ऑपरेशन मुस्कान के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता, दो गुम नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
जशपुर : 4 जनवरी 2026
जशपुर जिले में गुम नाबालिग बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत जशपुर पुलिस ने दो अलग–अलग मामलों में दो गुम नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया है। वहीं एक मामले में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पहला मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र का है, जहां एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका 18 दिसंबर 2025 को कंप्यूटर क्लास जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा तलाश के बाद 21 दिसंबर को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुम इंसान एवं बीएनएस की धारा 137(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और परिजनों के सहयोग से पता चला कि बालिका चौकी दोकड़ा क्षेत्र में अपनी सहेली के पास है। 3 जनवरी 2026 को पुलिस टीम ने बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह पारिवारिक नाराजगी के कारण सहेली के पास चली गई थी और उसके साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
दूसरा मामला थाना नारायणपुर क्षेत्र का है, जहां 14 वर्ष 8 माह की नाबालिग बालिका 1 जनवरी 2026 की रात घर से लापता हो गई थी। परिजनों की रिपोर्ट पर 3 जनवरी को थाना नारायणपुर में गुम इंसान एवं बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पड़ोसी गांव का युवक लक्ष्मण राम (उम्र 21 वर्ष) बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर से नाबालिग बालिका को बरामद कर आरोपी को हिरासत में लिया। बालिका के कथन के आधार पर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 64, 65(1), 71, 87 एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरे अभियान में थाना सिटी कोतवाली एवं थाना नारायणपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।