ताजा खबरें

बड़ी खबर

जिला बदर बदमाश चाहत शुक्ला ने पुलिस कार्यालय में किया हंगामा, पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंचा आरोपी; एसडीएम के सामने पेशी के बाद सीधे भेजा गया जेल

रायगढ़। जिला बदर आदेश का उल्लंघन कर पुलिस कार्यालय पहुंचकर हंगामा करने वाले आदतन अपराधी चाहत शुक्ला उर्फ आदित्य को कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया। आरोपी के हाथ में पेट्रोल से भरी प्लास्टिक की बोतल मिलने से पुलिस महकमे में कुछ देर के लिए सतर्कता बढ़ गई।

घटना 16 जुलाई की शाम की है, जब चाहत शुक्ला पुलिस कार्यालय परिसर पहुंचा और अपने खिलाफ बार-बार जिला बदर की कार्रवाई किए जाने को लेकर जोर-जोर से शोर-शराबा करने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसकी हरकत को देखते हुए तत्काल उसके कब्जे से पेट्रोल से भरी बोतल सुरक्षित जब्त कर ली। इसी दौरान कोतवाली थाना की पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार अभद्र व्यवहार करते हुए हंगामा करता रहा। कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। शुक्रवार को आरोपी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे जिला जेल रायगढ़ भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार चाहत शुक्ला उर्फ आदित्य, निवासी रेलवे स्टेशन मोटरसाइकिल स्टैंड के पीछे, थाना कोतवाली, वर्ष 2023 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ मारपीट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उसे वर्ष 2024 में पहली बार जिला बदर किया गया था, लेकिन अवधि पूरी होने के बाद भी उसकी गतिविधियों में सुधार नहीं आया। इसके बाद वर्ष 2025 में दोबारा उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित की गई।

जिला दंडाधिकारी रायगढ़ ने 23 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत चाहत शुक्ला को रायगढ़ सहित सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, कोरबा और जशपुर जिले की सीमाओं से एक वर्ष के लिए निष्कासित (जिला बदर) किया था। इसके बावजूद उसने आदेश का उल्लंघन करते हुए रायगढ़ में प्रवेश किया और पुलिस कार्यालय में हंगामा किया, जिसके बाद उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने, लोक शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ रायगढ़ पुलिस तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई करेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image