ताजा खबरें

बड़ी खबर

गली से चोरी हुई प्लेटिना बाइक का 48 घंटे में खुलासा, छाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बरामद की मोटरसाइकिल

रायगढ़। जिले की छाल पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए चोरी गई प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बोजिया निवासी घनश्याम प्रसाद चंद्रा ने 27 जून को थाना छाल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-G-0417 को 25 जून की रात अज्ञात चोर उनके घर के पास गली से चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तुमकुड़ा (कुड़ेकेला) निवासी एक युवक अपने घर में चोरी की बाइक छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदेही को हिरासत में लिया और पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी की बात स्वीकार कर ली। उसके मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी गई प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने कपूर कुमार केरकेट्टा (31 वर्ष), पिता झगरु केरकेट्टा, निवासी ग्राम तुमकुड़ा (कुड़ेकेला), थाना छाल को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में वाहन चोरी सहित संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत छाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की बाइक बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।

Leave Your Comment

Click to reload image