ताजा खबरें

बड़ी खबर

वायरल VIDEO ने खोल दी सरेआम गुंडागर्दी की पोल: युवती से बीच सड़क बेरहमी से मारपीट करने वाली नूरी खान गिरफ्तार, दो नाबालिगों पर भी कार्रवाई

रायगढ़। सोशल मीडिया पर युवती के साथ सरेराह मारपीट का वीडियो वायरल होते ही रायगढ़ पुलिस हरकत में आ गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी नगमा खान उर्फ नूरी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि घटना में शामिल दो नाबालिग बालिकाओं के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना 30 जून को मेरीन ड्राइव रोड स्थित पुष्पवाटिका गार्डन के पास हुई थी। 19 वर्षीय पीड़िता अपनी सहेली के साथ मोटरसाइकिल से लौट रही थी, तभी दो युवतियों ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। बाद में उन्होंने अपने रिश्तेदारों को बुलाया, जिनमें नगमा खान उर्फ नूरी भी शामिल थी। इसके बाद सभी ने मिलकर पीड़िता के साथ लात-घूंसों और मुक्कों से मारपीट की। राहगीरों और पीड़िता की सहेली के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों को यह गलतफहमी हो गई थी कि वह उन्हें देखकर हंस रही है। इसी बात पर विवाद बढ़ा और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने वीडियो का तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान की।

पीड़िता की शिकायत पर थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी नगमा खान उर्फ नूरी (38 वर्ष), निवासी फौजदारपारा, रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, घटना में शामिल दोनों नाबालिग बालिकाओं के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में कानून हाथ में लेने वालों, सरेआम गुंडागर्दी करने वालों और मारपीट जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य बनते हैं और दोषियों को हर हाल में कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image