ताजा खबरें


बड़ी खबर

धान खरीदी में गड़बड़ी पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई,डाटा एंट्री ऑपरेटर निलंबित, फड़ प्रभारी कार्य से पृथक

रायगढ़, 21 जनवरी 2026/  जिले के धान उपार्जन केंद्र तमनार में धान खरीदी कार्य के दौरान गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। जिला नोडल अधिकारी धान उपार्जन केंद्र तमनार द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार दिनांक 19 जनवरी 2026 को कृषक चन्द्रमणी पिता हरीशचंद्र निवासी झिंकाबहाल द्वारा धान विक्रय हेतु उपार्जन केंद्र में धान लाया गया था। प्रारंभिक जांच में 85 बोरी धान अमानक पाए जाने पर उसे पृथक किया गया, जबकि शेष मानक धान को ढालकर नमी मापी गई तथा बोरे में भरकर वजन कराया गया। जांच के दौरान कुल 383 बोरी धान का वजन सही पाया गया। समिति प्रबंधक को उक्त मानक धान की खरीदी के निर्देश दिए गए थे, किंतु समिति द्वारा संधारित रजिस्टर एवं कंप्यूटर प्रविष्टियों की जांच में गंभीर गड़बड़ी सामने आई। 
            जांच में पाया गया कि समिति के कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा कृषक के नाम पर 662 बोरी धान (264.80 क्विंटल) की खरीदी दर्ज की गई, जबकि वास्तविक रूप से केवल 383 बोरी धान ही खरीदी योग्य थी। इस प्रकार 279 बोरी धान (111.6 क्विंटल) की फर्जी खरीदी किया जाना स्पष्ट हुआ। यह कृत्य छत्तीसगढ़ शासन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा धान खरीदी के संबंध में जारी निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। 
           प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित तमनार (पंजीयन क्रमांक 241) के डाटा एंट्री ऑपरेटर श्री अमित साव को धान खरीदी कार्य में गंभीर अनियमितता, लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। साथ ही, धान खरीदी केंद्र तमनार के फड़ प्रभारी श्री हरेराम सिदार को कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर धान खरीदी कार्य से तत्काल पृथक कर दिया गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों के हितों से खिलवाड़ करने, फर्जी प्रविष्टि करने अथवा शासन के निर्देशों की अवहेलना करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों की सतत निगरानी की जा रही है तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

और भी

माध्यमिक शालाओं की शैक्षणिक गुणवत्ता पर फोकस, प्रधान पाठकों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित,छात्रवृत्ति, एनएमएमएस एवं बोर्ड परीक्षा सुधार पर दिए गए सख्त निर्देश

रायगढ़, 21 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश एवं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.के.वी.राव के मार्गदर्शन में जिले की सभी शासकीय माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठकों की समीक्षा बैठक ओ.पी. जिंदल स्कूल, पतरापाली, खरसिया रोड, रायगढ़ में आयोजित हुई। बैठक में सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, जिले के शासकीय शालाओं के माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक, एडीपीओ भुवनेश्वर पटेल, एपीसी समग्र शिक्षा भूपेंद्र पटेल, परियोजना अधिकारी साक्षर भारत देवेंद्र कुमार वर्मा, समस्त ब्लॉक के  बीईओ उपस्थित रहे। 
            समीक्षा बैठक में छात्रवृत्ति योजना में तेजी लाने, राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) में सभी पात्र विद्यार्थियों को शामिल करने, शालाओं में बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित करने, कक्षा 8वीं बोर्ड परीक्षा में कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं चलाने तथा 26 जनवरी को उल्लास कार्यक्रम का आयोजन करने के निर्देश दिए गए। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.राव ने कहा कि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहे इसके लिये राज्य से अंतिम तिथि 25 जनवरी निर्धारित की गई है, सभी को निर्धारित अवधि में सभी पात्र बच्चों की एंट्री पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। 
           डॉ.राव ने प्रधान पाठकों को बोर्ड परीक्षा में अच्छे परिणाम लाने हेतु विद्यार्थियों को नियमित मार्गदर्शन और प्रेरणा देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी शिक्षकों को राज्य से निर्धारित वीएसके ऐप डाऊनलोड करके प्रतिदिन उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी शैलेंद्र कुमार कर्ण द्वारा छात्रवृत्ति से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई तथा ऑनलाइन एंट्री में आ रही असुविधा के बारे में जानकारी देकर उसका समाधान से अवगत कराकर 25 जनवरी तक शत-प्रतिशत पात्र छात्रों को ऑनलाइन एंट्री करने को कहा। साथ ही एनएम एमएस और प्रयास विद्यालय के लिये कक्षा 08 वीं में अध्ययनरत सभी पात्र छात्रों के जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र की स्थिति की समीक्षा की गई। 
            समीक्षा बैठक के दौरान भुवनेश्वर पटेल ने कक्षा 8 वी में सभी छात्रों को अनिवार्यता एनएमएमएस एवं प्रयास का फॉर्म भराने और सभी छात्रों को कक्षा में अंतिम कालखंड में प्रतिदिन अभ्यास कराना और शनिवार को पूरे दिन प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराने के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शासकीय योजनाओं का पूरा लाभ दिलाना, शिक्षा की गुणवत्ता सुधार, छात्रों को अधिक से अधिक प्रतियोगी परीक्षा के लिये तैयार करना रहा। सभी प्रधान पाठकों को दिए गए निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।

