ताजा खबरें


बड़ी खबर

कबाड़ चोरी और अवैध स्क्रैप कारोबार पर पुलिस का प्रहार— मुखबिर की सूचना पर खरसिया पुलिस ने कार से पकड़ा 190 किलो लोहे का स्क्रैप, आरोपी गिरफ्तार

10 मार्च, रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में कबाड़ के अवैध परिवहन पर रायगढ़ पुलिस की सख्त निगरानी जारी है। इसी कड़ी में चौकी खरसिया पुलिस ने सटीक मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए मारुति फ्रोंक्स कार में अवैध स्क्रैप परिवहन कर रहे खरसिया निवासी राजू अग्रवाल को गिरफ्तार किया है।

           प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 8 मार्च की शाम चौकी खरसिया को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में अवैध लोहे का स्क्रैप परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने स्टाफ को संदिग्ध वाहन पर निगाह रखते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी दौरान पुलिस टीम ने ठाकुरदिया से मौहापाली मालधक्का रोड पर संदिग्ध *मारुति फ्रोंक्स कार क्रमांक CG 13 BB 2808* को रोककर जांच की। वाहन की तलाशी लेने पर कार के भीतर अवैध लोहे का स्क्रैप बरामद हुआ।

                   कार चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राजू अग्रवाल पिता स्व. प्रेमचंद्र अग्रवाल उम्र 47 वर्ष निवासी छपरीगंज खरसिया बताया। आरोपी से स्क्रैप परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। स्क्रैप सामान चोरी का होने की आशंका पर गवाहों के समक्ष *कार में रखा लगभग 190 किलो वजनी लोहे का स्क्रैप, जिसकी कीमत करीब 6,650 रुपये है*, तथा *परिवहन में प्रयुक्त कार (4 लाख रूपये) को जब्त* किया गया। मामले में आरोपी के विरुद्ध चौकी खरसिया (थाना खरसिया) में इस्तगासा धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

                   कार्रवाई के दौरान आरोपी राजू अग्रवाल पुलिस की मौजूदगी में गवाहों से विवाद करने लगा और उन्हें “मुखबिरी करने” का आरोप लगाते हुए धमकाने लगा। पुलिस द्वारा समझाने के बाद भी वह नहीं माना और गवाह को मारपीट की धमकी देने लगा। जनशांति भंग करने की स्थिति बनने पर पुलिस ने आरोपी को *धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार* किया तथा पृथक से धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत भी कार्रवाई की गई।

                      एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी व एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल के मार्गदर्शन पर इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक उदय सिदार, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक साविल चंद्रा एवं आरक्षक डमरूधर पटेल की अहम भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश 

             *“रायगढ़ जिले में चोरी के कबाड़ और अवैध स्क्रैप परिवहन पर पुलिस की कड़ी निगरानी है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन  से भी अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।”*

और भी

लगन, संघर्ष और सपनों की जीत” – संबलपुरी के अजय गुप्ता ने यूपीएससी में 452वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया रायगढ़ का गौरव, एसएसपी शशि मोहन सिंह सहित अधिकारियों ने किया सम्मान

????

10 मार्च, रायगढ़। जिले के ग्राम संबलपुरी के होनहार युवा अजय गुप्ता ने देश की प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की  में 452वीं रैंक हासिल कर रायगढ़ जिले का नाम देश और प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। अजय गुप्ता की इस उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।

      इस अवसर पर कल शाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री उत्तम प्रताप सिंह ग्राम संबलपुरी पहुंचे और अजय गुप्ता से सौजन्य भेंट कर उन्हें इस शानदार सफलता के लिए बधाई दी। अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना की।

        एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि अजय गुप्ता जैसे युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और लक्ष्य प्राप्ति के लिए की गई मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती।

    वहीं अजय गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने से सफलता अवश्य मिलती है।

      अजय गुप्ता की इस उपलब्धि से जिले के युवाओं में नई प्रेरणा और उत्साह का संचार हुआ है। इस दौरान अजय गुप्ता के परिवारजन भी उपस्थित रहे।

और भी

ऑपरेशन प्रहार” में रायगढ़ पुलिस का अब तक का सबसे बड़ा प्रहार: अवैध कबाड़ कारोबार की कमर तोड़ी, 134 टन स्क्रैप से लदे 6 ट्रक और 1 माजदा पकड़े, एक ही दिन में 1 करोड़ 15 लाख की संपत्ति जब्त

    रायगढ़ 9 मार्च, 2026 ।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 8 अलग-अलग कार्रवाई * की है। पुलिस ने अवैध परिवहन में लगी 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन में लोड करीब 134 टन स्क्रैप पकड़ा है। साथ ही मिनी राइस मिल पूंजीपथरा के पास डंप कर रखे 2 टन मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहे को भी जप्त किया गया है। *जप्त कबाड़ की कीमत करीब 50 लाख 75 हजार रुपये है*, जबकि वाहनों की कीमत लगभग 65 लाख रुपये है। इस प्रकार पूरी कार्रवाई में करीब *1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस द्वारा जप्त* की गई है।

           विदित हो कि चोरी की वारदातों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अवैध कबाड़ के ठिकानों तथा अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों पर विशेष निगरानी रखते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के पालन में नवपदस्थ थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पुलिस स्टाफ को सूचना संकलन में लगाया। अवैध कबाड़ परिवहन और एक स्थान पर मैग्नीज मेटल गोली डंप किए जाने की सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में कल पूंजीपथरा पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की गई।

        पुलिस टीम ने तमनार चौक पूंजीपथरा, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा के सामने मेन रोड तथा महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर *6 ट्रकों और 1 माजदा वाहन को पकड़ा*, जिनमें लोहे के मशीनरी पार्ट्स, एंगल, छड़ सहित बड़ी मात्रा में स्क्रैप लोड था, जिसे स्थानीय प्लांट में खपाने की योजना थी। वाहन चालकों से स्क्रैप परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वे प्रस्तुत नहीं कर सके, जिस पर चोरी की संपत्ति होने के संदेह में वाहनों सहित कबाड़ को जप्त कर वजन कराया गया। यहां 7 आरोपियों के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में इस्तगासा क्रमांक 13/2026 से 18/2026 तक तथा *धारा 35(क)(ड) BNSS / 303(2) BNS के तहत कार्रवाई* की गई है।

