ताजा खबरें


बड़ी खबर

तालाब में डूबने से शावक हाथी की मौत, वन विभाग में मचा हड़कंप,पोस्टमार्टम के बाद दफनाया गया शव, जांच जारी

रायगढ़, 25 नवम्बर 2025/ तमनार वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गौरमुडी के निस्तारी तालाब में सोमवार तड़के लगभग एक वर्ष के शावक हाथी की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना बीट ऑफिसर सरायपाली द्वारा मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के पश्चात घटना की पुष्टि की। वन परिक्षेत्र अधिकारी तमनार ने बताया कि मृत हाथी की आयु लगभग 1 वर्ष आंकी गई है तथा तालाब वन क्षेत्र से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। प्राथमिक जांच में यह अनुमान लगाया गया है कि हाथी रात्रि 3 से 4 बजे के दौरान पानी में फिसलकर डूब गया, जिससे उसकी मृत्यु हुई।
            घटना के समय आसपास 34 हाथियों का बड़ा समूह मौजूद था, जिसकी निगरानी वन विभाग की टीम द्वारा निरंतर की जा रही थी। फील्ड स्टाफ ने रातभर समूह की गतिविधियों व संख्यात्मक स्थिति की जानकारी साझा की। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों सहित पूरा स्टाफ स्थल पर पहुंचा। मृत हाथी का पोस्टमार्टम कराया गया, आगे की जांच जारी है। आवश्यक विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई के पश्चात शव को दफनाया गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी ने इस घटना को दुखद बताते हुए कहा कि हाथी समूह की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

और भी

रायगढ़ : जिले में अब तक 98.23 प्रतिशत मतदाताओं को गणना पत्रक वितरण और 63.38 प्रतिशत डिजीटाईजेशन कार्य पूर्ण,कलेक्टर ने 4 बीएलओ प्रदान किया प्रशस्ति पत्र

रायगढ़, 25 नवम्बर 2025/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अंतर्गत जिले में गणना पत्रक वितरण एवं डिजीटाईजेशन कार्य सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से जारी है। जिले में अब तक 98.23 प्रतिशत मतदाताओं को गणना पत्रक वितरण किया जा चुका है। वहीं 63.38 प्रतिशत डिजीटाईजेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज कलेक्ट्रेट में शत-प्रतिशत गणना पत्रक वितरण एवं डिजीटाईजेशन कार्य को पूर्ण करने वाले 4 बीएलओ को उनके उत्कृष्ट कार्य निर्वहन के लिए प्रशस्ति पत्र सम्मान कर सम्मानित किया। इनमें विधानसभा क्षेत्र 15-लैलूंगा की मतदान केन्द्र क्रमांक-143 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती बोधमती पटेल, रोडोपाली-149 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती अंजली गुप्ता, ठरकपुर-193 के सहायक शिक्षक श्री भवानीशंकर डनसेना और मतदान केन्द्र क्रमांक-193 रानीगुड़ा के बीएलओ श्री रामस्वरूप पटेल शामिल है। 

*कलेक्टर ने की अपील, शीघ्र गणना पत्रक पूर्ण कर बीएलओ के पास करें जमा*

कलेक्टर ने जिले के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि निर्धारित तिथि के पूर्व सभी मतदाता अपना गणना पत्रक शीघ्र पूर्ण कर अपने-अपने बूथ लेवल अधिकारी के पास ही जमा करें, ताकि निर्धारित समयावधि में बीएलओ एप में डिजीटाईजेशन कार्य पूर्ण हो सके। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गणना पत्रक को भरने हेतु किसी स्याही विशेष का उपयोग मतदाताओं, बूथ लेवल अधिकारी के द्वारा किए जाने के संबंध में कोई निर्देश नहीं है। फोटोे धुंधला अथवा अस्पष्ट हो ऐसी स्थिति में मतदाता चाहे तो अपना नवीन फोटो बूथ लेवल अधिकारी को उपलब्ध करा सकेगा। सभी मतदाताओं को गणना पत्रक में फोटो लगाए जाने की अनिवार्यता नहीं है। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार 04 दिसम्बर तक एसआईआर कार्य को पूर्ण किया जाएगा। जिसके तहत मतदाता सूची में सुधार, दावों एवं आपत्तियों का निराकरण, तथा गणना पुस्तक वितरण कार्य के साथ-साथ डिजिटाइजेशन कार्य भी तेज गति से किया जा रहा है।

और भी

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के विशेष पहल पर पुसौर में कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित,पद्मश्री श्री आनंद कुमार ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के टिप्स,,मेरिट आने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा 1-1 लाख रुपये शिक्षा सहायता