और भी

गंभीर कुपोषित बच्चों के लिए वरदान साबित होंगे पोषण पुनर्वास केंद्र,खनन प्रभावित क्षेत्र तमनार और कापू में 10-10 बिस्तरीय एनआरसी का होगा संचालन

रायगढ़, 21 जनवरी 2026/ जिले में कुपोषण की दर में प्रभावी कमी लाने तथा गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को सामान्य स्वास्थ्य श्रेणी में लाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में खनन प्रभावित क्षेत्र तमनार एवं कापू में दो पोषण पुनर्वास केंद्र के संचालन की स्वीकृति प्रदान की गई है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिला खनिज न्यास मद से तमनार में 14 लाख 70 हजार रुपये एवं कापू में 19 लाख 50 हजार रुपये की लागत से 10-10 बिस्तरीय पोषण पुनर्वास केंद्र संचालित किए जाएंगे। इन केंद्रों के प्रारंभ होने से क्षेत्र में निवासरत गंभीर कुपोषित बच्चों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
             बता दे कि पोषण पुनर्वास केंद्र 5 वर्ष से कम आयु के गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य इकाई है, जहां बच्चों को उनकी माताओं अथवा देखभालकर्ताओं के साथ भर्ती कर विशेष चिकित्सीय उपचार, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य निगरानी एवं पोषण प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की जाती है। इसके साथ ही माताओं को बच्चों की घर पर बेहतर देखभाल, पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाता है। पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती होने की दशा में बच्चे के साथ अटेंडर के रूप में आए उसके एक परिजन को भोजन तथा 15 दिन तक 150 रूपये प्रतिदिन के आधार पर सहायता राशि भी दी जाती है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए शासन द्वारा निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। रायगढ़ जिले में पोषण पुनर्वास केंद्रों के विस्तार से गंभीर कुपोषण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को नई मजबूती मिलेगी।

और भी

कानून के शिकंजे में पंचायत सचिव, आपराधिक प्रकरण के बाद जिला पंचायत रायगढ़ ने किया निलंबन

रायगढ़, 21 जनवरी 2026/ जिला पंचायत रायगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जनपद पंचायत खरसिया ग्राम पंचायत रजघट्टा के पंचायत सचिव श्री गिरधर साहू को आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत खरसिया द्वारा पत्र क्रमांक 92 दिनांक 07 जनवरी 2026 के माध्यम से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।
              प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना खरसिया में पंचायत सचिव श्री साहू के विरुद्ध अपराध क्रमांक 620/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 3(5) में मामला पंजीबद्ध किया गया है। इसी के फलस्वरूप छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के नियम 4 के अंतर्गत उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान श्री साहू को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। साथ ही इस अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत खरसिया निर्धारित किया गया है

और भी

कलेक्टर ने जिले में संचालित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का किया आकस्मिक निरीक्षण,विद्यार्थियों से संवाद कर शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य सुविधाओं की ली जानकारी

रायगढ़, 21 जनवरी 2026/ जिले में शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं एवं अधोसंरचना की वास्तविक स्थिति देखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिले में संचालित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 
             कलेक्टर ने गढ़उमरिया में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से चर्चा कर शैक्षणिक प्रगति, अध्ययन वातावरण एवं आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा खेल मैदान के विकास तथा विद्यार्थियों के आवास हेतु अतिरिक्त भवन निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया गया। इस संबंध में कलेक्टर ने सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को आवश्यक परीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
             इसके पश्चात कलेक्टर ने गढ़उमरिया में संचालित नवगुरुकुल संस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उन्हें सतत अध्ययन, परिश्रम एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य को संवारने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन की पहल पर रायगढ़ में नवगुरुकुल का संचालन किया जा रहा है, जहाँ 120 बालिकाओं को निःशुल्क आवासीय दो वर्षीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नवगुरुकुल में छात्राओं को इंजीनियरिंग, प्रोग्रामिंग, बिजनेस, डिजिटल मार्केटिंग सहित विभिन्न आधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। संस्था की नेतृत्व टीम में आईआईटी दिल्ली, एनआईटी सूरत, सेंट स्टीफेंस कॉलेज सहित देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों के पूर्व छात्र शामिल हैं।
             कलेक्टर ने महात्मा गांधी उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र गढ़उमरिया का भी निरीक्षण किया। इस दौरान शैक्षणिक वातावरण देखा गया तथा विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं एवं अनुसंधान कार्यों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान उपलब्ध शैक्षणिक एवं अधोसंरचनात्मक व्यवस्थाओं और बेहतर बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

एसआईआर अभियान से लोकतंत्र को मिलेगी मजबूती- संभागायुक्त,संभागायुक्त ने मतदान केन्द्र स्तर पर कार्यों का किया निरीक्षण