            दौरान मुखबिर सूचना पर पुलिस ने मिनी राइस मिल पूंजीपथरा में रेड कार्रवाई की, जहां प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी मौजूद मिला। पुलिस को सूचना थी कि वह ट्रक ड्राइवरों से मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहे की खरीद करता है। मौके पर पुलिस को मैग्नीज मेटल की 43 बोरियां (करीब 1290 किलो) तथा पाईलेट गोली लोहे की 57 बोरियां (करीब 2 टन 280 किलो) मिलीं, जिनकी कुल कीमत 76,560 रुपये आंकी गई। संदेही द्वारा क्रय-विक्रय संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर चोरी का माल होने के संदेह में उक्त सामग्री को विधिवत जप्त किया गया। आरोपी प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी पिता चंद्रिका प्रसाद देवांगन उम्र 43 वर्ष निवासी पूंजीपथरा के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में इस्तगासा क्रमांक 20/2026 धारा 35(क)(ड) BNSS / 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की गई है।

           इस कार्रवाई में ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के वाहन चालकों से लोहे के कबाड़ी सामान से लोड ट्रक एवं माजदा वाहन जप्त किए गए हैं, जिनमें बड़ी मात्रा में स्क्रैप परिवहन किया जा रहा था।

???????? *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

       *“ऑपरेशन प्रहार” के तहत चोरी के कबाड़, अवैध स्क्रैप परिवहन और चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में संलिप्त व्यक्तियों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाली चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर है और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।*

          इस संपूर्ण कार्रवाई में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विजय एक्का, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, सतीश सिंह, राम प्रसाद यादव, नंद साय कंवर तथा आरक्षक अभिषेक द्विवेदी, विक्रम कुजूर, हेम सागर पटेल और आदिकंद प्रधान की अहम भूमिका रही।

➡️ *अनावेदक एवं जप्त कबाड का विवरण* -
(1)  खेमासागर पाण्डेय पिता दुलामणी पाण्डेय उम्र 60 वर्ष सा0 पदमपुर, थाना पदमपुर जिला बरगढ उडिसा 
जप्ती - ट्रक क्रमांक CG04JD5470 एवं उसमें लोहे के कबाडी सामान करीब 22 MT किमती 8,30,720 रू

(2)  मो0 कुर्बान पिता मो0 सबदर  उम्र 30 साल सा0 चकबीर थाना रजवां जिला बांका बिहार 
जप्ती- ट्रक क्रमांक OD15L1751 एवं उसमें लोहे के कबाडी सामान करीब 25 टन 930 किलो ग्राम किमती 10,47,961 रू

(3)  मनोज कुमार कुर्रे पिता सहनी राम कुर्रे उम्र 40 साल सा0 जोगेसरा थाना सरसिंवा जिला सारंगढ बिलाईगढ छ0ग0 
जप्ती- ट्रक क्रमांक CG07CL8198 एवं उसमें लोहे के कबाडी सामान करीब 15.800 MT किमती 06,80,000 रू

(4)  दौलत राम केवंट पिता प्यारे लाल केवंट उम्र 21 साल सा0 जरवे थाना नगरदा जिला सक्ति छ0ग0 
जप्ती- माजदा क्रमांक CG12AQ3165 एवं उसमें लोहे के कबाडी सामान करीब 05 टन किमती 02,00,000 रू

(5)  सचिन बंजारे पिता अच्छेराम बंजारे उम्र 27 साल सा. सरसींवा जिला सारंगढ बिलाईगढ छ0ग0 
जप्ती-  ट्रक क्रमांक CG04NK6291 एवं उसमें लोहे के कबाडी सामान करीब 14 टन किमती 5,00,000 रू

(6)  महेश कुमार पिता इंदल सासय उम्र 27 साल सा0 ग्राम समसपुर थाना महुआ जिला वैशाली बिहार 
जप्ती-  ट्रक क्रमांक OD15D4151 एवं उसमें लोहे के कबाडी सामान करीब 30 टन किमती 8,40,000 रू

(7)  मनोज सिंह पिता जयचंद सिंह उम्र 37 साल सा0 रानीरोड पूरानी बस्ती कोरबा छ0ग0  
जप्ती -  ट्रक क्रमांक CG12S2225 एवं उसमें लोहे के कबाडी सामान करीब 22.950 टन किमती 9,00,000 रू

(8) प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी पिता श्री चन्द्रीका प्रसाद देवांगन उम्र 43 वर्ष सा0 पूंजीपथरा, थाना पूंजीपथरा जिला रायगढ छ0ग0
जप्ती -    मैग्नीज मेटल 43 बोरी प्रत्येक में करीब 25 किलो कुल वजन 1290 किलो किमती 30,960 रू एवं पाईलेट गोली लोहे का 57 बोरी प्रत्येक में करीब 40 किलो कुल वजन 2 टन 280 किलो किमती 45,600 रू जुमला किमती 76560 रू

और भी

ड्राइवर कागजात जांच कराने गया और हेल्पर ट्रेलर लेकर हो गया फरार, पुलिस की मुस्तैदी से टोल प्लाजा पर पकड़ा गया

  रायगढ़ 9 मार्च, 2026 । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर रायगढ़ जिले में ट्रेलर सहित 41 टन लोहे का एंगल लेकर फरार हुए हेल्पर को रायगढ़ और सक्ती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया है। कोतरारोड़ पुलिस ने *चोरी गए ट्रेलर और उसमें लोड लोहे का एंगल समेत करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद कर ली* है।

            जानकारी के अनुसार दिनांक 07.03.2026 को थाना कोतरारोड़ में ट्रेलर चालक धरमराज जाट पिता रामनारायण जाट उम्र 29 वर्ष निवासी ताजपुरा जाट मोहल्ला तहसील सरवार थाना सरवार जिला अजमेर (राजस्थान) द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GA 3147 चलाता है और करीब 8-9 दिन से उसके साथ एक परिचित किशोर बालक (17 वर्ष) हेल्पर के रूप में काम कर रहा था। दिनांक 05.03.2026 को वह हेल्पर के साथ जेएसपीएल रायगढ़ गया था, जहां ट्रेलर में करीब 41 टन लोहे का एंगल (कीमत लगभग 20 लाख रुपये) लोड कराया गया। दिनांक 07.03.2026 की शाम को ट्रेलर को जिंदल गेट के बाहर मुख्य मार्ग किनारे खड़ा किया गया था। उस समय हेल्पर वाहन के अंदर बैठा था और ट्रेलर में चाबी लगी हुई थी।

