विद्यालयों का निरीक्षण तय

पत्थलगांव। जिले के समस्त अशासकीय और अनुदान प्राप्त हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक बुधवार को सरस्वती शिशु मंदिर, पत्थलगांव के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. भटनागर और यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता ने की।

बैठक में बोर्ड परीक्षा परिणाम, पाठ्यक्रम पूर्णता, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, कमजोर परिणाम वाले विद्यालयों की समीक्षा, मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों की तैयारी, जेईई और नीट में आवेदन तथा विद्यालय में अध्यापन से जुड़े विविध पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. भटनागर ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि समीक्षा में प्राचार्य स्वयं उपस्थित हों, किसी को प्रतिनिधि भेजना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कार्तिक उरांव स्कूल, मुडापारा के प्राचार्य द्वारा लिपिक को प्रतिनिधि भेजने पर शो-काज नोटिस जारी करने के आदेश दिए। इसके अलावा, अनुपस्थित प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश भी दिया गया।साथ ही, जिले के खराब परीक्षा परिणाम वाले होलीक्रास विद्यालय का निरीक्षण करने का जिम्मा विकासखंड शिक्षा अधिकारी पत्थलगांव को सौंपा गया। इन विद्यालयों की प्रगति और सुधार के लिए पुनः समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता ने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में शत प्रतिशत परिणाम हासिल करने के लक्ष्य के अनुरूप विद्यालयों में अध्यापन और शिक्षण रणनीति पर विशेष चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन तीन विषयों के 90-90 मिनट के कालखंड में ब्लूप्रिंट आधारित विभिन्न अंक के प्रश्नों के अभ्यास पर ध्यान दिया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी और नोडल अधिकारी ने संकल्प शिक्षण संस्थान, पत्थलगांव का दौरा कर शिक्षकों से विद्यार्थियों की विषयवार प्रगति और बोर्ड परीक्षा मेरिट की तैयारी की जानकारी ली। उन्होंने जेईई और नीट की तैयारी पर भी विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला शिक्षा अधिकारी और नोडल अधिकारी ने प्राचार्यों को विद्यालय में अनियमितता, कमजोर प्रदर्शन और अध्यापन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि आने वाले बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम सुनिश्चित किया जा सके।

समीक्षा बैठक में बीईओ वेदानंद आर्य, यशस्वी जशपुर के अवनीश पाण्डेय, एबीईओ नित्यानंद छत्तर और बीआरसीसी जगन्नाथ पाढ़ी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

और भी

शिक्षा स्वास्थ्य स्वच्छता और बाल सुरक्षा में युवाओं की भूमिका: एनएसएस और यूनिसेफ साथ-साथ

कुनकुरी/नारायणपुर: यूनिसेफ और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में ‘सुरक्षित पारा-सुरक्षित लइकामन 3.0’ ग्राम संपर्क अभियान के तहत शासकीय बाला साहेब देशपांडे महाविद्यालय कुनकुरी के स्वयंसेवकों ने तृतीय दिवस पर ग्राम पंचायत धुमाडांड़ के प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली में कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत राजकीय गीत के साथ हुई, जिसके बाद बच्चों ने स्वयंसेवकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, नशामुक्ति, गुड टच-बैड टच, बाल अधिकार और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता लाना है।

स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक और गीतों के माध्यम से बच्चों को संतुलित आहार, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, बाल श्रम के दुष्प्रभाव, शिक्षा का महत्व और नशे के नुकसान के बारे में जानकारी दी।

प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता ने कहा कि बचपन से ही बच्चों को इन विषयों पर जागरूक किया जाए तो उनका भविष्य उज्ज्वल होगा। उन्होंने स्वयंसेवकों के उत्साह, सेवा-भाव और जागरूकता गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्हें सफल अभियान के लिए बधाई दी।इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चे, शिक्षक और रसोइया भी शामिल हुए।

और भी

रायगढ़ : टीबी रोगियों को मिल रहा समय पर जांच, उपचार और योजनाओं का लाभ,संजय राठिया का हुआ सफल ईलाज, टीबी से मिली मुक्ति