रायगढ़, 21 जनवरी 2026/ संभागीय कमिश्नर बिलासपुर एवं रोल आब्जर्वर श्री सुनील जैन ने आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी के साथ जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केन्द्र स्तर पर एसआईआर कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दावा-आपत्तियों की स्थिति, उनके निराकरण एवं सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से सीधे संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों द्वारा नामांकित बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) से भी चर्चा कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। साथ ही इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।
          संभागायुक्त ने विधानसभा क्षेत्र खरसिया अंतर्गत पतरापाली एवं कुनकुनी, रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आयुष कार्यालय तथा धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत घरघोड़ा एवं लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र तराईमाल में स्थापित केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए आयोग के निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त श्री जैन ने कहा कि हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं एवं नवविवाहित महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने से संबंधित आवेदनों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निराकरण किया जाए। लोकतंत्र को मजबूत बनाने में इस अभियान की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें बीएलओ की जिम्मेदारी अहम है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में जुड़ने से वंचित न रहे तथा अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। 
          कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि एसआईआर कार्य की प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि दावा-आपत्तियों से संबंधित आवेदन प्रक्रिया 22 जनवरी 2026 तक संचालित की जा रही है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा, ईआरओ खरसिया श्री प्रवीण तिवारी, ईआरओ रायगढ़ श्री महेश शर्मा, ईआरओ लैलूंगा श्री भरत कौषिक, ईआरओ धरमजयगढ़ श्री प्रवीण भगत सहित संबंधित एईआरओ उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक किया गया है। इस अवधि में नाम जोड़ने हेतु फार्म-6, नाम विलोपन हेतु फार्म-7 तथा नाम संशोधन अथवा स्थानांतरण हेतु फार्म-8 के माध्यम से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। मतदाता आयोग की Voter Helpline App, ECINET App तथा अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

और भी

एसआईआर अभियान से लोकतंत्र को मिलेगी मजबूती- संभागायुक्त,संभागायुक्त ने मतदान केन्द्र स्तर पर कार्यों का किया निरीक्षण

रायगढ़, 21 जनवरी 2026/ संभागीय कमिश्नर बिलासपुर एवं रोल आब्जर्वर श्री सुनील जैन ने आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी के साथ जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केन्द्र स्तर पर एसआईआर कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दावा-आपत्तियों की स्थिति, उनके निराकरण एवं सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से सीधे संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों द्वारा नामांकित बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) से भी चर्चा कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। साथ ही इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।
          संभागायुक्त ने विधानसभा क्षेत्र खरसिया अंतर्गत पतरापाली एवं कुनकुनी, रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आयुष कार्यालय तथा धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत घरघोड़ा एवं लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र तराईमाल में स्थापित केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए आयोग के निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त श्री जैन ने कहा कि हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं एवं नवविवाहित महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने से संबंधित आवेदनों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निराकरण किया जाए। लोकतंत्र को मजबूत बनाने में इस अभियान की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें बीएलओ की जिम्मेदारी अहम है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में जुड़ने से वंचित न रहे तथा अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। 
          कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि एसआईआर कार्य की प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि दावा-आपत्तियों से संबंधित आवेदन प्रक्रिया 22 जनवरी 2026 तक संचालित की जा रही है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा, ईआरओ खरसिया श्री प्रवीण तिवारी, ईआरओ रायगढ़ श्री महेश शर्मा, ईआरओ लैलूंगा श्री भरत कौषिक, ईआरओ धरमजयगढ़ श्री प्रवीण भगत सहित संबंधित एईआरओ उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक किया गया है। इस अवधि में नाम जोड़ने हेतु फार्म-6, नाम विलोपन हेतु फार्म-7 तथा नाम संशोधन अथवा स्थानांतरण हेतु फार्म-8 के माध्यम से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। मतदाता आयोग की Voter Helpline App, ECINET App तथा अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

और भी

डूमरडीह में भव्य हिन्दू सम्मेलन व श्रीमद् भागवत कथा का कल से शुभारंभ,कलश यात्रा, कथा वाचन, भंडारा व नगर भ्रमण के साथ नौ दिनों तक गूंजेगा भक्ति का स्वर

राजनांदगांव/छुरिया 21 जनवरी 2026 : 
ब्लॉक मुख्यालय छुरिया से मात्र तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श ग्राम डूमरडीह एक बार फिर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनने जा रहा है। ग्राम में कल से विशाल हिन्दू सम्मेलन के साथ 22 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुजनों के शामिल होने की संभावना है।

इस पावन आयोजन में सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित श्री लोकेश जी महाराज (लाल बहादुर नगर) अपने ओजस्वी और भावपूर्ण प्रवचनों के माध्यम से श्रीमद् भागवत के अमृतमय प्रसंगों का वाचन करेंगे। आयोजन को लेकर ग्राम सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में व्यापक उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण निर्मित हो गया है।