           ड्राइवर जब कागजात जांच कराने कार्यालय के अंदर गया और लगभग एक घंटे बाद वापस लौटा तो देखा कि जहां ट्रेलर खड़ा किया गया था, वहां वाहन मौजूद नहीं था। हेल्पर को फोन लगाने पर उसका मोबाइल बंद मिला। आसपास तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला। प्रार्थी ने आशंका जताई कि ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GA 3147 (कीमत लगभग 40 लाख रुपये) तथा उसमें लोड लोहे का एंगल (कीमत लगभग 20 लाख रुपये) सहित कुल 60 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली गई है। रिपोर्ट पर *थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 69/2026 धारा 303(2) बीएनएस* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

            ट्रेलर चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने जिले में तत्काल नाकेबंदी कराते हुए सीमावर्ती जिलों को भी चोरी हुए ट्रेलर का विवरण भेजकर पतासाजी के निर्देश दिए। जिले एवं आसपास के जिलों में सघन चेकिंग के दौरान जिला सक्ती के टोल प्लाजा पर सक्ती यातायात पुलिस की टीम ने संदिग्ध ट्रेलर को रोककर पकड़ा और इसकी सूचना थाना कोतरारोड़ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और आरोपित को अभिरक्षा में लिया गया तथा ट्रेलर को मय लोहे का एंगल जप्त करते हुए कुल 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की कार्रवाई की गई।

         थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर द्वारा विधि के साथ संघर्षरत बालक से पूछताछ करने पर उसने ट्रेलर चोरी की घटना स्वीकार की। आरोपी को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कल किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। इस प्रकार रायगढ़ और सक्ती पुलिस की तत्परता से वाहन चोरी की बड़ी घटना का त्वरित खुलासा किया गया, जिसमें थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर तथा थाना कोतरारोड़ एवं जिला सक्ती के यातायात स्टाफ की अहम भूमिका रही ।

*गिरफ्तार आरोपित* –
  विधि के साथ संघर्षरत बालक (अपचारी)।

*बरामद संपत्ति*–

        ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GA 3147 कीमती लगभग 40,00,000 रुपये तथा ट्रेलर में लोड 41 टन लोहे का एंगल कीमती लगभग 20,00,000 रुपये, कुल जुमला 60,00,000 रुपये।

???????? *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश* –

        *“रायगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की कड़ी नजर है। रायगढ़ और सक्ती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई यह दर्शाती है कि कोई भी अपराधी अपराध कर कानून से बच नहीं सकता। चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”*

और भी

मार्केट से दिनदहाड़े गायब हुई एक्टिवा बरामद, पुलिस की पेट्रोलिंग और सशक्त ऐप की सतर्कता से दो आरोपी चढ़े हत्थे

 रायगढ़ 9 मार्च, 2026* । थाना कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़कर चोरी की स्कूटी बरामद की है। मामला थाना कोतवाली क्षेत्र का होने से प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

      स्कुटी चोरी के संबंध में दिनांक 06 मार्च 2026 को प्रार्थी मुकेश अग्रवाल पिता मुरलीधर अग्रवाल उम्र 47 वर्ष निवासी बैकुण्ठपुर रायगढ़ द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके भाई मनोज कुमार अग्रवाल के नाम से पंजीकृत होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 13 Y 8208 को दिनांक 05 मार्च 2026 को दोपहर में पुराना शनिदेव मंदिर रायगढ़ के पीछे सुलभ शौचालय के पास लॉक कर वह संजय कॉम्प्लेक्स स्थित अपनी अंजली गारमेंट कपड़े की दुकान चला गया था। रात करीब 9:15 बजे दुकान बंद कर घर जाने के लिए निकला तो वहां खड़ी स्कूटी गायब मिली। आसपास तलाश करने पर भी वाहन का पता नहीं चलने पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्कूटी चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट दी गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में *अपराध क्रमांक 105/2026 धारा 303(2) बीएनएस* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

         मामले की जांच के दौरान 7 मार्च के दोपहर थाना चक्रधरनगर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को दो संदेही एक सफेद रंग की स्कूटी के साथ मिले। पूछताछ में वे स्कूटी को बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की बात बता रहे थे। वाहन को *सशक्त ऐप* पर चेक करने पर पता चला कि उक्त वाहन के संबंध में थाना कोतवाली में चोरी का अपराध दर्ज है। इसकी सूचना थाना कोतवाली पुलिस को दी गई।

         कोतवाली पुलिस द्वारा संदेही मनोज भारती और एक किशोर बालक से पूछताछ करने पर दोनों ने स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। विधि से संघर्षरत बालक के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी की एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 Y 8208 कीमती लगभग 15,000 रुपये जप्त की गई।

        प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के अपराध में विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया तथा *आरोपी मनोज भारती पिता रामलाल भारती उम्र 19 वर्ष निवासी प्रेमनगर थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़* को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

और भी

रायगढ़ में दरिंदगी: नाबालिग को कॉलोनी से बाइक पर अगवा कर कमरे में किया दुष्कर्म, 20 मामलों का हिस्ट्रीशीटर विशाल ठाकुर गिरफ्तार

  9 मार्च, 2026 । थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए *आरोपी विशाल सिंह ठाकुर उर्फ बाबू पिता रणधीर सिंह उम्र 27 वर्ष निवासी रेल्वे कॉलोनी पाव दुकान के सामने थाना सिटी कोतवाली जिला रायगढ़* को अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी थाना कोतवाली क्षेत्र का गुंडा बदमाश है और उसके विरुद्ध पहले से कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।

        जानकारी के अनुसार कल 8 मार्च को स्थानीय 16 वर्षीय नाबालिग बालिका द्वारा थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 05 मार्च 2026 की शाम वह अपने परिचित के घर घूमने गई थी, जहां उसकी मुलाकात विशाल ठाकुर उर्फ बाबू से हुई। उसी दिन आरोपी बालिका के कॉलोनी पहुंचा और उसे मोटरसाइकिल में बैठाकर जबरदस्ती ईला मॉल के पीछे अपने दोस्त के कमरे में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने 07 मार्च की शाम केवड़ाबाड़ी के पास बालिका को घटना किसी को न बताने की धमकी देकर छोड़ दिया।

        पीड़िता के थाना चक्रधरनगर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने पर महिला निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर द्वारा बालिका के आवेदन पर अपराध पंजीबद्ध कर विस्तृत बयान लिया गया। मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह को होने पर उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया जिससे अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की जप्ती कर *अपराध क्रमांक 94/2026137(2), 351(3),64(2) (एम) 127 बीएनएस, 06 पाक्सो एक्ट* में गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। 

          एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन तथा एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी व सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन पर महिला संबंधी अपराध पर त्वरित कार्यवाही में निरीक्षक राकेश मिश्रा, कमला पुसाम ठाकुर, उप निरीक्षक गेंद लाल साहू, आरक्षक शांति मिरी और अमर मिर्धा की अहम भूमिका रही है ।

         आरोपी विशाल सिंह ठाकुर थाना कोतवाली क्षेत्र का गुंडा बदमाश है। उसके विरुद्ध थाना कोतवाली में पहले से 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, लूट, बलवा, आर्म्स एक्ट, चोरी और मारपीट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली पुलिस द्वारा 6 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। उसके लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण वर्ष 2023 में जिला बदर की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन कलेक्टर रायगढ़ को भेजा गया था, जिसके बाद आरोपी को एक वर्ष के लिए जिला बदर भी किया गया था।

 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

 *“गुंडा, निगरानी बदमाश और आदतन अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी है कि उनके खिलाफ कोई भी शिकायत आने पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई कर आरोपियों को सीधे जेल भेजा जाएगा तथा जिले में सक्रिय बदमाशों पर पुलिस की सख्त निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।*”

और भी

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ द्वारा महिला चिकित्सकों को उनके समर्पित योगदान, सेवा और समाज में महिलाओं के अधिकारों के लिए किया गया भव्य सम्मान समारोह

रायगढ़, 9 मार्च 2026/ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ रायगढ़ द्वारा जिला आयुर्वेद कार्यालय में विभाग में कार्यरत महिला चिकित्सा अधिकारियों का सम्मान कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी गईं।
             कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला आयुष अधिकारी डॉ. गौराहा ने कहा कि नारी केवल एक शब्द नहीं बल्कि शक्ति, साहस, प्रेम और प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महिला जीवन की जननी होने के साथ-साथ परिवार की आधारशिला और समाज की प्रगति की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने यह भी कहा कि हर बेटी को अपने सपने देखने और उन्हें पूरा करने का अवसर मिलना चाहिए, यही सच्चे अर्थों में महिला सशक्तिकरण है। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ रायगढ़ ने समाज में महिलाओं के सम्मान, समानता और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में महिला चिकित्सकों को उनके कार्यों और योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
          इस अवसर पर डॉ. कुणाल पटेल, डॉ. अजय नायक, डॉ. सक्सेना, डॉ. संजीव, डॉ. मंजरी, डॉ. मीरा, डॉ. प्रियंका, डॉ. रवीना, डॉ. विभा, डॉ. निकिता, डॉ. विजयलक्ष्मी, डॉ. जागृति, डॉ. श्वेता, डॉ. आस्था, डॉ. लता, डॉ. श्रद्धा, डॉ. श्वाती, डॉ. आर्ची, डॉ. रविशंकर, डॉ. सादिक, डॉ. विकास और डॉ. संतोष समेत विभाग के सभी महिला एवं पुरुष चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

जिला जेल रायगढ़ के महिला प्रकोष्ठ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रायगढ़, 9 मार्च 2026/ जिला जेल रायगढ़ के महिला प्रकोष्ठ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला बंदियों को उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक करना था।
            कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती नेहा यति मिश्रा तथा प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती ताजेश्वनी देवी देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने महिला बंदियों को संबोधित करते हुए महिलाओं के अधिकार, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उन्हें जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
              इस अवसर पर महिला बंदियों को शिक्षा के महत्व, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समाज में महिलाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने और स्वयं को सशक्त बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला जेल रायगढ़ के जेल अधीक्षक श्री जी. एस. शोरी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में जेल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

और भी

महतारी वंदन योजना से संवरा मालती का भविष्यः सिलाई के हुनर को मिले नए पंख,कभी आर्थिक तंगी से जूझ रही मालती अब समाज की अन्य महिलाओं के लिए बनी प्रेरणा

रायगढ़, 9 मार्च 2026/ महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना मील का पत्थर साबित हो रही है। इस योजना ने न केवल महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया है, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान भरने का हौसला भी दिया है। ऐसी ही एक प्रेरक कहानी रायगढ़ के मोतीपारा वार्ड क्रमांक 40 की रहने वाली मालती देवांगन की है। वे लंबे समय से सिलाई का कार्य कर रही थीं, लेकिन सीमित संसाधनों के कारण उनका व्यवसाय आगे नहीं बढ़ पा रहा था। उनके पास केवल एक सिलाई मशीन थी और उससे होने वाली आय परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं थी। संसाधनों की कमी उनके हुनर के आड़े आ रही थी। इसी दौरान महतारी वंदन योजना उनके जीवन में नई उम्मीद बनकर आई। योजना के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता का मालती ने समझदारी से उपयोग किया। उन्होंने प्राप्त राशि को बचाकर अपने सिलाई व्यवसाय के विस्तार का निर्णय लिया।
            मालती बताती हैं कि पहले उनके पास केवल एक पुरानी मशीन थी, लेकिन योजना से मिली राशि की मदद से उन्होंने दो नई सिलाई मशीनें खरीदीं। मशीनों की संख्या बढ़ने से उनके काम की गति और गुणवत्ता दोनों में सुधार आया। अब वे कम समय में अधिक कपड़े सिल पाती हैं, जिससे उनकी आमदनी में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। एक समय आर्थिक तंगी से जूझ रही मालती आज आत्मनिर्भर बनकर न केवल अपने परिवार का सहयोग कर रही हैं, बल्कि आसपास की महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं। अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए मालती देवांगन कहती हैं कि महतारी वंदन योजना ने उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है। अब उनकी आय पहले से अधिक हो गई है और वे अपने काम को आगे बढ़ाने का सपना देख पा रही हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस योजना ने हम जैसी महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया है।

और भी

आवास, मनरेगा और कौशल योजनाओं से रायगढ़ की महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर,आजीविका डबरी से बढ़ी आय, जल संरक्षण को भी मिला बढ़ावा

