ताजा खबरें


बड़ी खबर

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी की दूरदर्शी पहल से जिले के युवाओं को मिल रहा अभूतपूर्व कैरियर मार्गदर्शन,21 और पुसौर में 22 नबम्बर को होगा भव्य कैरियर गाइडेंस महोत्सव

रायगढ़, 17 नवम्बर 2025। प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर कैरियर निर्माण की दिशा में राज्य शासन द्वारा लगातार प्रभावी पहलें की जा रही हैं। इसी क्रम में रायगढ़ जिले में आगामी 21 शुक्रवार  और 22 नवंबर शनिवार को एक भव्य और प्रेरणादायी आयोजन का साक्षी बनने बनेगा, जब देश के ख्यातिप्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं कैरियर  गुरु श्री आनंद कुमार जिले के हजारों विद्यार्थियों और युवाओं से रूबरू होंगे। यह आयोजन प्रदेश के वित्तमंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी के विशेष पहल से आयोजित किया जा रहा है। विशाल कैरियर गाइडेंस सेशन 21 नंवबर को रायगढ़ के रामलीला मैदान में और 22 नंवबर को पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में होने जा रहा है। आयोजन स्थल पर प्रवेश पूर्ण नि:शुल्क है। 

 कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश में दोनों आयोजनों की तैयारियाँ युद्धस्तर पर जारी हैं। उन्होंने आज समय सीमा की बैठक में आयोजन की तैयारियों के लेकर जिला स्तरीय अधिकरियो को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रामलीला मैदान और  और इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में विशाल मंच, विद्यार्थियों और युवाओं के बैठने की बेहतर व्यवस्था, साउंड सिस्टम, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को भव्य और गरिमापूर्ण स्वरूप देने के लिए प्रशासन के अमले पूरी तत्परता से लगे हुए है। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने विभागों को अलग अलग दायित्व सौपा कर प्राथमिकता में सभी तैयारियां पूरा करने के निर्देश दिए है। 

*21 नंवबर को रायगढ के रामलीला मैदान में विशाल कैरियर गाइडेंस सेशन*

देश के ख्यातिप्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं कैरियर गुरु श्री आनंद कुमार 21 नवंबर, शुक्रवार को रायगढ़ के रामलीला मैदान में दोपहर 3:30 बजे से रात्रि तक जिले के युवाओं को कैरियर गाइडेंस देंगे।
इस विशाल कार्यक्रम में रायगढ़, लैलूंगा, धरमजयगढ़, तमनार और घरघोड़ा क्षेत्र के 93 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों तथा 17 महाविद्यालयों के लगभग 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा शामिल होंगे।
युवा अपने प्रश्न पूछ सकेंगे, कैरियर से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव ले सकेंगे और जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाले उनके अनुभवों से नई ऊर्जा प्राप्त करेंगे।

*22 नवंबर : पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में कैरियर युवा महासम्मेलन*

अगले दिन 22 नवंबर शनिवार को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालय पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में क्षेत्र के हजारों युवाओं का अभिनव कैरियर मार्गदर्शन सत्र आयोजन होगा। पुसौर और खरसिया विकासखंड के 40 स्कूलों और 3 महाविद्यालयों के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा इसमें सम्मिलित होंगे। पुसौर क्षेत्र में इस तरह का विशाल कैरियर गाइडेंस आयोजन पहली बार हो रहा है, जिसे लेकर युवाओं में उत्साह चरम पर है। इस आयोजन में जिले के प्रतिभाशाली युवा-युवतियाँ देश के सबसे लोकप्रिय मोटिवेशनल आइकॉन श्री आनंद कुमार से सीधे संवाद कर सकेंगे।
आयोजन स्थल पर प्रतियोगी परीक्षाओं, कैरियर चयन एवं समसामयिक विषयों पर आधारित एक क्विज प्रतियोगिता भी कराई जाएगी, जिसमें छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।

*कैरियर मार्गदर्शन : भविष्य संवारने का अवसर*

कक्षा 11वीं और 12वीं हर विद्यार्थी के जीवन का निर्णायक पड़ाव होता है। यही समय होता है जब युवा अपनी रुचियों, क्षमताओं और सपनों को पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ते हैं। यह कार्यक्रम युवाओं को उनके बेहतर कैरियर के लिए आत्मचिंतन, सही करियर चयन, और भविष्य की ठोस योजना बनाने में मदद मिलने जा रहा है। 

*कार्यक्रम की विशेषताएँ*

• पंजीकृत विद्यार्थियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क प्रवेश
• अध्ययन योजना, अभ्यास तकनीक और परीक्षा रणनीति पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन
• इंटरएक्टिव प्रश्नोत्तर एवं संशय समाधान सत्र
• विज्ञान, वाणिज्य, कला आदि सभी क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की पहचान
• सिर्फ ट्रेंड नहीं, बल्कि योग्यता आधारित करियर चयन पर फोकस

और भी

जिले में अवैध धान की आवाजाही रोकने जिला प्रशासन सक्रिय,राजस्व टीम ने देर रात सीमावर्ती चेकपोस्टों का किया औचक निरीक्षण

जशपुरनगर 17 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान के आवागमन पर कड़ी निगरानी रखने जिला प्रशासन द्वारा सतत कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में राजस्व विभाग की टीम ने विगत देर रात झारखंड सीमा पर स्थित विभिन्न चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। राजस्व टीम में तहसीलदार  जयश्री राजनपथे, नायब तहसीलदार अरुण कुमार, फूड इंस्पेक्टर आलोक टोप्पो, मंडी निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी शामिल रहे। टीम ने भलमंडा, सकरडेगा एवं साईंटांगाटोली चेकपोस्टों का निरीक्षण किया, जो झारखंड राज्य से लगे हुए सीमावर्ती बैरियर हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चेकपोस्टों पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र तथा वाहनों की जांच प्रक्रिया को बारीकी से परखा। अवैध धान परिवहन रोकने के लिए आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

     इस दौरान संबंधित ग्रामों के सरपंच एवं सचिव भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उन्हें स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने तथा अवैध धान के आवागमन को रोकने में सक्रिय सहयोग देने के लिए प्रोत्साहित किया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती इलाकों में सतत निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

और भी

आज के जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएँ,अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी निराकरण के दिए निर्देश

जशपुरनगर 17 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में आम नागरिकों से सीधे रूबरू होकर उनकी समस्याएँ एवं मांगों की जानकारी ली। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्यवाही की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे उन्हें अपनी समस्या के समाधान की स्थिति स्पष्ट रूप से ज्ञात हो सके। उन्होंने जनसुविधाओं से जुड़े प्रकरणों पर संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया।

     आज आयोजित जनदर्शन में कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से राजस्व प्रकरण, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, अधोसंरचना निर्माण, आजीविका उन्नयन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने संबंधित आवेदन शामिल थे। कलेक्टर ने अधिकारियों को जनहित के इन सभी प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निपटाने के निर्देश दिए।

और भी

एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मीनाक्षी और संजना ने अंडर 14 डबल बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीतकर उपलब्धि की हासिल,मुख्यमंत्री ने बैडमिंटन खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं 

जशपुरनगर 17 नवम्बर 2025/ सुन्दरगढ़ उड़ीसा में आयोजित 4वॉ एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय नेशनल स्पोर्ट्स मीट में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय ढुढरुडांड़, बटईकेला और कांसाबेल की दो प्रतिभाशाली छात्राएँ अंडर 14 डबल बैडमिंटन में मीनाक्षी लकड़ा और संजना भगत ने स्वर्ण पदक जीतकर अद्वितीय उपलब्धि हासिल की है। 
        
      मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी बैडमिंटन खिलाड़ीयों को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सबसे गर्व की बात यह है कि न सिर्फ स्कूल की पहली राष्ट्रीय जीत है, बल्कि जशपुर जिले के इतिहास में पहली बार किसी भी स्कूल की छात्राओं ने नेशनल स्तर पर गोल्ड जीता है। यह उपलब्धि जशपुर जिला, एकलव्य मॉडल आवासी विद्यालय परिवार और आदिवासी समुदाय के लिए एक सुनहरा अध्याय  साबित हुई है।
      विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती ललिता चौहान ने कहा कि यह सफलता विद्यालय के लिए गौरव का प्रतीक है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। इस अवसर पर प्राचार्या ने कलेक्टर श्री रोहित व्यास और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री संजय सिंह को भी धन्यवाद कहा, क्योंकि जब-जब विद्यालय को उनके सहयोग व मार्गदर्शन की आवश्यकता पड़ी, उन्होंने हमेशा साथ दिया। बच्चों को प्रशिक्षित करने वाले पीटीआई अमरदीप सिंह जी को भी प्राचार्या ने धन्यवाद दिया। टीम को प्रशिक्षित करने वाले पीटीआई अमरदीप सिंह ने बताया कि दोनों छात्राओं ने कठोर अभ्यास, निरंतर फिटनेस ट्रेनिंग और अनुशासन के दम पर यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है।
           मीनाक्षी और संजना अब जशपुर के हर छात्र के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। दोनों ने कहा कि उनका लक्ष्य आगे और बड़े टूर्नामेंट में जशपुर और विद्यालय का नाम और ऊँचा करना है। जशपुर के इतिहास में पहली एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की बेटियों ने नेशनल में लिखा स्वर्णिम अध्याय। यह जीत पूरे जिले और राज्य के लिए सम्मान और प्रेरणा का नया प्रतीक है।

और भी

नए आपराधिक कानूनों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर–एसएसपी ने ली महत्वपूर्ण बैठक,चिकित्सकों को मेडलीपर पोर्टल में अपलोड करनी होगी रिपोर्ट

जशपुरनगर 17 नवम्बर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह ने आज जिला कार्यालय में भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 एवं साक्ष्य अधिनियम 2023 के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि नए कानूनों से न्यायिक प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, समयबद्ध तथा जनहित परक बनेगी। उन्होंने पुलिस सहित अन्य विभाग के अधिकारियों को नए कानून के प्रावधानों को गंभीरता पूर्वक पालन करने के निर्देश दिए। जिससे आमजनों के प्रकरणों का निराकरण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित हो। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह ने कहा कि समय पर मेडिकल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने से जांच और न्यायिक प्रक्रिया तेज होती है, जिससे आमजन को सीधे रूप से सहूलियत होती है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि प्रकरणों का पारदर्शी एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो सके। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, लोक अभियोजन अधिकारी, लोक अभियोजक, जेल अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन सहित खंड चिकित्सा अधिकारीगण मौजूद रहे।

*पोस्टमार्टम, मेडिकल रिपोर्टिंग को समयबद्ध बनाना अनिवार्य* - कलेक्टर ने नए कानूनों के प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाएगी। किसी भी प्रकरण में अभियुक्त की मेडिकल रिपोर्ट तुरंत तैयार कर अपलोड की जाएगी। वहीं बलात्संग से संबंधित मामलों में पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट सात दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के माध्यम से सभी मेडिकल अधिकारियों को इन प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।


*मेडलीपर पोर्टल से तत्काल उपलब्ध होगी पीएम रिपोर्ट* -  बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने बताया कि जिले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए आमजन को भटकना नहीं पड़ेगा। चिकित्सक मेडलीपर पोर्टल में पीएम रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड करेंगे। जिससे जांचकर्ता अधिकारी, पुलिस एवं कोर्ट के अधिकारी एक क्लिक में रिपोर्ट की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह व्यवस्था पीड़ितों एवं उनके परिजनों के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होगी और प्रकरणों के त्वरित निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मेडलीपर पोर्टल पर सभी मेडिकल अधिकारियों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण कराया जाए और उनका उचित प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे समय सीमा के भीतर पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल लीगल रिपोर्ट, विसरा रिपोर्ट, केमिकल पैथोलॉजी रिपोर्ट एवं रेडियोलॉजी रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड कर सकें। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था न केवल पारदर्शिता बढ़ाएगी बल्कि नागरिकों को त्वरित सेवा उपलब्ध कराने में भी सहायक होगी।


*वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी पेशी—समय व संसाधनों की बचत* -  बैठक में नए कानूनों के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी सुनिश्चित करने के प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि जहाँ न्यायालय के निर्देशानुसार सशरीर पेशी आवश्यक नहीं है, वहाँ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी कराई जाएगी। जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी तथा प्रकरणों के निराकरण की गति बढ़ेगी। जेल विभाग के अधिकारियों को इस व्यवस्था का प्रभावी उपयोग करने निर्देशित किया गया। उन्होंने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा अधिसूचित की जा चुकी है। आवश्यकतानुसार इसका उपयोग न्यायालयीन कार्यवाही में वीसी के लिए किया जा सकता है।

और भी

ऑनलाईन पोस्ट मैट्रिक, छात्रवृत्ति हेतु अंतिम तिथि निर्धारित 

जशपुरनगर 17 नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य के निवासी, शासकीय-अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग कालेज, मेडिकल, कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक एवं आई.टी.आई. एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान आदि में अध्ययनरत अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों, जो विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की पात्रता रखते है, इन संस्थाओं के प्राचार्यों-संस्था प्रमुखों एवं छात्रवृत्ति प्रभारियों को सूचित किया जाता है कि शिक्षा सत्र 2022-2023, 2023-24, एवं 2024-25 के बैंक एकाउंट एवं आधार सीडिंग संबंधी संशोधन की कार्यवाही  http://postmatric-scholarship.cg.nic.in/  वेबसाईट पर ऑनलाईन की जा रही है। जिसके अंतर्गत भारत सरकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा तिथि निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथिनुसार शिक्षा सत्र 2022-23 एवं 2023-24 के लिए अंतिम तिथि 30 नवम्बर 2025 एवं वर्ष 2024-25 के लिए अंतिम तिथि 31 दिसम्बर 2025 निर्धारित है। निर्धारित तिथि के पश्चात् विद्यार्थियों को शिक्षा सत्र वर्ष 2022-23, 2023-24 एवं 2024-25 के लिए बैंक एकाउंट एवं आधार सीडिंग संबंधी संशोधन हेतु अवसर प्रदाय नहीं किया जायेगा।

और भी

जल जीवन मिशन: मुण्डाडीह में हैण्डपंप एवं कुंओं पर नही रहना होगा आश्रित,जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामवासियों को मिल रहा शुद्ध पेयजल