कलश यात्रा से होगा धर्म महोत्सव का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ 22 जनवरी 2026, गुरुवार को प्रातः 10:30 बजे कथा स्थल से शीतला मंदिर तक भव्य कलश यात्रा के साथ किया जाएगा। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं सिर पर कलश धारण कर, भजन-कीर्तन एवं जयघोष के साथ नगर भ्रमण करेंगी। इसके पश्चात बेदी पूजा एवं गौकर्णी आख्यान का आयोजन संपन्न होगा।

प्रतिदिन दोपहर कथा श्रवण का सौभाग्य

श्रीमद् भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें श्रद्धालु भागवत महापुराण के दिव्य प्रसंगों का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे। आयोजकों द्वारा कथा स्थल पर बैठक, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।

कथा प्रसंगों का दिनवार कार्यक्रम

23 जनवरी (शुक्रवार): परीक्षित जन्म, वराह अवतार
24 जनवरी (शनिवार): ध्रुव चरित्र, जड़ भरत आख्यान
25 जनवरी (रविवार): अजामिल कथा, प्रह्लाद चरित्र
26 जनवरी (सोमवार): गजेंद्र मोक्ष, कृष्ण जन्म उत्सव
27 जनवरी (मंगलवार): कृष्ण बाल लीला, रुक्मणी विवाह
28 जनवरी (बुधवार): स्यमंतक मणि, सुदामा चरित्र
29 जनवरी (गुरुवार): परीक्षित मोक्ष
30 जनवरी (शुक्रवार): गीता प्रवचन, तुलसी वर्षा, पूर्णाहुति एवं भव्य नगर भ्रमण

प्रथम व अंतिम दिवस होगा विशाल भंडारा

हिन्दू सम्मेलन एवं भागवत कथा के अवसर पर प्रथम तथा अंतिम दिवस विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी वितरण की विशेष व्यवस्था रहेगी।

ग्रामवासियों में दिख रहा जबरदस्त उत्साह

इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर डूमरडीह ग्राम सहित समीपवर्ती गांवों में विशेष उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासी डूमरडीह द्वारा क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की गई है।

डूमरडीह बनेगा नौ दिनों तक भक्ति, संस्कृति और श्रद्धा का संगम स्थल

हिन्दू सम्मेलन, श्रीमद् भागवत कथा, कलश यात्रा, भंडारा एवं नगर भ्रमण जैसे विविध आयोजनों के साथ डूमरडीह आने वाले नौ दिनों तक धर्म, आस्था और संस्कारों का जीवंत केंद्र बनकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक चेतना का संदेश देगा।

और भी

भोर की गश्त में नारायणपुर पुलिस की बड़ी सफलता, क्रेटा कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद ओडिशा से यूपी ले जाया जा रहा था नशीला पदार्थ, दो तस्कर हिरासत में

जशपुर/नारायणपुर, 20 जनवरी 2026
मंगलवार तड़के करीब 3 बजे नारायणपुर पुलिस ने स्टेट हाइवे पर गश्त के दौरान रानीकोम्बो क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए हुंडई क्रेटा कार (UP 32 HF 0299) से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से दो गांजा तस्करों को हिरासत में लेकर वाहन को जप्त कर लिया।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्रेटा कार ओडिशा के झारसुगड़ा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के बाराबंकी (लखनऊ) जा रही थी। नारायणपुर थाना से महज एक किलोमीटर दूर रानीकोम्बो के पास वाहन अचानक खराब हो गया। उसी दौरान नियमित गश्त पर निकली पुलिस टीम की नजर संदिग्ध वाहन पर पड़ी।

पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर गांजा के कई पैकेट बरामद हुए। हालांकि गांजा की कुल मात्रा समाचार लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा अंतरराज्यीय गांजा तस्करी रैकेट सक्रिय हो सकता है। मामले में पुलिस द्वारा आज शाम तक आधिकारिक खुलासा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

और भी

शहरी स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में बड़ा कदम, रायगढ़ में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत उन्मुखीकरण कार्यशाला संपन्न

