ताजा खबरें


बड़ी खबर

ऑपरेशन शंखनाद का असर: जशपुर पुलिस ने 10 गौवंश तस्करों के चंगुल से छुड़ाए, एक गिरफ्तार

जशपुर 16 दिसम्बर 2025 : 
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस द्वारा गौ तस्करी के विरुद्ध चलाया जा रहा ऑपरेशन शंखनाद लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में थाना आस्ता क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तस्करों के चंगुल से 10 नग गौवंशों को मुक्त कराया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 5 बजे थाना आस्ता पुलिस को ग्रामीणों से पुख्ता सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन (क्रमांक JH-01-EY-1099) में गौवंशों को भरकर हर्राडीपा होते हुए झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस ने ग्राम हर्राडीपा के पास नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर संदिग्ध पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। इस दौरान एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि वाहन में मौजूद एक व्यक्ति को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सलमान खान (उम्र 26 वर्ष), निवासी ग्राम साईं टांगर टोली, थाना लोदाम, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़) बताया।

पुलिस द्वारा पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर त्रिपाल से ढंके हुए 10 नग गौवंश बरामद किए गए। आरोपी से गौवंशों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गौवंशों को एक अन्य व्यक्ति के साथ लोहरदगा (झारखंड) ले जा रहा था।

पुलिस ने सभी गौवंशों को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी सलमान खान को हिरासत में लिया। साथ ही उसकी निशानदेही पर फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

थाना आस्ता में आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी आस्ता उप निरीक्षक अशोक कुमार यादव, प्रधान आरक्षक संदीप एक्का, मनोहर एक्का, आरक्षक अनिल भगत, शरद भगत एवं अरुण तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

और भी

महतारी वंदन योजना: छत्तीसगढ़ की महिलाओं को आत्मनिर्भरता की नई उड़ान”

महतारी वंदन योजना से सशक्त हो रही छत्तीसगढ़ की महिलाएं
  हर माह की आर्थिक सहायता बनी आत्मनिर्भरता का आधार


रायपुर, 15 दिसम्बर 2025
शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव की मजबूत मिसाल बनकर उभरी है। महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता, पोषण और स्वास्थ्य को सशक्त करने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 10 मार्च 2024 को वर्चुअली किया गया था। योजना के तहत राज्य की लगभग 70 लाख विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है। अब तक योजना के अंतर्गत 22 किश्तों में कुल 14,306 करोड़ 33 लाख रुपये की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।  
          इस योजना का असर जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। बलरामपुर जिले के  ग्राम बुलगांव की श्रीमती रिंकू सिंह की कहानी इसका जीवंत उदाहरण है। खेती-बाड़ी पर निर्भर परिवार में पहले छोटी-छोटी जरूरतें भी बड़ी परेशानी बन जाया करती थीं, लेकिन अब हर महीने तय तारीख को खाते में आने वाली राशि से उनके घर में आर्थिक स्थिरता लौटी है। घर का राशन समय पर पूरा हो रहा है, बच्चों की पढ़ाई से जुड़े छोटे-छोटे खर्च आसानी से पूरे हो जाते हैं और उधार लेने की मजबूरी खत्म हो गई है। श्रीमती रिंकू सिंह बताती हैं कि महतारी वंदन योजना ने न केवल खर्चों का समाधान किया, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाया है। घर के फैसलों में उनकी भागीदारी बढ़ी है और चिंता की जगह आत्मनिर्भरता ने ले ली है। श्रीमती रिंकू सिंह जैसी हजारों महिलाओं के लिए यह योजना सम्मानजनक जीवन और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बन रही है।

और भी

अम्बिकापुर में विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों से भेंट कर पुरानी पेंशन योजना की मांग रखी

पुरानी पेंशन योजना के लिए विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन ने किया मुख्यमंत्री और मंत्रियों से भेंट

● जनता यूनियन अभियान चलाकर कर सौंप रहे ज्ञापन
● माननीय मुख्यमंत्री सहित 3 मंत्री से मिले
● पुरानी पेंशन योजना के साथ संविदा नियमितिकरण की      मांग
● क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा, अभियान जारी रखेंगे

अम्बिकापुर 15 दिसम्बर 2025 : छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने पुरानी पेंशन योजना की मांग को लेकर माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मीदेवी राजवाड़े, अजा/जजा/ओबीसी एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम से अलग अलग उनके निवास पर भेंट किया तथा OPS सहित संविदा नियमतिकरण हेतु ज्ञापन सौंपा। इसके पूर्व जनता यूनियन अम्बिकापुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष यतींद्र गुप्ता एवं अन्य सदस्य पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल एवं सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज से मुलाकात कर चुके हैं। पुरानी पेंशन योजना की मांग हेतु चलाये जा रहे इस अभियान में अम्बिकापुर क्षेत्र (सरगुजा संभाग) के विभिन्न जिले से जनता यूनियन के पदाधिकारी एवं विद्युत कर्मचारियों ने अपनी बात जनप्रतिनिधियों से रखी।

जनता यूनियन के क्षेत्रीय अध्यक्ष यतींद्र गुप्ता एवं पत्थलगांव संभाग के अध्यक्ष श्री प्रमोद कुजूर के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने 28 अक्टूबर को माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी से उनके बगिया ग्राम स्थित निवास पर भेंट कर OPS बहाली और संविदाकर्मियों को नियमित करने हेतु ज्ञापन सौंपा तथा सीधी वार्ता की। माननीय मुख्यमंत्री जी ने संगठन को आश्वासन दिया कि इसपर जल्द विचार किया जाएगा। तदुपरांत जनता यूनियन सूरजपुर शाखा के जिलाध्यक्ष श्री श्रवण कुमार साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने 9 नवम्बर 2025 को महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मीदेवी राजवाड़े से उनके वीरपुर स्थित निवास पर जाकर भेंट कर ज्ञापन सौंपा तथा कमर्चारियों के हित और सुरक्षा हेतु इस मांग को पूरा करने का आग्रह किया। मंत्री महोदया ने टीम को आश्वस्त किया कि वे यथोचित सहयोग करेंगी।