जशपुरनगर 17 नवम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जल जीवन मिशन योजना का बेहतर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए हैं।
इसी कड़ी में जिला मुख्यालय से लगभग 70 कि.मी. की दूरी पर स्थित गारीघाट पंचायत का राजस्व ग्राम मुण्डाडीह में जल जीवन मिशन के अंतर्गत तीन उच्च स्तरीय जलागार स्थापित कर कुल 92 क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से संपूर्ण ग्रामवासियों को शुध्द पेय जल उपलब्ध कराया जा रहा है।
         जल जीवन मिशन योजना के आने से पूर्व ग्रामीणों को अपनी दैनिक जल की आवश्यकताओं के लिए हैण्डपंप एवं कुंओं पर पूर्ण रूप से आश्रित थे। मुख्यतः महिलाएं पानी हेतु लाईन लग कर पानी भरने का कार्य सुबह शाम किया करती थी. बारिश के दिनों में पानी प्रदूषित होने की वजह से ग्रामीणों को पेट खराब, डायरिया इत्यादि बीमारीयों का भी सामना करना पड़ता था।
         आज की स्थिति में योजना के आने के बाद अब ग्रामीणों को पानी भरने नहीं जाना पड़ता एवं तबीयत खराब होने की समस्या में भी कमी आई है। सभी ग्रामीणों को घर में नल के माध्यम से पानी मिलने से सभी ग्रामीण खुश है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले हम हैण्डपंप एवं कुओं के द्वारा पानी भरने से परेशान थे पर अब वैसी समस्या नहीं है हम सभी खुश हैं ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया हैं।

ग्रामीणों की सहमती एवं शपथ के माध्यम से इस ग्राम का हर घर जल सर्टिफिकेट कर दिया गया है एवं जल सभा के माध्यम से ग्रामीणों को योजना का सुचारू रूप से संचालित करने के नियमों को समझा कर लंबे समय तक योजना के संचालन को भी सुनिश्ति किया गया है।

और भी

रोजगार मेला का आयोजन 21 नवम्बर को शासकीय कन्या विजय भूषण सिंह देव महाविद्यालय जशपुर में

जशपुरनगर 17 नवम्बर 2025/ जिला रोजगार अधिकारी ने बताया की शासकीय कन्या विजय भूषण सिंह देव महाविद्यालय जशपुर में 21 नवम्बर 2025 को रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला में वृन्दावन पब्लिक स्कूल, लुड़ेग कोतबा, बागबहार, पण्डरीपानी एवं योकोहामा ट्री इंडिया लिमिटेड से विभिन्न पदों के लिए रिक्तियॉ प्राप्त हुई है। 
          प्राप्त रिक्तियों में वृन्दावन पब्लिक स्कूल, लुड़ेग कोतबा, बागबहार, पण्डरीपानी में प्राचार्य के 4, हिन्दी शिक्षक के 8, अंगेजी शिक्षक के 8, गणित शिक्षक के 6, विज्ञान शिक्षक के 6, प्री-प्रायमरी वर्ग के 15, संगीत शिक्षक के 2 लेखापाल के 4, वाहन चालक के 4 पद शामिल हैं। इसी प्रकार योकोहामा ट्री इंडिया लिमिटेड में अप्रेंटिस वुमन ट्रेनी के 500 एवं ऑपरेटर आई.टी.आई अन्य डिप्लोमा के पद शामिल हैं।  
           इच्छुक अभ्यार्थी 21 नवम्बर को समय प्रातः 11ः00 बजे से अपना समस्त मूल प्रमाण पत्र के साथ शासकीय कन्या विजय भूषण सिंह देव महाविद्यालय जशपुर में उपस्थित होकर रोजगार मेला में भाग ले सकते है।

और भी

गर्भवती महिलाओं हेतु विशेष योगाभ्यास परियोजना में कार्यरत योग मित्रों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

जशपुरनगर, 16 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशन में शिशु मृत्यु दर एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से जशपुर जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में गर्भवती महिलाओं हेतु विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ योग आयोग, यूनिसेफ तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में क्रियान्वित हो रहा है। कार्यक्रम के प्रभावी संचालन हेतु परियोजना में कार्यरत योग मित्रों की एक दिवसीय समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन विगत दिवस वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल, जशपुर में किया गया।
    इसमें छत्तीसगढ़ योग आयोग के वरिष्ठ मास्टर ट्रेनरों ने योग मित्रों को गर्भावस्था की तीनों तिमाहियों के अनुसार उपयुक्त योगाभ्यास का प्रशिक्षण प्रदान किया, ताकि वे गर्भवती महिलाओं को और अधिक प्रभावी तरीके से योगाभ्यास करा सकें। इस विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम को शुरू हुए लगभग तीन वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। कार्यक्रम के माध्यम से हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं को भी सुरक्षित एवं सामान्य प्रसव में उल्लेखनीय सहायता मिल रही है, जिससे जशपुर जिले की अनेक महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ है। वर्तमान में यह कार्यक्रम जिले के 50 उप-स्वास्थ्य केंद्रों में सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा, छत्तीसगढ़ योग आयोग रायपुर से श्री रविकांत कुंभकार, राज्य परियोजना समन्वयक डॉ. ज्योति साहू, मास्टर ट्रेनर श्रीमती रश्मी पटेल तथा जिला योग समन्वयक श्री अशोक कुमार यादव उपस्थित रहे।

और भी

कुनकुरी में आयोजित मुद्रा एवं बैंक क्रेडिट मेला में 92 महिला समूहों को 2.53 करोड़ के बैंक लोन स्वीकृत

जशपुरनगर, 16 नवंबर 2025/ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन 'बिहान' के अंतर्गत विकासखंड कुनकुरी में विगत दिवस मुद्रा एवं बैंक क्रेडिट मेला का  आयोजन किया गया। इस अवसर पर  बैंक द्वारा 92 स्व सहायता समूहों का 02 करोड़ 53 लाख रुपए  एवं 75 हितग्राहियों को व्यक्तिगत रूप से 75 लाख रुपए का मुद्रा लोन की स्वीकृति प्रदान की गई ।
       कार्यक्रम कीएलडीएम  श्री वाल्टर भेंगरा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक वित्तीय समावेशन श्री अमीन खान जी, जिला प्रमुख साधन श्री अखिल प्रसन्ना सेठ, एफएलसी श्री विनसेंट तिर्की, जनपद पंचायत विकासखंड परियोजना प्रबंधक बिहान श्री विनोद राठिया, क्षेत्रीय समन्वयक कु.जबीं कौशर, पूनम मांझी, श्री रितेश मिश्रा ,श्री मनोज सोनी, सभी बैंकों से ब्रांच मैनेजर , पीआरपी, एफएलसीआपी सहित बिहान की 290 महिलाएं उपस्थित रही ।  कार्यक्रम में आए अतिथियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया और बैंक अधिकारियों ने समूहों को वित्तीय साक्षरता एवं बैंकिंग प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान की।

और भी

सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने बगीचा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण ,मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश 

जशपुर 16 नवंबर 25/ रायगढ़ सांसद श्री राधेश्याम राठीया ने विगत दिवस शनिवार 15 नवम्बर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा का आकस्मिक निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।  स्वास्थ्य केंद्र मरीज वार्ड, पैथोलॉजी,दवाई वितरण कक्ष और अन्य वार्ड का निरीक्षण किया और मरीजों को फल वितरण किए।

उन्होंने डाक्टरों की नियमित उपस्थिति की जानकारी ली और आयुष्मान कार्ड का भी लाभ मरीजों को देने के निर्देश दिए हैं।

इस अवसर पर बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ सुनील लकड़ा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

और भी

कलेक्टर ने ईचकेला की क्रिकेट खिलाड़ी बालिकाओं को किया प्रोत्साहित ,आकांक्षा रानी ने किया सर्वाधिक स्कोर