रायगढ़, 20 जनवरी 2026/ शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से आज नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय के लिए उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। नगर निगम रायगढ़ के सभाकक्ष में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर एवं आरोग्य शहर बनाने में सभी का सहयोग महत्वपूर्ण है। सभी के सामूहिक प्रयासों से रायगढ़ को डेंगू से निपटने में सफलता हासिल हुई हैै। उन्होंने स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता के माध्यम से रायगढ़ को स्वच्छ, सुंदर एवं आरोग्य शहर बनाने में निरंतर सहयोग का आह्वान किया तथा मितानिनों की भूमिका की सराहना की। सभापति श्री डिग्रीलाल साहू ने जनप्रतिनिधियों से शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग की अपील की।
            आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि निगम अमला जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता तक पहुंच का सशक्त माध्यम है। जिस भी स्तर पर स्वास्थ्य विभाग को नगर निगम के सहयोग की आवश्यकता होगी, इसके लिए पूरा निगम समन्वय के साथ तत्पर रहेगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर चलने से योजनाओं का क्रियान्वयन सरल होता है तथा डेंगू नियंत्रण में मिली सफलता सामुदायिक समन्वय का प्रत्यक्ष उदाहरण है। कार्यशाला के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने शहरी स्वास्थ्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत कार्ड कवरेज 94.8 प्रतिशत तथा शहरी क्षेत्र में 94.1 प्रतिशत है। शेष पात्र हितग्राहियों कोयोजना से शीघ्र जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि योजनान्तर्गत बीपीएल हितग्राहियों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, वहीं एपीएल हितग्राहियों को भी निर्धारित सीमा तक उपचार लाभ का प्रावधान है। साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को वय वंदना कार्ड के अंतर्गत उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मातृ स्वास्थ्य योजनाओं के अंतर्गत गर्भावस्था पंजीकरण एवं संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित किया जा रहा है। 
            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, जनप्रतिनिधिगण एवं मितानिनों के संयुक्त प्रयास से इस वर्ष जिले में डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है। जहां पिछले वर्ष 1968 प्रकरण दर्ज किए गए थे, वहीं इस वर्ष यह संख्या घटकर मात्र 30 प्रकरण रह गई है। उन्होंने गैर-संचारी रोगों से बचाव हेतु नियमित व्यायाम, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील भी की। डीपीएम सुश्री रंजना पैकरा ने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध संसाधनों तथा नागरिकों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी। शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सोनाली मेश्राम ने बताया कि शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रायगढ़ को एनक्यूएएस प्रमाणन प्राप्त है, जिसकी उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सराहना की। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भानु पटेल ने कार्यशाला में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, मितानिन दीदियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष श्री सलीम नियारिया, श्री पंकज कंकरवाल, नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी श्री शिव यादव सहित नगर निगम के पार्षदगण एवं शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

पीडीएस व्यवस्था में लापरवाही पर विक्रेता संचालन एजेंसी निलंबित,हितग्राहियों को वैकल्पिक दुकान से मिलेगा राशन

रायगढ़, 20 जनवरी 2026/ जगतपुर वार्ड क्रमांक 04 स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान  की जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जिला प्रशासन ने पीडीएस नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकान को निलंबित कर दिया है।
    खाद्य अधिकारी रायगढ़ ने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के तहत जगतपुर वार्ड क्रमांक 04 स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान (आईडी क्रमांक 411001089) की जांच के दौरान संचालक द्वारा हितग्राहियों को वितरित किए गए खाद्यान्न में अत्यधिक मात्रा में स्टॉक की कमी पाई गई। साथ ही वितरण में नियमों का उल्लंघन किए जाने के प्रमाण मिलने पर संबंधित संचालन एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। खाद्य अधिकारी रायगढ़ ने बताया कि लगभग एक माह से अधिक समय व्यतीत हो जाने के बावजूद अध्यक्ष, सचिव एवं विक्रेता संचालन एजेंसी समलेश्वरी महिला बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित, नया गंज इतवारी बाजार रायगढ़ द्वारा कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। उच्च अधिकारियों के आदेश की अवहेलना एवं गंभीर अनियमितता को देखते हुए संबंधित समिति को तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, प्रभावित राशन कार्डधारी हितग्राहियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उक्त दुकान से संबद्ध सभी कार्डधारियों को समीपस्थ शासकीय उचित मूल्य दुकान आईडी क्रमांक 412001001, संचालन एजेंसी प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार मर्यादित, अमलीभौना से खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था की गई है।

और भी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप बसंतपुर को स्वास्थ्य सुविधा की बड़ी सौगात,डीएमएफ मद से 75 लाख रुपये की लागत से बनेगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन

रायगढ़, 20 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जिले के आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने तथा उन्हें बेहतर और सुलभ मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के कुशल मार्गदर्शन में जिले के मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ वनांचल अंचलों में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं अधोसंरचना विकास के कार्यों को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है। 
          इसी क्रम में लैलूंगा विकासखंड के ग्राम बसंतपुर में भवन विहीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 75 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से ग्राम बसंतपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का सुसज्जित नवीन भवन निर्मित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार संभव हो सकेगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन निर्मित होने से बसंतपुर सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों नागरिकों को समय पर उपचार, नियमित स्वास्थ्य जांच, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगी। इससे मरीजों को उपचार के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी।
        भवन उपलब्ध होने से चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता में उल्लेखनीय सुधार होगा। गौरतलब है कि अब तक भवन के अभाव में मरीजों के साथ-साथ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अमले को भी अनेक व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। जनहित को सर्वोपरि रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा लिया गया यह निर्णय ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो सकेगा।

और भी

पोषण ट्रैकर ऐप में शत-प्रतिशत हितग्राहियों का पंजीयन सुनिश्चित करें-कलेक्टर,फेस कैप्चर व आधार अपडेशन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