रायगढ़, 9 मार्च 2026/ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले में महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से कदम बढ़ा रही हैं।
            वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत कुल 9,679 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 2,076 आवास सीधे तौर पर महिलाओं के नाम पर स्वीकृत किए गए हैं, जिससे उन्हें अपने घर का मालिकाना हक मिला है। यह पहल महिलाओं को न केवल सामाजिक सम्मान दिला रही है, बल्कि उन्हें सुरक्षा और आत्मविश्वास का नया आधार भी प्रदान कर रही है। इसी प्रकार विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए संचालित पीएम जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत 173 आवासों में से 85 आवास महिलाओं के नाम पर स्वीकृत किए गए हैं। इससे इन वर्गों की महिलाओं को भी सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिल रहा है।
            मनरेगा योजना के अंतर्गत जिले में आजीविका को बढ़ावा देने के लिए 428 आजीविका डबरी स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से 55 डबरी का निर्माण पूर्ण हो चुका है। प्रशासन की अभिनव पहल के तहत प्रत्येक डबरी से एक महिला को जोड़ा जा रहा है, जिससे उन्हें आजीविका के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। इन डबरियों के माध्यम से महिलाएं सब्जी उत्पादन, मछली पालन और अन्य कृषि आधारित गतिविधियों से जुड़कर अपनी आय में वृद्धि कर रही हैं। लगभग आठ माह तक पानी की उपलब्धता रहने से महिलाएं डबल फसल और सब्जी उत्पादन भी कर पा रही हैं।
           पारदर्शिता और सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक डबरी के नागरिक सूचना पटल पर संबंधित महिला का नाम और लोकेशन आईडी अंकित की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह पहल महिलाओं के लिए एक सच्चे सम्मान और पहचान का प्रतीक बन गई है। महिलाओं को हुनरमंद और आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिले में प्रोजेक्ट उन्नति 2.0 के तहत व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। आरसेटी, कृषि विज्ञान केंद्र और डीडीयू-जीकेवाय के माध्यम से महिलाओं को राजमिस्त्री प्रशिक्षण सहित विभिन्न तकनीकी कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
           गौरतलब है कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी 55 प्रतिशत से अधिक है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं अब ब्रिक्स निर्माण और सेंटरिंग प्लेट जैसे क्षेत्रों में भी काम कर रही हैं, जो पारंपरिक रूप से पुरुषों के कार्य माने जाते थे। जिले में कई प्रेरक उदाहरण सामने आए हैं जहां महिलाओं ने स्वयं राजमिस्त्री बनकर अपना घर बनाया और अब वे निर्माण सामग्री तैयार कर बेचते हुए अपनी आय भी बढ़ा रही हैं। मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना के सफल एकीकरण ने महिलाओं को केवल योजनाओं के हितग्राही तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें उद्यमी बनने का अवसर दिया है।

और भी

जनदर्शन में पर्यावरण प्रदूषण एवं प्राकृतिक नाले से अवैध जल दोहन की शिकायत,अपर कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश, सुनी आमजनों की समस्याएं

रायगढ़, 9 मार्च 2026/ जिला कलेक्टोरेट परिसर में आज आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कीं। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार आयोजित जनदर्शन में अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जांच कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
           जनदर्शन में ग्राम शिवपुरी के ग्रामीणों ने गांव में संचालित एक निजी औद्योगिक इकाई के विरुद्ध पर्यावरण प्रदूषण और प्राकृतिक नाले से अवैध जल दोहन की शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी द्वारा गांव के समीप स्थित प्राकृतिक ‘जिंदा नाला’ से बड़ी पंप मोटर के माध्यम से बिना वैध अनुमति के निरंतर पानी का दोहन कर औद्योगिक उपयोग किया जा रहा है, जिससे नाले का जलस्तर लगातार घट रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यह नाला गांव के दैनिक उपयोग का प्रमुख जल स्रोत है। साथ ही कंपनी द्वारा दूषित जल एवं औद्योगिक अपशिष्ट को खुले स्थान पर छोड़े जाने से पर्यावरण प्रदूषण की स्थिति भी निर्मित हो रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम दर्रामुड़ा के श्री टोपराम पटेल ने बताया कि उनके पुत्र की आकस्मिक मृत्यु के पश्चात प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत क्लेम राशि के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था, लेकिन संबंधित बैंक द्वारा आज दिनांक तक उन्हें भुगतान नहीं किया गया है, जबकि उनके पुत्र की मृत्यु के समय बीमा कवर सक्रिय था। इस पर अपर कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को प्रकरण की जांच कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। 
           खरसिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम बिलासपुर के ग्रामीणों ने शिकायत करते हुए बताया कि शक्ति महिला स्व-सहायता समूह द्वारा अप्रैल और मई 2024 माह के लिए ई-पॉस मशीन में बायोमेट्रिक अंगूठा लिया गया, लेकिन केवल एक माह का ही राशन दिया गया है, जबकि मई माह का राशन आज दिनांक तक वितरित नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। अपर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत मनुवापाली के सरपंच ने नल-जल योजना के अंतर्गत गांव में नियमित जल आपूर्ति की मांग की। ग्राम बिजना के श्री तीरथराम चौधरी ने अपने दिव्यांग पुत्र के लिए विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का आवेदन दिया। ग्राम पंचायत कुमा के श्री बलवीर यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत मनरेगा मजदूरी भुगतान कराने तथा ग्राम झलमला की श्रीमती पंचमी पटेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। जनदर्शन में राजस्व, प्रधानमंत्री आवास योजना, दिव्यांग सहायता, अतिक्रमण सहित विभिन्न विषयों से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार जांच कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

धर्म और मानवता का अनोखा संगम: 26 मार्च को पत्थलगांव के मदनपुर इंजको में बाबा हजरत सैयद सुलतान पीर का सालाना उर्स, चादरपोशी-फातिहा और विशाल भंडारे में शामिल होंगे हजारों श्रद्धालु”