इसके बाद जनता यूनियन की अम्बिकापुर शाखा ने 2 नवम्बर 2025 को अजा/जजा/ओबीसी एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम जी से भेंट कर आदिवासी क्षेत्र सरगुजा संभाग सहित पूरे प्रदेश में कार्यरत बिजली कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य हेतु राज्य शासन से OPS की सौगात दिलाने का निवेदन करते हुए मांग पत्र सौंपा। इसी तरह यूनियन ने पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल एवं सांसद महोदय जी से भी भेंट कर मांग रखी है।
उल्लेखनीय है कि पूर्ववर्ती सरकार ने 2004 के बाद राज्य शासन सहित बिजली विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए भी पुरानी पेंशन योजना लागू करने की घोषणा की थी। जिसके परिपालन में राज्य शासन के समस्त विभागों में OPS लागू हो चुका है और कर्मचारियों की NPS के अंतर्गत हुई कटौती OPS में समायोजित कर नई कटौती चालू कर दी गयी है। किन्तु घोषणा के बावजूद बिजली कम्पनी प्रबंधन ने कम्पनी में 2004 के बाद भर्ती हुए विद्युतकर्मियों के लिए अब तक इसे लागू नहीं किया गया है जिससे विद्युत कर्मियों में निराशा व्याप्त है और वे परिवार के सुरक्षित भविष्य को लेकर चिंतित हैं। 
बिजली कर्मचारी संगठन जनता यूनियन द्वारा ओपीएस लागू कराने के लिए वर्तमान भाजपा सरकार, विद्युत कम्पनी के चेयरमैन डॉ रोहित यादव एवं प्रबंधन से लगातार मांग कर रही है। उपरोक्त भेंट मुलाकात के बाद मिले प्रतिसाद के बाद आशा है कि संवेदनशील वर्तमान भाजपा सरकार बिजली कर्मियों के परिवार के हित और सुरक्षित भविष्य के लिए यह सौगात अवश्य देगी।
माननीय मुख्यमंत्री महोदय एवं अन्य मंत्रियों से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में जनता यूनियन के क्षेत्रीय अध्यक्ष यतींद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष आशीष हीरा, पत्थलगांव संभाग अध्यक्ष प्रमोद कुजूर, सूरजपुर जिला शाखा के अध्यक्ष श्रवण साहू, सन्गठन मंत्री धर्मविजय मिंज एवं विनोद गुप्ता सहित अम्बिकापुर से मनोज सनेही, आदित्य चौबे, हिमांशु सिंह व रामेश्वर सिंह, पत्थलगांव से प्रफुल्ल किस्पोट्टा एवं मनोज कुमार, जशपुर बगीचा से सुरिज बलि, दिलीप राम एवं सम्हन दास महंत, सूरजपुर से विक्रम साहू एवं खिलेश पैंकरा आदि शामिल रहे।
सरगुजा संभाग (अम्बिकापुर क्षेत्रीय) अध्यक्ष यतींद्र गुप्ता ने बताया कि कर्मचारियों के लिए ओपीएस लागू कराने, संविदाकर्मियों के नियमितीकरण एवं अन्य आर्थिक हितलाभ जैसे वेतनवृद्धि, मेडिकल, अतिरिक्त वेतन, अवकाश नगदीकरण आदि सुविधा दिलाने तथा कार्यालयों की संख्या एवं आवश्यकता के अनुसार पदों की रिस्ट्रक्चरिंग की मांग को लेकर जनता यूनियन का संघर्ष और अभियान और प्रयास सतत जारी रहेगा।

और भी

जशपुर पुलिस ने टोनही प्रताड़ना के मामले में दो फरार ‘आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा


जशपुर, 15 नवंबर 2025: थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर में टोनही प्रताड़ना के एक गंभीर मामले में जशपुर पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा।

मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 नवंबर को 53 वर्षीय फौसी बाई ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर पर कुछ लोग सुबह-सुबह हंगामा करते हुए घुस आए और उन पर “टोनही” होने का आरोप लगाते हुए मारपीट की। आरोपियों ने कहा कि उनकी मां सुनीता बाई की मृत्यु का कारण फौसी बाई का जादू टोना है और उसे जिंदा करना होगा। आरोपियों के मारपीट करने पर पीड़िता के बेटे-बेटी ने उन्हें बचाया।

जांच में यह सामने आया कि फूलचंद राम भगत और उनके साथियों ने मृतक सुनीता भगत को जिंदा करने का दावा करते हुए परिजनों से पैसे लिए और इसी सिलसिले में फौसी बाई पर टोनही का आरोप लगाया। पहले ही पुलिस ने मामले में 8 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

इस मामले में फरार दो ‘बैगा’—कृपा चौहान (रायगढ़) और संतु राम चौहान (सारंगढ़)—को पुलिस ने मुखबिर व तकनीकी सहायता से गिरफ्तार किया। दोनों ने मृतिका की कब्र पर तंत्र-मंत्र का नाटक कर परिजनों से हजारों रुपए की मांग की थी।

जशपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जादू टोना और टोनही जैसे अंधविश्वास न केवल सामाजिक दृष्टि से हानिकारक हैं, बल्कि कानून के तहत अपराध भी हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इन अंधविश्वासों से दूर रहें।

पुलिस टीम में थाना प्रभारी दुलदुला निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, आरक्षक अकबर चौहान, एलेक्शियूस तिग्गा और आनंद खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और भी

रायगढ़ में रेत के अवैध परिवहन पर शिकंजा: 9 ट्रैक्टर जब्त, वाहन मालिकों पर दर्ज हुआ प्रकरण

रायगढ़, 15 दिसम्बर 2025/ जिले में खनिज के अवैध उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे 09 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है।
           जिला खनिज अधिकारी श्री रमाकांत सोनी ने बताया कि खनिज निरीक्षक श्री सोमेश्वर सिन्हा एवं जांच दल द्वारा सतत निगरानी के दौरान यह कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि संबंधित वाहन बिना किसी वैध अनुमति के रेत का परिवहन कर रहे थे। मौके पर ही वाहनों का विधिवत जांच के बाद संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। सभी मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के प्रावधानों तथा खान एवं खनिज अधिनियम 1957 के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाइयाँ लगातार जारी रहेंगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

