संवेदना फाउंडेशन के स्थापना दिवस पर लगा रक्तदान शिविर, युवाओं व नगरवासियों ने दिखाया उत्साह, जरूरतमंद मरीजों के लिए जुटी 15 यूनिट जीवनदायिनी रक्त
जशपुरनगर।
नगर में सामाजिक सेवा और मानवता की भावना को साकार करते हुए रविवार को संवेदना फाउंडेशन द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। स्वर्गीय विश्व बंधु शर्मा की स्मृति में तथा संस्था के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
शिविर में चिकित्सकों की टीम द्वारा रक्तदाताओं का पहले स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, इसके बाद सुरक्षित प्रक्रिया के तहत रक्त संग्रह किया गया। इस दौरान डॉक्टरों और आयोजकों ने उपस्थित लोगों को रक्तदान के महत्व और इससे होने वाले लाभों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रक्तदान महादान है और इससे कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराना है। शिविर में करीब 15 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिसे अस्पताल के ब्लड बैंक में सुरक्षित रखा जाएगा ताकि आपात स्थिति में मरीजों को इसका लाभ मिल सके।
शिविर के दौरान सामाजिक सेवा का अनूठा माहौल देखने को मिला। रक्तदाताओं में युवाओं के साथ-साथ समाजसेवियों और आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर यह संदेश दिया कि मानवता की सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में भाग लेने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य रूप से संवेदना संस्था के अध्यक्ष संजय पाठक, उपाध्यक्ष विनोद निकुंज, सुशील पाठक, शशि साहू, सीमा सिंह, शरद साहू, दीपक सिंह, किरण महतो, सीमा गुप्ता, आनंद जैन, अनुराधा चौरसिया, उर्मिला कुशवाहा, मोनू साहू, अनुराग यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।