ताजा खबरें


बड़ी खबर

प्रधानमंत्री आवास योजना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को मिला पक्का घर

जशपुरनगर 3 जनवरी 2026//प्रधानमंत्री आवास योजना ने देशभर में आवासहीन परिवारों के लिए नई उम्मीदें जगाई हैं। मनोरा विकासखंड के ग्राम पंचायत बुमतेल निवासी श्री प्रदीप राम उरांव पिता श्री राम जन योजना से लाभान्वित होकर अपने पक्के मकान के सपने को साकार कर रहे हैं। खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले श्री प्रदीप का जीवन कच्चे घर में अनेक कठिनाइयों से गुजरता था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता था, हर वर्ष घर की मरम्मत करनी पड़ती थी और बच्चों की पढ़ाई में भी बाधाएँ आती थीं।

प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत उन्हें 1.20 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
यह आवास उनके परिवार के लिए एक स्थायी और सुरक्षित आश्रय साबित होगा।

सिर्फ आवास ही नहीं, बल्कि शासन की अन्य योजनाओं का भी लाभ श्री प्रदीप को मिल रहा है। उन्हें राशन कार्ड के माध्यम से सस्ती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध हो रहा है और आयुष्मान भारत कार्ड के जरिए परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा प्राप्त है। इन योजनाओं ने उनके जीवन को और अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया है।

श्री प्रदीप राम ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री आवास योजना हमारे जैसे गरीब परिवारों के लिए वरदान है। इस योजना ने हमें सुरक्षित छत, स्वास्थ्य सुरक्षा और खाद्यान्न की सुविधा देकर वह सम्मान दिया है जिसकी कल्पना हमने वर्षों से की थी।”

प्रधानमंत्री आवास योजना केवल पक्का घर बनाने की योजना नहीं है, बल्कि यह जरुरतमंद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और स्थायी जीवन का आधार बन चुकी है।

और भी

अग्निवीर भर्ती रैली के लिए एडमिट कार्ड जारी,छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल

जशपुरनगर 3 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ में जनवरी 2026 में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली के लिए भारतीय सेना द्वारा प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) जारी कर दिए गए हैं। सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर  द्वारा यह भर्ती रैली 10 से 24 जनवरी 2026 तक इंडोर स्टेडियम, धमतरी में आयोजित की जाएगी, जिसमें छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के पुरुष अभ्यर्थी भाग लेंगे। इस भर्ती रैली के अंतर्गत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं एवं 8वीं पास) पदों के लिए चयन प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना द्वारा 30 जून 2025 से 10 जुलाई 2025 तक ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा सहित अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में भाग लेने के पात्र होंगे।
सेना भर्ती कार्यालय द्वारा रैली में सम्मिलित होने वाले योग्य अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर अपलोड कर दिए गए हैं तथा अभ्यर्थियों के पंजीकृत ई-मेल पते पर भी भेजे गए हैं। भर्ती रैली में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, रैली अधिसूचना में उल्लेखित सभी आवश्यक दस्तावेज तथा आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य होगा।

     किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के नजदीक स्थित सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर के दूरभाष क्रमांक 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं। सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और चयन केवल योग्यता एवं प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। अभ्यर्थियों को दलालों एवं प्रलोभन देने वालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

और भी

भौतिक सत्यापन के आधार पर हो धान खरीदी, किसानों को न हो किसी प्रकार की परेशानी – कलेक्टर, कोचियों एवं बिचौलियों पर कड़ी निगरानी और कार्रवाई के दिए निर्देश