*इनके विरूद्ध की गई कार्रवाई*

          जिन वाहन मालिकों के ऊपर कार्रवाई की गई है, इनमें जोरापाली के भानुकुमार चौहान, वाहन क्रमांक  सीजी 13 बीई 9014, बाल्मिकी प्रजापति वाहन न्यू हालैण्ड सोल्ड, कुरमापाली के नूतन साहू वाहन स्वराज सोल्ड, गोपालपुर के प्रेम उरांव वाहन महिन्द्रा सोल्ड, पतरापाली के समीर पटेल वाहन क्रमांक सीजी 13 एडब्ल्यू 2563, बाबाधाम रायगढ़ के तिरथलाल यादव वाहन क्रमांक सीजी 13 एव्ही 3634, रायगढ़ के प्यारेलाल साहू वाहन क्रमांक सीजी 13 यूएच 2738, धनागर के उत्तम सारथी वाहन क्रमांक सीजी 13 एएस 4893 एवं हण्डी चौक रायगढ़ के गणेश अग्रवाल वाहन क्रमांक महिन्द्रा सोल्ड शामिल है।

और भी

माध्यमिक शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, नवीन पाठ्यपुस्तकों पर विशेष जोर

रायगढ़, 15 दिसम्बर 2025/ नई शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में विकासखंड रायगढ़ में माध्यमिक शालाओं के शिक्षकों का पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण 8 से 12 दिसंबर तक माध्यमिक शाला जुर्ड़ा एवं प्राथमिक शाला ननसिया को प्रशिक्षण केंद्र बनाकर आयोजित किया गया।
          प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.के.वी.राव के निर्देशन में विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री मनोज अग्रवाल एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री संजय पटेल के मार्गदर्शन तथा में किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप तैयार की गई नवीन एवं अनुकूलित पाठ्यपुस्तकों पर आधारित अध्यापन विधियों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में विकासखंड रायगढ़ की 102 माध्यमिक शालाओं के 145 शिक्षकों ने सहभागिता की। इस दौरान संस्कृत, अंग्रेजी, सामाजिक अध्ययन एवं विज्ञान विषयों में नवीन पाठ्यपुस्तकों के अनुरूप प्रभावी एवं गतिविधि आधारित अध्यापन तकनीकों की जानकारी दी गई।
             यह प्रशिक्षण जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) धरमजयगढ़ से चयनित एवं प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा संचालित किया गया। मास्टर ट्रेनर्स ने पाठ्यपुस्तकों में निहित प्रावधानों, अपेक्षित दक्षताओं, अधिगम परिणामों तथा गतिविधि आधारित शिक्षण विधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रशिक्षण को रोचक एवं प्रभावी बनाने हेतु वीडियो एवं प्रोजेक्टर का व्यापक उपयोग किया गया। प्रशिक्षण के अंतिम दिवस डाईट धरमजयगढ़ के प्राचार्य श्री अनिल पैंकरा ने अपनी टीम के साथ दोनों प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था, विषयवस्तु एवं शिक्षण गुणवत्ता का अवलोकन कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया तथा प्रशिक्षण को संतोषजनक एवं उत्कृष्ट बताया।
             समापन अवसर पर विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री मनोज अग्रवाल ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचार आधारित शिक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता सुधार हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा करते हुए शिक्षकों को नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रेरित किया। 
           उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग द्वारा इस वर्ष कक्षा पहली, दूसरी, तीसरी एवं कक्षा छठवीं की नवीन पाठ्यपुस्तकें लागू की गई हैं, जिन्हें नई शिक्षा नीति 2020 एवं एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम के अनुरूप तैयार किया गया है। कक्षा छठवीं में जहां पूर्व में 6 विषय थे, वहीं अब विद्यार्थियों को 9 पुस्तकों का अध्ययन करना होगा। नई नीति के अंतर्गत बच्चों के सर्वांगीण एवं रोजगारोन्मुख विकास को ध्यान में रखते हुए कौशल विकास, खेल शिक्षा, शारीरिक शिक्षा एवं योग से संबंधित अतिरिक्त पुस्तकों को पाठ्यक्रम में सम्मिलित किया गया है। साथ ही पाठ्यपुस्तकों का स्वरूप अधिक तर्कसंगत, गतिविधि आधारित एवं व्यावहारिक बनाया गया है। प्रशिक्षण उपरांत शिक्षकों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी एवं लाभकारी बताया। शिक्षकों के अनुसार प्रशिक्षण के माध्यम से नवीन पाठ्यपुस्तकों के अध्यापन में आ रही व्यवहारिक कठिनाइयों का समाधान हुआ है। इस सफल प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन में श्री चेतन चौधरी, श्री मनोज गुप्ता, श्री खगेश्वर साहू सहित सभी मास्टर ट्रेनर्स का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

और भी

विद्यार्थियों के हित में प्रशासन का बड़ा कदम: निजी स्कूलों को दिया कड़ा निर्देश"

रायगढ़, 15 दिसम्बर 2025/ जिले में निजी विद्यालयों द्वारा पाठ्य पुस्तकों एवं गणवेश के विक्रय तथा विद्यार्थियों को किसी विशेष दुकान से खरीदने के लिए बाध्य किए जाने की शिकायतों को कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने गंभीरता से संज्ञान में लिया है। इस संबंध में उन्होंने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि किसी भी विद्यालय परिसर में पाठ्य पुस्तकों अथवा गणवेश का विक्रय नहीं किया जाएगा और न ही विद्यार्थियों अथवा उनके अभिभावकों को किसी निर्धारित दुकान से सामग्री क्रय करने के लिए बाध्य किया जाएगा। 
          कलेक्टर श्री चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.के.वी.राव ने जानकारी दी कि जिला मुख्यालय में संचालित कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल तथा विद्या विकास कॉन्सेप्ट स्कूल रायगढ़ के प्राचार्यों को आगामी शैक्षणिक सत्र से अनिवार्य रूप से एन.सी.ई.आर.टी./एस.सी.ई.आर.टी. की पाठ्य पुस्तकों से ही अध्यापन कराए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही सभी संबंधित विद्यालयों को यह भी स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि विद्यालय प्रांगण में किसी भी प्रकार की पाठ्य पुस्तक अथवा गणवेश की बिक्री नहीं की जाएगी तथा बच्चों को किसी दुकान विशेष से खरीदारी के लिए विवश नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा इस संबंध में चेतावनी भी दी गई है कि भविष्य में यदि इस प्रकार की कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित संस्था की मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

और भी

ग्राम पंचायत टांगरघाट में घर-घर कचरा संग्रहण से स्वच्छता की सफलता और ग्रामीण सहभागिता का मॉडल