पत्थलगांव। बाबा हजरत सैयद सुलतान पीर का सालाना उर्स 26 मार्च को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर बाबा के मदनपुर इंजको स्थित मजार पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमंे दूरदराज के क्षेत्रों से बाबा के भक्त शामिल होंगे। इस अवसर पर यहां सामूहिक भोज का भी आयोजन किया जाएगा। 
          जहां आस्था के नाम पर चहुंओर भेदभाव और अलगाववाद का बोलबाला है वहीं पत्थलगांव में मदनपुर इंजको स्थित बाबा हजरत सैयद सुलतान पीर की मजार हिंदुओं और मुसलमानों के लिए धार्मिक सौहार्द्र और भाईचारे का पर्याय मानी जाती हैै। इस मजार की स्थापना स्व पं रामधारी शर्मा और उनकी पत्नी स्व श्रीमती गीतादेवी शर्मा ने की थी। आज अशोक शर्मा समेत उनके पुत्र एवं परिवारजन इसकी देखभाल करते हैं। बाबा के मानने वालों में अलग-अलग धर्मों के लोग शामिल हैं। बाबा के भक्तों द्वारा प्रतिवर्ष चैत्र माह के शुक्ल पक्ष के पहले गुरुवार को बाबा का उर्स मनाया जाता है। इस अवसर पर बाबा की मजार पर विशेष पूजा अर्चना की जाती है। नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा अंबिकापुर,रायगढ़,कांसाबेल, प्रतापगढ़ व कलकत्ता और दिल्ली से भी बाबा के भक्त उर्स में शामिल होते हैं। बाबा के परमभक्त अशोक शर्मा ने बताया कि इस वर्ष भी 26 मार्च गुरुवार को बाबा का सालाना उर्स मनाया जाना है। उन्होंने बताया कि इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को 3 बजे दोपहर से रात्रि को 10 बजे तक यहां धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सर्वप्रथम बाबा की मजार पर विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। दोपहर बाद यहां चादरपोशी की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। उन्हांेने बताया कि वर्ष भर श्रद्धालु बाबा के दर पर आकर मन्नतें मांगतें हैं और मन्नतें पूरी होने पर भक्तों द्वारा बाबा के मजार पर आकर चादरें चढ़ाई जाती हैं। इन चादरों को उर्स के दिन जरुरतमंदों को बांट दिया जाता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु उर्स के दिन भी बाबा की मजार पर चादरपोशी के लिए यहां पहुंचते हैं। भक्तों द्वारा बाबा की मजार पर अगरबत्ती,इत्र और प्रसाद भी चढ़ाया जाता है। उन्होंने बताया कि चादरपोशी के दौरान मौलवियों द्वारा मजार पर फातिहा पढ़ने की प्रक्रिया भी संपादित की जाएगी। 
चढ़ेगा मन्नतों का प्रसाद
उर्स के मौके पर यहां भंडारे के आयोजन की भी परंपरा रही है। हजारों की संख्या में बाबा के भक्त सामूहिक रुप से भंडारे में बाबा का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इस दौरान हिंदू,मुस्लिम,क्रिश्चियन का भेद मिट जाता है और सभी भक्त एक ही स्थान पर एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। बाबा के भक्त अशोक शर्मा ने बताया कि इस वर्ष भी उर्स के मौके पर यहां भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम भंडारे के प्रसाद का बाबा को भोग लगाया जाएगा। इसके बाद इसे बाबा के भक्तों में वितरित किया जाएगा। प्रति वर्ष यहां सवामनी भी चढ़ाई जाती है। उन्होंने बताया कि जिन भक्तों द्वारा सवामनी प्रसाद चढ़ाए जाने का संकल्प लिया गया है उनके द्वारा यहां प्रसाद बाबा को अर्पित किया जाएगा। चादरपोशी के बाद भक्तों को प्रसाद का वितरण होगा।

और भी

संवेदना फाउंडेशन के स्थापना दिवस पर लगा रक्तदान शिविर, युवाओं व नगरवासियों ने दिखाया उत्साह, जरूरतमंद मरीजों के लिए जुटी 15 यूनिट जीवनदायिनी रक्त

जशपुरनगर।
नगर में सामाजिक सेवा और मानवता की भावना को साकार करते हुए रविवार को संवेदना फाउंडेशन द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। स्वर्गीय विश्व बंधु शर्मा की स्मृति में तथा संस्था के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

शिविर में चिकित्सकों की टीम द्वारा रक्तदाताओं का पहले स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, इसके बाद सुरक्षित प्रक्रिया के तहत रक्त संग्रह किया गया। इस दौरान डॉक्टरों और आयोजकों ने उपस्थित लोगों को रक्तदान के महत्व और इससे होने वाले लाभों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रक्तदान महादान है और इससे कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है।

आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराना है। शिविर में करीब 15 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिसे अस्पताल के ब्लड बैंक में सुरक्षित रखा जाएगा ताकि आपात स्थिति में मरीजों को इसका लाभ मिल सके।

शिविर के दौरान सामाजिक सेवा का अनूठा माहौल देखने को मिला। रक्तदाताओं में युवाओं के साथ-साथ समाजसेवियों और आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर यह संदेश दिया कि मानवता की सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में भाग लेने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्य रूप से संवेदना संस्था के अध्यक्ष संजय पाठक, उपाध्यक्ष विनोद निकुंज, सुशील पाठक, शशि साहू, सीमा सिंह, शरद साहू, दीपक सिंह, किरण महतो, सीमा गुप्ता, आनंद जैन, अनुराधा चौरसिया, उर्मिला कुशवाहा, मोनू साहू, अनुराग यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

और भी

क्रिकेट का खुमार ऐसा कि बस स्टैंड में लग गया स्टेडियम जैसा माहौल, चौके-छक्कों पर तालियों से गूंजा परिसर,बड़ी स्क्रीन पर लाइव मैच देख यात्रियों-नगरवासियों में दिखा गजब का उत्साह


भारत-न्यूजीलैंड फाइनल का खुमार: जशपुर बस स्टैंड बना ‘मिनी स्टेडियम’, बड़ी स्क्रीन पर लाइव मैच देख चौके-छक्कों पर झूमे यात्री और नगरवासी


नगरपालिका की पहल पर बस स्टैंड में लगाया गया बड़ा स्क्रीन, यात्रियों को मिला क्रिकेट का रोमांचक तोहफा, तालियों और नारों से गूंजता रहा पूरा परिसर

जशपुरनगर 8 मार्च 2026 :
रविवार की शाम जशपुर नगर के बस स्टैंड परिसर में उस समय अद्भुत और रोमांचक माहौल देखने को मिला, जब भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे फाइनल क्रिकेट मुकाबले का लाइव प्रसारण बड़ी स्क्रीन पर किया गया। बसों का इंतजार कर रहे यात्रियों और स्थानीय नगरवासियों ने एक साथ बैठकर मैच का आनंद लिया। देखते ही देखते बस स्टैंड परिसर मिनी स्टेडियम में तब्दील हो गया, जहां चौके-छक्कों पर तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह भरे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

दरअसल यात्रियों और नगरवासियों को मैच का रोमांचक अनुभव देने के उद्देश्य से नगरपालिका द्वारा विशेष व्यवस्था की गई थी। बस स्टैंड परिसर में बड़ी स्क्रीन लगाकर भारत-न्यूजीलैंड फाइनल मैच का सीधा प्रसारण किया गया, जिससे वहां मौजूद लोगों को क्रिकेट का भरपूर आनंद लेने का अवसर मिला। जैसे-जैसे मैच में रोमांच बढ़ता गया, दर्शकों के उत्साह में भी लगातार इजाफा होता गया।

