ताजा खबरें

बड़ी खबर

10 लाख की जबरन वसूली के लिए घर में घुसे गुंडे! डंडों से की मारपीट, जान से मारने की धमकी; रायगढ़ पुलिस ने कुख्यात बदमाश समेत तीन आरोपियों को दबोचा

रायगढ़, 14 जून 2026। रायगढ़ जिले में गुंडागर्दी और अवैध वसूली के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घर में घुसकर मारपीट, धमकी और जबरन वसूली का प्रयास करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में थाना कोतवाली का चिन्हांकित गुंडा बदमाश कपिल सोलंकी भी शामिल है, जिसके खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आशीर्वाद पूरम कॉलोनी निवासी कमलेश सिंह (52 वर्ष) ने 13 जून को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे कोयला ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करते हैं और आर्थिक कठिनाइयों के कारण कुडेकेला निवासी एक व्यक्ति के लगभग 7 लाख रुपये का भुगतान पिछले तीन वर्षों से नहीं कर पाए थे।

घर में घुसकर की मारपीट, 10 लाख रुपये की मांग

शिकायत के अनुसार 11 जून की दोपहर कपिल सोलंकी अपने दो साथियों मनीष परियानी और गिरीश माखीजा के साथ उनके घर पहुंचा। आरोपियों ने जबरन घर में प्रवेश कर पीड़ित को धमकाते हुए कहा कि यदि पैसे नहीं दिए तो उसका "मर्डर करवा देंगे"। इसके बाद तीनों ने उधारी रकम के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की और हाथ-मुक्कों तथा लकड़ी के डंडे से उसकी पिटाई कर दी।

घटना के बाद डरे-सहमे पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध किया।

एसएसपी के संज्ञान में आते ही शुरू हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बाद मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने दोनों साथियों की संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने मनीष परियानी और गिरीश माखीजा को भी गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

मुख्य आरोपी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कपिल सोलंकी वर्ष 2014 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, बलवा और मारपीट जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।

वहीं मनीष परियानी के खिलाफ लूट, प्रताड़ना, मारपीट, आबकारी एक्ट और जुआ एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। उस पर 13 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है और जिला बदर की कार्रवाई भी हो चुकी है।

गिरीश माखीजा के विरुद्ध भी जुआ, सट्टा और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं तथा उसे गुंडा सूची में शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है।

रायगढ़ पुलिस का सख्त संदेश

इस कार्रवाई के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में गुंडागर्दी, अवैध वसूली और आम नागरिकों को भयभीत करने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रायगढ़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जिले में अपराधियों के बीच हड़कंप है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है।

Leave Your Comment

Click to reload image