रायगढ़, 15 दिसम्बर 2025/ जनपद पंचायत तमनार अंतर्गत ग्राम पंचायत टांगरघाट में स्वच्छता के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय और प्रेरणादायक परिवर्तन देखने को मिला है। लंबे समय तक गांव में कचरा निस्तारण की कोई सुव्यवस्थित व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीण घरों का कचरा खुले स्थानों, सड़कों के किनारे और नालियों में फेंक देते थे। इससे गांव का वातावरण प्रदूषित रहता था, दुर्गंध फैलती थी, मच्छरों की संख्या बढ़ रही थी और जलभराव जैसी समस्याएं आम थीं, जो स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन रही थीं। इन परिस्थितियों को देखते हुए ग्राम पंचायत टांगरघाट ने स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था प्रारंभ की। इस पहल में महिला स्व-सहायता समूह सुख शान्ति वैभव लक्ष्मी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समूह की सक्रिय सदस्य श्रीमती सुशीला चौहान एवं साथी रथकुंवर द्वारा ग्रामीण परिवारों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए लगातार प्रेरित किया गया। साथ ही सफाई मित्रों को आवश्यक प्रशिक्षण देकर नियमित रूप से कचरा उठाव सुनिश्चित किया गया।
           गांव में माइकिंग, पोस्टर, ग्राम सभा एवं मोहल्ला बैठकों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। कचरे के सुरक्षित निपटान के लिए निर्धारित स्थल का निर्माण एवं उपयोग किया गया, जिससे कचरा प्रबंधन व्यवस्थित रूप से होने लगा। तरल अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत ग्राम की गलियों में नालियों का निर्माण कराया गया तथा गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था की गई। ग्राम पंचायत के सभी सामुदायिक हैंडपंपों एवं नलों में सामुदायिक एवं व्यक्तिगत स्तर पर सोकपीट का निर्माण किया गया, जिससे जलभराव की समस्या में उल्लेखनीय कमी आई। स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नारा लेखन, दीवार लेखन एवं प्रचार-प्रसार किया गया। इन सतत प्रयासों का परिणाम यह हुआ कि आज ग्राम पंचायत टांगरघाट की सड़कों, गलियों और मोहल्लों में साफ-सफाई स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगी है। मच्छरजनित बीमारियों का खतरा कम हुआ है, गांव का वातावरण स्वच्छ और स्वस्थ बना है तथा पंचायत पर ग्रामीणों का विश्वास और सहभागिता बढ़ी है।
           ग्रामीणों की प्रतिक्रिया भी अत्यंत सकारात्मक रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले गांव में हर जगह कचरा फैला रहता था, लेकिन अब रोज घर से कचरा उठाए जाने से पूरा माहौल साफ और सुहावना हो गया है। स्वच्छता से जुड़ी इस व्यवस्था ने गांव की पहचान बदल दी है और टांगरघाट अब एक स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक ग्राम के रूप में उभर रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर स्वच्छाग्राही दीदियों को शिविर कार्यक्रमों में सम्मानित किया जाता है तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाता है। इससे स्वच्छता कार्य से जुड़े लोगों का उत्साह बढ़ा है और ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। ग्राम पंचायत के सरपंच श्री तीरथ प्रसाद राठिया, सचिव श्री प्रभात कुमार मिश्रा एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा ग्राम सभा में स्वच्छता से संबंधित प्रस्ताव पारित कर गांव को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया गया है। आज ग्राम पंचायत टांगरघाट की यह पहल न केवल स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण बन चुकी है, बल्कि यह दर्शाती है कि जब पंचायत, स्व सहायता समूह और ग्रामीण मिलकर कार्य करते हैं, तो सतत विकास और स्वच्छ ग्राम का सपना साकार किया जा सकता है।

और भी

कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की समस्याएं, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश

रायगढ़, 15 दिसम्बर 2025/ जिला कलेक्टोरेट में आज आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने जिले के विभिन्न ग्रामों एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं, मांगें एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जनदर्शन आम जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है, जिसमें प्राप्त प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
          जनदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, मुआवजा प्रकरण, अतिक्रमण हटाने, सहायक उपकरण उपलब्ध कराने, किसान पंजीयन सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 

*धान विक्रय हेतु वारिसान पंजीयन की मांग*

ग्राम कछार के माधव राठिया ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि किसान एतवार सिंह का 27 अक्टूबर को निधन हो गया है। उन्होंने मृतक किसान के वारिसानों का धान विक्रय हेतु पंजीयन कराए जाने की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को प्रकरण का परीक्षण कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम-डीपापारा के सरपंच ने अवगत कराया कि ग्राम में अमृत सरोवर निर्माण कार्य के गहरीकरण हेतु स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, किंतु अब तक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। उन्होंने शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने की मांग रखी। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्य में विलंब के कारणों की जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
          ग्राम-सुकुल भठली की योगेश्वरी प्रधान ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास का लाभ दिलाए जाने हेतु आवेदन सौंपा। कलेक्टर ने प्रकरण की जांच कर पात्रता के आधार पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त अन्य आवेदकों ने भी विभिन्न व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं, योजनाओं के लाभ, प्रशासनिक विषयों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर हर संभव निराकरण का आश्वासन दिया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर राहत मिल सके और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे।

और भी

“कलेक्टर ने जिले में धान खरीदी और विकास कार्यों की समय-सीमा बैठक में दी सख्त चेतावनी”

रायगढ़, 15 दिसंबर 2025।  जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध एवं त्वरित निराकरण के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले के 105 उपार्जन केंद्रों में शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप में अब तक हुई कुल धान खरीदी, धान के अवैध परिवहन एवं भंडारण, किसानों को निर्धारित समय अवधि में हो रहे राशि भुगतान सहित धान खरीदी से संबंधित बिंदुओं पर समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा–निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी योजना राज्य शासन की प्राथमिकता में शामिल है। कलेक्टर ने साफ निर्देश देते हुए कहा कि किसानों के वास्तविक उपज को विक्रय करने में किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानियां नहीं होनी चाहिए। 
     कलेक्टर ने धान खरीदी नीति का पालन करते हुए सुचारू रूप से धान खरीदी की व्यवस्था पर सतत् निगरानी रखने और धान के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर कड़ी निगरानी रखते हुए कार्यवाही जारी रखने के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों को शनिवार एवं रविवार को समितियों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में धान की आवक बढ़ेगी, ऐसे में टोकन सत्यापन, रकबा समर्पण तथा अवैध भंडारण एवं परिवहन पर सतत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अमानक धान खरीदी की शिकायत मिलने पर संबंधित समिति प्रबंधक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने बैठक में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में सड़क, पुल-पुलिया एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नरेगा अंतर्गत जल संरक्षण कार्यों की सराहना करते हुए इन कार्यों को और अधिक गति देने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नगर निगम आयुक्त को विशेष ध्यान देने को कहा।

*राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा*

राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने खसरा सत्यापन का कार्य 15 दिवस के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना, अतिक्रमण हटाने तथा बॉन्ड ओवर की कार्रवाई को प्रभावी क्रियान्वयन करें। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत अधिक से अधिक हितग्राहियों के पंजीयन, खरसिया एवं धरमजयगढ़ क्षेत्रों में कार्यों में तेजी लाने तथा मैदानी अमले की कार्यक्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वय वंदना योजना के लक्ष्य समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु जिला पंचायत सीईओ को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सिकलसेल जांच एवं सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ऑक्सीजन सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

*खम्हार पाकुर डेम आधारित समूह जल प्रदाय योजना का प्राक्कलन तैयार करने 1 जनवरी तक समय निर्धारित*

कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने लोकस्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की प्रस्तावित कार्ययोजनाओं लंबित कार्यों की गहन समीक्षा की। कलेक्टर ने प्रस्तावित कार्य खम्हारपाकुट डेम आधारित समूह जल प्रदाय योजना का प्राक्कलन तैयार करने संबंधित दिए गए निर्देशों में कोई प्रगति नहीं आने पर विभाग के अधिकारी के कामकाज पर अप्रसन्नता व्यक्त की और सभी लंबित कार्यों को 1 जनवरी 2026 तक पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने जलजीवन मिशन की प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के निर्माणाधीन एवं नवीन स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्कूल एवं अस्पताल भवन निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने राशन दुकानों में खराब गुणवत्ता वाले चावल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए हितग्राहियों को केवल उच्च गुणवत्ता वाला राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिक्षा, समाज कल्याण, स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास विभागों को संस्थागत निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।

*सुशासन सप्ताह का प्रभावी क्रियान्वयन*

कलेक्टर ने बताया कि 19 से 25 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। सभी विभागों को सुशासन सप्ताह के बेहतर क्रियान्वयन हेतु कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एसआईआर कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी से संपन्न करने को कहा गया। बैठक में वन मंडलाधिकारी श्री अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो एवं डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री राकेश गोलछा एवं श्रीमती पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम सहित सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

साय सरकार की प्रथम कैबिनेट के दो वर्ष पूर्ण: 18 लाख पीएम आवास को दी गई थी स्वीकृति,10,000 आजीविका डबरी निर्माण कार्यों का किया शुभारंभ

रायपुर, 14 दिसंबर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपनी प्रथम मंत्रिपरिषद बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 18 लाख आवासों की स्वीकृति के निर्णय के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में 10,000 आजीविका डबरी निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। 
कार्यक्रम में कवर्धा जिले के जनमन आवास योजना के हितग्राहियों तथा नारायणपुर जिले के आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के लिए संचालित विशेष परियोजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को आजीविका डबरी के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारीक सिंह, प्रधानमंत्री आवास योजना के संचालक एवं आयुक्त महात्मा गांधी नरेगा श्री तारन प्रकाश सिन्हा तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वर्ष 2016 से 2026 की अवधि के लिए 26.27 लाख आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 24.37 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 17.14 लाख आवास पूर्ण हो चुके हैं। मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में मात्र दो वर्षों में लगभग 8 लाख आवासों का निर्माण पूर्ण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है, जो योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा विगत दो वर्षों के अल्प कार्यकाल में ही लगभग 8 लाख आवासों का निर्माण पूर्ण किया गया है। यह उपलब्धि राज्य में आवास निर्माण की गति को दर्शाती है। विशेष रूप से पिछले 6 महीनों में प्रतिदिन औसतन 2000 आवासों का निर्माण पूर्ण किया गया, जो प्रशासनिक दक्षता और सतत निगरानी का परिणाम है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का शुभारंभ अप्रैल 2016 में किया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराना है। इस योजना के अंतर्गत प्रति आवास 1.20 लाख रूपए की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। साथ ही, योजना का अन्य योजनाओं से अभिसरण किया गया है, जिसके तहत मनरेगा से 90 दिवस की मजदूरी तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) से 12 हजार रूपए की सहायता शौचालय निर्माण हेतु दी जाती है, जिससे हितग्राही को संपूर्ण आवास सुविधा प्राप्त हो सके।

महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत प्रदेश में 10,000 आजीविका डबरी निर्माण का कार्य मोर गांव-मोर पानी महाअभियान के अंतर्गत क्रियान्वित किया जा रहा है। इन डबरियों का निर्माण पात्र हितग्राहियों की निजी भूमि पर किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राही भी सम्मिलित हैं। सभी डबरियों को मई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

आजीविका डबरी परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन, सिंचाई सुविधा में वृद्धि, मत्स्य पालन, बत्तख पालन, वृक्षारोपण एवं सिघाड़ा उत्पादन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे ग्रामीण परिवारों को स्थायी आजीविका के अतिरिक्त अवसर प्राप्त होंगे और उनकी आय में वृद्धि होगी। इस प्रकार, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और मनरेगा के अभिसरण से राज्य सरकार ग्रामीण विकास, आवास सुरक्षा, रोजगार सृजन और जल संरक्षण के लक्ष्यों को एक साथ साकार कर रही है, जो छत्तीसगढ़ के समावेशी और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

और भी

*जिले के बैंकिंग लक्ष्यों की समीक्षा, कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश*


रायगढ़, 14 दिसंबर 2025। रायगढ़ जिले में सितंबर तिमाही 2025 की समाप्ति पर जिला स्तरीय समीक्षात्मक समिति एवं जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की संयुक्त बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने की।
बैठक में कृषि विभाग, जिला औद्योगिक केंद्र, पशुपालन विभाग, अंत्यावसायी विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, बागवानी, मत्स्य पालन तथा नगर निगम रायगढ़ के विभागीय प्रमुखों के साथ-साथ श्री सदानंद बास्की, लीड जिला अधिकारी, भारतीय रिजर्व बैंक तथा श्री मिल्योर बड़ा, जिला विकास प्रबंधक की उपस्थिति रही। जिले के समस्त बैंकों के प्रतिनिधियों ने बैठक में सक्रिय रूप से भाग लिया। कलेक्टर के निर्देश पर बैठक का आयोजन श्री कमल किशोर सिंह, अग्रणी बैंक प्रबंधक, रायगढ़ द्वारा किया गया।