रायगढ़, 03 जनवरी 2025/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य अपने अंतिम चरण में है। ऐसे में धान खरीदी से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी ऊर्जा, जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराएं। कलेक्टर आज जिला कलेक्ट्रेट स्थित सृजन कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में धान खरीदी कार्य की विस्तृत समीक्षा कर रहे थे। बैठक में समितिवार अब तक की कुल धान खरीदी, बारदाना की उपलब्धता, पीडीएस बारदाना का उपयोग, टोकन की स्थिति, धान विक्रय कर चुके किसानों की संख्या, मिलर्स के माध्यम से धान उठाव, भौतिक सत्यापन, रकबा समर्पण तथा संदिग्ध कोचियों एवं बिचौलियों पर की जा रही कार्रवाई जैसे बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। 
       कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि कुछ स्थानों पर अनावरी के आधार पर धान खरीदी को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जबकि शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी पूर्णतः भौतिक सत्यापन के आधार पर की जा रही है। उन्होंने सभी एसडीएम एवं राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक उपार्जन केंद्र में किसानों से केवल भौतिक सत्यापन के पश्चात ही धान खरीदी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी वास्तविक किसान को अपनी उपज विक्रय करने में असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उपार्जन केंद्रों में किसानों की संख्या एवं धान की आवक बढ़ेगी। ऐसे में पात्र किसानों के साथ पूरी संवेदनशीलता बरतते हुए धान खरीदी की जाए, वहीं अवैध रूप से धान खपाने के प्रयासों को पूरी सख्ती से रोका जाए। संदिग्ध कोचियों एवं बिचौलियों पर सतत निगरानी रखते हुए नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
       कलेक्टर ने 5 एकड़ वाले किसानों एवं 7 जनवरी के बाद धान विक्रय हेतु जारी टोकनों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन करने के निर्देश देते हुए कहा कि बेहतर सत्यापन से ही धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपार्जन केंद्रों में केवल मानक गुणवत्ता का धान ही खरीदा जाए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों की माइक्रो-लेवल मॉनिटरिंग करने, सत्यापित टोकन के आधार पर ही धान खरीदी करने तथा 31 जनवरी तक आने वाले धान का औसत निकालते हुए प्रतिदिन की खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में धान विक्रय न करने वाले कृषकों के रकबा समर्पण की कार्रवाई भी समयबद्ध रूप से करने को कहा गया।
       कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों को पीडीएस बारदाना के अनिवार्य उपयोग के निर्देश देते हुए डीएमओ को 7 जनवरी तक सभी समितियों में इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों में जाम की स्थिति से बचने के लिए धान की पर्याप्त और सुव्यवस्थित स्टैकिंग पहले से सुनिश्चित की जाए। धान उठाव कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने दूरस्थ उपार्जन केंद्रों एवं बफर लिमिट पार कर चुके केंद्रों से प्राथमिकता के आधार पर धान उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मिलर्स को उनकी क्षमता के अनुरूप धान उठाने तथा अधिक उठाव के लिए आवश्यक बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही भौतिक सत्यापन एवं उपार्जन केंद्रों में कृषि विभाग के आरआईओ की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, सभी अनुविभागों के एसडीएम, जिला खाद्य अधिकारी, डीएमओ, उप आयुक्त सहकारिता, नोडल अधिकारी, समिति प्रबंधक, राजस्व अधिकारी एवं धान खरीदी से जुड़े विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

प्रशासन सख्त: तमनार क्षेत्र में महिला आरक्षक पर जानलेवा हमला एवं बदसलूकी मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 03 जनवरी 2025। रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएचपी चौक, लिब्रा में धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाया लिया है। महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट, बदसलूकी, अमानवीय, निंदनीय व्यवहार, कपड़ा फाड़ने और अभद्र व्यवहार एवं लूट की गंभीर घटना में शामिल पांच आरोपियों को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार गहन पतासाजी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में मंगल राठिया, निवासी ग्राम आमगांव, चिनेश खमारी, निवासी ग्राम आमगांव, प्रेमसिंह राठिया, निवासी ग्राम आमगांव, कीर्ति श्रीवास, निवासी ग्राम आमगांव तथा वनमाली राठिया, निवासी ग्राम झरना शामिल हैं।
रायगढ़ पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा एक महिला आरक्षक पर जानलेवा हमला करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट, आपत्तिजनक कृत्य,अमानवीय और निंदनीय व्यवहार,
कपड़ा फाड़ने और अभद्र व्यवहार और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया। उक्त गंभीर घटनाक्रम के संबंध में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 309/25 पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 109, 74, 76, 296, 351(2), 115 (2), 221, 132, 309(4), 309(6), 3(5) भा.न्या.सं. तथा आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

रायगढ़ पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गारे–पेलमा सेक्टर-1 कोयला खदान प्रारंभ किए जाने के संबंध में 08 दिसंबर 2025 को धौराभांठा बाजार मैदान में जनसुनवाई आयोजित की गई थी। इस जनसुनवाई के विरोध में खदान क्षेत्र से प्रभावित 14 ग्रामों के ग्रामीणों द्वारा 12 दिसंबर 2025 से सीएचपी चौक, लिब्रा में आर्थिक नाकेबंदी के उद्देश्य से धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था, जिससे आवागमन बाधित हो गया था।
स्थिति को सामान्य करने के लिए 27 दिसंबर 2025 को जब पुलिस-प्रशासन द्वारा मार्ग खुलवाने की कार्रवाई की जा रही थी, उसी दौरान भीड़ उग्र हो गई और पुलिस बल पर हमला कर दिया। इस हमले में कई पुलिस जवान घायल हुए। घटना के दौरान प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों द्वारा महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट,गाली-गलौज एवं भद्दी टिप्पणियां की गईं। इस घटना को लेकर समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। 
 महिला पुलिस पर आरोपियों द्वारा की गई अमर्यादित एवं आपत्तिजनक घटना से जुड़ी एक-एक पहलुओं की रायगढ़ पुलिस द्वारा गहन जांच की जा रही है।  घटना में प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

और भी

हाईवे किनारे गांवों से बेखौफ चोर उड़ा ले गए बकरियाँ,मोबाइल सबूत मिलने के बावजूद 15 दिन बाद भी चोर पुलिस की पकड़ से बाहर”,पुलिस गश्त पर उठे सवाल”

नारायणपुर 03 जनवरी 2026 : 