रायगढ़, 25 नवम्बर 2025/ युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, प्रेरणा और सुनियोजित कैरियर निर्माण के उद्देश्य से प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी के विशेष पहल पर आज पुसौर में भव्य कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध शिक्षाविद तथा सुपर-30 के संस्थापक पद्मश्री श्री आनंद कुमार ने विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र दिए। कार्यक्रम में सर्वप्रथम संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप सरकार युवाओं के भविष्य निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जीवन में बड़ी सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत अत्यंत आवश्यक हैं। कठिनाइयाँ ही इंसान को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने अपने छात्र जीवन के संघर्षों तथा सरकारी स्कूल से कलेक्टर और मंत्री बनने की प्रेरक यात्रा साझा करते हुए कहा कि मेहनत, निर्णय शक्ति और समय के सही उपयोग से कोई लक्ष्य असंभव नहीं। उन्होंने बताया कि केवल डिग्री को महत्व देना पर्याप्त नहीं, बल्कि लक्ष्य आधारित पढ़ाई, दृढ़ संकल्प और परिस्थितियों को स्वीकार कर आगे बढ़ना ही सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने विराट कोहली के कठिन समय में अद्भुत समर्पण का उदाहरण देकर समझाया कि कठिनाइयाँ जीवन में ऊँची छलांग लगाने की तैयारी करवाती हैं। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि अपनी क्षमता पहचानें और उसके अनुसार करियर चुनें। योजना बनाकर, धैर्य और परिश्रम के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ें। 
              छात्रों को संबोधित करते हुए श्री आनंद कुमार ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखने वाला व्यक्ति जीवन में अवश्य सफल होता है। उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण जीवन की प्रेरक यात्रा साझा करते हुए बताया कि पिता के निधन के बाद उन्हें आर्थिक तंगी से जूझना पड़ा, पापड़ बेचने पड़े और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में चयन होने के बावजूद वे आर्थिक परिस्थितियों के कारण नहीं जा सके। उन्होंने कहा कि सुविधाओं का अभाव सफलता में बाधा नहीं, बल्कि संघर्ष करने की प्रेरणा है। जो भी काम करो, उसे सर्वश्रेष्ठ तरीके से करो, मेहनत में कमी मत आने दो। उन्होंने सुपर-30 के विद्यार्थियों अभिषेक राज, शशि नारायण और निधि झा जैसी सफल प्रेरक कहानियाँ उदाहरण स्वरूप साझा कीं। उन्होंने कहा कि अवसरों की कमी का रोना न रोएँ, बल्कि अवसर स्वयं बनाएँ। संघर्षों को सफलता की सीढ़ी बनाएँ। अंत में उन्होंने कहा कि जीवन में बड़ा बनने के लिए जन्म से नहीं, कर्म और संकल्प से पहचान बनती है। कोई भी साधारण शुरुआत असाधारण सफलता का आधार बन सकती है।
              कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने 66 चयनित विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये स्वेच्छानुदान प्रदान करने की घोषणा की। इसके साथ ही कहा कि आगामी वर्ष कक्षा 10वीं एवं 12वीं की मेरिट सूचियों में स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को 1-1 लाख रुपये शिक्षा सहायता दिया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का मंच पर सम्मान किया गया। पुसौर और खरसिया विकासखण्ड के बच्चों ने पहली बार सुपर-30 के संस्थापक श्री आनंद कुमार को देखा और उनकी बातों को तन्मयता से सुना। उनके प्रेरक विचारों के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों ने कार्यक्रम से प्रेरणा प्राप्त की। कार्यक्रम में नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, नगर पंचायत पुसौर के अध्यक्ष श्रीमती मानी मोहित सतपथी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान, श्री उमेश अग्रवाल, श्रीमती लक्ष्मी जीवन पटेल, श्री बृजेश गुप्ता, श्री जैमिनी गुप्ता, श्री संदीप पंडा, श्री प्रवीण द्विवेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम श्री महेश शर्मा सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

जिला पंचायत सीईओ ने नारायणपुर में  किसान महतारी सम्मेलन कार्यक्रम की तैयारी करने के दिए निर्देश 


जशपुर 25 नवम्बर 25/ जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने मंगलवार को साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली।
उन्होंने आगामी 27 नवम्बर को कुनकुरी विकास खंड के ग्राम नारायणपुर में किसान महतारी सम्मेलन के कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा की उन्होंने अधिकारियों को लोकार्पण भूमिपूजन और हितग्राहियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायत सीईओ ने कार्यक्रम स्थल पर मंच बेरीकेडिंग, बैठक व्यस्था आमंत्रण पत्र वितरण, पार्किंग सुरक्षा व्यवस्था, साउंड सिस्टम, पेयजल की व्यस्था, जलपान एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन के आवेदनों की विस्तार से समीक्षा किए और अधिकारियों को आवेदनों का निराकरण गंभीरता से करने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि अवैध धान परिवहन की सूचना संबंधित अधिकारियों को तत्काल देने भी निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

और भी

सुशांत कुमार साहू ने बागबहार धान खरीदी केन्द्र में बेचा अपना धान,किसानों को सोसायटी में दी जा रही है सभी बुनियादी सुविधाएं 

जशपुरनगर 25 नवम्बर 25/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जशपुर जिले के सभी 46 धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी कार्य सुचारू और व्यवस्थित रूप से संचालित हो रहा है।
उन्होंने सभी पंजीकृत किसानों का धान प्राथमिकता से खरीदने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में पत्थलगांव विकास खंड के बागबहार धान खरीदी केन्द्र में ग्राम मयूरनांचा निवासी किसान सुशांत कुमार साहू धान बेचने पहुंचे उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्र में कर्मचारियों का बढ़िया सहयोग मिला धान बेचने में किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। उनके नाम से ही सोसायटी में धान बेचने के लिए पंजीयन हुआ है। किसानों की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है।

और भी

दिल्ली आयोजित हुआ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम : छत्तीसगढ़ देश का सबसे भरोसेमंद और तेज़ी से उभरता औद्योगिक गंतव्य- मुख्यमंत्री 


नई दिल्ली, 25 नवंबर 2025- राजधानी दिल्ली आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को अभूतपूर्व निवेश प्रस्ताव मिले। स्टील, ऊर्जा और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों ने राज्य में उद्योग स्थापित करने, क्षमता विस्तार, होटल निर्माण और वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट के लिए रुचि दिखाई। कार्यक्रम में शामिल कंपनियों ने कुल 6321.25 करोड़ के औद्योगिक निवेश और 505 करोड़ का पर्यटन निवेश का प्रस्ताव दिया है। इन परियोजनाओं से आगामी वर्षों में 3,000 से अधिक रोजगार अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इस निवेश प्रस्ताव के साथ अब तक छत्तीसगढ़ को कुल 7.90 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।

दिल्ली स्थित होटल द ललित में आज आयोजित कार्यक्रम में स्टील और टूरिज़्म सेक्टर को केंद्र में रखते हुए नए निवेश अवसरों पर फोकस किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उद्योग जगत के प्रमुख निवेशकों, विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की एवं स्टील और टूरिज़्म सेक्टर की कई कंपनियों को निवेश प्रस्ताव पत्र सौंपे।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, भारत सरकार के केमिकल और उर्वरक मंत्रालय के सचिव अमित अग्रवाल, इस्पात मंत्रालय के सचिव संदीप पौंडरिक भी उपस्थित रहे। 

मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों को निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ आज देश के सबसे भरोसेमंद, स्थिर और तेज़ी से उभरते हुए औद्योगिक गंतव्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य में ऊर्जा, खनिज, सक्षम मानव संसाधन और निवेशक-हितैषी नीति का ऐसा संयोजन मौजूद है, जो किसी भी उद्योग के लिए अत्यंत उपयुक्त वातावरण तैयार करता है।
उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम के तहत अनुमतियाँ अब पहले की तुलना में अधिक तेज़ी और पारदर्शिता के साथ जारी हो रही हैं। छत्तीसगढ़ में उद्योग लगाना आज पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है। राज्य में कोयला, लौह अयस्क, बॉक्साइट, टिन, लिथियम जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की उपस्थिति बड़े औद्योगिक और विनिर्माण क्षेत्र के लिए वरदान है। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित 'एनर्जी समिट' में राज्य को साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और कई परियोजनाओं में कार्य प्रारंभ भी हो चुका है।

मुख्यमंत्री साय ने स्टील सेक्टर का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ देश का स्टील हब है, जहां भिलाई स्टील प्लांट, नगरनार स्टील प्लांट और एमएसएमई आधारित स्टील इकाइयां राज्य की औद्योगिक पहचान को मजबूती प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा भिलाई स्टील प्लांट पिछले 70 वर्षों से देश की औद्योगिक प्रगति का स्तंभ रहा है और इसकी उपस्थिति ने स्टील आधारित उद्योगों का प्राकृतिक इकोसिस्टम तैयार किया है। ग्रीन स्टील और नवीकरणीय ऊर्जा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा निर्धारित नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन लक्ष्य राज्य के लिए नए अवसर लेकर आया है और छत्तीसगढ़ इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

टूरिज़्म सेक्टर पर बात करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर आज बहुत बदल रहा है। नक्सल हिंसा में कमी आई है, सड़कें, इंटरनेट और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हुई है। उन्होंने कहा कि बस्तर अब निवेश और पर्यटन दोनों का नया केंद्र बन रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि 26 मार्च 2026 तक बस्तर पूरी तरह नक्सल-मुक्त हो जाए। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है और राज्य सरकार होम-स्टे नीति, ट्राइबल टूरिज्म व सस्टेनेबल टूरिज्म पर फोकस कर रही है। 

इस अवसर पर सीएसआईडीसी के अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, मुख्य सचिव श्री विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, पर्यटन विभाग के सचिव श्री रोहित यादव, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, संचालक श्री प्रभात मलिक, सीएसआईडीसी के महाप्रबंधक श्री विश्वेश कुमार, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के संचालक श्री विवेक आचार्य, इन्वेस्टमेंट कमिश्नर श्रीमती ऋतु सेन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

*छत्तीसगढ़ को मिले प्रमुख निवेश प्रस्ताव*

- ग्रीन एनर्जी इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने कचरे से बिजली उत्पादन करने वाले 50 मेगावॉट के वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की स्थापना के लिए ₹3,769 करोड़ का निवेश प्रस्तावित किया है, जिससे 150 लोगों को रोजगार मिलेगा। यह प्रोजेक्ट छत्तीसगढ़ में कचरा प्रबंधन और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

- आरती कोटेड स्टील द्वारा 315 करोड़ निवेश प्रस्ताव दिया गया है, एवं 550 रोजगार सृजन की संभावना है। 


- एसडीआरएम मेटैलिक्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्टील प्लांट एवं पावर यूनिट के लिए ₹195.75 करोड़ का निवेश प्रस्ताव दिया है, जिससे रोजगार 492 रोजगार सृजन की संभावना है। 

- आरएसएलडी बायोफ्यूल प्राइवेट लिमिटेड, चंडीगढ़ द्वारा इथेनॉल प्लांट हेतु ₹200 करोड़ का निवेश प्रस्ताव दिया है, एवं 213 रोजगार सृजन की संभावना है। 

- जे.के. लक्ष्मी सीमेंट, राजस्थान द्वारा क्षमता विस्तार हेतु 1816.5 करोड़ से अधिक निवेश प्रस्ताव, 110 रोजगार सृजन 

- अरमानी ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज़, रायपुर द्वारा मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक उपकरण निर्माण हेतु ₹25 करोड़ का प्रस्ताव, जिससे 200 युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा।
  

*पर्यटन क्षेत्र में मिले 505 करोड़ के निवेश प्रस्ताव*

- मार्स विवान प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर द्वारा 217 कमरों वाले होटल के लिए ₹220 करोड़ निवेश इससे 522 लोगों को रोजगार प्राप्त होगी। 

- हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट, तेलंगाना द्वारा वेलनेस रिसॉर्ट एवं शिक्षा केंद्र हेतु ₹200 करोड़ निवेश

- विद्या इन, जशपुर द्वारा 52 कमरों के होटल हेतु ₹25 करोड़ निवेश

- पीएसए रिज़ॉर्ट, जगदलपुर द्वारा 150 कमरों के एडवेंचर होटल एवं रिसॉर्ट हेतु ₹60 करोड़ निवेश, जिससे बस्तर में पर्यटन गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। इससे 200 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

और भी

मुख्यमंत्री की पहल से लुडेग क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात,ग्रामीण संपर्क मार्ग हेतु 5 करोड़ 41 लाख रुपए की मिली प्रशासकीय स्वीकृति

जशपुरनगर 25 नवंबर 2025/ जिले के ग्रामीण अंचलों में सड़क सुविधा को सुदृढ़ करने की दिशा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए लुड़ेग क्षेत्रवासियों को सौगात दी है। मुख्यमंत्री के पहल से ग्राम पंचायत लुडेग के पूनापारा से लबनीपारा मुख्य बस्ती तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल इस कार्य के लिए  पाँच करोड़ इकतालीस लाख तेरह हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। वित्त विभाग ने इस पर प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

*ग्रामीणों को कई स्तरों पर मिलेगा लाभ* - 
लुडेग क्षेत्र की यह सड़क लंबे समय से कच्ची होने के कारण ग्रामीणों के दैनिक जीवन में कई बाधाएँ पैदा करती थी। वर्षा ऋतु में रास्ता खराब होने से आवागमन अत्यंत कठिन हो जाता था। कृषि उपज को बाजार या मंडी तक पहुँचाने में अतिरिक्त समय और श्रम लगता था, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ता था। विद्यालय और महाविद्यालय जाने वाले विद्यार्थियों को भी प्रतिदिन असुविधा का सामना करना पड़ता था। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाएँ समय पर ग्रामीणों तक नहीं पहुँच पाती थीं और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने में भी विलंब होता था। सड़क निर्माण पूर्ण होने पर इन सभी समस्याओं का समाधान होगा तथा ग्रामीणों के जीवन में व्यापक सुधार आएगा। क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, जबकि सामाजिक जीवन में भी सकारात्मक परिवर्तन दिखाई देगा।

