रायगढ़ में लूटपाट मचाने वाले बदमाशों पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 2 घंटे के भीतर सुराग, जोगीडीपा के दो आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई बाइक-मोबाइल और चाकू बरामद
रायगढ़। शहर में लगातार दो लूट की वारदातों को अंजाम देकर आम लोगों में भय का माहौल बनाने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जोगीडीपा निवासी सन्नी उर्फ प्रकाश कुमार सारथी और शाहीद सारथी ने 10 जून की रात अलग-अलग स्थानों पर एक मोटरसाइकिल चालक से नकदी और बाइक लूटने तथा दूसरे युवक से मोबाइल फोन छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पहली घटना रात करीब 10 बजे गंगाराम तालाब जोगीडीपा के पास हुई। चांदमारी निवासी किशन साहू अपने मित्र के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था, तभी आरोपियों ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की, जेब से नकदी छीनी और बाइक लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर मारपीट की गई तथा चाकू से हमला कर मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
इसके कुछ ही देर बाद दूसरी घटना इंदिरानगर क्षेत्र में हुई, जहां अभिषेक नागराज को घर के पास रोककर आरोपियों ने चाकू दिखाते हुए पैसे मांगे। पैसे नहीं होने पर उसके साथ मारपीट कर POCO C75 5G मोबाइल फोन लूट लिया गया।
लगातार हुई इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों के घर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने दोनों लूट की वारदातों को स्वीकार कर लिया। आरोपी सन्नी उर्फ प्रकाश कुमार सारथी के पास से लूटी गई मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त लोहे का चाकू बरामद किया गया, जबकि शाहीद सारथी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल सहित कोतवाली थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
"लूटपाट और आमजन में भय का वातावरण निर्मित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।" –