ताजा खबरें

बड़ी खबर

जंगल में दरिंदगी का अंजाम जेल में — नाटक देखकर लौट रही 17 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, जशपुर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में दो दरिंदे गिरफ्तार, तीसरे की तलाश तेज

जशपुर, 28 फरवरी 2026।
जिले के थाना बागबहार क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में जशपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मामले का एक अन्य मुख्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है।

घटना 16 फरवरी 2026 की रात्रि की है। पीड़िता नाटक कार्यक्रम देखकर अकेले अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में मोटर साइकिल सवार युवकों ने उसे घर छोड़ने का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ बैठा लिया और सुनसान जंगल की ओर ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी बालिका को अचेत अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।

 अचेत अवस्था में मिली पीड़िता

परिजनों द्वारा खोजबीन के दौरान 17 फरवरी की रात बिजली सब स्टेशन के पास सड़क किनारे पीड़िता अचेत मिली। ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार हेतु पत्थलगांव रेफर किया गया। इलाज के दौरान पीड़िता ने अपनी मां को आपबीती बताई।

मेडिकल रिपोर्ट एवं बयान के आधार पर थाना पत्थलगांव में बीएनएस की धारा 138, 70(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत शून्य में एफआईआर दर्ज कर प्रकरण थाना बागबहार को स्थानांतरित किया गया।

 विशेष टीम का गठन, टेक्निकल सर्विलांस से मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने पीड़िता के बताए अनुसार काले-गुलाबी रंग की मोटर साइकिल के आधार पर जांच तेज की।

तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर एक संदिग्ध पल्सर मोटर साइकिल की पहचान हुई। जांच में आरोपी सत्यप्रकाश यादव (28 वर्ष) को थाना पत्थलगांव क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पहले वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्त एवं मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आगे उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल जब्त की गई और 25 फरवरी को उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।सत्यप्रकाश की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी पीताम्बर लहरे (30 वर्ष) को थाना सीतापुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे भी 28 फरवरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में संलिप्त एक अन्य मुख्य आरोपी की पहचान पुलिस कर चुकी है, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।

 पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

पूरे मामले की कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल, थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक शर्मा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

 एसएसपी का बयान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं और नाबालिगों से जुड़े अपराधों को लेकर जशपुर पुलिस बेहद संवेदनशील है। ऐसे जघन्य अपराधों में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image