ताजा खबरें

बड़ी खबर

गोवा के आलीशान विला से चल रहा था मध्य भारत का सबसे बड़ा ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क, पुलिस की रेड में 6 बड़े खाईवाल गिरफ्तार, करोड़ों के हवाला कनेक्शन और दुबई लिंक का सनसनीखेज खुलासा

रायगढ़ 16 मई 2026 । आईपीएल सीजन के बीच रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के उस बड़े सिंडिकेट पर जबरदस्त प्रहार किया है, जिसने मध्य भारत में सट्टेबाजी का विशाल नेटवर्क खड़ा कर रखा था। एसएसपी के नेतृत्व में चली इस हाईप्रोफाइल कार्रवाई ने रायगढ़ से रायपुर, सक्ती, नागपुर और गोवा तक फैले क्रिकेट सट्टा गिरोह की परतें खोल दी हैं। पुलिस ने गोवा के कैंडोलिम बीच इलाके में किराए के लक्जरी विला पर छापा मारकर छह बड़े सट्टा संचालकों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार कथित रूप से “मन्नू नथानी” गैंग और दुबई से संचालित ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं।

पूरे मामले की शुरुआत थाना कोतवाली रायगढ़ में दर्ज अपराध क्रमांक 217/2026 और 218/2026 से हुई, जहां ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के आरोप में करण चौधरी उर्फ करण अग्रवाल, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को हवाला और बड़े नेटवर्क से जुड़े इनपुट मिले। पूछताछ में सामने आया कि करोड़ों रुपये के लेनदेन हवाला चैनलों के जरिए किए जा रहे थे और इसका संचालन रायगढ़-रायपुर के बड़े खाईवालों के जरिए हो रहा था। इसके बाद साइबर थाना और कोतवाली पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की और जांच की कड़ियां सीधे गोवा तक पहुंच गईं।

एसएसपी के निर्देश पर सीएसपी मयंक मिश्रा, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह और साइबर टीम गोवा पहुंची। पुलिस ने कैंडोलिम बीच स्थित एक किराए के विला में दबिश दी, जहां आरोपी आईपीएल मैचों पर लाइव ऑनलाइन सट्टा संचालित करते मिले। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मोबाइल, लैपटॉप, हिसाब-किताब की डायरी और डिजिटल सबूत नष्ट करने की कोशिश में जुट गए, लेकिन टीम ने मौके से 10 मोबाइल फोन जब्त कर सभी को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में खरसिया निवासी अमित मित्तल, रायपुर निवासी मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू और सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि ये सभी लंबे समय से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, मटका और डिजिटल बेटिंग नेटवर्क से जुड़े हुए थे और “मन्नू नथानी” गैंग के एजेंट के तौर पर काम शुरू कर अब खुद बड़े खाईवाल बन चुके थे।

जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने के तीन बड़े तरीके सामने आए हैं। पहला तरीका “अभिनंदन बुक/लाइन” के जरिए रायपुर से क्रिकेट सेशन का भाव लेना और APK बेस्ड जूम ऐप के जरिए नीचे के खिलाड़ियों तक रेट पहुंचाना था। दूसरा तरीका बेहद हाईटेक और चौंकाने वाला था, जिसमें आरोपी “प्रगति टीवी ऐप” और “स्टार लाइव” जैसे APK बेस्ड ऐप का इस्तेमाल करते थे। इन ऐप्स में मैच लगभग 7 सेकंड पहले दिखाई देता था, जिसका फायदा उठाकर सटोरिए लाइव मैच से पहले ही भाव बदल देते थे और भारी मुनाफा कमाते थे। तीसरा तरीका महादेव सट्टा ऐप की तर्ज पर “All Panel Exchange”, “Taj 777” और “Diamond Exchange” जैसी बेटिंग आईडी के जरिए ऑनलाइन जुआ खिलाने का था।

पुलिस के मुताबिक यह पूरा नेटवर्क बेहद संगठित तरीके से संचालित हो रहा था। दुबई से बेटिंग आईडी बड़े खाईवालों तक पहुंचती थी, फिर महानगरों में बैठे ऑपरेटर इन्हें रायपुर, नागपुर और मध्य भारत के अन्य शहरों में सक्रिय एजेंटों तक पहुंचाते थे। नीचे के स्तर पर छोटे खाईवाल और प्लेयर्स को आईडी देकर हर ट्रांजैक्शन पर 10 प्रतिशत तक कमीशन लिया जाता था। प्रारंभिक जांच में एक आईपीएल सीजन में करोड़ों रुपये के लेनदेन के संकेत मिले हैं।

पूछताछ में हवाला नेटवर्क का भी बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपियों के मोबाइल में नोटों के सीरियल नंबर शेयर कर भरोसे के आधार पर रकम ट्रांसफर करने के डिजिटल सबूत मिले हैं। इससे पहले गिरफ्तार आरोपियों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा नकदी भी जब्त की जा चुकी है। पुलिस अब हवाला चैनल, अप-लिंक नेटवर्क और आर्थिक ट्रांजैक्शन की गहराई से जांच कर रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी पुराने अपराधी हैं। अमित मित्तल के खिलाफ खरसिया, चक्रधरनगर और घरघोड़ा में पहले से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के मामले दर्ज हैं। वहीं मोहित सोमानी के खिलाफ रायपुर के कई थानों में सट्टे के अपराध दर्ज बताए गए हैं। पुलिस को इन आरोपियों के रायगढ़, सक्ती, रायपुर और अन्य शहरों के सट्टा नेटवर्क से भी लिंक मिले हैं, जिनकी जांच तेज कर दी गई है।

एसएसपी ने साफ कहा है कि रायगढ़ पुलिस संगठित अपराध, ऑनलाइन सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ लगातार आक्रामक अभियान चला रही है और तकनीक आधारित अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की आर्थिक जड़ों तक पहुंचने और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave Your Comment

Click to reload image