बगीचा में “कृषक उन्नति योजना” का ऐतिहासिक आयोजन: 7,162 किसानों के खातों में 38.95 करोड़ की अंतर राशि ट्रांसफर, उपाध्यक्ष गुप्ता बोले – भाजपा सरकार में अन्नदाता का सम्मान ही सर्वोपरि, वचन निभाना हमारी पहचान
बगीचा 28 फरवरी 2026। विकासखंड बगीचा में आयोजित कृषक उन्नति योजना कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि भाजपा की सरकार किसान हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और पसीने का सम्मान करना ही हमारी सरकार का मूल संकल्प है।
कार्यक्रम के दौरान 7162 पंजीकृत धान उत्पादक किसान भाइयों के खातों में कुल ₹38,95,60,718.80 की अंतर राशि का सीधे डीबीटी माध्यम से अंतरण किया गया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अन्नदाता के आत्मसम्मान का प्रतीक है। वर्षों से किसान जिस सम्मान और अधिकार की अपेक्षा कर रहे थे, आज वह भाजपा की सरकार में साकार हो रहा है।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है। पूरे प्रदेश में 25 लाख से अधिक अन्नदाता किसानों को ₹10,000 करोड़ से अधिक की अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान किया जाना ऐतिहासिक निर्णय है, जो सरकार की प्रतिबद्धता और किसान कल्याण के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
उपाध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि भाजपा की सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि जो वादा करती है उसे पूरा भी करती है। किसान समृद्ध होगा तो प्रदेश समृद्ध होगा, और यही सोच लेकर सरकार लगातार कार्य कर रही है।
इस गरिमामय कार्यक्रम में जिला महामंत्री मुकेश शर्मा जी, वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर प्रसाद गुप्ता जी, पदम श्री जगेश्वर यादव जी जनपद अध्यक्ष गायत्री नागेश जी, जनपद सदस्य एवं प्रदेश मंत्री ललित नागेश जी, कृषि समिति के सभापति रामवृक्ष भगत जी, तहसीलदार महेश्वर उईके जी, कृषि विस्तार अधिकारी केरकेट्टा जी, मंडी एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बगीचा ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में आए कृषक बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह में उत्साह का वातावरण देखा गया तथा किसानों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
अंत में उपाध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि भाजपा संगठन बगीचा जनपद किसानों के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ा है और आगे भी किसान हितों के लिए निरंतर संघर्ष और सेवा करता रहेगा।