एजेंडा के अनुसार बैठक में जिले के क्रेडिट-जमा अनुपात, प्राथमिकता क्षेत्र ऋण, एनआरएलएम, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला औद्योगिक केंद्र, अंत्योदय एवं आदिवासी स्वरोजगार योजनाओं, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना तथा विभिन्न सुरक्षा बीमा योजनाओं में हुई प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं बागवानी से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों की विशेष समीक्षा की। उन्होंने बैंकरों को निर्देशित किया कि दिसंबर 2025 तक सभी लंबित मामलों का निराकरण सुनिश्चित करें तथा जनवरी 2026 तक जिले को शासन द्वारा निर्धारित सभी लक्ष्यों की प्राप्ति में सहयोग करें।
कलेक्टर ने बैठक में “आपकी पूँजी, आपका अधिकार” अभियान के अंतर्गत बैंकों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी ली और यह भी सवाल उठाया कि संबंधित विभागों द्वारा अब तक खातों की संख्या का दावा एवं सक्रियण क्यों नहीं किया गया। इस पर बैंकरों ने जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कोष तथा निष्क्रिय खातों को सक्रिय करने के लिए खाताधारकों को भेजे गए नोटिस एवं व्यक्तिगत संपर्क की जानकारी दी।
अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री कमल किशोर सिंह ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत कलेक्टर कार्यालय में दो विशेष शिविर, प्रत्येक विकासखंड में सात-सात शिविर तथा वित्तीय सेवा विभाग के निर्देशानुसार जिले में एक विशेष शिविर आयोजित किया गया है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन गांवों और ब्लॉकों में निष्क्रिय खातों एवं जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कोष से संबंधित मामलों की संख्या अधिक है, वहां विशेष शिविर लगाए जाएं।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर चिंता व्यक्त की और बैंकरों को अधिकतम संख्या में ऋण स्वीकृत कर जिले के लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। नगर निगम रायगढ़ के अधिकारियों ने जानकारी दी कि रायगढ़ जिला, छत्तीसगढ़ में स्ट्रीट वेंडर्स को ऋण स्वीकृति में शीर्ष जिलों में शामिल है, जिसमें जिले में स्वीकृत कुल ऋणों का लगभग 90 प्रतिशत भारतीय स्टेट बैंक द्वारा स्वीकृत किया गया है।
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने बैठक में बैंक सैचुरेशन प्लान-2022 के अंतर्गत जिले के उन गांवों में, जहां बैंकिंग सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां बैंक शाखा खोलने तथा इंडियन पोस्टल पेमेंट बैंक एवं ग्राहक सेवा केंद्रों के माध्यम से कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान फाइनेंशियल लिटरेसी काउंसलर, मनी वाइज़, बी वाइज़ फाइनेंशियल लिटरेसी सेंटर तथा विभिन्न बैंक शाखाओं द्वारा वित्तीय साक्षरता के क्षेत्र में की गई प्रगति की जानकारी भी साझा की गई।

और भी

रायगढ़ में शीतलहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायगढ़, 14 दिसम्बर 2025/ जिले में बढ़ती ठंड और संभावित शीतलहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अलर्ट जारी किया गया है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने आमजन से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में तापमान में अत्यधिक गिरावट, शीतलहर एवं शीत दिवस की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।
      मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अनिल जगत ने बताया कि शीतलहर का प्रभाव विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों पर अधिक पड़ता है। साथ ही हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी, मधुमेह, अस्थमा एवं अन्य दीर्घकालिक रोगों से ग्रसित व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
           शीतलहर के दौरान शरीर का तापमान अचानक गिर सकता है, जिससे हाइपोथर्मिया, हाथ-पैरों में सुन्नपन, श्वसन संबंधी बीमारियों में वृद्धि तथा हृदय रोगियों में जटिलताएँ बढ़ने की आशंका रहती है। बच्चों में सर्दी-जुकाम व निमोनिया का खतरा भी बढ़ जाता है।
          उन्होंने शीत लहर को विशेष ध्यान में रखते  हुए नागरिकों को परतदार गर्म कपड़े पहनने, ऊनी टोपी, मफलर, दस्ताने व मोजे का उपयोग करने की सलाह दी है। सुबह एवं शाम के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, गर्म भोजन व पेय पदार्थों का सेवन करने तथा ठंड में भी पर्याप्त पानी पीने की अपील की गई है। साथ ही धूम्रपान से दूर रहने की सलाह दी गई है।
             घर के अंदर हीटर का उपयोग सावधानीपूर्वक करने तथा बंद कमरों में अंगीठी या कोयला न जलाने की चेतावनी दी गई है, क्योंकि इससे कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से दम घुटने का खतरा रहता है। बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं छोटे बच्चों को अतिरिक्त गर्माहट देने की आवश्यकता बताई गई है।
            यात्रा के दौरान कोहरे को ध्यान में रखते हुए सुबह व देर शाम यात्रा से बचने, वाहन धीमी गति से चलाने तथा हेडलाइट व फॉग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी गई है। खेतों में कार्य करने वाले किसानों को गर्म कपड़े पहनने और समय-समय पर विश्राम करने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में अत्यधिक ठंड लगने, सांस लेने में कठिनाई या बेहोशी की स्थिति होने पर 108 एम्बुलेंस सेवा अथवा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई है।
          उन्होंने बताया  कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में शीतलहर से संबंधित उपचार एवं दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य कर्मियों एवं आशा कार्यकर्ताओं को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

और भी

सरहद पार से आ रहे अवैध धान का पुलिस ने किया पर्दाफाश,दो पिकअप में 40 किंवटल धान जब्त

जशपुर  छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन के दौरान जशपुर पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में, सरहदी राज्यों से हो रही अवैध धान की आमद पर लगातार निगरानी रखे हुए है। इसी कड़ी में थाना लोदाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से अवैध रूप से लाए जा रहे 40 क्विंटल धान को जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 दिसंबर की रात लगभग 9 बजे थाना लोदाम क्षेत्र अंतर्गत शंख नदी पुल के पास पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रही दो पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-FD-3309 एवं JH-01-EU-0967 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में दोनों वाहनों से कुल 96 बोरी धान बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 40 क्विंटल है।

