ताजा खबरें

बड़ी खबर

अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा: अधिवक्ता आराधना सिदार हत्याकांड में प्रेम-प्रसंग, धोखा और खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर रायगढ़ पुलिस ने आरोपी प्रेमी को दबोचा

रायगढ़, 16 मई 2026। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के कटेल टिकरा जंगल में मिले अधिवक्ता महिला के शव के मामले में रायगढ़ पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले का खुलासा एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में किया।

मृतिका की पहचान अधिवक्ता आराधना सिदार (31 वर्ष), निवासी ग्राम केकराझरिया थाना लैलूंगा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि उसकी हत्या उसके प्रेमी लोकनाथ पटेल (30 वर्ष), निवासी ग्राम चारपारा थाना सक्ती द्वारा की गई थी, जो पहले से विवाहित है।

घटना 12 मई की है, जब ग्राम पूंजीपथरा के कटेल टिकरा जंगल में एक अज्ञात महिला का शव नग्न अवस्था में मिला था। सूचना पर पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची थी। प्रारंभ में शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में गुमशुदगी रिपोर्ट और परिजनों की पहचान के आधार पर मृतिका की पुष्टि आराधना सिदार के रूप में हुई।

जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। फुटेज में एक युवक को महिला को मोटरसाइकिल पर ले जाते हुए देखा गया, जिसके आधार पर बाइक नंबर से आरोपी तक पहुंच बनाई गई और उसे सक्ती से हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका मृतिका के साथ पिछले लगभग दो वर्षों से प्रेम संबंध था, लेकिन वह पहले से विवाहित था। मृतिका द्वारा शादी का दबाव बनाए जाने के कारण उसने हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 10 मई को वह मृतिका को पहले सक्ती और दमाऊधारा मंदिर लेकर गया और बाद में एक लॉज में ठहरा, जहां उसने फर्जी नाम से कमरा लिया।

इसके बाद अगले दिन वह उसे सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया, जहां गला दबाकर उसे बेहोश किया और फिर पत्थर व धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश की और मृतिका के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर परिजनों व सहेलियों से बातचीत भी की, ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने कपड़े तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकनाथ पटेल (30 वर्ष), निवासी ग्राम चारपारा, थाना सक्ती, जिला सक्ती (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस हर गंभीर अपराध की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के माध्यम से तह तक पहुंच रही है और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image