रायगढ़, 20 जनवरी 2026/ जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्राथमिक योजनाओं के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभागीय योजनाओं की सेक्टरवार प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि पोषण एवं बाल विकास से जुड़े कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। कलेक्टर ने पोषण ट्रैकर ऐप में हितग्राहियों के पंजीयन एवं फेस कैप्चर की प्रगति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कम प्रगति वाले सेक्टरों के सीडीपीओ को ग्राम पंचायतवार आधार अपडेशन शिविर आयोजित करने हेतु कार्ययोजना तैयार करने तथा जनपद पंचायत, आरईओ, ग्राम पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिन के समन्वय से इस कार्य को मिशन मोड में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
              बैठक में कलेक्टर ने पोषण ट्रैकर की ग्रोथ मॉनिटरिंग रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए बच्चों के वजन एवं ऊंचाई मापन हेतु आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में मापन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि बच्चों के पोषण स्तर की नियमित एवं सटीक निगरानी सुनिश्चित की जा सके। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में रेडी- टू-ईट एवं गरम भोजन वितरण, बच्चों की उपस्थिति तथा केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल भोजन वितरण स्थल नहीं, बल्कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इसके लिए केंद्रों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु स्वच्छ, सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण विकसित किया जाए।
            कलेक्टर ने नवीन आंगनबाड़ी भवन निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे आंगनबाड़ी भवन, जिनका निर्माण प्रारंभ होकर किसी कारणवश रुका हुआ है, उन्हें तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही भवनहीन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने तथा केंद्रों में पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर ने रेडी-टू-ईट इकाई के संचालन की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सी-बॉक्स ऑनबोर्डिंग एवं आईसी एंट्री में रुचि नहीं लेने वाले संबंधित स्कूलों के प्राचार्य एवं नगरीय निकायों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने किशोर न्याय बोर्ड और बाल कल्याण समिति में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
          बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती, आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का आभा एवं अपार आईडी निर्माण, महतारी वंदन योजना अंतर्गत ई-केवाईसी पंजीयन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, गर्भवती माताओं तथा कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों को पूरक पोषण आहार वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत, जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल देखरेख संस्था, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, दिशा दर्शन भ्रमण, महिला कोष ऋण एवं सक्षम योजना, हमर स्वस्थ लईका, सुकन्या समृद्धि योजना सहित अन्य विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री एल.आर. कच्छप, सभी सेक्टरों के सीडीपीओ तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

धान खरीदी सीजन में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: झारखंड से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा 230 क्विंटल अवैध धान पकड़ा, ट्रैक्टर व ट्रक जप्त, लगभग 5.29 लाख रुपये की जब्ती, जिला प्रशासन को सौंपा गया मामला

जशपुर, 20 जनवरी 2026।
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के चालू सीजन के दौरान सरहदी राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश कर रहे धान बिचौलियों के विरुद्ध जशपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना लोदाम क्षेत्र में जशपुर पुलिस ने झारखंड से लाए जा रहे कुल 230 क्विंटल अवैध धान को एक ट्रैक्टर एवं एक ट्रक से जब्त कर जिला प्रशासन को आगे की कार्रवाई हेतु सौंप दिया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 29 हजार रुपये बताई जा रही है।

जशपुर पुलिस अब तक जिले के सरहदी क्षेत्रों से अवैध रूप से लाए जा रहे 2600 क्विंटल से अधिक धान को 45 से अधिक प्रकरणों में पकड़ चुकी है। यह कार्रवाई प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त सतर्कता का परिणाम मानी जा रही है।

पहला मामला: ट्रैक्टर से पकड़ा गया 30 क्विंटल धान

दिनांक 19 जनवरी 2026 की सुबह लगभग 10.30 बजे लोदाम पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भलमंडा चौक के पास एक संदिग्ध ट्रैक्टर धान लेकर आ रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ट्रैक्टर क्रमांक CG-14-MR-7224 को रोका।

तलाशी के दौरान ट्रैक्टर में 65 बोरी में कुल 30 क्विंटल धान लोड पाया गया। पूछताछ पर चालक ने अपना नाम सत्यमूर्ति तिर्की (35 वर्ष), निवासी ग्राम भलमंडा, थाना लोदाम बताया। चालक ने बताया कि वह यह धान झारखंड के कीतम क्षेत्र से लेकर जशपुर सिटी कोतवाली अंतर्गत ग्राम बोडोकछार निवासी देवघन राम (45 वर्ष) के यहां ले जा रहा था।

पुलिस द्वारा धान संबंधी वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके पश्चात पुलिस ने ट्रैक्टर सहित धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया।

दूसरा मामला: ट्रक से पकड़ा गया 200 क्विंटल धान

इसी दिन रात्रि लगभग 08.30 बजे लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम साईं टांगर टोली के पास एक ट्रक में भारी मात्रा में धान लोड है, जिसे झारखंड से छत्तीसगढ़ में खपाने हेतु लाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक क्रमांक CG-04-MC-5664 को घेराबंदी कर रोका। तलाशी लेने पर ट्रक में 450 बोरी में कुल 200 क्विंटल धान लोड पाया गया।

ट्रक चालक ने अपना नाम बबन सिंह (53 वर्ष), निवासी ग्राम केमडे, थाना रातु, जिला रांची (झारखंड) बताया तथा धान को रांची निवासी दिवाकर सिंह का बताया। चालक भी धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने उक्त धान को उपार्जन केंद्र में खपाने के संदेह पर जब्त करते हुए जिला प्रशासन को सौंप दिया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा तथा आरक्षक महेश्वर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का बयान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि —

“लोदाम क्षेत्र में 230 क्विंटल अवैध धान पकड़ा गया है। अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस लगातार निगाह बनाए हुए है। भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

और भी

रायगढ़ में आयोजित जिला-जनपद प्रीमियर लीग 2026 में 07 जनपद पंचायतों की टीमों ने दिखाई जबरदस्त खेल भावना, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में रोमांचक प्रदर्शन, विजेताओं को ट्रॉफी और विशेष पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया

रायगढ़, 19 जनवरी 2026/ जिला पंचायत रायगढ़ के तत्वावधान में आयोजित जिला-जनपद प्रीमियर लीग 2026 अंतर्गत दो दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट एवं महिला वर्ग रस्सा कस्सी प्रतियोगिता का आयोजन 17 एवं 18 जनवरी को डिग्री कॉलेज लाल मैदान, रायगढ़ में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के 07 जनपद पंचायतों एवं जिला पंचायत रायगढ़ की टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शनिवार को सभी टीमों के मध्य नॉकआउट मुकाबले खेले गए। 
           रविवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में जनपद पंचायत पुसौर ने जनपद पंचायत धरमजयगढ़ को 50 रनों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में जनपद पंचायत रायगढ़ ने जिला पंचायत रायगढ़ को 8 विकेट से हराकर फाइनल में स्थान सुनिश्चित किया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में जनपद पंचायत धरमजयगढ़ ने जिला पंचायत रायगढ़ को 5 विकेट से पराजित किया।
            फाइनल मुकाबला जनपद पंचायत पुसौर एवं जनपद पंचायत रायगढ़ के मध्य अत्यंत रोमांचक रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जनपद पंचायत पुसौर की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 102 रनों का लक्ष्य रखा, जिसमें सलामी बल्लेबाज जितेन्द्र ने मात्र 13 गेंदों में 27 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए जनपद पंचायत रायगढ़ की टीम 86 रन ही बना सकी। रायगढ़ की ओर से परम कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 रन बनाए, किंतु टीम को जीत नहीं दिला सके। इस प्रकार जनपद पंचायत पुसौर ने फाइनल मुकाबला 15 रनों से जीतकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच में पुसौर के कप्तान श्री विवेक गोस्वामी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पुसौर, ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए एक ही ओवर में 3 विकेट लेकर मैच का रुख निर्णायक रूप से बदल दिया।
           क्रिकेट प्रतियोगिता के साथ-साथ महिला वर्ग रस्साकस्सी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबले में जनपद पंचायत लैलूंगा एवं तमनार की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें जनपद पंचायत लैलूंगा की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की। क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जनपद पंचायत पुसौर एवं द्वितीय स्थान जनपद पंचायत रायगढ़ ने प्राप्त किया, वहीं रस्साकस्सी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जनपद पंचायत लैलूंगा तथा द्वितीय स्थान जनपद पंचायत तमनार को मिला। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
           प्रतियोगिता के दौरान प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच तथा संपूर्ण टूर्नामेंट के लिए बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर एवं मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रायगढ़ द्वारा प्रदान किए गए। फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच श्री विवेक गोस्वामी रहे। बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार जिला पंचायत रायगढ़ की टीम से श्री अमित सिदार को 97 रनों के शानदार प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया। बेस्ट बॉलर का पुरस्कार श्री विवेक गोस्वामी को 8 विकेट लेने पर मिला, जबकि मैन ऑफ द सीरीज का खिताब ग्राम रोजगार सहायक, जनपद पंचायत रायगढ़ के श्री परम कुमार को 110 रन एवं 7 विकेट के उत्कृष्ट ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।
             कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रायगढ़ श्री अभिजीत बबन पठारे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीलाराम पटेल एवं श्री महेश पटेल, सहायक परियोजना अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह राय सहित स्वास्थ्य विभाग एवं क्रीड़ा विभाग के अधिकारी, सभी 07 जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा जिला एवं जनपद स्तर के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

और भी

आयुष औषधियों की विश्वसनीयता को लगा झटका, अमानक पाए जाने पर फास्टेक शुगर नाशक चूर्ण के एक बैच पर रोक

रायगढ़, 19 जनवरी 2026/ औषधि नमूना जांच के दौरान अमानक पाए जाने पर श्री फास्टेक शुगर नाशक चूर्ण की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। कार्यालय औषधि निरीक्षक एवं जिला आयुष अधिकारी रायगढ़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार फास्टेक शुगर नाशक चूर्ण, बैच नंबर 114, निर्माण तिथि 05/24 एवं एक्सपायरी तिथि 05/26 का नमूना परीक्षण हेतु संग्रहित किया गया था। जिसके बाद उक्त दवा का नमूना दिनांक 17 जनवरी 2025 को संकलित कर परीक्षण के लिए राज्य परीक्षण प्रयोगशाला एवं अनुसंधान केंद्र, रायपुर भेजा गया।
           परीक्षण रिपोर्ट के अनुसार उक्त नमूने में एलोपैथी औषधि Metformin की मिलावट पाई गई, जो आयुष औषधियों के मानकों के अनुरूप नहीं है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दवा को स्टैंडर्ड क्वालिटी के अनुरूप नहीं पाया गया है। औषधि निरीक्षक सह जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए फास्टेक शुगर नाशक चूर्ण, बैच नंबर 114 की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

