ताजा खबरें

बड़ी खबर

ऑपरेशन आघात का असर: तमनार पुलिस ने कोडकेल में दबिश देकर 10 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी को दबोचा

रायगढ़, 17 जून। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत तमनार पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। ग्राम कोडकेल में पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोडकेल निवासी शंकर भगत अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से अवैध महुआ शराब संग्रहित कर रखा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर आरोपी के घर दबिश दी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अवैध शराब रखने और बेचने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसने अपने घर की बाड़ी में छिपाकर रखे प्लास्टिक बोरे को निकालकर पुलिस के सामने पेश किया।

तलाशी लेने पर बोरे के अंदर 5-5 लीटर क्षमता वाले दो प्लास्टिक जरीकेन मिले, जिनमें कुल 10 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर उसे सीलबंद किया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकर भगत (28 वर्ष), पिता स्वर्गीय कन्हैया भगत, निवासी ग्राम कोडकेल, थाना तमनार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिंह सिदार एवं आरक्षक रंजीत भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अवैध शराब संबंधी गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है, ताकि ऐसे कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave Your Comment

Click to reload image