*मुख्यमंत्री श्री साय की संवेदनशील पहल* -

ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को लेकर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की दूरदृष्टि और संवेदनशीलता लगातार सामने आ रही है। राज्य सरकार द्वारा सुदूर अंचलों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए योजनाबद्ध रूप से कार्य किया जा रहा है। लुडेग क्षेत्र के लिए स्वीकृत यह सड़क राज्य शासन की प्राथमिकता में ग्रामीण विकास को दिए जा रहे महत्व को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।

*ग्रामीणों में उत्साह, मुख्यमंत्री के प्रति आभार*-

पूनापारा, लबनीपारा और आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर खुशी व्यक्त की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस निर्णय से उनके लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष और प्रतीक्षा का अंत हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी बल्कि क्षेत्र की समग्र प्रगति का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।

और भी

छत्तीसगढ़ सरकार का महत्वपूर्ण निवेशक सम्मेलन इन्वेस्टर कनेक्ट नई दिल्ली में शुरू,निवेशकों से कर रहे हैं मुख्यमंत्री सीधा संवाद

रायपुर 25 नवंबर 2025/छत्तीसगढ़ सरकार का महत्वपूर्ण निवेशक सम्मेलन छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट आज नई दिल्ली में प्रारम्भ हो गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय पहुँचे और उन्होंने उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों से मुलाक़ात का क्रम प्रारंभ कर दिया है।

इस आयोजन में स्टील क्षेत्र, पर्यटन उद्योग और अन्य प्रमुख सेक्टरों के नामी उद्योगपति तथा विभिन्न कंपनियों के शीर्ष अधिकारी शामिल हो रहे हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य देश भर के निवेशकों के समक्ष छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति, उभरते अवसरों और निवेश–अनुकूल वातावरण को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करना है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय निवेशकों से सीधे संवाद कर रहे हैं तथा उन्हें राज्य में उद्योग स्थापित करने के लिए उपलब्ध सुविधाओं, स्थिर एवं पारदर्शी नीति, तेज़ी से विकसित होते इंफ्रास्ट्रक्चर तथा सरल और समयबद्ध प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से अवगत करा रहे हैं।

और भी

गश्ती के दौरान पुलिस टीम के हाथ लगा बड़ा मामला, टमाटर की आड़ में चल रही थी गौ तस्करी ,वाहन छोडब्भागे आरोपी

जशपुर : फरसाबहार थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह पुलिस गश्ती के दौरान एक बड़ा खुलासा हुआ। पमशाला मोड़ के पास तेज रफ्तार में भाग रही एक पिकअप संदिग्ध लगने पर पुलिस ने रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक वाहन की गति और बढ़ाकर भागने लगा। पीछा तेज होते ही पमशाला मोड़ पर पिकअप का संतुलन बिगड़ा और वाहन सड़क से उतरकर खेत में जा धंसा। चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। वाहन की जांच में पुलिस टीम हैरान रह गई। ऊपर से टमाटर की कैरेटों से भरी दिख रही पिकअप के अंदर नीचे आधा दर्जन से अधिक मवेशी छिपाकर रखे गए थे। यह साफ हो गया कि टमाटर की आड़ में मवेशियों को तस्करी कर ओड़िसा की ओर ले जाया जा रहा था।

घटना की जानकारी मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल मवेशियों का उपचार शुरू किया। पुलिस ने पिकअप जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। तस्करी नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगालने के लिए जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि गश्ती के दौरान सामने आया यह मामला मवेशी तस्करी के नए तरीके को उजागर करता है।

और भी

किसानों की शिकायत पर उपमुख्यमंत्री ने ग्राम कुरूवा के पटवारी को तत्काल निलंबित करने के दिए निर्देश


रायपुर, 24 नवंबर 2025

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने सहसपुर लोहारा के प्रवास के दौरान तहसील कार्यालय में किसानों को देखकर अपनी काफिला को रूकवाया। इसके बाद उन्होंने किसानों से मिलकर चर्चा की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने जमीन पर बैठकर किसानों से उनकी समस्या और शिकायत को गंभीरता पूर्वक सुना। किसानों ने बताया कि हल्का नंबर 15 ग्राम कुरूवा के पटवारी श्री राजेश शर्मा द्वारा कृषकों के विभिन्न कार्यों में टालमटोल एवं अनाधिकृत रूप से विलंब किया जाता है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा तत्काल संज्ञान में लेते हुए पटवारी राजेश शर्मा को मौके पर ही निलंबित करने का आदेश दिया। अधिकारियों द्वारा आदेश का पालन करते हुए वही पर निलंबन का आदेश निकाला। आदेश के अनुसार पटवारी श्री राजेश शर्मा हल्का नंबर 15 कुरूवा, रा.नि.मं. सिल्हाटी, तहसील सहसपुर लोहारा को अपने प्रभार क्षेत्र के कृषकों के विभिन्न कार्यों में टालमटोल एवं अनाधिकृत रूप से विलंब करने जाने का शिकायत पर संबंधित पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। उक्त आदेश के अनुक्रम तथा शासकीय कार्य में लापरवाही किये जाने के कारण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 (1) के तहत, निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में निलंबित कर्मचारी श्री राजेश शर्मा पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय स.लोहारा (निर्वाचन शाखा) में होगा। संबंधित कर्मचारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदाय किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा ने किसानों से धान खरीदी तथा अन्य राजस्व संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को किसी भी स्तर पर दिक्कत नहीं होनी चाहिए, किसान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। मौके पर उपस्थित सभी पटवारियों से उपमुख्यमंत्री ने कार्यों की स्थिति पूछी और कड़े शब्दों में निर्देश दिए कि कृषकों के किसी भी कार्य में लापरवाही, देरी या टालमटोल बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के सभी राजस्व कार्य समय पर और पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। यदि किसी कर्मचारी द्वारा लापरवाही पाई जाती है तो तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को पूरे क्षेत्र की निरंतर मॉनिटरिंग करने तथा किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