जशपुरनगर 16  नवम्बर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने रविवार को जशपुर विकास खंड के ग्राम ईचकेला पहुंचकर क्रिकेट खिलाड़ी बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया और राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल मिलने पर अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने बालिकाओं प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जशपुर जिले के बच्चे हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। खेल में भी जशपुर के बच्चे बहुत आगे है कोई सा भी खेल हो क्रिकेट हो फूटबॉल, दौड़ हो सभी में बढ़िया प्रदर्शन रहता है।
अनुसूचित जनजाति बच्चे हुनरमंद रहते हैं और उनकी प्रतिभा उन्हें आगे बढ़ाती है।

जिला प्रशासन बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहायता करेंगी बच्चों को खेलने के लिए अच्छा खेल अभ्यास मैदान की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

बच्चों को बेट बाल बालिंग मशीन एवं बच्चों की मांग अनुसार जिला प्रशासन खेल सामग्री देंगी।

उन्होंने बच्चों को राष्ट्रीय स्तर में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि शासकीय प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास इचकेला के अधीक्षिका श्रीमती पंडरी बाई की  क्रिकेट के प्रति जुनून और लगातार प्रयास से  क्रिकेट का कोचिंग 3-4 साल से लगातार दिलाया जा रहा है। जिसका परिणाम अभी अंडर 17 के बच्चों ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया।

कोच संतोष कुमार और श्री शंकर सोनी की लगातार मेहनत का नतीजा है कि जिले के बच्चे पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान प्राप्त किए है। ये सफलता जशपुर के लिए बहुत गौरव की बात। सरगुजा संभाग से आकांक्षा रानी ने सर्वाधिक स्कोर किया एवं बोलिंग में नीतिका, गायत्री और अलका रानी ने बोलिंग में अच्छा प्रदर्शन किया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री हरिओम द्विवेदी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री संजय सिंह , सरपंच पंच और अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

           उल्लेखनीय है कि 25 वीं स्कूल राज्य अंडर 17 गर्ल्स क्रिकेट टूर्नामेंट 6-9 नवंबर को कांकेर में हुआ। पूरे छत्तीसगढ़ से इनमें 5 ज़ोन रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा ने भाग लिया। इस टूर्नामेंट में सभी टीमों को हराकर सरगुजा ज़ोन ने गोल्ड मेडल जीता। सरगुजा टीम में लुथरन स्कूल इचकेला के खिलाड़ियों का काफी योगदान रहा, जिसमें आकांक्षा रानी, अमिषा लकड़ा, जिज्ञासा कुजुर, अनन्या सिदार, गायत्री बाई, अभिलाषी बरा, अविना बाई, झूमुर तिर्की, दीपिका भगत, अलका रानी कुजुर और नितिका बाई शामिल थी। अंबिकापुर से अंशिका राज आर्यन और कुनकुरी से 2 खिलाड़ी शामिल थे। ये सभी खिलाड़ी ईचकेला होस्टल में रहकर 3-4 साल से नियमित अभ्यास कर रहे हैं, उसी का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ की चौंपियन टीम बन पाई।

और भी

जशपुर के एनसीसी एयर स्क्वाड्रन के कैडेट्स के विद्यार्थियों को आसमान की ऊँचाइयों में कैरियर बनाने का सपना अब हो रहा है साकार

जशपुरनगर, 16 नवंबर 2025/ जिले के युवाओं का आसमान में उड़ान भरने का सपना अब तेजी से साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के विशेष प्रयासों का परिणाम है कि जशपुर के पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय को थर्ड सीजी एनसीसी एयर स्क्वाड्रन की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसी क्रम में यहां के एनसीसी कैडेट्स अब जगदलपुर में अगले चरण का उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। विद्यालय के पांच कैडेट्स आकाश बंजारे, आर्यन निकुंज, अथर्व भगत, अंश कुमार भगत और उत्कर्ष यहां पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनके कोच कमलेश विश्वकर्मा है। इससे पहले जशपुर में पहली बार रायपुर के बाहर बेस फ्लाइंग ट्रेनिंग का प्रथम चरण सफलतापूर्वक आयोजित हुआ था। अब दूसरे चरण के लिए जगदलपुर को चयनित किया गया है। आगामी चरण अंबिकापुर, बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई में प्रस्तावित हैं। यह सभी आयोजन रायपुर ग्रुप तथा मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एनसीसी निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किए जा रहे हैं।  
     प्रशिक्षण सिंगल इंजन ट्वीन सीटर वायरस एसडब्ल्यू 80 विमान से  विभिन्न उड़ान कोर्सों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस माइक्रोलाइट विमान में उड़ान भरना कैडेट्स के लिए न केवल हवाई प्रशिक्षण का पहला अवसर है, बल्कि सीमित समय और नियंत्रित वातावरण में उनके निर्णय लेने के कौशल को विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन भी है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेना, भारतीय वायुसेना, जिला प्रशासन तथा पुलिस विभाग का सतत सहयोग मिल रहा है। साथ ही कैडेट्स को एनसीसी के मूलमंत्र एकता और अनुशासन को आत्मसात करते हुए राज्य के भविष्य, विकास और राष्ट्रनिर्माण की मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश भी दिया जा रहा है।

*मुख्यमंत्री श्री साय ने जेएनवी के एयर एनसीसी के लिए चयनित 25  विद्यार्थियों को एनसीसी कैडेट्स का बैच‌ लगाकर पंजीयन की शुरुआत की थी*

मुख्यमंत्री ने विगत दिवस पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय  के एयर एनसीसी के लिए चयनित 25 मेधावी विद्यार्थियों को एनसीसी कैडेट्स का बैच‌ लगाकर पंजीयन की शुरुआत की थी। इनमें 13 बालिकाएं और 12 बालक शामिल हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने एनसीसी दिवस समारोह के दौरान इच्छा व्यक्त की थी कि छत्तीसगढ़ में केवल रायपुर में ही एयर एनसीसी और उड़ान का प्रशिक्षण दिया जाता है, जबकि जगदलपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर और जशपुर जैसे स्थानों पर भी हवाई पट्टियों की सुविधा उपलब्ध है। मुख्यमंत्री की इस पहल के सकारात्मक परिणामस्वरूप मार्च माह में जशपुर आगडीह हवाई पट्टी को 3 सीजी एयर एनसीसी स्क्वाड्रन के लिए स्वीकृति प्रदान की गई और एक माइक्रोलाइट विमान को प्रशिक्षण हेतु जशपुर भेजा गया। इस दौरान लगभग 100 कैडेट्स को उड़ान का वास्तविक अनुभव प्रदान किया।

और भी

किसान गंगाराम इस बार धान बेचकर मिले पैसों से खुद का वाहन खरीदेंगे 

जशपुर 16 नवंबर 25/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 नवम्बर से धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो गया है। जशपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 हेतु धान खरीदी का शुभारंभ गम्हरिया चौक स्थित धान खरीदी केंद्र में सांसद श्री राधेश्याम राठिया द्वारा किया गया। शुभारंभ अवसर पर ग्राम झीलिंग के किसान श्री गंगा यादव ने सर्वप्रथम अपना धान विक्रय किया।

किसान श्री गंगा यादव ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष लगभग 150 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा था, जिससे प्राप्त लाभ से उन्होंने एक दुकान की शुरुआत कर आर्थिक रूप से प्रगति की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष वे वाहन क्रय करने की योजना बना रहे हैं। श्री यादव ने शासन द्वारा खरीदी केंद्रों में की गई सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र में सभी व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित रूप से उपलब्ध हैं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में माइक्रो-एटीएम सुविधा, टोकन ‘तुंहर द्वार’ व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि किसानों को धान विक्रय प्रक्रिया में आसानी और पारदर्शिता मिल सके।