वाहन चालकों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम साजिद आलम (27 वर्ष), निवासी गुलाम आजाद बस्ती, गुमला (झारखंड) एवं जिसान आलम (25 वर्ष), निवासी ग्राम पिस्का, नगड़ी, जिला रांची (झारखंड) बताया। चालकों ने धान को झारखंड के सिसई, नागफनी क्षेत्र से लाना बताया, लेकिन धान के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों सहित 40 क्विंटल अवैध धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया है।

उल्लेखनीय है कि जशपुर पुलिस द्वारा झारखंड एवं ओडिशा से हो रहे अवैध धान परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक पुलिस 5 ट्रक, 17 पिकअप वाहन एवं एक ट्रैक्टर से कुल 1451 क्विंटल अवैध धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप चुकी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक हरिशंकर केवट एवं धनसाय राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और भी

आपसी सुलह से परिवार फिर जुड़े, राष्ट्रीय लोक अदालत ने निभाई सामाजिक सौहार्द की भूमिका,7 लाख से अधिक प्रकरणों का हुआ निराकरण

रायगढ़, 14 दिसम्बर 2025। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार, 13 दिसम्बर को रायगढ़ जिले में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। आयोजित नेशनल लोक अदालत के अवसर पर सर्वप्रथम श्री जितेन्द्र कुमार जैन, प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जिला न्यायालय रायगढ़ के न्यायालयीन सभागार में मॉ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष द्वीप प्रज्जवलित कर नेशनल लोक अदालत के आयोजन का शुभारंभ किया। 
            जिला एवं तहसील न्यायालयों में विभिन्न प्रकृति के राजीनामा योग्य मामले जैसे-मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, बैंक वसूली के प्रकरण, आपराधिक मामले, विद्युत मामले, श्रम विवाद, पारिवारिक विवाद, चेक अनादरण, सिविल मामले के साथ-साथ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 एवं अन्य छोटे अपराधों के मामले, जिसमें यातायात उल्लंघन के मामलों को भी शामिल करते हुए, जिला मुख्यालय रायगढ़ एवं तहसील सारंगढ़, घरघोड़ा, धरमजयगढ, खरसिया, भटगांव, बिलाईगढ़ के न्यायालयों में तथा परिवार न्यायालय, श्रम न्यायालय एवं किशोर न्याय बोर्ड को मिलाकर कुल 26 खण्डपीठों का गठन किया गया। इसके अतिरिक्त रायगढ़ एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ के राजस्व न्यायालयों में भी खण्डपीठों का गठन किया गया। खण्डपीठों में 7792 लंबित प्रकरण एवं 805816 प्रीलिटिगेशन प्रकरण अर्थात कुल 813608 प्रकरण को राजीनामा के आधार पर निराकरण हेतु लोक अदालत में रखा गया। 
          इस प्रकार रखे गये कुल 813608 प्रकरणों में से 6992 लंबित प्रकरण एवं 712179 प्रीलिटिगेशन प्रकरण निराकृत हुये। इस प्रकार कुल 719171 प्रकरणों का निराकरण, जिला न्यायालय, परिवार न्यायालय, श्रम न्यायालय, किशोर न्याय बोर्ड, उपभोक्ता फोरम रायगढ़ एवं तहसील स्थित व्यवहार न्यायालय सारंगढ़, घरघोड़ा, धरमजयगढ़, खरसिया, भटगांव, बिलाईगढ़ व राजस्व न्यायालय रायगढ़ एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ में राजीनामा के आधार पर किया गया और उन प्रकरणा़ें के अंतर्गत कुल 38 करोड़ 83 लाख 90 हजार 829 रूपये का सेटलमेंट हुआ।
           आयोजित लोक अदालत का मूल उद्देश्य आपसी सुलह समझौते के माघ्यम से पारिवारिक विवादों का समाधान कर परिवारों को फिर से जोड़ना और सामाजिक सौहार्द को स्थापित करना हमेशा से रहा हैं। जिसके तहत इस लोक अदालत के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के उद्देश्य के अनुसार आपसी समझौते के तहत परिवार न्यायालय में 02 महत्वपूर्ण प्रकरणों को निपटारा किया गया जिसमें निर्मल इजारदार एवं श्रीमती उषा इजारदार के मध्य आपसी सामंजस्य नहीं बन पाने के कारण विवाह विच्छेद का मामला चल रहा था जिसमें लोक अदालत के दौरान न्यायाधीश द्वारा दोनों पक्षों को समझाईश देते हुए परस्पर साथ में रहने तथा सुखमय जीवन बिताने के लिए आपस में सुलह करने के लिए प्रेरित किया गया जिसे दोनों पक्षों ने स्वीकार करते हुए आपसी मन-मुटाव को समाप्त कर साथ में रहने का निर्णय लिया और एक पारिवारिक विवाद के मामले का सुखद पटाक्षेप किया गया।
           इसी तरह दूसरे मामले सुभा नवीन विरूद्ध नंदकिशोर वगैरह में तीन बच्चों के संरक्षण के लिए सरंक्षक प्रतिपाल्य अधिनियम के तहत मामला चल रहा था, इसमें भी विद्वान न्यायाधीश महोदय की प्रेरणा से पिता द्वारा अपने तीन बच्चों का संरक्षण स्वीकार करते हुए आपसी विवाद को खत्म कर अपने परिवार के सुखमय जीवन के लिए राजीनामा कर प्रकरण निराकरण किया। उक्त कार्यक्रम में जिला न्यायालय रायगढ़ के न्यायाधीशगण सहित सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला अधिवक्ता संघ रायगढ़ के  अध्यक्ष एवं अन्य अधिवक्तागण, बैंक एवं विद्युत सहित अन्य विभागों के उपस्थित अधिकारीगण तथा राजीनामा के लिए उपस्थित पक्षकारगण, न्यायालयीन कर्मचारीगण एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण तथा पैरालीगल वालिंटियर्स उपस्थित रहे।

और भी

आयुष केन्द्र लोईंग में जनस्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, सैकड़ों लोग हुए लाभान्वित