नारायणपुर थाना क्षेत्र के आसपास के गाँवों में इन दिनों बकरी चोरी की घटनाएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं। आए दिन किसी न किसी गाँव से बकरियाँ चोरी होने की खबर मिल रही है, जिससे गाँव के लोगों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि अब तो रात में चैन से सोना भी मुश्किल हो गया है।
           बीते 18 दिसंबर की आधी रात को ग्राम साहीडाँड़ निवासी निर्भय सिंह के घर से अज्ञात चोरों ने गौशाला में बंधी 7 बकरियाँ चुपके से खोलकर ले गए। उसी रात पास के ही ग्राम रमसमा निवासी कुंवर यादव के घर से भी 4 बकरियाँ चोरी हो गईं। खास बात यह है कि दोनों के घर स्टेट हाईवे के बिल्कुल किनारे बसे हुए हैं।
            घटना की जानकारी सुबह होते ही गाँव में आग की तरह फैल गई। पीड़ित परिवारों के होश उड़ गए। रोना-धोना मच गया ,अगले दिन दोनों लोगों ने थाना नारायणपुर पहुँचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। निर्भय सिंह ने बताया कि चोरी के वक्त चोरों का एक मोबाइल फोन उनकी गौशाला में गिर गया था, जिसे उन्होंने ईमानदारी से पुलिस को सौंप दिया।
            ग्रामीणों को उम्मीद थी कि मोबाइल मिलने के बाद पुलिस जल्द ही चोरों तक पहुँच जाएगी, लेकिन आज तक न तो कोई चोर पकड़ा गया और न ही चोरी गई बकरियों का पता चल सका है। 15 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस केवल “देख रहे हैं, जल्द पकड़ेंगे” कहकर टाल रही है।
           ग्रामीणों का कहना है कि जब चोरी स्टेट हाईवे के किनारे हो रही है, तो गाँव के लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब चोरी स्टेट हाईवे के किनारे हो रही है, तो पुलिस की गश्त आखिर चल कहाँ रही है।। अगर रात में सही तरीके से पेट्रोलिंग होती, तो चोर इतनी आसानी से बकरियाँ लेकर कैसे निकल जाते। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजमी है।
           गाँव के गरीब परिवारों के लिए बकरी पालन सबसे बड़ा सहारा होता है। इन्हीं बकरियों को बेचकर लोग बच्चों की पढ़ाई, इलाज, खेती का खर्च, शादी-ब्याह और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करते हैं। एक-दो नहीं, बल्कि 5-10 बकरियों की चोरी हो जाए, तो समझो पूरे साल की कमाई चली जाती है। कई परिवार तो मजबूरी में साहूकार से कर्ज लेने को मजबूर हो जाते हैं।
           पीड़ित कुंवर यादव का कहना है कि “हम गरीब आदमी हैं, हमारी बकरियाँ ही हमारी पूँजी हैं। पुलिस को सब कुछ बताने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।” वहीं निर्भय सिंह ने कहा, “मेरे यहाँ से 7 बकरियाँ चोरी हुईं, चोर का मोबाइल भी मिला, थाने में जमा कर दिया, फिर भी आज तक कुछ नहीं हुआ। रोज थाने के चक्कर लगाओ, बस आश्वासन ही मिलता है।”
         गाँव वालों में पुलिस की इस लापरवाही को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रात की गश्त बढ़ाई जाए, हाईवे किनारे बसे गाँवों पर खास ध्यान दिया जाए और जल्द से जल्द बकरी चोरों को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गरीब लोगों की मेहनत की कमाई सुरक्षित रह सके

          साहीडाँड़,ओर रमसमा में बकरी चोरी की घटना को लेकर थाना प्रभारी से पूछने पर बताया कि चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम कई बार गांव भेजी जा चुकी है। लेकिन चोर रोज़ अपना ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही चोरी करने वाले चोरों को पकड़ लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देंखे वीडियो क्या कहते है प्रार्थी

और भी

जिला चिकित्सालय रायगढ़ में टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरण

रायगढ़, 2 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिला चिकित्सालय रायगढ़ में टीबी रोगियों हेतु फूड बास्केट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 32 टीबी मरीजों को पोषण आहार प्रदान किया गया। आयोजन का उद्देश्य टीबी उन्मूलन अभियान को सुदृढ़ करते हुए रोगियों को पोषण व परामर्श के माध्यम से उपचार में सहयोग प्रदान करना है।
              इस अवसर पर मरीजों को नियमित रूप से दवा सेवन, समय पर जांच कराने तथा उपचार के प्रति सतर्क रहने का परामर्श भी दिया गया, जिससे उपचार की निरंतरता बनी रहे और शीघ्र स्वस्थ होने में सहायता मिल सके। यह कार्यक्रम सिविल सर्जन डॉ. दिनेश कुमार पटेल, जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ.जय कुमारी चौधरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा, चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ.ए.के. कुशवाहा, डॉ.पी.के. गुप्ता, डॉ.पी.के. चेतवानी तथा अस्पताल प्रबंधक डॉ. देवेंद्र गुज्जर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला क्षय उन्मूलन केंद्र के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

मातृ एवं शिशु 100 बिस्तर अस्पताल रायगढ़ में वैजाइनल हिस्टेरेक्टॉमी का सफल ऑपरेशन,जिले में पहली बार जटिल महिला रोग का सफल उपचार