और भी

मुख्यमंत्री श्री साय ने दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती को लेकर गहन चर्चा की

रायपुर 25 नवम्बर 2025 :छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जेपी नड्डा से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। मुलाकात में राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर सार्थक चर्चा हुई।

और भी

देश की राजधानी में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति का भव्य प्रदर्शन, लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति में भारत मंडपम में दिखी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक छटा


रायपुर, 24 नवंबर 2025

राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आज छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं का अद्भुत संगम दिखाई दिया। 44वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले  में छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष के अवसर पर  आयोजित सांस्कृतिक संध्या ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों ने अपनी पारंपरिक नृत्य-शैली और विविध लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे वातावरण में उत्साह, ऊर्जा और आनंद भर दिया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, कांकेर लोकसभा सांसद श्री भोजराज नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दीप प्रज्वलन कर की। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन किया तथा विभिन्न स्टॉलों में प्रदर्शित कला-कृतियों, हस्तशिल्प और उत्पादों को देखा। उन्होंने कलाकारों और उद्यमियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि देश की राजधानी में “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” की गूंज सुनकर प्रत्येक छत्तीसगढ़ वासी गर्व से भर उठता है। 
 मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा रायपुर में देश के पहले डिजिटल जनजातीय संग्रहालय के लोकार्पण का उल्लेख करते हुए इसे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ कला, संस्कृति और परंपराओं की समृद्ध भूमि है, जहाँ तीज-त्योहार, लोक-नृत्य और पारंपरिक कलाएँ आज भी उसी उत्साह और गरिमा के साथ संरक्षित हैं। उन्होंने मिलेट्स उत्पादन, स्थानीय हस्तशिल्प और जनजातीय परंपराओं को राज्य की असीम संभावनाओं का प्रतीक बताया तथा कहा कि राज्य सरकार कलाकारों के संरक्षण, आर्थिक सहयोग और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को और सशक्त बना रही है। मुख्यमंत्री ने देशवासियों को छत्तीसगढ़ आने तथा इसकी सादगी, सांस्कृतिक संपन्नता और प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव करने के लिए आमंत्रित किया।
सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक-कलाओं की एक से बढ़कर एक झलक प्रस्तुत की।गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ नृत्य, पंथी और करमा नृत्य जैसी लोक-शैली की सजीव प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मोहित कर लिया। सुआ नृत्य की गीतमय अभिव्यक्ति, राउत नाचा की जोशीली लय, पंथी की आध्यात्मिक छटा और करमा की मनभावन प्रस्तुति ने छत्तीसगढ़ की विविधता और लोक परंपराओं की गहराई को प्रभावी रूप से सामने रखा। पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा,  छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा, विधायक श्री संपत अग्रवाल, श्री प्रबोध मिंज, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री पंकज झा, मुख्य सचिव श्री विकास शील,  पर्यटन, संस्कृति एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव श्री रोहित यादव, सीएसआईडीसी के महाप्रबंधक श्री विश्वेश कुमार, संस्कृति विभाग के संचालक श्री विवेक आचार्य, खादी ग्रामोद्योग सचिव श्री श्याम धावड़े, इन्वेस्टमेंट कमिश्नर श्रीमती ऋतु सैन, आवासीय आयुक्त श्रीमती श्रुति सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
6193

और भी

सुपर 30 के संस्थापक पद्मश्री आनंद कुमार ने दिया रायगढ़ में युवाओं को सफलता का मंत्र,संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी

रायगढ़, 24 नवम्बर 2025/युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और सुनियोजित कैरियर निर्माण के लिए प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी के विशेष पहल पर आज रायगढ़ के रामलीला मैदान में भव्य और प्रेरणादायी कैरियर मार्गदर्शन आयोजन किया गया। इस दौरान सुपर 30 के संस्थापक पद्मश्री श्री आनंद कुमार विद्यार्थियों को बेहतर कैरियर निर्माण के लिए टिप्स दिए। श्री आनंद कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यहां मेरे आने से आप लोगों को जितनी खुशी हो रही है, उससे ज्यादा खुशी मुझे हो रही है। उन्होंने युवाओं को उनके बेहतर कैरियर के लिए ईमानदारी के साथ कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास को बनाए रखने के टिप्स भी दिए। उन्होंने यह भी कहा कि युवा जब सपने देखेंगे, तभी उनके हौसलों को उड़ान जरूर मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी और सुपर 30 के संस्थापक पदम्श्री आनंद कुमार ने अपने कैरियर निर्माण के दौरान आए संघर्ष और उतार-चढ़ाव चुनौतियों को भी साझा किया और युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जो व्यक्ति कठिन परिस्थिति में भी धैर्य बनाए रखता है, उसको सफलता अवश्य मिलती है।
             बच्चो को प्रोत्साहित करते हुए पद्मश्री आनंद कुमार ने प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी के जीवन से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण पलों को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री श्री चौधरी जो सपना देखते हैं, उसे मेहनत के बल पर धरातल पर भी उतारते हैं। उन्होंने सपना देखा था आईएएस बनने का और अपने मेहनत के बल पर आईएएस भी बने। उन्होंने बच्चों एवं युवाओं से कहा कि भले ही आज का दिन आपका ना हो, जीवन संघर्ष भरा हो, आपके पास सुख-सुविधाएं न हो लेकिन आप जितनी शांति और उत्सुकता के साथ में बैठे हुए हैं और सुन रहे हैं साथ ही मेहनत कर रहे हैं निश्चित तौर पर आने वाला समय आपका होगा। पद्मश्री आनंद कुमार ने अपने संघर्ष जीवन को भी साझा किया और बताया कि पिता के देहांत के बाद मैंने पापड़ बेचना शुरू किया। कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में चयन होने के बाद भी खराब आर्थिक स्थिति के कारण वे वहाँ नहीं जा सके, पर संघर्ष ने उन्हें और मजबूत बनाया। उन्होंने फिल्म सुपर 30 में एक किरदार अभिषेक राज के बारे में बताते हुए कहा कि उसके माता-पिता कम पढ़े लिखे थे, फिर भी कहते थे आधा पेट खायेंगे, लेकिन बच्चे को पढ़ाएंगे, क्योंकि पढ़ाई में वो ताकत है, जो जिंदगी बदल देती है। यह बात हर माता पिता को समझना होगा। वह बच्चा पूरे दिन मेहनत करता था और रात में होटल के बाहर पढ़ाई करता था। अभिषेक को देखकर मैने घर के बाकी सदस्य से बात किया और उसे घर लाया और ऐसे 29 निर्धन जरूरतमंद बच्चो को ढूंढ कर सुपर-30 की शुरुआत की। अभिषेक ने 2 साल संघर्ष और मेहनत के पश्चात केवल एक अटेम्प्ट में आईआईटी खडगपुर पहुंचा और विभिन्न देशों में नौकरी के पश्चात आज अमेरिका में कार्य कर रहा है। 
           इसी प्रकार शशि नारायण ने ठान लिया था कि सुविधा कम है, तो क्या हुआ संघर्ष और मेहनत करेंगे। उन्हें अंग्रेजी बिल्कुल नहीं आती थी, लेकिन मेहनत के बल पर आईआईटी खड़कपुर में एडमिशन मिला, लेकिन रैंक कम था। उन्होंने मेहनत करना नहीं छोड़ा और आईआईटी खडगपुर के रिजल्ट के सारे रिकॉर्ड ब्रेक कर कंप्यूटर साइंस में प्रमोट हुए और आज गूगल में काम कर रहे हैं। इसी तरह उन्होंने निधि झॉ के साथ अन्य प्रेरणादायक किस्से सुनाएं। पद्मश्री आनंद कुमार ने कहा कि यह कभी मत सोचें कि आप शासकीय स्कूल में पढ़ते है, सुविधाएं कम है तो कुछ नहंी कर सकते, जो संघर्ष से आगे बढ़ता है उसका मुकाबला कोई नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि “जो भी काम करो, उसे सर्वश्रेष्ठ तरीके से करो। बहानें मत बनाओ, मेहनत में कमी मत आने दो। संघर्ष जितना कठिन होगा, सफलता उतनी ही चमकेगी। उन्होंने कहा कि आज हमारे पास 17 बैच के 510 बच्चों के संघर्ष की कहानियां है। जिन्हें हमने केवल एक प्लेट फॉर्म दिया लेकिन मेहनत उन्होंने किया। आपको ज्ञान से इनोवेशन की ओर बढना है, पढ़ाई का तरीके के साथ कैसे और क्यों को समझे। उन्होंने कहा कि सेल्फ स्टडी करें, दूसरे से कंपटीशन न करें स्वयं देखे क्या कर रहे है। 