रायगढ़, 14 दिसम्बर 2025/ राज्य शासन के निर्देशानुसार आयुष केन्द्र लोईंग में माह दिसम्बर के 1 से 10 तारीख तक विभिन्न जनस्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर गौराहा के निर्देशन तथा प्रभारी आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी लोईंग डॉ. मानकेश्वरी संभाकर (जोशी) के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुए।
           इस दौरान बाल संदर्भ आर्युविधा शिविर के अंतर्गत प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय लोईंग में स्वास्थ्य परीक्षण एवं औषधि सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें सहजन, अमरूद, तुलसी, गिलोय, अरण्ड, जया, पारिजात, हरसिंगार, मीठी नीम, धृतकुमारी आदि औषधीय पौधों की उपयोगिता की जानकारी दी गई। इस शिविर से 72 बच्चे लाभान्वित हुए।
          इसी तरह आयुष केन्द्र लोईंग एवं स्कूल मैदान में आयोजित शिविरों में हर्बल गार्डन की जानकारी के साथ-साथ स्त्री मासिक स्वच्छता पर जागरूकता दी गई। साथ ही उदर रोग, वात रोग, अम्लपित्त, चर्म रोग, कृमि रोग एवं ज्वर से संबंधित आयुर्वेदिक उपचार एवं बचाव की जानकारी प्रदान की गई, जिसमें 186 लोगों ने लाभ लिया। आईआईटी कॉलेज लोईंग में आयोजित शिविर के दौरान आयुर्वेदिक स्वास्थ्य परीक्षण, हिमोग्लोबिन जांच, स्त्री मासिक स्वच्छता तथा हाथ धुलाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं सियान जतन क्लीनिक शिविर के माध्यम से 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वृद्धजनों को आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाएं दी गईं। विगत तीन वर्षों से निरंतर संचालित इस पहल के अंतर्गत आशा निकेतन वृद्धाश्रम में शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 52 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस अवसर पर बीपी एवं मधुमेह की जांच, सरल योगाभ्यास तथा आयुर्वेदिक औषधियों की जानकारी दी गई।
        प्रभारी आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. मानकेश्वरी संभाकर (जोशी) ने बताया कि विगत एक वर्ष से प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को होम विजिट के माध्यम से लोगों को निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेद के प्रति जागरूकता और विश्वास बढ़ा है।

और भी

धान उपार्जन केंद्र बुनगा में गंभीर अनियमितताएं उजागर,मानक से अधिक वजन, बारदाना स्टॉक में गड़बड़ी व किस्म बदलकर खरीदी का मामला,संयुक्त जांच दल की कार्रवाई, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

रायगढ़, 14 दिसंबर 2025। विकासखंड पुसौर अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र बुनगा में धान खरीदी के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। शासन द्वारा निर्धारित मानक वजन से अधिक धान खरीदे जाने, बारदाना स्टॉक में अंतर पाए जाने तथा मोटा किस्म धान की खरीदी दर्शाकर सरना धान खरीदे जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच दल द्वारा उपार्जन केंद्र में मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया गया। जांच के दौरान धान खरीदी नीति 2025-26 का उल्लंघन पाया गया, जिसके आधार पर संबंधितों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। कलेक्टर ने निर्देशित  करते हुए कहा है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
         जिला खाद्य  अधिकारी श्री चितरंजन सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार धान उपार्जन केंद्र बुनगा में प्राप्त शिकायत के आधार पर तहसीलदार पुसौर, नायब तहसीलदार पुसौर, खाद्य निरीक्षक, सहकारिता निरीक्षक एवं एपेक्स बैंक के पर्यवेक्षक द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया। संयुक्त दल द्वारा एक दिन पूर्व खरीदी गई धान की बोरियों का रैंडम वजन लिया गया, जिसमें औसतन 40 किलो 915 ग्राम पाया गया। वहीं स्टैक में रखी बोरियों का औसत वजन 40 किलो 820 ग्राम पाया गया, जो कि शासन द्वारा निर्धारित मानक वजन से अधिक है। इसके अतिरिक्त स्टॉक के भौतिक सत्यापन में 16 बोरा धान अतिरिक्त पाया गया। 
      ऑनलाइन खरीदी पत्रक के अनुसार उपार्जन केंद्र में सरना धान 2205 क्विंटल होना चाहिए था, जबकि भौतिक सत्यापन में 2580 क्विंटल सरना धान पाया गया। वहीं 1558 क्विंटल मोटा धान के विरुद्ध केवल 1188 क्विंटल पाया गया। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि उपार्जन केंद्र में मोटा किस्म धान की खरीदी दर्शाकर सरना धान की खरीदी की जा रही थी। इसके साथ ही नए एवं पुराने बारदाना के उपयोग में भी अनियमितता पाई गई तथा खाली नए बारदाना के स्टॉक में भी अंतर पाया गया। उपार्जन केंद्र में व्यापक स्तर पर गड़बड़ी पाए जाने के चलते जांच दल द्वारा विधिवत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सतत निगरानी जारी रहेगी और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जांच के समय उपार्जन केंद्र में प्रबंधक डिलेश्वर प्रधान, ऑपरेटर अभिलाष गुप्ता एवं बारदाना प्रभारी श्याम सुंदर साव उपस्थित थे।

और भी

जशपुर पुलिस ने दो साल पुरानी मोटर साइकल चोरी का फरार आरोपी गिरफ्तार किया

जशपुर 13 दिसम्बर 2025 : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चल रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत जशपुर पुलिस ने दो वर्ष से फरार मोटर साइकल चोर रितिक कुमार पैंकरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामला थाना कांसाबेल क्षेत्र का है, जहां 27 जुलाई 2023 को पटवारी विक्की गुप्ता की यामाहा मोटर साइकल (OD-02-S-2211) चोरी हो गई थी। जांच के दौरान दो अन्य आरोपियों विशाल भगत और विनोद विश्वकर्मा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।

पुलिस ने मुखबीर और तकनीकी सहायता से आरोपी रितिक का पता बरटोली, भागलपुर में लगाया और घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक इग्नेशियूस, आरक्षक सुभाष चंद्र बोस, विनोद तिर्की और नगर सैनिक रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

*मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने कांसाबेल क्षेत्र से दो वर्ष पूर्व हुई, मोटर सायकल चोरी के मामले में फरार एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। फरार आरोपियों की धर पकड़ हेतु ऑपरेशन अंकुश निरन्तर जारी है।*

और भी