रायगढ़, 2 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार गुणवत्ता और सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। इसी कड़ी में मातृ एवं शिशु 100 बिस्तर अस्पताल रायगढ़ में महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी एक जटिल समस्या का सफल उपचार कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है।
           जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में निवास करने वाली 55 वर्षीय महिला लंबे समय से गर्भाशय में दर्द एवं गर्भाशय बाहर आ जाने की गंभीर समस्या से पीड़ित थीं। आर्थिक एवं भौगोलिक कारणों से महिला बड़े शहरों में उपचार नहीं करा पा रही थीं। मातृ एवं शिशु रोग अस्पताल रायगढ़ पहुंचने पर महिला की जांच सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल के नेतृत्व में तथा डॉ. अभिषेक अग्रवाल के मार्गदर्शन में की गई। वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. दिशा ठाकुर क्षत्रिय एवं डॉ. उपमा पटेल द्वारा मरीज की पहले विस्तृत काउंसलिंग की गई। आवश्यक जांचों के पश्चात महिला का वैजाइनल हिस्टेरेक्टॉमी ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। 
         यह शल्य प्रक्रिया विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें पेट पर किसी प्रकार का चीरा नहीं लगाया जाता और मरीज को शीघ्र आराम मिलता है। चिकित्सकों के अनुसार 45 वर्ष की आयु के बाद एवं मेनोपॉज के पश्चात कई महिलाएं भय के कारण इस समस्या का उपचार नहीं करातीं, जिससे बीमारी गंभीर रूप ले लेती है। समय पर किए गए इस ऑपरेशन से महिला को राहत मिली है और वह अब सामान्य जीवन की ओर लौट रही हैं। इस सफल ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ.पी.एल.पटेल, सिस्टर इंचार्ज लता मेहर एवं जैसिंता सिस्टर का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैकरा ने बताया कि अब जिले की महिलाओं को जटिल स्त्री रोग संबंधी उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यह उपलब्धि जिले में उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हो रही है।

और भी

निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना से दिव्यांग दम्पत्ति को मिला आर्थिक संबल

रायगढ़, 2 जनवरी 2026/ राज्य शासन की निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना दिव्यांगजनों के वैवाहिक जीवन को आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान कर रही है। योजना के अंतर्गत विकासखण्ड रायगढ़ के ग्राम-कोतरा निवासी दृष्टिबाधित दिव्यांग श्री अनिल कुमार महंत को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। वित्त मंत्री एवं जिले के विधायक श्री ओ.पी. चौधरी के हाथों प्रोत्साहन राशि प्राप्त होने पर हितग्राही श्री अनिल कुमार महंत ने खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि इस सहायता राशि से वे अपने भविष्य को सुरक्षित करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा सकेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
          उल्लेखनीय है कि श्री अनिल कुमार महंत द्वारा समाज कल्याण विभाग रायगढ़ में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। जिला स्तरीय समिति से अनुमोदन के पश्चात डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में 50 हजार रुपये की राशि अंतरित की गई। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री शिवशंकर पाण्डेय ने बताया कि निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत यदि दम्पत्ति में एक व्यक्ति दिव्यांग हो तो 50 हजार रुपये तथा दोनों के दिव्यांग होने की स्थिति में 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।

और भी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में जैव अपशिष्ट प्रबंधन एवं एनक्यूएएस प्रशिक्षण संपन्न

रायगढ़, 2 जनवरी 2026/ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं संक्रमण नियंत्रण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जैव अपशिष्ट प्रबंधन एवं (एनक्यूएएस) से संबंधित प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश एवं सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जगत तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.विनोद नायक के मार्गदर्शन में किया गया। 
           प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर के रूप में डॉ. दिनेश नायक (चिकित्सा अधिकारी) एवं श्री उद्धव पटेल द्वारा जैव अपशिष्ट प्रबंधन एवं संक्रमण नियंत्रण से संबंधित विषयों पर जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान हैंड वॉश की सही प्रक्रिया, पीपीई किट का डोनिंग एवं डॉफिंग, ब्लीचिंग घोल का निर्माण तथा मॉपिंग प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया। साथ ही जैव अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के अंतर्गत कलर कोडेड बिन्स के अनिवार्य एवं सही उपयोग पर जोर दिया गया, जिससे स्वास्थ्य संस्थान में स्वच्छता एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
           इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.विनोद नायक ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि वे जैव अपशिष्ट प्रबंधन के प्रावधानों का सख्ती से पालन करें, नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं तथा हेपेटाइटिस टीकाकरण अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं, ताकि संक्रमण की रोकथाम के साथ-साथ सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। प्रशिक्षण में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं नव नियुक्त कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सी.एच.ओ.) उपस्थित रहे।

और भी

आत्मा योजना: उड़द खेती में बढ़ी पैदावार, किसान की आय में हुआ इजाफा,किसान को बाजार में 34 हजार रुपये का हुआ लाभ