नगरपालिका की पहल बनी आकर्षण का केंद्र

जशपुर बस स्टैंड में इस विशेष व्यवस्था की पहल नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष युवराज यशप्रताप सिंह जूदेव तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय के प्रयासों से की गई। उनके निर्देश पर यात्रियों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए बड़े स्क्रीन के माध्यम से मैच का लाइव प्रसारण किया गया। यह पहल देखते ही देखते लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई।

हर चौके-छक्के पर गूंजती रही तालियां

मैच के दौरान जैसे ही भारतीय टीम ने शानदार शॉट लगाए या विकेट हासिल किया, बस स्टैंड परिसर में मौजूद लोग तालियों और जयकारों से अपनी खुशी जाहिर करते नजर आए। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी क्रिकेट के रोमांच में डूबे दिखाई दिए। कुछ लोग मोबाइल फोन में पल-पल के दृश्य रिकॉर्ड करते भी नजर आए।

यात्रियों ने कहा—यादगार बन गया इंतजार

इस दौरान बसों का इंतजार कर रहे कई यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबी यात्रा के बीच इस तरह की व्यवस्था यात्रियों के लिए बेहद सुखद अनुभव साबित होती है। कई यात्रियों ने कहा कि बस का इंतजार करते-करते मैच का रोमांच देखना उनके लिए किसी उत्सव से कम नहीं रहा।

अन्य राज्यों के यात्रियों ने भी की सराहना

जशपुर से गुजर रहे अन्य राज्यों के यात्रियों ने भी इस पहल की प्रशंसा की। उनका कहना था कि अक्सर बस स्टैंड पर इंतजार करना उबाऊ हो जाता है, लेकिन इस तरह की व्यवस्था से यात्रियों का समय भी अच्छा गुजरता है और माहौल भी आनंदमय बन जाता है।

खेल से बढ़ता है भाईचारा और एकजुटता

राजहंस ट्रैवल्स के मैनेजर विजय सिंह ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन ही नहीं है, बल्कि यह समाज में भाईचारा और आपसी सद्भाव को भी बढ़ाता है। क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेल लोगों को एक मंच पर जोड़ने का काम करता है, जहां सभी लोग अपनी चिंताओं को भूलकर कुछ पल खुशी के साथ बिताते हैं।

उत्सव जैसा रहा माहौल

बस स्टैंड परिसर में मैच के लाइव प्रसारण के कारण पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी एक साथ बैठकर मैच का रोमांच लेते नजर आए। लोगों के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ झलक रही थी।

इस अनोखी पहल ने न केवल यात्रियों के इंतजार को यादगार बनाया, बल्कि जशपुर नगर में क्रिकेट प्रेमियों को एक साथ बैठकर फाइनल मुकाबले का रोमांच देखने का शानदार अवसर भी प्रदान किया।

और भी

जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की सख्ती जारी, “ऑपरेशन आघात” में तीन थानों में दबिश देकर 44 लीटर महुआ शराब बरामद, चार आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

  रायगढ़ 7 मार्च, 2026* । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे *“ऑपरेशन आघात”* के तहत पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज तमनार, चौकी खरसिया तथा कल थाना भूपदेवपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध महुआ शराब के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान *चार आरोपियों के कब्जे से कुल 44 लीटर कच्ची महुआ शराब* बरामद कर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

 *चौकी खरसिया पुलिस की मौहापाली में शराब रेड कार्रवाई* —

       चौकी खरसिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मौहापाली का एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बिक्री करने के लिए प्लास्टिक बोरी में भरकर मालधक्का गंज के पीछे खरसिया की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर घेराबंदी कर संत दास डहरिया (39 वर्ष) निवासी मौहापाली खरसिया को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से लगभग 10 लीटर महुआ शराब कीमती करीब 2000 रुपये बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

 *तमनार पुलिस की छापेमारी में युवक गिरफ्तार* —

       थाना तमनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम आमाघाट का रहने वाला निर्मल मिंज (20 वर्ष) अवैध रूप से हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा है। पुलिस टीम द्वारा आमाघाट रेलवे पुल के नीचे नाकाबंदी कर आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 2000 रुपये आंकी गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।

 *भूपदेवपुर पुलिस की दोहरी कार्रवाई* —

       थाना भूपदेवपुर पुलिस ने मुखबिर सूचना पर ग्राम पंडरीपानी क्षेत्र में नाकाबंदी कर दो अलग-अलग व्यक्तियों को अवैध शराब के साथ पकड़ा। पुलिस ने जगबंधु राठिया (35 वर्ष) तथा संतराम खड़िया (28 वर्ष) निवासी पंडरीपानी को पकड़ा, जिनके कब्जे से अलग-अलग कार्रवाई में 7-7 लीटर कच्ची महुआ शराब कुल 14 लीटर शराब बरामद की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

          रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए *“ऑपरेशन आघात”* के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

???????? *एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश* —

    *“रायगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। अवैध शराब बनाने, परिवहन या बिक्री करने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”*

और भी

पुराने विवाद में होली बनी खूनी, युवक पर चापड़-डंडे से हमला करने वाले आरोपी रायपुर भागे, पुलिस की घेराबंदी में फिर गिरफ्तार

7 मार्च, 2026 । होली के दिन युवक से मारपीट की घटना पर थाना कोतरारोड़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुभाष चंद्र निषाद तथा एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है।

      मामले की जानकारी के अनुसार दिनांक 04 मार्च 2026 को होली के दिन थाना कोतरारोड़ क्षेत्र अंतर्गत किरोडीमल नगर में वासु महंत पिता गुरुवार दास महंत निवासी राधा कृष्ण मंदिर के सामने किरोडीमल नगर के साथ सुभाष चंद्र निषाद और एक अन्य किशोर बालक द्वारा मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के संबंध में प्रार्थी तुषार दास महंत की रिपोर्ट पर *थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 64/2026 धारा 109(1), 296, 351(3), 115(2), 118, 3(5) भारतीय न्याय संहिता* के तहत दो आरोपियों के विरुद्ध नामजद अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

       घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आने पर तत्काल थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। पुलिस द्वारा लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी, इस दौरान दोनों आरोपी गिरफ्तारी के भय से फरार हो गए थे। आहत की मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने पर प्रकरण में *हत्या के प्रयास की धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता भी जोड़ी गई*।

          विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपियों के रायपुर की ओर फरार होने की जानकारी मिली, जिस पर कोतरारोड़ पुलिस की एक टीम रायपुर रवाना की गई और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जाती रही। इसी बीच आज मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी किरोडीमल नगर में देखे गए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी सुभाष चंद्र निषाद और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुराने विवाद के कारण घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे का चापड़ और डंडा जप्त किया गया है।

         गिरफ्तार आरोपी में *सुभाष चंद्र निषाद पिता हरी चंद्र निषाद उम्र 25 वर्ष निवासी शांति नगर वार्ड नं. 09 किरोडीमल नगर थाना कोतरारोड़ जिला रायगढ़ तथा एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल* है।

         एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन तथा एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन पर आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर, आरक्षक संदीप कौशिक, राजेश खाण्डेय, चुडामणी गुप्ता और टिकेश्वर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

*एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

        *“रायगढ़ पुलिस आमजन की जान-माल की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जिले में गुंडागर्दी या कानून हाथ में लेने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”*

और भी

जेल से जमानत पर छूटते ही फिर पहुंचा मंदिर में चोरी करने, खरसिया पुलिस ने जैन मंदिर की दानपेटी तोड़कर रुपए उड़ाने वाले दो शातिर आरोपियों को दबोचा

 7 मार्च, 2026* । खरसिया क्षेत्र में मंदिर की दानपेटी से रुपए चोरी करने वाले दो आरोपियों को चौकी खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक आरोपी हाल ही में चोरी के मामले में जेल से जमानत पर रिहा हुआ था, जिसने बाहर आते ही अपने साथी के साथ मिलकर मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

      मामले में प्रार्थी राजेन्द्र मेहता पिता स्व. रमणिक लाल मेहता उम्र 64 वर्ष निवासी सराफा लाइन वार्ड नं. 11 खरसिया ने दिनांक 06 मार्च 2026 को पुलिस चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि कॉन्वेंट स्कूल के बगल में स्थित सामाजिक श्वेतांबर जैन मंदिर में जब वह सुबह पूजा करने पहुंचे तो मंदिर के मुख्य दरवाजे में लगा ताला टूटा हुआ था तथा अंदर रखी दानपेटी का ताला भी टूटा मिला। दानपेटी में रखे लगभग 5 से 6 हजार रुपये अज्ञात चोर द्वारा रात में चोरी कर लिए गए थे। रिपोर्ट पर पुलिस चौकी खरसिया (थाना खरसिया) में *अपराध क्रमांक 93/2026 धारा 331(4), 305 (ए) भारतीय न्याय संहिता* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

       चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना की पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान पूर्व में मंदिर चोरी के मामलों में शामिल संदेही देव उर्फ देवा श्रीवास और उसके साथी मोनू चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मंदिर की दानपेटी से रुपए चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी देव उर्फ देवा श्रीवास के मेमोरेंडम पर उसके कब्जे से 900 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक छोटा लोहे का रॉड बरामद किया गया, वहीं आरोपी मोनू चौहान के कब्जे से 900 रुपये जप्त किए गए। दोनों आरोपियों को उनके कृत्य पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

       पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक मनोज मरावी, आरक्षक साविल चंद्रा एवं आरक्षक मुकेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

*एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

     *“धार्मिक स्थलों में चोरी या इस प्रकार के अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”*

और भी

आवास निर्माण में लाएं तेजी, हर सप्ताह होगी प्रगति की समीक्षा-सीईओ,जनपद स्तर पर प्रगति नहीं होने पर संबंधित अमले पर होगी कार्रवाई

रायगढ़, 7 मार्च 2026/ प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत जिले में संचालित आवास निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा के लिए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर आज जिला पंचायत रायगढ़ के सभाकक्ष में बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रायगढ़ श्री अभिजीत पठारे द्वारा की गई। उन्होंने जिले के सभी विकासखण्डों के विकासखण्ड समन्वयक एवं फील्ड नोडल अधिकारियों से पंचायतवार आवास निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तारपूर्वक जानकारी ली।
           समीक्षा के दौरान सीईओ श्री पठारे ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत जिन हितग्राहियों के आवास अभी तक प्रारंभ नहीं हुए हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन आवासों की प्रगति का सूक्ष्म स्तर पर परीक्षण करते हुए उन्हें तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के लिए कहा। बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-26 के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को समय पर पूर्ण कराने के लिए कार्य की प्रगति को विभिन्न चरणों में विभाजित कर निगरानी करने की रणनीति बनाई गई। इसके अंतर्गत प्लींथ लेवल से खिड़की लेवल, खिड़की लेवल से डोर लेवल, डोर लेवल से रूफ लेवल तथा रूफ लेवल से पूर्णता लेवल तक कार्य प्रगति सुनिश्चित करने के लिए फील्ड नोडल अधिकारियों को साप्ताहिक लक्ष्य प्रदान किए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में हितग्राहियों से सतत संपर्क बनाए रखते हुए निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर प्राप्त किया जा सके।
            सीईओ श्री पठारे ने कहा कि आवास निर्माण कार्यों की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा जिला स्तर पर की जाएगी, जिससे प्रत्येक स्तर पर कार्यों की मॉनिटरिंग प्रभावी ढंग से हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत मनरेगा से हितग्राहियों को 90 दिवस की मजदूरी उपलब्ध कराने की प्रगति तथा लंबित भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पात्र हितग्राहियों को समय पर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जिले में स्वीकृत अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ऐसे सभी आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए और हितग्राहियों को निर्माण कार्य में सक्रिय रूप से प्रेरित किया जाए।
           बैठक के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रायगढ़ श्री महेश पटेल ने भी आवास निर्माण कार्यों में आ रही विभिन्न समस्याओं एवं चुनौतियों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के संबंध में अधिकारियों को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा आने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी जनपद स्तर पर अपेक्षित प्रगति नहीं पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही ऐसे हितग्राहियों के विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए जो आवास निर्माण कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं या अनावश्यक विलंब कर रहे हैं।
             बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण जिला टीम के जिला समन्वयक, आवास समन्वयक एवं सहायक अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जनपद पंचायतों से एडीओ, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के उप-अभियंता, सभी विकासखण्ड समन्वयक, तकनीकी सहायक, मनरेगा शाखा के कार्यक्रम अधिकारी तथा जनपद टीम के तकनीकी सहायक भी बैठक में शामिल हुए।

और भी