हाईवे पर मवेशियों को पहनाए गए रेडियम बेल्ट, सड़क हादसे रोकने रायगढ़ पुलिस की नई पहल
रायगढ़, 27 जुलाई। बरसात के मौसम में राष्ट्रीय राजमार्गों पर मवेशियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रायगढ़ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस ने रायगढ़-खरसिया राष्ट्रीय राजमार्ग-49 और कोतरारोड क्षेत्र में घूम रहे मवेशियों के गले में रेडियम रिफ्लेक्टिव बेल्ट लगाए।
ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह और यातायात थाना प्रभारी रोहित बंजारे के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस मित्रों और पशुपालकों को भी रेडियम कॉलर बेल्ट वितरित किए गए, ताकि वे अपने मवेशियों के गले में इन्हें बांध सकें।
पुलिस ने बताया कि बारिश और रात के समय कम दृश्यता के कारण सड़क पर बैठे या अचानक सड़क पार करने वाले मवेशी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। रेडियम बेल्ट वाहन की हेडलाइट पड़ते ही चमकते हैं, जिससे चालक दूर से ही मवेशियों को देखकर सतर्क हो सकते हैं।
अभियान के दौरान हाईवे किनारे बसे गांवों के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और पशुपालकों से भी संवाद कर मवेशियों को सड़कों पर खुला नहीं छोड़ने, उनके लिए घर या गौठान में चारा-पानी की व्यवस्था करने और रेडियम बेल्ट लगाने की अपील की गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पशुपालकों से मवेशियों को सड़कों पर खुला न छोड़ने तथा वाहन चालकों से बारिश और रात्रि के समय निर्धारित गति सीमा का पालन करते हुए सावधानी से वाहन चलाने की अपील की।
रायगढ़ यातायात पुलिस का कहना है कि जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।