जंगल से बाजार तक का सफर आसान—जशपुर और पत्थलगांव में वनोपज आधारित उद्यमिता पर 3 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आगाज
जशपुरनगर 22 मार्च । लघु वनोपज आधारित आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में जशपुर एवं पत्थलगांव में तीन दिवसीय सेक्टर-विशिष्ट प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण उद्यमिता विकास संस्थान भारत (EDII), अहमदाबाद द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) के सहयोग से Raising and Accelerating MSME Performance (RAMP) योजना के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय समुदायों, विशेषकर वनोपज पर निर्भर लोगों के लिए उद्यमिता को बढ़ावा देना, मूल्य संवर्धन करना तथा सतत आजीविका के अवसर विकसित करना है।
यह प्रशिक्षण वर्तमान एवं संभावित उद्यमियों, स्वयं सहायता समूह (SHG) के सदस्यों, वनोपज संग्राहकों एवं युवाओं के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वैज्ञानिक तरीके से वनोपज संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग एवं मूल्य संवर्धन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन रणनीतियों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही वित्तीय साक्षरता, शासकीय योजनाओं की जानकारी तथा उद्यम स्थापना और व्यवसाय योजना निर्माण पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कार्यक्रम में अनुभवी प्रशिक्षकों एवं विशेषज्ञों द्वारा व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को सीधे तौर पर अपने कार्य में उपयोगी ज्ञान प्राप्त हो सके। इस पहल के माध्यम से EDII का लक्ष्य ग्रामीण एवं जनजातीय समुदायों को सशक्त बनाना है, ताकि पारंपरिक वनोपज गतिविधियों को लाभकारी उद्यमों में परिवर्तित किया जा सके। तीन दिवसीय यह प्रशिक्षण जशपुर एवं पत्थलगांव में आयोजित होगा, जिसमें इच्छुक उद्यमी, SHG सदस्य, वनोपज संग्राहक एवं युवा भाग ले सकते हैं। पंजीकरण एवं अधिक जानकारी के लिए हिमांशु कुमार (मोबाइल: 8340706563) से संपर्क किया जा सकता है।