और भी

किसानों को भरोसा, प्रशासन की सख्ती और पारदर्शिता का असर — रायगढ़ में 4 लाख 18 हजार मीट्रिक टन से ज्यादा धान खरीदी

रायगढ़, 19 जनवरी 2026। राज्य शासन की मंशानुरूप एवं कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के कुशल मार्गदर्शन में रायगढ़ जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता, सुव्यवस्थित व्यवस्था और निरंतर निगरानी के साथ सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। जिले के सभी पंजीकृत धान उपार्जन केंद्रों में शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किसानों से धान की खरीदी की जा रही है।
जिले में अब तक कुल 4,18,532.36 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। इसमें 3,12,790.36 मीट्रिक टन पतला धान तथा 1,05,742.00 मीट्रिक टन सरना धान शामिल है। खरीदी किए गए धान के सुरक्षित भंडारण और परिवहन की दिशा में प्रभावी कार्यवाही करते हुए 2,56,244.14 मीट्रिक टन धान का सुरक्षित उठाव पूर्ण किया जा चुका है। वहीं 3,79,944.60 मीट्रिक टन धान के लिए डिलीवरी ऑर्डर (डीओ) भी जारी किए जा चुके हैं, जिससे मिलर्स और परिवहन व्यवस्था को गति मिली है।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी द्वारा धान खरीदी कार्य की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को  निर्देश दिए हैं कि खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। तौल व्यवस्था, गुणवत्ता परीक्षण, बारदाना की उपलब्धता, भुगतान प्रक्रिया और परिवहन व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि किसानों को समय पर और सहज सुविधा मिल सके।
कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में कोचियों एवं बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि अवैध रूप से धान की खरीदी या भंडारण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। वास्तविक कृषकों के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति द्वारा धान विक्रय पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों एवं नोडल अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने, भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की स्थिति में तत्काल प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खरीदी कार्य में संलग्न सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के लिए कहा गया है।
उल्लेखनीय है कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित है। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर जिले के सभी पात्र किसानों का धान खरीदा जाए तथा उन्हें शासन की मंशा के अनुरूप समर्थन मूल्य का पूर्ण लाभ प्राप्त हो।

और भी

कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी नागरिकों की समस्याएं,शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और पेंशन प्रकरणों का तत्काल निराकरण के दिए निर्देश

रायगढ़, 19 जनवरी 2026/ जिला कलेक्टोरेट परिसर में आज जनदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी मांगों, समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशनुरुप जिले के आमजनों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रत्येक सोमवार को जनदर्शन  का आयोजन किया जाता है। विभागीय अधिकारी इसे गंभीरता से ले और आमजनों की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें राहत पहुचाएं। 
   जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान जनपद पंचायत रायगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत पण्डरीपानी (प.) के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाए जाने संबंधी आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के करचहा डीपा मोहल्ला स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 15/1.17 पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है तथा कब्जाधारियों द्वारा उक्त भूमि की बिक्री भी की जा रही है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को मामले की जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी तरह विकासखंड तमनार अंतर्गत ग्राम पंचायत छिंदभौना के ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला छिंदभौना में प्रधान पाठक की लगातार अनुपस्थिति एवं शिक्षकों की कमी को लेकर आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि प्रधान पाठक लगभग डेढ़ वर्ष से अनुपस्थित हैं तथा विद्यालय में एकल शिक्षक होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को शीघ्र आवश्यक कार्यवाही कर शिक्षक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
            इसी क्रम में ग्राम रेगड़ा निवासी महेंद्र साव ने गांव में पेयजल व्यवस्था शीघ्र कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। विकासखंड पुसौर के ग्राम बाघाडोली निवासी 68 वर्षीय सीताराम देहरी ने वृद्धा पेंशन स्वीकृति के लिए आवेदन दिया। ग्राम पंचायत सिंहा के सरपंच प्रदीप गुप्ता ने आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 के भवन की मरम्मत कराए जाने हेतु आवेदन सौंपा। वहीं ग्राम पंचायत कुलबा की सरपंच डोलकुमारी धनुर्जय पटेल ने ग्राम कुलबा स्थित माइनर नहर के किनारे मिट्टी सड़क निर्माण कराए जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण से ग्रामीणों के आवागमन में सुविधा होगी तथा किसानों को खाद, बीज एवं कृषि उपकरणों के परिवहन में आसानी होगी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंगुरसियां के शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष द्वारा विद्यालय परिसर में अहाता निर्माण कराए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा जनदर्शन में आए अन्य नागरिकों ने राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए आमजन को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

और भी