रायगढ़, 8 दिसम्बर 2025/ निक्षय निरामय छत्तीसगढ़ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में टीबी रोगियों को समय पर जांच, उपचार और शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इसी कड़ी में विकासखण्ड घरघोड़ा के ग्राम-आमापाली निवासी 28 वर्षीय श्री संजय कुमार राठिया का योजना के तहत सफल इलाज किया गया। इससे उन्हें टीबी जैसे गंभीर बीमारी से मुक्ति मिल गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि उच्च शिक्षा के साथ-साथ छोटा-सा मार्केटिंग कार्य करने वाले संजय राठिया को कुछ समय से लगातार खांसी, शाम के समय बुखार, भूख में कमी, वजन घटना, शरीर में कमजोरी एवं थकान जैसी समस्याएं हो रही थीं। इसी दौरान निक्षय निरामय छत्तीसगढ़ अभियान के तहत गांव में सर्वे कर रही मितानिन द्वारा उन्हें टीबी जांच कराने की सलाह दी गई।
             मितानिन की सलाह पर संजय राठिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, घरघोड़ा में जांच कराई, जहां खून जांच, बलगम जांच एवं एक्स-रे के बाद उनके टीबी पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। तत्पश्चात उनका सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घरघोड़ा से टीबी उपचार प्रारंभ किया गया। विशेषज्ञों द्वारा उन्हें दवा सेवन की विधि और नियमित फॉलोअप के बारे में पूरी जानकारी दी गई। उपचार के दौरान संजय राठिया को 6 माह तक पूर्णतः निःशुल्क टीबी की दवाएं (डॉट्स पद्धति) उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही प्रतिमाह पोषण आहार के रूप में फूड बास्केट प्रदान की गई। शासन की निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत 1000 प्रतिमाह की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में जमा की गई। वहीं ट्रायबल एवं पहाड़ी क्षेत्र का मरीज होने के कारण उन्हें 750 रुपए की प्रोत्साहन राशि यात्रा भत्ते के रूप में भी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, संक्रमण की रोकथाम हेतु उनके परिवार के सदस्यों को भी टीपीटी (टीबी प्रिवेंशन थैरेपी) दवाएं उपलब्ध कराई गईं। टीबी उपचार पूर्ण होने के बाद 05 सितंबर 2025 को की गई जांच में संजय राठिया की रिपोर्ट टीबी नेगेटिव पाई गई। वर्तमान में वे पूर्णतः स्वस्थ हैं और टीबी उपचार एवं डॉट्स दवा के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक करने का भी कार्य कर रहे हैं।

और भी

रायगढ़ : आधार सक्षम बॉयोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली अनिवार्य, कल से सख्ती से होगा पालन समय पर हो उपस्थिति नहीं तो होगी अवैतनिक अवकाश की कार्रवाई

रायगढ़,9 दिसम्बर 2025/ जिला कार्यालय संयुक्त भवन, रायगढ़ में संचालित समस्त कार्यालयों एवं विभागों में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आधार सक्षम बॉयोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य कर दिया गया है। यह व्यवस्था 10 दिसंबर 2025 से प्रभावशील होगी।
          कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित कार्यालयीन समय में अनिवार्य रूप से उपस्थिति दर्ज कराएंगे, साथ ही कार्यालयीन समय पश्चात वापसी के समय भी बॉयोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से अपनी उपस्थिति अंकित करना आवश्यक होगा। यदि किसी अधिकारी अथवा कर्मचारी द्वारा उपस्थिति दर्ज नहीं की जाती है तो उस दिन की उपस्थिति अनुपस्थित मानी जाएगी एवं नियमानुसार अवैतनिक अवकाश स्वीकृत किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
          अपर कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने बताया कि प्रातः 10ः15 बजे तक उपस्थिति दर्ज होना अनिवार्य रहेगा। निर्धारित समय का पालन नहीं करने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समस्त विभागों एवं कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उक्त निर्देशों से अवगत कराएं तथा आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

और भी

रायगढ़ : कलेक्टर ने निर्माणाधीन नालंदा परिसर, नवीन मरीन ड्राइव, कया घाट पुल एवं ऑक्सीजोन के प्रगति का लिया जायजा,निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ नहीं किया जाएगा समझौता

*निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ नहीं किया जाएगा समझौता- कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी*

रायगढ़,9 दिसम्बर 2025।  नगर निगम रायगढ़ अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने निर्माणधीन कार्यों एवं स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर एवं उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।  इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय उपस्थित रहे।
           कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने सबसे पहले नगर निगम रायगढ़ अंतर्गत निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने नगर निगम की तकनीकी टीम एवं निर्माण एजेंसी से कार्य की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन नालंदा परिसर का सिविल वर्क 30 जून तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी को कार्य के प्रति पूर्ण गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने नवीन मरीन ड्राइव एवं कया घाट पर प्रस्तावित पुल निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुल की चौड़ाई बढ़ाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त श्री क्षत्रिय ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार रिवाइज्ड डिजाइन के साथ पुल निर्माण कार्य किया जाएगा। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने एफसीआई गोदाम कबीर चौक के समीप बन रहे ऑक्सीजोन का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य जनसामान्य की सुविधा और शहर के समग्र विकास से जुड़े हैं, इनकी समयबद्ध पूर्णता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियरिंग स्टाफ तथा संबंधित निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

और भी

जरूरतमंद लोगों के लिए किया गया रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में 43 यूनिट रक्तदान 

