कार से देशी कट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
रायगढ़। चक्रधरनगर पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से देशी कट्टा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4.10 लाख रुपये कीमत की टोयोटा ग्लैंजा कार और अवैध हथियार जब्त किया है। मामले में फरार आरोपी की तलाश के साथ हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच भी तेज कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से रायगढ़ आ रही एक सफेद रंग की कार में दो युवक अवैध देशी कट्टा लेकर पहुंचने वाले हैं। सूचना पर सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चक्रधरनगर और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने पहाड़ मंदिर शराब भट्टी के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान टोयोटा ग्लैंजा (CG-13 AQ-6663) को रोककर तलाशी ली गई। कार में छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से हरीश यादव (26) निवासी बजरंग रामभाठा, रायगढ़ तथा प्रहलाद केंवट (24) निवासी अंधियारीपार, अकलतरा (वर्तमान निवासी उच्चभिट्टी, रायगढ़) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद देशी कट्टा उन्होंने योगेश चौहान उर्फ सानू उर्फ साहिल चौहान से खरीदा था, जो पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध हथियारों के परिवहन और उपयोग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। ऐसे मामलों में शामिल सभी आरोपियों और पूरे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।