ताजा खबरें

बड़ी खबर

शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, लाखों के भरोसे का किया सौदा… पैसे-गहने हड़पने वाला आरोपी ट्रेलर चलाते समय गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के "अभियान संवेदना" के तहत महिला थाना और खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने, उसके पैसे और गहने हड़पने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। झारखंड निवासी आरोपी मो. सुल्तान अंसारी उर्फ सुल्तान खान को जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम बिर्रा के पास ट्रेलर चलाते समय दबोच लिया गया। आरोपी के खिलाफ महिला थाना रायगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय पीड़िता ने 14 जुलाई को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता शहर की एक दुकान में सेल्स गर्ल के रूप में कार्य करती है। उसकी पहचान जनवरी 2025 में आरोपी से हुई थी, जो अक्सर दुकान पर सामान खरीदने आता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई और आरोपी ने प्रेम का इजहार करते हुए विवाह का वादा किया। पीड़िता ने उसे बताया था कि वह विवाहित है लेकिन अपने पति से अलग रह रही है। इसके बावजूद आरोपी ने उसे जीवनभर साथ रखने और शादी करने का भरोसा दिया।

शिकायत के मुताबिक आरोपी 21 फरवरी 2025 को पीड़िता के किराये के मकान पहुंचा और विवाह का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद वह लगातार शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा। इसी दौरान आरोपी ने पीड़िता पर दबाव बनाकर उसके गहने मणप्पुरम फाइनेंस में गिरवी रखवाए और वहां से मिले 10 हजार रुपये भी अपने पास रख लिए।

कुछ समय बाद पीड़िता को पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं। जब उसने इस बारे में सवाल किया तो आरोपी लगातार उसे गुमराह करता रहा। आखिरकार जब पीड़िता ने जनवरी 2026 में विवाह करने की बात कही तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने गुंडे भेजकर उठवा देने की धमकी भी दी। धमकियों से भयभीत होकर पीड़िता ने अपना किराये का मकान तक बदल लिया और अंततः महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी रायगढ़ से फरार होकर ट्रेलर वाहन चला रहा है। सूचना मिलते ही महिला थाना और खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम बिर्रा में घेराबंदी कर ट्रेलर चलाते समय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसका चिकित्सीय परीक्षण कर विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

आरोपी की गिरफ्तारी में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव तथा खरसिया चौकी के आरक्षक धनंजय कश्यप, साविल चन्द्रा और आरक्षक राज सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय से जुड़े अपराधों में रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। महिलाओं के साथ शोषण, उत्पीड़न या धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image