ताजा खबरें

बड़ी खबर

ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन थाना क्षेत्रों में छापेमारी, 29.50 लीटर अवैध शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, नकदी भी जब्त

रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन आघात" के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जूटमिल थाना, खरसिया चौकी और छाल थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 29.50 लीटर अवैध देशी, अंग्रेजी और महुआ शराब के साथ नकदी रकम बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जूटमिल थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि काशीराम चौक के पास एक युवक बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और 21 वर्षीय सतीश भटपहरे को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 45 पौव्वा देशी शराब और 30 पौव्वा अंग्रेजी शराब सहित कुल 13.50 बल्क लीटर मदिरा बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 7,200 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 200 रुपये नकद भी जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इसी तरह खरसिया चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि पनखतिया तालाब पार क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब बेचने के उद्देश्य से ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर 28 वर्षीय राहुल सारथी को पकड़ा। उसके कब्जे से प्लास्टिक जरीकेन में भरी लगभग 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 हजार रुपये है। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

वहीं छाल थाना पुलिस ने ग्राम पुसल्दा से कुकरीचोली कुरकुट नदी बांध के पास दबिश देकर 26 वर्षीय पवन कुमार चौहान को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से छह लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 1,200 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, गांजा, नशीले पदार्थों और अन्य मादक वस्तुओं के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ "ऑपरेशन आघात" के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है तथा ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image