ताजा खबरें

बड़ी खबर

पहले खुद को बताया कुंवारा, प्रेमजाल में फंसाकर बनाया शारीरिक संबंध, गर्भवती होने पर छोड़ा साथ; सच सामने आने पर दी जान से मारने की धमकी,24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई के तहत चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के अंतर्गत पूंजीपथरा पुलिस ने दुष्कर्म के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया और बाद में विवाह से इनकार कर दिया।

पुलिस के अनुसार, धरमजयगढ़ क्षेत्र की 22 वर्षीय युवती ने 11 जून 2026 को थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि फरवरी 2025 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से सागर सारथी नामक युवक से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए प्रेम संबंध स्थापित किया और विवाह का भरोसा देकर युवती को अपने झांसे में लिया।

शिकायत के अनुसार, 23 जुलाई 2025 को आरोपी ने युवती को तराईमाल स्थित अपने मजदूर क्वार्टर बुलाया, जहां पत्नी बनाकर रखने और शादी करने का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी लगातार युवती को अपने साथ रखकर उसका दैहिक शोषण करता रहा।

पीड़िता ने बताया कि अगस्त 2025 में गर्भवती होने पर आरोपी ने उसका पालन-पोषण करने में असमर्थता जताते हुए उसे वापस उसके घर भेज दिया। इसके बावजूद वह युवती के संपर्क में बना रहा और विवाह का आश्वासन देता रहा। बाद में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पहले से विवाहित है और उसकी पहली पत्नी भी गर्भवती है। इतना ही नहीं, उसने युवती को कहीं और विवाह तय होने की बात कहने के लिए दबाव बनाया तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 141/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता का बयान दर्ज कर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सागर सारथी को सिंघल पावर प्लांट लेबर कॉलोनी, तराईमाल से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने युवती के साथ प्रेम संबंध और उसे गर्भवती करने की बात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी सागर सारथी (25 वर्ष) ग्राम चांदागढ़ (तमता), तहसील पत्थलगांव, जिला जशपुर का निवासी है और वर्तमान में सिंघल पावर प्लांट लेबर कॉलोनी, तराईमाल में रह रहा था।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image