ताजा खबरें

बड़ी खबर

खेतों में केबल वायर चोरी का खुलासा: पुसौर पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे, तांबे का तार और बाइक जब्त

रायगढ़, 7 जुलाई 2026। रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में किसानों के खेतों से लगातार हो रही बोरवेल के केबल वायर चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब दो किलोग्राम तांबे का तार और वारदात में इस्तेमाल की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुसौर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पिछले कुछ समय से क्षेत्र के किसानों द्वारा खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल के केबल वायर चोरी होने की लगातार शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू कराई।

इसी दौरान 5 जुलाई 2026 को रेंगालपाली निवासी ऋषिकेश साव उर्फ संतोष साव (35 वर्ष) ने थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके खेत से सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल का लगभग 100 मीटर केबल वायर, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रेंगालपाली निवासी विक्रांत सिदार (22 वर्ष) और दिगम्बर मांझी (26 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों के निशानदेही पर चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब दो किलो तांबे का तार तथा घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-13 AV-0523) बरामद कर जब्त की गई।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ सामूहिक अपराध करने के कारण धारा 3(5) भी जोड़ी है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुसौर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। किसानों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image