और भी

खरसिया के सरकारी अस्पताल की सामाजिक संगठनों ने बढाया मदद का हाथ और जुड़ती गई मदद की श्रृंखला

रायगढ़, 16 नवम्बर 2025। रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। कभी साधारण सेवाओं वाला यह अस्पताल अब जिला प्रशासन की सक्रियता, जनप्रतिनिधियों की पहल और सामाजिक संगठनों के योगदान से ऐसा बदला है कि लोग तुलना प्राइवेट अस्पतालों से करने लगे हैं। महज़ एक महीने में अस्पताल की तस्वीर बदल गई है। साफ-सफाई, व्यवस्था, सुविधाएँ और सेवा, हर स्तर पर आश्चर्यजनक सुधार देखने को मिल रहा है। इस बदलाव में जिला प्रशासन का मागर्दर्शन, एसडीएम श्री प्रवीण तिवारी और स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर श्री वीएस राठिया की रुचि और, नगर पालिका अध्यक्ष श्री कमल गर्ग सहित सामाजिक संगठनों की सक्रियता और जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका देखी जा रही है। 

खरसिया नगर पालिका की सीमा में संचालित यह सरकारी अस्पताल पहले बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझता रहा, लेकिन पिछले एक माह में जिस तेजी से जनसहयोग की धारा यहाँ उमड़ी है, उसने अस्पताल की कार्यप्रणाली को नई दिशा दे दी है। मरीजों की बढ़ती संख्या और लोगों का बढ़ता भरोसा इस बदलाव का सबसे बड़ा प्रमाण है। जहां कभी लोग गंभीर मरीजों को निजी अस्पताल ले जाने को मजबूर होते थे, वहीं अब यही अस्पताल सुरक्षित प्रसव से लेकर बड़ी शल्यक्रियाओं तक का केंद्र बनता जा रहा है।
अस्पताल की सबसे बड़ी उपलब्धि तीन नए पेइंग वार्ड हैं, जिन्हें जनसहयोग से शानदार रूप दिया गया है। इन कमरों में एसी से लेकर सोफा सेट और वाश बेसिन तक की सुविधाएँ उपलब्ध हैं। इन तीनों कमरों का कायाकल्प अलग-अलग संगठनों ने किया है। एक कमरा का दायित्व रोटरी क्लब ने, दूसरे का लायंस क्लब ने, और तीसरे पेइंग रूम की जिम्मेदारी मारवाड़ी युवा मंच ने उठाई है। सामाजिक संगठनों के समर्पण का ही परिणाम है कि सरकारी अस्पताल अब प्राइवेट जैसी सुविधा देने में सक्षम हो सका है।

*संक्रमण रहित 6 बेड  स्पेशल वार्ड की सुविधा, संस्थागत प्रसव 32 से बढ़कर 90 हुई*

अस्पताल में जच्चा माताओं के लिए संक्रमण-रहित छह बिस्तरों वाला विशेष वार्ड भी तैयार किया गया है।
 इससे सुरक्षित प्रसव और शल्यक्रिया के बाद माताओं तथा नवजात शिशुओं की देखभाल में बड़ी सुविधा मिली है। इसी का परिणाम है कि जहाँ पहले महीने में केवल तीन से चार सिजेरियन ऑपरेशन होते थे, अब यह संख्या पचास से अधिक हो चुकी है। संस्थागत डिलीवरी भी अब पहले की तुलना में लगभग तीन गुना हो चुकी हैं। पहले जहाँ 32 डिलीवरी दर्ज होती थीं, अब हर माह करीब 90 प्रसव सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं।

*अस्पताल में हुई सकारात्मक बदलाव की होने लगी जन समुदाय में चर्चा*

खरसिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  में बढ़ती भीड़ और बेहतर प्रबंधन के पीछे जिला प्रशासन, खरसिया एसडीएम श्री प्रवीण तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग की निरंतर निगरानी, रोटरी क्लव, लायन्स क्लब, मारवाड़ी युवा मंच के साथ जनसहयोग भावना जुटाने की उनकी सक्रिय भूमिका की भी सराहना हो रही है। खरसिया एसडीएम प्रवीण तिवारी ने बताया कि शासकीय अस्पताल में सुधार के लिए कई नई योजनाओं पर कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने भोजन व्यवस्था को और बेहतर बनाने, अस्पताल परिसर में व्यवस्थित साइकिल स्टैंड निर्माण, जीवनदीप समिति कार्यालय के नवनिर्मित एसी कक्ष का शुभारंभ, और अस्पताल स्टाफ को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने जैसी कई पहलें की हैं। उन्होंने ने बताया कि आने वाले समय में डॉक्टरों, नर्सों और अन्य आवश्यक स्टाफ की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, जिससे अस्पताल की सेवा क्षमता और दोगुनी हो सके। यह बदलाव केवल अस्पताल की दीवारों के भीतर ही नहीं, बल्कि लोगों के मन में भी दिखाई देता है। क्षेत्र के नागरिक अब गर्व से कहते हैं कि खरसिया का सरकारी अस्पताल अब भरोसे का पर्याय बन रहा है।

खरसिया अस्पताल में सेवाओं की नई उड़ान, ऑपरेशन और डिलीवरी में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

जनसहयोग से खरसिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आए सकारात्मक बदलाव के बाद  पिछले एक माह में स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षित प्रसव और सिजेरियन ऑपरेशनों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। 
 खरसिया एसडीएम श्री प्रवीण तिवारी ने बताया कि पहले जहाँ महीने में केवल 3–4 सिजेरियन ऑपरेशन होते थे, अब इनकी संख्या 50 से अधिक हो चुकी है। इसी तरह संस्थागत डिलीवरी भी 32 से बढ़कर लगभग 90 हो गई हैं। पेइंग वार्ड, संक्रमण-रहित जच्चा वार्ड और चिकित्सा सेवाओं में आई गुणवत्ता के कारण लोगों का भरोसा तेजी से बढ़ा है। आने वाले समय में यह अस्पताल पूरे जिले के लिए एक मॉडल हेल्थ सेंटर के रूप में उभरेगा।

और भी

जशपुर जिले की 6 प्रमुख खबरें....पढ़ें विस्तार से

मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से दुलदुला में  दो सड़कों का होगा निर्माण

ग्रामीण संपर्क को मिलेगा बढ़ावा, लगभग 6 ग्रामों के दो हजार जनसंख्या सीधे होंगे लाभान्वित

 जशपुरनगर, 15 नवंबर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में अधोसंरचना विकास कार्यों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। शहरों से लेकर ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़क, पुल-पुलिया सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की स्वीकृतियाँ तेजी से प्रदान की जा रही हैं तथा स्वीकृत कार्यों का निर्माण भी  द्रुत गति से जारी है। नए पहुंच मार्गों के निर्माण से दूरस्थ गाँव अब शहरों से सुदृढ़ रूप से जुड़ सकेंगे, जिससे लोगों के दैनिक जीवन, स्थानीय अर्थव्यवस्था, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य तथा व्यापार जैसे सभी क्षेत्रों पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। 
  इसी क्रम में दुलदुला विकासखंड में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत दो महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण संपर्क और अधिक मजबूत होगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 5 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से छेड़डाढ़ से टुकुटोली 5.13 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़क तथा 5 करोड़ 95 लाख की लागत से ठूठीआम्बा से कादोपानी झारखंड पहुंच मार्ग तक 5.70 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के लिए निविदा स्वीकृत कर दी गई है। इन दोनों सड़क मार्गों के बीच लगभग 6 ग्राम पंचायतें स्थित हैं, जिनमें करीब 2,000 की आबादी निवास करती है। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद इन क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