रायगढ़, 2 जनवरी 2026/ कृषि विभाग द्वारा संचालित एक्सटेंशन रिफॉर्म्स आत्मा योजना किसानों को वैज्ञानिक खेती से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ग्राम-सोनपुर के किसान श्री घनश्याम ने आत्मा योजना के तहत उन्नत तकनीकों को अपनाकर उड़द उत्पादन में बेहतर परिणाम हासिल किए हैं। किसान श्री घनश्याम द्वारा आत्मा योजना के अंतर्गत 0.400 हेक्टेयर क्षेत्र में उड़द फसल का प्रदर्शन किया गया। योजना के माध्यम से उन्हें उन्नत किस्म के बीज, बीज उपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, समय पर बुवाई, खरपतवार नियंत्रण तथा कीट-रोग प्रबंधन की वैज्ञानिक जानकारी एवं तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
             विभागीय सलाह के अनुसार सभी कृषि क्रियाओं को समय पर अपनाने से फसल की बढ़वार अच्छी रही और पौधे स्वस्थ पाए गए। उन्नत तकनीकों के प्रभावी उपयोग से किसान को प्रदर्शन क्षेत्र से लगभग 5.5 क्विंटल उड़द का उत्पादन प्राप्त हुआ, जो प्रति हेक्टेयर लगभग 13.75 क्विंटल उपज के बराबर है। यह उपज क्षेत्र की औसत पैदावार से अधिक रही। बेहतर उत्पादन और गुणवत्ता के कारण किसान को बाजार में भी उचित मूल्य मिला। उड़द की खेती में किसान द्वारा लगभग 10 हजार रुपये की लागत की गई, जबकि औसतन 8 हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से विक्रय करने पर उन्हें लगभग 44 हजार रुपये की आय प्राप्त हुई। इस प्रकार किसान को करीब 34 हजार रुपये का शुद्ध लाभ हुआ, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में मजबूती आई है। कृषि विभाग के उप संचालक श्री अनिल वर्मा ने बताया कि इस सफल प्रदर्शन को देखकर आसपास के किसानों ने भी खेत का अवलोकन किया और आत्मा योजना के अंतर्गत उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने में रुचि दिखाई।

और भी

धान खरीदी जोरों पर, अब तक 2.67 लाख मीट्रिक टन की खरीदी,1.42 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव पूर्ण, 43,714 किसानों ने बेचा धान

रायगढ़, 2 जनवरी 2026/ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। शासन के निर्देशानुसार 31 जनवरी तक धान खरीदी की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान विक्रय को लेकर किसानों में उत्साह का माहौल बना हुआ है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में व्यापक एवं पुख्ता व्यवस्थाएँ की गई हैं, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही धान खरीदी प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले संबंधितों पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। मैदानी अमलों द्वारा लगातार धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। धान में अधिक नमी, अमानक गुणवत्ता तथा अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। 
            अब तक जिले में 43 हजार 714 किसानों द्वारा धान विक्रय किया जा चुका है। कुल 2 लाख 67 हजार 512.12 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है, जिसमें 1 लाख 99 हजार 151.84 मीट्रिक टन मोटा धान एवं 68 हजार 360.28 मीट्रिक टन पतला धान शामिल है। धान खरीदी के साथ-साथ उठाव कार्य भी सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। उपार्जन केंद्रों में खरीदे गए धान में से अब तक 1 लाख 42 हजार 007.10 मीट्रिक टन धान का उठाव पूर्ण किया जा चुका है। वहीं 1 लाख 94 हजार 991.60 मीट्रिक टन धान का डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) जारी किया गया है। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को धान खरीदी कार्य की सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि धान विक्रय करने वाले वास्तविक किसानों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए। टोकन कटने से लेकर धान विक्रय तक पूरी प्रक्रिया में किसानों को आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

और भी

लापरवाही पड़ी भारी: धान खरीदी में अनियमितता पर तीन निलंबित, दो का वित्तीय प्रभार खत्म

रायगढ़, 2 जनवरी 2026/ जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान खरीदी कार्य में पारदर्शिता और शासन निर्देशों के कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए गए हैं। विभिन्न धान खरीदी केंद्रों के निरीक्षण एवं जांच में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के अनुमोदन से दोषी समिति प्रबंधक एवं सहायकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है। सहकारिता विभाग द्वारा की गई जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि कई समितियों में शासन द्वारा निर्धारित ढाला पद्धति से धान परीक्षण नहीं किया जा रहा था। किसानों द्वारा बोरे में लाए गए धान को बिना परीक्षण सीधे शासकीय बोरों में भरकर तौल किया जा रहा था। इसके साथ ही धान खरीदी कार्य में अनियमितता व उदासीनता जैसी गंभीर लापरवाहियां सामने आईं।
              उप आयुक्त सहकारिता विभाग ने बताया कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित जमरगीडी (पं.क्र. 1553) के सहायक समिति प्रबंधक एवं धान खरीदी प्रभारी श्री दीनबंधु पटेल द्वारा बार-बार निर्देशों की अवहेलना कर मनमाने ढंग से धान खरीदी की जा रही थी। कारण बताओ सूचना पत्र का संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उनका वित्तीय प्रभार तत्काल प्रभाव से समाप्त किया गया है। इसी तरह आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कापू (पं.क्र. 48) के सहायक समिति प्रबंधक श्री श्यामनारायण दुबे द्वारा भी शासन निर्देशों की अनदेखी करते हुए धान खरीदी में लापरवाही बरती गई। जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर उनका भी वित्तीय प्रभार तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित छाल (पं.क्र. 615) के सहायक समिति प्रबंधक श्री ठण्डाराम बेहरा तथा आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोड़ासिया (पं.क्र. 833) के समिति प्रबंधक व फड़ प्रभारी श्री प्रहलाद बेहरा द्वारा गंभीर लापरवाही एवं कारण बताओ सूचना पत्र का जवाब प्रस्तुत न करने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित खड़गांव (पं.क्र. 180) में धान उपार्जन केंद्र के नोडल अधिकारी के विरुद्ध गाली-गलौच एवं धमकी की शिकायत जांच में सही पाई गई। वहीं सहायक समिति प्रबंधक श्री कृपाराम राठिया द्वारा भी धान खरीदी में गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
           उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राजपत्र (असाधारण) के अनुसार 15 नवम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक संपूर्ण धान खरीदी अवधि में धान उपार्जन कार्य से जुड़े सभी कर्मचारियों पर आवश्यक सेवा संधारण एवं विच्छिन्नता निवारण अधिनियम 1979 (ESMA) लागू है। जिला प्रशासन ने सभी समितियों को निर्देशित किया है कि धान खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता, नियमों एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शासन की योजनाओं का लाभ सही रूप में हितग्राहियों तक पहुंचे।

