फेसबुक पर दोबारा हुई दोस्ती बनी ब्लैकमेलिंग का जाल, शादीशुदा महिला से 35 लाख रुपये की वसूली; दुष्कर्म और एक्सटॉर्शन के आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने किया गिरफ्तार
रायगढ़, 12 जून। सोशल मीडिया के माध्यम से हुई पहचान का गलत फायदा उठाकर एक विवाहित महिला का वर्षों तक शारीरिक और आर्थिक शोषण करने वाले आरोपी को महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला को अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा तथा उससे लाखों रुपये की अवैध वसूली करता रहा। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतरारोड़ थाना क्षेत्र की 33 वर्षीय महिला ने महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम बंजारी निवासी अनिल ईजारदार उसे लंबे समय से धमकाकर शारीरिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संचालित “अभियान संवेदना” के तहत महिला थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी को हाईस्कूल के समय से जानती थी। वर्ष 2013 में उसकी शादी हो गई थी। वर्ष 2019 में आरोपी ने फेसबुक के माध्यम से फिर संपर्क किया और दोनों के बीच मोबाइल व व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हो गई।
महिला के अनुसार 25 दिसंबर 2020 को वह चंद्रपुर बस स्टैंड में अपने ससुराल जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और वाहन से छोड़ने की बात कहकर उसे अपनी कार में बैठा लिया। आरोप है कि आरोपी उसे गांव के पास खेत की ओर ले गया, जहां कार के भीतर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया और चोरी-छिपे उसका वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया।
इसके बाद आरोपी ने वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर महिला को लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बदनामी के डर से महिला आरोपी के दबाव में रही। इस दौरान आरोपी ने धमकी देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और लगातार पैसों की मांग करता रहा। पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2020 से मई 2026 तक आरोपी ने उससे नगदी और जेवरात सहित करीब 35 लाख रुपये की अवैध वसूली की।
महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि लगातार प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से वह मानसिक रूप से इतनी परेशान हो चुकी थी कि उसके मन में आत्महत्या जैसे विचार भी आने लगे थे। आखिरकार उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस की शरण ली और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई।
महिला की रिपोर्ट पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। इसके बाद महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और देर रात सारंगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारी में दबिश देकर आरोपी अनिल ईजारदार (32 वर्ष) को हिरासत में ले लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक CG 13 Y 8772 तथा आईक्यू कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पूरे मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में महिला थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव, संदीप भगत तथा आरक्षक राज सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा है कि यदि सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से कोई व्यक्ति डराकर, धमकाकर, ब्लैकमेल कर शारीरिक अथवा आर्थिक शोषण करता है तो महिलाएं बिना भय के तत्काल पुलिस से संपर्क करें। रायगढ़ पुलिस हर पीड़िता को संवेदनशीलता के साथ सहायता और न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।