*बेहतर भविष्य के लिए स्पष्ट लक्ष्य, सही मार्गदर्शन व करियर प्लानिंग के साथ कड़ी परिश्रम जरुरी-वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी*

कार्यक्रम को सबसे पहले वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के उज्जवल भविष्य एवं सुनियोजित कैरियर निर्माण के लिए जिले में दो दिवसीय कैरियर मार्गदर्शन का आयोजन हो रहा है। यह सफल आयोजन पिछले वर्ष भी किया गया था। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में युवाओं के बेहतर भविष्य निर्माण के लिए हमारा प्रयास निरंतर जारी है और आगे भी जारी रहेगा। युवाओं को बेहतर भविष्य के लिए तीन चीजें अत्यंत आवश्यक हैं जिसमें स्पष्ट लक्ष्य, सही मार्गदर्शन व करियर प्लानिंग एवं कड़ी  परिश्रम होना चाहिए, लेकिन आज के समय में अवसरों के साथ चुनौतियाँ भी बहुत हैं। उन्होंने कहा कि करियर से संबंधित पुस्तकें अवश्य पढ़ें, परीक्षाओं की जानकारी रखें और योजनाबद्ध रणनीति बनाकर आगे बढ़ें। यदि किसी को मार्गदर्शन की आवश्यकता हो, तो उनसे भी संपर्क कर सकते हैं, वे सदैव सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिसके जीवन में गड्ढे नहीं होते, वह छलांग लगाना नहीं सीख पाता। कभी यह मत सोचिए कि गरीबी, अभाव, छोटे विद्यालय या कठिन परिस्थितियाँ आपको रोक सकती हैं। कठिनाइयाँ ही इंसान को मजबूत बनाती हैं और उसे ऊँचे लक्ष्य तक ले जाती हैं। कार्यक्रम में स्टेडियम युवाओं से खचाखच भरा रहा। मौके पर विद्यार्थियों ने फ्लैश लाईट जलाकर और तालियांे की गड़गड़ाहट से श्री आनंद कुमार का स्वागत किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में स्थान हासिल करने वाले जिले के प्रतिभागियों और स्नातकोत्तर में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले, कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा आईआईटी में चयनित आर. बालाजी यादव सहित उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान वित्त मंत्री ने सौ से अधिक बच्चों को स्वेच्छानुदान के रूप में 5-5 हजार देने की घोषणा भी की, जिसे उपस्थित युवाओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। आज शहर में आयोजित विशाल युवा सम्मेलन में अपने संघर्षों, अनुभवों और प्रेरक विचारों से हजारों युवाओं को दिशा दी। कार्यक्रम में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार, श्री अरूणधर दीवान, पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, श्री उमेश अग्रवाल, श्री विकास केडिया, श्री पवन शर्मा, नगर निगम रायगढ़ के पार्षदगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम श्री महेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। 

*25 नवम्बर को पुसौर और सरिया में होगा भव्य आयोजन*
युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और सुनियोजित कैरियर निर्माण के लिए 25 नवंबर की सुबह 8.30 बजे पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में यह आयोजन होने जा रहा है। पुसौर और खरसिया विकासखंड के 40 स्कूलों और 3 महाविद्यालयों के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा इसमें सम्मिलित होंगे। पुसौर क्षेत्र में इस तरह का विशाल करियर गाइडेंस आयोजन पहली बार हो रहा है, जिसे लेकर युवाओं में उत्साह चरम पर है। इस आयोजन में जिले के प्रतिभाशाली युवा-युवतियाँ देश के सबसे लोकप्रिय मोटिवेशनल आइकॉन श्री आनंद कुमार से सीधे संवाद कर सकेंगे। साथ ही 25 नवंबर को शाम 3.30 बजे सरिया में कैरियर मार्गदर्शन का आयोजन होगा। इन आयोजनों में विद्यार्थी अपने प्रश्न पूछ सकेंगे तथा कैरियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास जैसे विषयों पर प्रत्यक्ष मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।