और भी

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें-जिला पंचायत सीईओ

लापरवाही बरतने वाले वेंडर्स पर होगी कार्रवाई

बैंकर्स को लोन प्रक्रिया सरल करने के निर्देश

रायगढ़, 2 जनवरी 2026/ जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए आज जिला कलेक्ट्रेट स्थित सृजन सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंक प्रतिनिधियों, वेंडर्स एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता की। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे ने योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि योजना शासन की प्राथमिकता में शामिल है, ऐसे में इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी वेंडर्स को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सौर पैनल इंस्टॉलेशन कार्य में तेजी लाएं तथा प्रति सप्ताह न्यूनतम 10 इंस्टॉलेशन का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य पूर्ण करें। साथ ही चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले वेंडर्स के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
            बैठक में बैंक प्रतिनिधियों को भी निर्देशित किया गया कि हितग्राहियों के लिए ऋण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और त्वरित बनाया जाए, ताकि पात्र आवेदकों को समय पर ऋण सुविधा उपलब्ध हो सके। जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों को योजना की नियमित एवं कड़ी मॉनिटरिंग करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता श्री आर.के.राव, लीड बैंक मैनेजर श्री कमल किशोर सिंह सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि एवं अधिकृत वेंडर्स उपस्थित रहे।
           कार्यपालन अभियंता श्री एन.के. नायक ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को केन्द्र एवं राज्य सरकार के माध्यम से 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। बैंक ऋण की आसान किश्तों की सुविधा उपलब्ध हैं। 1 किलोवाट सोलर प्लांट से प्रतिमाह लगभग 120 यूनिट, 2 किलोवाट से 240 यूनिट तथा 3 किलोवाट प्लांट से लगभग 360 यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है। योजना की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन, सरल और पारदर्शी है। इच्छुक नागरिक pmsuryaghar.gov.in पोर्टल, पीएम सूर्य घर मोबाइल ऐप, सीएसपीडीसीएल वेबसाइट, मोर बिजली ऐप अथवा टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम से स्वयं वेंडर का चयन भी कर सकते हैं।

और भी

यशस्वी जशपुर की समीक्षा बैठक में कलेक्टर रोहित व्यास का सख्त रुख, खराब परीक्षा परिणाम और लापरवाही पर चार प्राचार्यों को शो-कॉज नोटिस, संतोषजनक जवाब नहीं देने पर निलंबन की चेतावनी

जशपुर 01 जनवरी 2026

यशस्वी जशपुर कार्यक्रम के तहत् कलेक्टर रोहित विकास और सीईओ अभिषेक कुमार ने जिला पंचायत सभाकक्ष में सभी बीईओ,एबीईओ और जिले के समस्त शासकीय हाई व हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक में छमाही परीक्षा परिणाम, बोर्ड परीक्षा में शत् प्रतिशत रिजल्ट के लक्ष्य, कक्षा दसवीं और बारहवीं के कम अच्छे बच्चों और मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों के लिए रणनीति, विद्यार्थियों की उपस्थिति और विद्यालयों की मॉनिटरिंग की गहन समीक्षा की। उन्होंने शासकीय विद्यालयों के  इनऑपरेटिव बैंक अकाउंट और अपार आईडी की प्रगति की भी समीक्षा की। 

कलेक्टर रोहित व्यास ने खराब परीक्षा परिणाम और अध्यापन में लापरवाही पर नाराजगी जाहिर करते हुए प्राचार्यो को कड़ी हिदायत दी । प्रत्येक हाई और हायर सेकंडरी विद्यालय के निरीक्षण के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश भी उन्होंने दिया। विद्यालयों में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के पालको से संपर्क करने के कार्य को पूरी गंभीरता से करने को कहा। साथ ही गंभीर अनुशासनहीनता, शासकीय कार्य में लापरवाही और खराब परीक्षा परिणाम पर हायर सेकेंडरी तपकरा, हायर सेकेंडरी सिमडा ,इंदिरा गांधी कन्या हायर सेकेंडरी पत्थलगांव‌ और सेजेस कुनकुरी के प्राचार्यों को शो-काज नोटिस जारी करने निर्देश दिए। समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर निलंबन की कार्रवाई करने को भी उन्होंने कहा। 