रायगढ़, 09 दिसम्बर 2025।  स्व.श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति शासकीय चिकित्सालय रायगढ़ में चर्च ऑफ गॉड वर्ल्ड मिशन सोसाइटी  द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया। जिसमे थीम फसह के प्रेम के द्वारा जीवन देने के लिए  1750वीं विश्व रक्तदान ड्राइव’ का आयोजन किया। जिसमे रायगढ़, रायपुर और अंबिकापुर से सोसाइटी के सदस्यों और नागरिकों ने रक्तदान में भाग लिया। 43 लोगों द्वारा रक्तदान किए गए।  रक्त दान से आपात स्थिति में रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों की जान बचाने में उपयोग किए जा सकेंगे और सिकल सेल एनीमिया, थेलीसिमिया के मरीजों में रक्त की कमी की समस्या को दूर करने में भी बड़ी मदद मिलेगी।

अस्पताल अधीक्षक डॉ एम. के.मिंज ने इस नेक कार्य के लिए प्रशस्ति -पत्र देकर धन्यवाद ज्ञापित किया और उन्होंने कहा  रक्तदान से दुर्घटना ग्रस्त मरीज, असहाय , निर्धन ,अज्ञात,परिजन विहीन,थैलीसीमिया, एनीमिया, सिक्लसेल ,गर्भवती महिलाओं, आईसीयू के गंभीर मरीज और रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों की रक्त की आवश्यकता पूर्ति कर पाते हैं।  डॉ. मिंज ने बताया कि आगामी दिनों में गुरु घासीदास जी की जयंती एवं चिकित्सालय के ब्लड सेंटर के वर्षगांठ के अवसर पर 18 दिसम्बर 2025 से 20 दिसम्बर 2025 तक मेडिकल कॉलेज के चिकित्सालय द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान का आयोजन रखा गया है जिसमे  आम नागरिकों सहित कॉलेज के समस्त अधिकारी कर्मचारी से ज्यादा से ज्यादा रक्तदान करने की अपील की गई ।

चर्च ऑफ गॉड रायगढ़ के अध्यक्ष श्री मुकेश कुजूर ने कहा छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, पंजाब, आंध्र प्रदेश, गुजरात आदि विभिन्न राज्यों में भी निरंतर रक्तदान ड्राइव आयोजित करता आ रहा है। हमारा उद्देश्य है कि रक्त की कमी से जूझ रहे मरीज अच्छा स्वास्थ्य प्राप्त करें और सुखमय दैनिक जीवन का आनंद लें।

और भी

कुनकुरी नगर को स्वास्थ्य के क्षेत्र में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने  दिया बड़ा तोहफ़ा,नेचुरोपैथी भवन निर्माण के लिए दी 2 करोड़ 62 लाख रूपये स्वीकृत

रायपुर, 8 दिसंबर 25/ कई प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, योग केंद्र और वेलनेस हब खुद को नेचुरोपैथी  कहते हैं। जो प्राकृतिक चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान करता है और बापू भवन इसका ऐतिहासिक घर है, जिसे गांधीजी ने अपनाया था। खासकर छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र का उद्देश्य प्राकृतिक उपचार, योग, आहार, मिट्टी स्नान और हर्बल दवाओं के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य प्रदान करना है।  जशपुर जिले के कुनकुरी नगर की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नेचुरोपैथी भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 62 लाख रुपए की मंजूरी प्रदान की है।

          निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। भवन तैयार हो जाने के बाद कुनकुरी नगरवासियों को प्राकृतिक चिकित्सा की अत्याधुनिक सुविधा अपने ही नगर में उपलब्ध होगी। यह भवन न सिर्फ लोगों को आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की ओर प्रोत्साहित करेगा, बल्कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को उपचार के लिए बड़ी राहत भी देगा। अब बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर दराज जाने की आवश्यकता नहीं होगी। नगरवासियों ने इस दूरदर्शी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सुविधा स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नई दिशा और नई उम्मीद लेकर आएगी।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई ऊंचाई को छूता जशपुर

         मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले को स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई सौगातें मिल चुकी है। मेडिकल कॉलेज के लिए बड़ा कदम उठातेे हुए वित्त विभाग से 359 करोड़ की सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है । इसी प्रकार 220 विस्तर अस्पताल के लिए 32 करोड़ की मंजूरी, नर्सिंग महाविद्यालय भवन के 8 करोड़ की मंजूरी, फिजियोथेरेपी महाविद्यालय के 14 करोड़ की मंजूरी, कल्याण आश्रम अत्याधुनिक चिकित्सालय भवन के लिए 35 करोड़ की मंजूरी, ग़िनाबहर में मातृत्व शिशु चिकित्सालय भवन निर्माण के 8 करोड़ की मंजूरी सहित कई सौगातें दी गई है, जो जिले वासियों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए वरदान साबित होंगी।

और भी