ताजा खबरें

बड़ी खबर

शा.उ.मा. विद्यालय बरगांव में एबीवीपी जशपुर की पहल — साइबर सुरक्षा और करियर मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

जशपुर 30 जनवरी2026
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के तत्वावधान में दिनांक 28 जनवरी 2026 को शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरगांव में साइबर सुरक्षा एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को इंटरनेट के सुरक्षित, जिम्मेदार एवं विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय परंपरा के अनुसार विद्या की देवी माँ सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने कार्यक्रम को गरिमामय वातावरण प्रदान किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विषय विशेषज्ञ, “जय हो जशपुर” विकासखण्ड समन्वयक श्री गुरुदेव प्रसाद ने डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी एवं तकनीकी दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने वास्तविक घटनाओं के उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया कि किस प्रकार सोशल मीडिया, मोबाइल फोन, ऑनलाइन गेम्स एवं इंटरनेट का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग किया जाना चाहिए।

उन्होंने पासवर्ड सुरक्षा, ओटीपी की गोपनीयता, फर्जी कॉल व लिंक से बचाव, साइबर बुलिंग एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को सतर्क करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति से ऑनलाइन बातचीत न करें और संदिग्ध लिंक या मैसेज पर क्लिक करने से बचें। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में एबीवीपी छत्तीसगढ़ जिला संयोजक जशपुर नगर श्री मनमोहन सिंह ने एबीवीपी के उद्देश्यों, कार्यपद्धति एवं छात्र हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए परीक्षा तनाव से बचाव, समय प्रबंधन एवं उत्तर लेखन की रणनीति पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। साथ ही विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण हेतु विभिन्न करियर विकल्पों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया।

विद्यालय के प्राचार्य श्री जेन्डर राम मांझी ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचना आवश्यक है, जिससे साइबर अपराधों से बचाव संभव हो सके। विद्यालय प्रबंधन ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताते हुए इन्हें नियमित रूप से आयोजित करने पर बल दिया।

कार्यक्रम के अंत में एबीवीपी जिला संयोजक श्री मनमोहन सिंह द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया एवं कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।

इस अवसर पर एबीवीपी कार्यकर्ता अरविंद सिंह, सत्यपाल सिंह, ललेश्वर सिंह, सुरेश राम, शत्रुघन राम, तुलसी सिंह, बलभद्र सिंह, भानू सिंह, पार्थ रजक, जय हो वॉलंटियर नेहा एक्का, ग्राम से अजय सिंह, विद्यालय से डॉ. श्री मिथलेश पाठक, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image