और भी

जनदर्शन में सुनी गई आम जनों की समस्याएं, कलेक्टर ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

रायगढ़, 24 नवम्बर 2025/ जिला कलेक्टोरेट में आज साप्ताहिक जनदर्शन का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से आए आम नागरिकों की विभिन्न मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जिला प्रशासन जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को प्राथमिकता के साथ दर्ज कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्यवाही की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
           जनदर्शन में आज पीएम श्री विद्यालय धरमजयगढ़ के शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष ने बताया कि शाला में 1083 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, लेकिन कक्षाओं की कमी के कारण नियमित अध्यापन प्रभावित हो रहा है। साथ ही विद्यालय में किचन शेड न होने से मध्यान्ह भोजन निर्माण और सामग्री भंडारण में भी दिक्कतें आ रही हैं। समिति ने शीघ्र समाधान की मांग की। इसी तरह बैकुंठपुर, रायगढ़ निवासी आशुतोष उपाध्याय ने भूमि अतिक्रमण से संबंधित शिकायत दर्ज कराई। रामभांठा, संजय नगर रायगढ़ के होरीलाल सारथी ने पट्टा प्रदाय को लेकर आवेदन दिया। उन्होंने कहा कि आदेश पारित और उद्घोषित हो जाने के बाद भी उन्हें आज तक पट्टा प्राप्त नहीं हुआ है, जबकि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा चुकी हैं। ग्राम बरडीह के महकुलपारा के मोहल्लेवासी आंगनबाड़ी में अहाता निर्माण की मांग को लेकर आवेदन सौंपने पहुंचे। मस्जिदपारा धरमजयगढ़ के सुल्तान खान ने विधानसभा चुनाव के दौरान निर्वाचन कार्य में लगे वाहन का किराया भुगतान नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा जनदर्शन में अन्य लोगों ने राशन कार्ड, दिव्यांग पेंशन, वृद्धा पेंशन तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन प्रस्तुत किए।

और भी

मातृ मृत्यु रोकथाम पर कलेक्टर की सख्ती, स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में तीन विकासखण्डों की स्थिति पर विस्तार से गहन चर्चा

रायगढ़, 24 नवंबर 2025। रायगढ़ जिले में मातृ मृत्यु अनुपात में कमी लाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने  मातृ–मृत्यु अंकेक्षण की समीक्षा बैठक ली।  
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने स्वास्थ्य अमले से कहा कि मातृ–मृत्यु रोकथाम जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। इसलिए प्रत्येक जोखिम पहचान, त्वरित उपचार, सतत निगरानी और संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने की दिशा में सभी अधिकारी–कर्मचारी गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत करने के लिए आवश्यक संसाधनों एवं समन्वय को भी बढ़ाने के निर्देश दिए।
 
बैठक में कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने समीक्षा बैठक में हाल ही में घटित मातृ मृत्यु के प्रत्येक प्रकरण की बारीकी से जानकारी ली। इस दौरान संबंधित मरीज के परिजन, मितानिन तथा संबंधित खंड चिकित्सा अधिकारियों से सीधे संवाद कर वास्तविक परिस्थितियों और कारणों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गर्भावस्था पंजीयन के प्रथम दिन से ही गर्भवती माताओं की चार अनिवार्य जांच समय पर कराई जाए तथा प्रत्येक गर्भवती का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि गर्भवती महिलाओं की खान–पान आदतों, स्वास्थ्य शिक्षा, उच्च–जोखिम गर्भावस्था की पहचान एवं समय रहते उपचार पर विशेष जोर दिया जाए। जिन मरीजों की स्थिति गंभीर हो या जिन्हें उच्च स्तरीय संस्थान में रेफर किया जाए, उनके लिए रेफरिंग संस्था के अधिकारी–कर्मचारी अनिवार्य रूप से टेलीफोनिक फॉलोअप लें, ताकि समय पर आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने मातृ मृत्यु निगरानी एवं प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत बनाने तथा प्रत्येक प्रकरण की वैज्ञानिक समीक्षा कर सुधारात्मक कदम तत्काल लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था से संबंधित संक्रमण, प्रसवोत्तर जटिलताएं, प्री–एक्लेमसिया, असुरक्षित गर्भपात, उच्च रक्तचाप तथा पूर्व विद्यमान बीमारियों की सक्रिय निगरानी ही मातृ मृत्यु दर में वास्तविक सुधार ला सकती है।
बैठक में विकासखण्ड घरघोड़ा, लैलूंगा एवं विजयनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से संबंधित चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य अमले ने भाग लिया।
समीक्षा बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा, नोडल अधिकारी  डॉ. राजेश मिश्रा, डॉ. भानूप्रताप पटेल तथा स्वास्थ्य विभाग के खंड चिकित्सा अधिकारी, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, खंड विस्तार एवं प्रशिक्षण अधिकारी, सेक्टर प्रभारी, सुपरवाइजर, एएनएम, मितानिन तथा संबंधित परिजन भी उपस्थित थे।

और भी

धान उपार्जन केंद्रों में मिल रही उत्कृष्ट सुविधाएं, किसानों में उत्साह का माहौल, किसान ने शासन-प्रशासन के प्रति जताया आभार

