ताजा खबरें

बड़ी खबर

ऑपरेशन आघात” का बड़ा असर, खरसिया में अवैध शराब कारोबारियों पर पुलिस का ताबड़तोड़ प्रहार, एक ही दिन में महिला समेत दो तस्कर दबोचे गए, 63 पाव देशी-अंग्रेजी शराब जब्त

रायगढ़, 01 जून 2026। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत खरसिया पुलिस ने लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में कुल 63 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5,600 रुपये बताई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब, नशे और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर शराब तस्करों को दबोचा।

नाकाबंदी में पकड़ा गया युवक, थैले से निकली देशी और अंग्रेजी शराब

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध शराब लेकर खरसिया क्षेत्र में बिक्री के लिए आ रहा है। सूचना मिलते ही चोढ़ा क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक संदिग्ध युवक हाथ में थैला लेकर आता दिखाई दिया।

पूछताछ में उसने अपना नाम संजय कुमार पटेल (32 वर्ष) निवासी नवागांव थाना खरसिया बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 14 नग 180 एमएल देशी प्लेन मदिरा तथा 14 नग 180 एमएल गोल्डन गोवा अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत लगभग 2,800 रुपये आंकी गई। पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

पटेल ढाबा के पास महिला तस्कर गिरफ्तार

इसी अभियान के तहत खरसिया पुलिस ने ग्राम बोतल्दा क्षेत्र में भी छापेमार कार्रवाई की। पुलिस टीम को बोतल्दा हाईवे रोड स्थित पटेल ढाबा के पास एक महिला संदिग्ध अवस्था में झोला लेकर जाती दिखाई दी।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम अनुसुईया उर्फ गुड्डी केशरवानी (48 वर्ष) निवासी छोटे देवगांव थाना खरसिया बताया। झोले की तलाशी लेने पर उसमें 25 पाव देशी प्लेन शराब तथा 10 पाव अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में महिला ने शराब को अवैध बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया। पुलिस ने शराब जब्त कर उसके विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की।

“ऑपरेशन आघात” से शराब माफियाओं में हड़कंप

खरसिया पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में अवैध कारोबार पर लगातार अंकुश लग रहा है और शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image