ताजा खबरें

बड़ी खबर

तमनार में उठाईगिरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, तीन वारदातों में ₹2.44 लाख उड़ाए थे

रायगढ़। तमनार थाना पुलिस ने बैंक और सार्वजनिक स्थानों पर उठाईगिरी की वारदातों को अंजाम देने वाले फरार आरोपी हरि उर्फ विशाल नट (41) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने अपने साथी धर्मेन्द्र नट के साथ मिलकर तमनार क्षेत्र में तीन अलग-अलग वारदातों में कुल 2 लाख 44 हजार रुपये की चोरी की थी। धर्मेन्द्र नट को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, पहली घटना 9 अप्रैल को हुई थी, जब अपेक्स बैंक से 20 हजार रुपये निकालने के बाद बाजारपारा में होटल में नाश्ता कर रहे एक ग्रामीण के बैग से नकदी और दस्तावेज चोरी कर लिए गए। दूसरी घटना 14 मई को हुई, जिसमें बैंक से 24 हजार रुपये निकालकर बस का इंतजार कर रहे एक बुजुर्ग का बैग पार कर दिया गया। वहीं 8 जून को अपेक्स बैंक से 2 लाख रुपये निकालकर बाइक की डिक्की में रखे एक व्यक्ति की रकम डिक्की तोड़कर चोरी कर ली गई।

लगातार हो रही घटनाओं के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान धर्मेन्द्र नट को गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में हरि उर्फ विशाल नट के साथ मिलकर तीनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त दो अपाचे मोटरसाइकिल और डिक्की तोड़ने के औजार बरामद किए गए।

मुख्य आरोपी हरि उर्फ विशाल नट एक अन्य मामले में जिला जेल बैकुंठपुर में बंद था। तमनार पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट लेकर उसे रिमांड पर लिया। पूछताछ में उसने तीनों वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी की रकम का अधिकांश हिस्सा जुए और अन्य खर्चों में उड़ा दिया।

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुनः न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image