रायगढ़, 24 नवम्बर 2025/ खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जिले में सुचारू एवं पारदर्शी रूप से जारी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप, वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी के विशेष प्रयासों तथा कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। केंद्रों में पेयजल, छाया, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, बारदाना, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, सीसीटीवी एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन सुविधाओं के कारण किसानों में उत्साह का माहौल है और प्रतिदिन धान विक्रय के लिए किसानों की संख्या निरंतर बढ़ रही है।
         उपार्जन केंद्र बायंग में धान विक्रय करने पहुंचे ग्राम के किसान श्री जय चौधरी ने बताया कि उन्होंने 12 से 13 एकड़ भूमि में धान की खेती की है और इस वर्ष 200 से 225 क्विंटल उत्पादन की संभावना है। उन्होंने कहा कि धान विक्रय के लिए टोकन प्रक्रिया से लेकर तौल तक पूरा कार्य व्यवस्थित एवं सुगम रहा और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। किसान श्री चौधरी ने कहा कि उपार्जन केंद्र में पेयजल, छाया सहित सभी सुविधाएं उत्कृष्ट हैं। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टोकन की सुविधा उपलब्ध है। शासन-प्रशासन द्वारा प्रदत्त व्यवस्थाओं से हम किसान पूरी तरह संतुष्ट हैं। धान खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी और सरल होने से किसानों में उत्साह एवं भरोसा दोनों बढ़ा है। उन्होंने धान उपार्जन केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया।

और भी

जिला प्रशासन की अभिनव पहल, भूअर्जन की राशि अब सीधे किसानों के बैंक खातों में ऑनलाइन हस्तांतरित

रायगढ़, 24 नवम्बर 2025। किसानों की सुविधा और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए रायगढ़ जिला प्रशासन ने भूअर्जन मुआवज़ा राशि के भुगतान की प्रक्रिया में बड़ा परिवर्तन किया है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर अब मुआवज़े की राशि ऑनलाइन माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में आरटीजीएस  के जरिए हस्तांतरित की जा रही है। इस नई व्यवस्था ने किसानों को बार-बार कार्यालय और बैंकों की चक्कर-कस्सी से निजात दिला दी है। पहले भूअर्जन की राशि चेक के माध्यम से भुगतान की जाती थी, जिसके चलते किसानों को चेक जमा करने, क्लियरेंस की प्रतीक्षा और बैंक में बार-बार जाने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। किसानों की इन परेशानियों को देखते हुए प्रशासन ने 1 अक्टूबर 2025 से डिजिटल भुगतान व्यवस्था लागू की है।
    इस अवधि में अब तक 214 किसानों को लगभग 12 करोड़ रुपए सीधे उनके खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं। प्रशासन की इस पारदर्शी और त्वरित प्रक्रिया से किसान बेहद संतुष्ट हैं। एसडीएम श्री महेश शर्मा ने बताया कि इस डिजिटल प्रणाली से किसानों का समय और पैसा दोनों बच रहा है। उन्होंने बताया कि पहले किसानों को चेक मिलने के बाद उन्हें दूर-दराज़ से बैंक तक जाना पड़ता था। जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए यह प्रक्रिया डेढ़ महीने पहले शुरू की गई, जिसके तहत प्रभावित किसानों के आई एफ एस सी कोड, बैंक अकाउंट नंबर और अन्य विवरण एकत्रित कर सीधा भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पटवारी लगातार गांव-गांव जाकर किसानों के बैंक विवरण संकलित कर रहे हैं ताकि भुगतान प्रक्रिया आसान और तेज़ बन सके। किसानों ने जिला प्रशासन के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल भुगतान से उन्हें न केवल परेशानी से मुक्ति मिली है, बल्कि पारदर्शिता और सुरक्षा भी सुनिश्चित हो रही है।

और भी

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और मानकों को सुनिश्चित करने के लिए विभाग की कार्यवाही जारी

रायगढ़,24 नवंबर 2024  कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के सख्त निर्देश पर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और मानकों को सुनिश्चित करने के लिए  खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारों के बाद बढ़ी मिलावट की आशंका और उपभोक्ता सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती सरिता पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों, दुकानों, होटल–रेस्टोरेंट तथा नाश्ता केंद्रों में व्यापक निरीक्षण किया जा रहा है। इस अभियान के दौरान रायगढ़ जिले के कुल 10 प्रतिष्ठानों की जांच कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 25 नमूने संकलित किए गए।
खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा क्रमवार उन प्रतिष्ठानों में की गई कार्यवाही के दौरान अवधारण, स्वच्छता, कच्चे माल की गुणवत्ता और पैक्ड खाद्य पदार्थों के मानकों का अवलोकन किया गया। जांच के दौरान कई दुकानों और रेस्टोरेंट में ऐसे उत्पाद पाए गए, जिनकी गुणवत्ता संदेहास्पद लगी है, जिन्हें नियमानुसार सील कर नमूना परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया।
विभाग द्वारा जिन दस प्रतिष्ठानों में कार्रवाई की गई, उनमें अजय प्राविजन स्टोर (पद्मनगर, रायगढ़), गुड्डू कैंटीन (बैठकखोल रोड, रायगढ़), अंजलि बेकरी (धरमजयरपुर रोड, रायगढ़), आरव ट्रेडर्स (कोसमनारा, पुरानी हाटरी), आमंत्रण रेस्टोरेंट (सिविल लाइन, रायगढ़), शर्मा मार्केटिंग (पुराना हाटरी, रायगढ़), आयुष ट्रेडिंग (मोदी प्लाजा, रायगढ़), शर्मा ट्रेडिंग (पुराना हाटरी, रायगढ़), साहिल ट्रेडिंग (पुराना हाटरी, रायगढ़) तथा विशाल जनरल स्टोर (मेन रोड, रायगढ़) शामिल हैं।
इन प्रतिष्ठानों से टीम ने अलग-अलग खाद्य उत्पाद जैसे लाल मिर्च पाउडर, चना सत्तु, इडली मिक्स, वेज मंचूरियन मिक्स, मसाले, नमकीन, बेकरी प्रोडक्ट, तेल, मिश्रित दालें, फास्ट फूड सामग्री आदि के नमूने संकलित किए। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई के अभाव तथा खाद्य पदार्थों के अवैज्ञानिक भंडारण की स्थिति पर तत्काल सुधार निर्देश भी दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती सरिता पटेल ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी भी खाद्य उत्पाद में मिलावट, अमानक गुणवत्ता या नियम उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा नियम 2011 के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर प्रकरण न्यायालय में भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने समय सीमा की बैठक में विभाग के कामकाज की समीक्षा की। बैठक के दौरान  जिले में मिलावटी एवं घटिया किस्म के खाद्य पदार्थों की बिक्री पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए और ऐसे प्रतिष्ठानों पर बगैर किसी रियायत की कार्रवाई की जाए। उन्होंने  जनस्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता में उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।

और भी