बैठक में यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता ने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड के शत् प्रतिशत परीक्षा परिणाम के दृष्टिकोण से विभिन्न बिंदुओं पर बात की। उन्होंने आगामी प्री बोर्ड 1 और  बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए बोर्ड परीक्षा के ब्लूप्रिंट के आधार पर अध्यापन, अंकों के अनुसार उत्तर लिखने का अभ्यास, सूक्ष्मता से मूल्यांकन और सुधारात्मक टीप सहित प्रत्येक दिवस तीन-तीन विषयों के डेढ़ घंटे के कालखंड के विषय में जानकारी दी।  

समीक्षा बैठक में सांख्यिकी अधिकारी किशोर केरकेट्टा, यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा,अवनीश पांडेय सहित समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी और विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।

और भी

बखरूटोला में जनवरी के पहले सप्ताह में दो दिवसीय धूमधाम: 6 जनवरी को महिला और पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता, 7 जनवरी को मंडई मेला एवं रात्रि में रंगारंग छत्तीसगढ़ी नाचा

राजनांदगांव/छुरिया: विकासखंड छुरिया के ग्राम बखरूटोला में आगामी 6 और 7 जनवरी को सांस्कृतिक और खेल आयोजन का कार्यक्रम रखा गया है। ग्रामवासियों में इन आयोजनों को लेकर उत्साह का माहौल है।

कबड्डी प्रतियोगिता – 6 जनवरी, मंगलवार

ग्राम बखरूटोला में मंगलवार, 6 जनवरी को एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 8:00 बजे होगा और यह दिनभर चलेगी। आयोजन समिति के सदस्य यशवंत नेताम, छत्रपाल साहू और लक्ष्मीलाल साहू ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्ग शामिल होंगे।

पुरुष वर्ग में दो वजन वर्ग होंगे:

  • 5 खिलाड़ी 52 किलोग्राम
  • 2 खिलाड़ी 55 किलोग्राम

पुरुष टीम का प्रवेश शुल्क 250 रुपए और महिला टीम का 200 रुपए निर्धारित किया गया है।

पुरस्कार राशि इस प्रकार है:

पुरुष वर्ग:

  • प्रथम पुरस्कार: ₹7,000 (जनपद अध्यक्ष छुरिया, संजय सिंहा)
  • द्वितीय पुरस्कार: ₹5,000 (सदाशिव सलामें, प्राचार्य, हायर सेकेंडरी स्कूल बखरूटोला)
  • तृतीय पुरस्कार: ₹3,000 (कबड्डी आयोजन समिति)
  • चतुर्थ पुरस्कार: ₹2,000 (ललित आंचले, स्थानीय सरपंच)

महिला वर्ग:

  • प्रथम पुरस्कार: ₹6,000 (हितेश गुप्ता, भाजपा नेता)
  • द्वितीय पुरस्कार: ₹4,000 (शंकर साहू, सेल्समैन)
  • तृतीय पुरस्कार: ₹2,000 (जाकेश साहू, प्रदेश अध्यक्ष शिक्षक संघ)
  • चतुर्थ पुरस्कार: स्मृति पुरस्कार (स्व. मोतीलाल साहू एवं मंगलबती साहू की स्मृति में शिवम साहू)

इस आयोजन में विशेष सहयोग भी प्राप्त है। इसमें शामिल हैं: विमल साहू (पीटीआई, विकासखंड क्रीड़ा अधिकारी), हरिश्चंद्र नेताम (शिक्षक), आत्माराम नेताम (टाइल्स ठेकेदार), पोकेश्वर साहू (फील्ड मैनेजर, ICICI बैंक), रामकुमार साहू, मोहित साहू (शंकुल समन्वयक), टिकेश्वर साहू (शिक्षक), और बीके जींस कार्नर छुरिया।


मंडई मेला और छत्तीसगढ़ी नाचा – 7 जनवरी, बुधवार

कबड्डी प्रतियोगिता के अगले दिन, बुधवार, 7 जनवरी को ग्राम बखरूटोला में प्रतिवर्षानुसार मंडई मेला का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में ग्रामीणों के लिए मनोरंजन, खरीद-फरोख्त और सामाजिक मिलन का अवसर मिलेगा।

संध्या के समय ग्राम में छत्तीसगढ़ी नाचा का भी आयोजन होगा, जो स्थानीय संस्कृति और परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा। इस संबंध में ग्राम पटेल रूपेंद्र साहू और ग्राम प्रमुख खिलावन दास साहू ने जानकारी दी है।

और भी

रायगढ़ : अब तक 42 हजार से अधिक किसानों ने बेचा धान, 2.58 लाख मीट्रिक टन खरीदी,प्रशासन की लगातार कड़ी निगरानी