********************************************

मुख्यमंत्री ने पंजीकृत सभी किसानों का धान खरीदी करने के दिए निर्देश 

सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने धान खरीदी का किया शुभारंभ 
 
सांसद और विधायक की उपस्थिति में किसान गंगाराम का धान तौलाई की गई 
 
गंगा राम ने पहले टोकन कटाया 

किसानों की सुविधा के लिए जिले में 46 धान खरीदी केंद्र बनाया गया है 

जशपुर 15 नवंबर 25/  मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पंजीकृत सभी किसानों का धान खरीदी करने के निर्देश दिए हैं।
इसी कड़ी में रायगढ़ सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने आज जशपुर विकास खंड गम्हरिया धान खरीदी केन्द्र में धान खरीदी का शुभारंभ किया जिले मे आज से धान खरीदी  शुरू हो गया है।

सांसद श्री राठिया और विधायक  जशपुर श्रीमती रायमुनि भगत ने जशपुर विकास खंड के ग्राम झीलिंग के किसान श्री गंगा राम यादव को फूल माला और शाल श्रीफल देकर सम्मानित किया।
सांसद की उपस्थिति में  किसान गंगाराम के धान की तौलाई भी करवाया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगा राम, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जुदेव, कलेक्टर श्री रोहित व्यास अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू एसडीएम श्री विश्वास राव मस्के डिप्टी कलेक्टर श्री हरिओम द्विवेदी और खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, विपणन विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।

 जिले में किसानों की सुविधा के लिए 46 धान खरीदी केंद्र बनाया गया है।
धान खरीदी के लिए किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। प्रशासनिक अमले एवं समिति के कर्मचारियों द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर किसान को समय पर, व्यवस्थित और बिना किसी परेशानी के धान बेचने की सुविधा मिले।

********************************************


*वैज्ञानिक सोच बच्चों के भविष्य का मजबूत आधार- विधायक श्रीमती गोमती साय*

*राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रतियोगिता 2025-26 का हुआ भव्य समापन*

*बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर दिया जोर* 

*प्रदेश के 9 जोन से 549 प्रतिभागी हुए शामिल*

*कार्यक्रम में सांसद श्री राठिया सहित विधायक श्रीमती साय एवं श्रीमती भगत हुए शामिल*

जशपुरनगर 15 नवम्बर 2025/ स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय जशपुर में आयोजित राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रतियोगिता 2025-26 का समापन समारोह आज उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। 12 से 15 नवम्बर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी, पश्चिम भारत विज्ञान मेला, विज्ञान नाटिका, प्रश्न मंच, विज्ञान संगोष्ठी तथा विज्ञान क्लब प्रतियोगिता जैसी विविध गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 9 जोन के 549 प्रतिभागी शामिल हुए। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपाध्यक्ष सरगुजा विकास प्राधिकरण एवं विधायक पत्थलगांव श्रीमती गोमती साय शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद रायगढ़ श्री राधेश्याम राठिया, विधायक जशपुर श्रीमती रायमुनी भगत भी शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती साय ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ बच्चों में जिज्ञासा, तर्कशीलता तथा समस्या समाधान क्षमता को विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि बाल वैज्ञानिकों द्वारा प्रस्तुत नवाचारी मॉडल न केवल रचनात्मक सोच का परिचय देते हैं, बल्कि समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान की दिशा में उनके प्रयासों को भी दर्शाते हैं। उन्होंने वैज्ञानिक दृष्टिकोण को जीवन के प्रत्येक निर्णय और कदम में आवश्यक बताया और बच्चों को विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह में अध्यक्ष छत्तीसगढ़ माटीकला बोर्ड श्री शम्भूनाथ चक्रवर्ती, अध्यक्ष नगरपालिका परिषद जशपुर श्री अरविन्द कुमार भगत, उपाध्यक्ष जिला पंचायत जशपुर श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, उपाध्यक्ष नगरपालिका परिषद जशपुर श्री यशप्रताप सिंह जूदेव, अध्यक्ष जनपद पंचायत जशपुर श्री गंगाराम भगत सहित कलेक्टर श्री रोहित व्यास, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, एसडीएम श्री विश्वास राव मस्के, प्राचार्य डाइट जशपुर श्री एम.जेड.यू सिद्दीकी सहित शिक्षक एवं विद्यार्थीगण मौजूद रहे।


*भारत तकनीकी क्षेत्र में लगातार बढ़ रहा आगे* - 

कार्यक्रम में अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बाल वैज्ञानिकों के मॉडलों की सराहना की। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया तथा आगामी राष्ट्रीय स्तरीय गतिविधियों हेतु चयनित प्रतिभागियों की घोषणा की गई। इस अवसर पर सांसद श्री राठिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि भारत को आत्मनिर्भर भारत बनाना है। इस उपलब्धियों को हासिल करने के लिए उच्च वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर भी काम करना होगा। देश के भविष्य बच्चों की वैज्ञानिक कला को निखारने बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी मेला लगाया गया है। इसके तहत विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के पश्चात राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेना है। इसमें बच्चे अपनी कुशल एवं वैज्ञानिक हुनर को दिखाएंगे। कार्यक्रम में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने भी बच्चों को संबोधित कर उन्हें लगातार आगे बढ़ने और अपनी तर्क और वैज्ञानिक कला को निखारते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि भारत तकनीकी दृष्टि से लगातार आगे बढ़ रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल, चंद्रयान, मंगलयान जैसे उच्च प्रौद्योगिकी तकनीक भारत में ही विकसित की जा रही है। यह तकनीक बच्चों की वैज्ञानिक दृष्टिकोण को निखारने के लिए प्रेरित करेगा।

*राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय प्रतियोगता में होंगे शामिल* - 

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने बताया कि राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शिनी एवं विज्ञान मेला  क्रार्यक्रम विकास खण्ड स्तर, जिला स्तर, जोन स्तर एवं राज्य स्तर आयोजित हुई। अंत में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होगी। 12 से 15 नवंबर तक 12 विधाओं में प्रतियोगिता संपन्न हुई, जिसमें 09 जोन से छात्र एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को मिलाकर कुल 549 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें 22 लोगों ने प्रथम स्थान, 20 प्रतिभागियों ने द्वितीय स्थान एवं 13 प्रतिभागियों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।  प्रत्येक वर्ष एक प्रमुख विषय का चयन किया जाता है, इस वर्ष 2025-26 में प्रमुख विषय विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत है। इसके उप कथानक अन्य सात विषय हैं। इन सातों विषयों पर राष्ट्रीय विज्ञान के तीन-तीन मॉडल प्रदर्शनी हेतु प्रस्तुत किये जाते हैं। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में 162, पश्चिम भारत विज्ञान मेला में 81 प्रतिभागी, विज्ञान नाटिका में 72 प्रतिभागी, प्रश्न मंच में 36 प्रतिभागी, और विज्ञान क्लब में 9 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
समारोह के अंत में शिक्षकों, विज्ञान क्लबों, आयोजकों एवं विद्यालय परिवार के प्रयासों को सराहा गया तथा प्रतियोगिता को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना को प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

********************************************

*प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जनजातीय क्षेत्रों में विकास हेतु जिले वर्चुअली 129.15 करोड़ से अधिक की लागत के विकास कार्यों का किया लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास* 

*5.80 करोड़ लागत के पीएम जनमन योजना अंतर्गत 8 बहुउद्देशीय केंद्रों और जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्र का हुआ लोकार्पण*

*धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत 44 करोड़ लागत के छात्रावास, आश्रम भवनों का हुआ भूमिपूजन*

*79.35 करोड़ से अधिक की लागत के दो एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भवन का हुआ शिलान्यास*

जशपुरनगर, 15 नवंबर 2025/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जनजातीय क्षेत्रों के विकास हेतु वर्चुअली 129.15 करोड़ से अधिक की लागत के विकासकार्यों का  लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने रणजीता स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिकात्मक तौर पर इन विकासकार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इनमें 79 करोड़ 35 लाख 22 हजार रुपए लागत के दो एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भवन का शिलान्यास, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत 44 करोड़ की लागत के 16  छात्रावास एवं आश्रम भवन का भूमिपूजन, 01 करोड़ की लागत के जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्र और पीएम जनमन योजना अंतर्गत 4 करोड़ 80 लाख रुपए लागत के 8 बहुउद्देशीय केंद्रों का लोकार्पण कार्य शामिल है। 
    इस अवसर पर पद्म श्री जागेश्वर यादव, छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंभूनाथ चक्रवती, कृष्ण कुमार राय, नगर पालिका जशपुर अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष जशपुर श्री गंगाराम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका जशपुर उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव,  कलेक्टर श्री रोहित व्यास, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
     प्रधानमंत्री ने 79 करोड़ 35 लाख 22 हजार रुपए लागत के जिन  02 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भवन का शिलान्यास किया। उनमें 39 करोड़ 67 लाख 85 हजार रुपए लागत से जशपुर में बनने वाली एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भवन और 39 करोड़ 67 लाख 85 हजार रुपए लागत से मनोरा विकासखंड के ग्राम ढेंगनी में बनने वाली एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भवन  का निर्माण कार्य शामिल है।  
    इसी प्रकार उन्होंने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत 44 करोड़ की लागत के 16  छात्रावास एवं आश्रम भवन का भूमिपूजन किया गया।  प्रत्येक निर्माण की लागत 2 करोड़ 75 रुपए है। इनमें *विकासखंड जशपुर अंतर्गत*-अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम गिरला
*मनोरा विकासखंड अंतर्गत*- अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम झरगांव, अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम गीधा
*दुलदुला विकासखंड अंतर्गत*-अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम चराईडांड़, 
*बगीचा विकासखंड अंतर्गत*-शा०बालक आश्रम बुरजूडीह, अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम डोभ, नवीन आदिवासी बालक आश्रम कुरूमढोंड़ा,नवीन आदिवासी बालक आश्रम कुसुमटोली बच्छरांव,नवीन आदिवासी बालक आश्रम बेड़ेकोना, नवीन आदिवासी बालक आश्रम झपरा, नवीन आदिवासी बालक आश्रम गुरम्हाकोना, नवीन आदिवासी बालक आश्रम चलनी, अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम, हर्राडीपा, शा० प्री मैट्रिक बालक छात्रावास सन्ना, शा० प्री मैट्रिक बालक छात्रावास पण्ड्रापाठ
*कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत*-अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम, चोंगरीबहार का निर्माण शामिल है। 
     इसी प्रकार उन्होंने  बगीचा के महादेवडांड़ में 01 करोड़ की लागत के जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्र और  बगीचा विकासखंड में ही पीएम जनमन योजना अंतर्गत 4 करोड़ 80 लाख रुपए लागत के  8 बहुउद्देशीय केंद्रों का लोकार्पण किया। यह केंद्र ग्राम रोकड़ा के जामुनजोबला,  ग्राम सन्ना के बलादरपाठ में, ग्राम कुटमा के लाईनपारा में , ग्राम सारूढाप में , ग्राम महनई के कसईपानी में, ग्राम बुटंगा के रंगपुर में , ग्राम सामरबार के झुमराडोमर में और ग्राम लरंगा  के लोढेनापाठ में निर्मित किया गया  है।

********************************************

*भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती के अवसर पर रणजीता स्टेडियम में हुआ जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन*

*मुख्य अतिथि सांसद श्री राधेश्याम राठिया सहित सभी अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए उन्हें किया नमन*

*सांसद ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पाती का किया वाचन* 

जशपुरनगर, 15 नवंबर 2025/ भगवान बिरसा मुंडा के 150 जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात से जिले में जनजातीय क्षेत्रों के विकास हेतु वर्चुअली 129.15 करोड़ से अधिक की लागत के विकासकार्यों का  लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। जिले में रणजीता स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री राधेश्याम राठिया और विधायक श्रीमती रायमुनी भगत एवं श्रीमती गोमती साय सहित अन्य अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी, भगवान बिरसा मुंडा और शहीद वीर नारायण सिंह की छायाचित्र पर  दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
      इस अवसर पर शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव  एवं उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव 2025 का आयोजन हुआ। इस मौके पर पद्म श्री जागेश्वर यादव, छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंभूनाथ चक्रवती, कृष्ण कुमार राय, नगर पालिका जशपुर अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष जशपुर श्री गंगाराम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका जशपुर उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव,  कलेक्टर श्री रोहित व्यास, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग श्री संजय सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इस अवसर पर सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद किया और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के पाती का वाचन किया। 
        इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय ने अपने संबोधन में देश की आजादी के लिए भगवान बिरसा मुंडा द्वारा किए गए अमूल्य योगदान को नमन करते हुए कहा कि ऐसे महानायक युगों-युगों में विरले ही जन्म लेते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में असंख्य आदिवासी वीरों ने अपने प्राणों की आहुति देकर राष्ट्र को आजाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जो हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहे हैं। श्रीमती साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की शुरुआत कर आदिवासी क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास हेतु अनेक योजनाएँ क्रियान्वित की हैं। उन्होंने कहा कि भारत रत्न, भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय मंत्रालय का गठन कर जनजातीय समाज के उत्थान के लिए अनेक दूरदर्शी योजनाओं का मार्ग प्रशस्त किया था, जिनका लाभ आज भी जनसमुदाय प्राप्त कर रहा है।  
    विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान अमूल्य है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह सहित अनेक आदिवासी महानायकों के बलिदान को नमन किया और देश की एकता व अखंडता के लिए सभी को एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि हम सभी एक साथ मिलकर कार्य करें, तो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा संकल्पित विकसित भारत के लक्ष्य को अवश्य ही साकार किया जा सकता है। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने इस अवसर पर अपने प्रतिवेदन में जिले के जनजातीय क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों का विस्तार के उल्लेख किया।

*सांसद श्री राधेश्याम राठिया सहित अन्य अतिथियों ने जनजातीय समुदाय के अमर बलिदानियों को  श्रंद्धाजलि अर्पित की*

  सांसद श्री राधेश्याम राठिया सहित अन्य अतिथियों ने इस अवसर पर अमर बलिदानी शम्भुघन फूँगलो असम, तामा डोरा उड़ीसा, डेलन शाह मध्यप्रदेश, यू कियांग नोंगबा मेघालय, रेंडो मांझी उड़ीसा, चक्र बिशोई उड़ीसा, भीमा नायक मध्यप्रदेश, उ तिरोत सिंग मेघालय, राघोजी भांगरे महाराष्ट्र, वीरांगना लीपा अंडमान निकोबार, सुरेंद्र साय उड़ीसा, राणा पूंजा भील राजस्थान, रघुनाथ सिंह मंडलोई मध्यप्रदेश, टंट्या भील मध्यप्रदेश, राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह मध्यप्रदेश, हाइपौ जादोनांग मणिपुर, मर्री कामय्या आंध्रप्रदेश, बाबू राव शेडमाके महाराष्ट्र, लक्ष्मण नायक उड़ीसा, हुतात्मा केसरी चंद उत्तराखण्ड, महुआ कोल मध्यप्रदेश, रानी रोपुइलियानी - मिजोरम, नानक जी भील राजस्थान, खाज्या नायक मध्यप्रदेश, वेंकटप्पा नायक कर्नाटक, तिलका मांझी बिहार, सिनगी दई बिहार, तलक्कल चंदू केरल, अल्लूरी सीताराम राजू आंध्रप्रदेश के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। 

