घर के आंगन से बाइक चोरी करने वाला आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद की 70 हजार की मोटरसाइकिल
रायगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम झरियापाली से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई बाइक बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम झरियापाली निवासी 62 वर्षीय रूपचंद राठिया ने 6 जून को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने 20 मई की रात अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-13-एके-6887 घर के आंगन में खड़ी की थी। अगले दिन सुबह वाहन गायब मिला। अज्ञात चोर द्वारा मोटरसाइकिल चोरी किए जाने की सूचना पर घरघोड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 189/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने मामले की जांच तेज करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान सूचना मिली कि चोरी की गई मोटरसाइकिल लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम झगरपुर निवासी कार्तिक राठिया के पास है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम झरियापाली चौक के पास घेराबंदी कर संदेही कार्तिक राठिया (46 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली। बरामद वाहन की अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के साथ प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक और आरक्षक हरिश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा है कि रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। चोरी एवं अन्य अपराधों में शामिल व्यक्तियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।