रायगढ़, 1 जनवरी 2026/ शासन के स्पष्ट निर्देशों और कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुव्यवस्थित, पारदर्शी और किसान-केंद्रित तरीके से लगातार जारी है। जिले के 105 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से अब तक 42 हजार से अधिक किसानों ने अपनी उपज का विक्रय किया, जिससे कुल 2 लाख 58 हजार 683.88 मीट्रिक टन धान खरीदी की गई है। धान खरीदी के साथ-साथ उपार्जित धान का समयबद्ध और प्रभावी उठाव भी सुनिश्चित किया जा रहा है। अब तक उपार्जन केंद्रों से 1 लाख 37 हजार 143.90 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है, जिससे केंद्रों में भंडारण और खरीदी की प्रक्रिया सुव्यवस्थित और निर्बाध बनी हुई है। 
               किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन टोकन व्यवस्था लागू की गई है। इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से किसान आसानी से टोकन लेकर धान विक्रय कर कर रहे हैं, जिससे लंबी कतारों और प्रतीक्षा समय में कमी आई है। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। कोचियों और बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। कलेक्टर ने कहा है कि वास्तविक किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। टोकन प्राप्त करने से लेकर धान तौल एवं भुगतान प्रक्रिया तक किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

और भी

प्राकृतिक छटा और सांस्कृतिक रंगों से सजा नववर्ष का जश्न:बेने डेम, गुल्लू फॉल और मयाली डैम में नववर्ष पर उमड़ी भीड़, परिवार और युवाओं ने वनभोज, संगीत और नृत्य के संग मनाया भव्य जश्न"

नववर्ष पर ग्रामीण पिकनिक स्थलों में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, प्रकृति की गोद में मनाया जश्न

जशपुर/नारायणपुर 01 जनवरी 2026 : जिले में नववर्ष के पहले दिन गुरुवार को ग्रामीण अंचलों के प्रमुख पिकनिक स्थलों में भारी चहल-पहल देखने को मिली। नववर्ष के आगमन के साथ ही जिले के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित बेने डेम, गुल्लू फॉल और छुरी फाल जैसे प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट दिनभर सैलानियों से गुलजार रहे।

सुबह से ही फेसबुक, व्हाट्सएप और मैसेंजर के माध्यम से एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं देने का सिलसिला चलता रहा। वहीं ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों के साथ पिकनिक मनाने घरों से निकले। सुबह होते ही बादलखोल अभ्यारण्य से होकर बहने वाली ईब नदी के दोनों किनारों पर सैलानियों की चहल-पहल शुरू हो गई।

ग्रामीण परिवेश में बसे इन पर्यटन स्थलों पर लोगों ने प्रकृति की गोद में नए साल का स्वागत किया। कहीं परिवार के साथ भोजन बनता नजर आया तो कहीं युवाओं के समूह होटल व ढाबों से मंगाए गए भोजन के साथ वनभोज का आनंद लेते दिखे। महिलाएं पारंपरिक व्यंजनों की तैयारी में जुटी रहीं, जबकि बच्चे नदी किनारे और खुले मैदानों में खेलते नजर आए।

पिकनिक स्थलों पर पहुंचे सैलानी नाचते-गाते हुए उत्साह के साथ नववर्ष का जश्न मनाते दिखे। आधुनिक गीतों के साथ-साथ नागपुरी गीत-संगीत ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। ढोलक और मोबाइल स्पीकर की धुनों पर युवा देर तक थिरकते रहे, जिससे पूरा इलाका उत्सवमय वातावरण में डूबा रहा।

बेने डेम के आसपास पूरे दिन लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं गुल्लू फॉल और छुरी फाल के पास पहाड़, जंगल और झरनों का नजारा देखने के लिए सैलानियों में खासा उत्साह देखा गया। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग खासकर घने जंगल, पर्वतीय दृश्य और स्वच्छ वातावरण का आनंद उठाते नजर आए।

देर शाम तक ईब नदी के किनारे लोग बैठे प्रकृति का आनंद लेते रहे। युवाओं के समूह अपने पसंदीदा स्थानों पर पहुंचकर दिनभर वनभोज और मनोरंजन में व्यस्त रहे। नववर्ष के अवसर पर ग्रामीण अंचलों में इस तरह की चहल-पहल से स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है।

नववर्ष पर सैलानियों को लुभा रहा हैं मयाली का पिकनिक स्पॉट


नए साल के आगमन के साथ ही जशपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मयाली डैम में पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। रविवार को सैकड़ों की संख्या में सैलानी पिकनिक मनाने मयाली डैम पहुंचे। कुनकुरी से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित यह डैम अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के कारण पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है।

मयाली डैम की खूबसूरत वादियां इन दिनों पर्यटकों से गुलजार नजर आ रही हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से आए लोग यहां पहुंचकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे हैं। साफ पानी, हरियाली और पहाड़ों से घिरा यह डैम सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।

पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डैम में नौका विहार की बेहतर व्यवस्था की गई है। स्टीमर और नाव के माध्यम से पर्यटक झील के बीच पहुंचकर आसपास के मनमोहक नजारों का आनंद ले रहे हैं। नए साल के मौके पर मयाली डैम पर्यटन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

और भी

केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से की सौजन्य भेंट

रायपुर 1 जनवरी 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज नवा रायपुर, सेक्टर-24 स्थित मुख्यमंत्री निवास में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सौजन्य भेंट की। मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित विषयों पर सौहार्दपूर्ण एवं रचनात्मक चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्रीय मंत्री श्री शेखावत का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें राजकीय गमछा, बस्तर दशहरा पर आधारित कॉफी टेबल बुक तथा बेल मेटल से निर्मित स्मृति-चिन्ह भेंट किया। 

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल उपस्थित थे।

और भी