*हर विकासखंड से उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव से 1-1 और शहीद वीर नारायण लोक कला महोत्सव नृत्य प्रतियोगिता के तहत 1-1  नर्तक दलों के दी आकर्षक प्रस्तुति*

    जशपुर विकासखंड से सरना करमा नृत्य दल बालाछापर और आदिवासी सांस्कृतिक लोक नृत्य दल, कोमड़ों। मनोरा विकासखंड से आदिवासी नृत्य दल सोगड़ा और करमा नृत्य दल बुमतेल। दुलदुला विकासखंड से करमा नृत्य दल दुलदुला और करमा नृत्य दल लोरा। कुनकुरी विकासखंड से करमा नृत्य दल घटमुण्डा और करमा नृत्य दल बरडाँड। फरसाबहार विकासखंड से आदिवासी पारंपरिक करमा लोक नृत्य दल बनगाँव और आदिवासी पारंपरिक करमा लोक नृत्य, पण्डरीपानी। कांसाबेल विकासखंड से जयमाता दी करमा नृत्य पार्टी, टाटीडाँड और  करमा दल खुटेरा। बगीचा विकासखंड से आदिवासी करमा दल और  नटकेला  आदिवासी करमा दल टट्केला। पत्थलगांव विकासखंड से आस्था लोक नृत्य पार्टी, माकरचुंवा (तरेकेला) और 
भूमरी मितान लोक नृत्य कोकियाखार

*छात्रों द्वारा प्रस्तुत लोक नृत्यों ने सभी का मन मोहा*

कार्यक्रम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सन्ना के छात्रों ने सरस्वती वंदना और देवार करमा लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। वही एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय ढुढरुडांड़ और  एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय घोलेंगे के छात्रों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक लोक नृत्य और  पूर्णिमा डांस ग्रुप द्वारा प्रस्तुत आकर्षक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।

********************************************

सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया 


जशपुर 15 नवंबर 25/ भगवान बिरसा मुंडा जी की 150 वी जयंती के अवसर पर जिला में जनजातीय गौरव दिवस उत्साह से मनाया गया।
इस अवसर पर रायगढ़ लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने जशपुर जिले के बिरसा मुंडा चौक के पास भगवान बिरसा मुंडा जी मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

 जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जुदेव, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जुदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगा राम, श्री कृष्णा राय कलेक्टर श्री रोहित व्यास और अन्य जनप्रतिनिधिगण ने बीरस मुंडा जी की माल्यार्पण करते हुए नमन किया।

भगवान बिरसा मुंडा जयंती हर साल 15 नवंबर को मनाई जाती है।भगवान बिरसा मुंडा भारत के महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी, जननायक और सामाजिक सुधारक थे।

********************************************

और भी

आज की पहली सुनहरी किरणों के साथ आज से छत्तीसगढ़ में धान खरीदी प्रारम्भ,मुख्यमंत्री ने इसे किसानों की मेहनत और सरकार पर उनके विश्वास का उत्सव बताया

रायपुर, 15 नवंबर 2025/भोर की पहली सुनहरी किरणों के साथ आज छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इसे किसानों की मेहनत और सरकार पर उनके विश्वास का उत्सव बताते हुए कहा कि राज्य सरकार धान खरीदी को पूरी तरह व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध रूप में संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि धान खरीदी की सभी तैयारियाँ समय पर पूर्ण कर ली गई हैं और प्रदेश के सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक आधारभूत सुविधाएँ पूरी तरह सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

धान खरीदी व्यवस्था को तकनीक-सक्षम बनाते हुए सरकार ने इस वर्ष तुँहर टोकन एप, जीपीएस आधारित परिवहन, सतर्क एप, और कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटर जैसे आधुनिक सिस्टम लागू किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर कदम पर हमारी प्राथमिकता किसानों को सुविधा, सम्मानजनक खरीदी और समय पर भुगतान सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों का अटूट विश्वास ही छत्तीसगढ़ की प्रगति की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की आत्मा हमारे किसान हैं। आज शुरू हो रही धान खरीदी उनके परिश्रम को सम्मान देने का अवसर है। 

धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही प्रदेशभर में किसानों में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पारदर्शी प्रक्रिया और मजबूत तकनीकी व्यवस्था से इस बार की खरीदी और अधिक सहज और व्यवस्थित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्धि का यह सफर आज फिर एक नई उम्मीद और किसानों के अटूट विश्वास की रोशनी के साथ आगे बढ़ रहा है।

और भी

नाबालिक लड़की से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला फरार आरोपी आया पुलिस के गिरप्त में,ग्वालियर में जाकर छुपा था आरोपी,

जशपुर 15 नवम्बर 2025 : सोनक्यारी क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम की प्रार्थिया ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिक बेटी, को चौकी सोनक्यारी क्षेत्रांतर्गत ही एक अन्य ग्राम का आरोपी रविकांत उर्फ भोला, के द्वारा विगत 06 माह से बातचीत करता था, इसी दौरान उसके द्वारा उसकी नाबालिक बेटी को प्यार करता हूं व शादी शादी करना चाहता हूं कहकर, झांसे में लेकर उसकी नाबालिक बेटी को, दिनांक 17.10.25 को अपने घर ले गया, व वहां दो दिन तक अपने घर में रखा, इस दौरान उसके द्वारा उसकी नाबालिक बेटी के साथ दुष्कर्म भी किया गया। दो दिवस पश्चात उसकी नाबालिक बेटी, आरोपी रविकांत उर्फ भोला के घर से भाग कर, अपने घर आई, और घटना के संबंध में प्रार्थिया को बताई।
     प्रार्थिया की रिपोर्ट पर, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल तत्काल चौकी सोनक्यारी में आरोपी रविकांत उर्फ भोला के विरुद्ध बी एन एस की धारा 64(2)(m),65(1) व पॉस्को एक्ट की धारा 5,6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।
     आरोपी रवि कांत उर्फ भोला, घटना दिनांक से ही फरार था, पुलिस के द्वारा लगातार उसकी पता साजी की जा रही थी, इसी दौरान पुलिस को मुखबीर व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि उक्त आरोपी रवि कांत उर्फ भोला, ग्वालियर, मध्य प्रदेश में है, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के द्वारा एक पुलिस टीम गठित कर, फरार आरोपी की पता साजी व धर पकड़ हेतु, ग्वालियर रवाना की गई, जहां जशपुर पुलिस की टीम के द्वारा, ग्वालियर से आरोपी रवि कांत उर्फ भोला को घेराबंदी कर, हिरासत में लेकर, वापस लाया गया।
       पुलिस की पूछताछ पर आरोपी रविकांत उर्फ भोला के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत, गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
       मामले की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी सोन क्यारी, सहायक उप निरीक्षक वैभव सिंह, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, व नगर सैनिक शिवशंकर रवि की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
    मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि सोन क्यारी क्षेत्रांतर्गत एक नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को ग्वालियर से पकड़ कर लिया है, व गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

और भी