ताजा खबरें

बड़ी खबर

होली से पहले पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ तेज — पान ठेलों पर बिक रहे ‘गोगो’ और सूखे नशे के कारोबार पर बड़ी दबिश, 7 थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 35 संचालकों पर जुर्माना और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

रायगढ़, 28 फरवरी 2026 । आगामी होली पर्व को देखते हुए जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे *“ऑपरेशन आघात”* के तहत रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर जिले में अवैध महुआ शराब, गांजा तथा अन्य नशे की सामग्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 

           इसी क्रम में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह को शहर के विभिन्न पान ठेलों में “गोगो” नामक नशे की सामग्री सहित अन्य मादक पदार्थों के विक्रय की सूचना प्राप्त हुई थी, जिस पर उन्होंने नगर पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी को थाना प्रभारियों और उनकी टीम के साथ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

       एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली, कोतरारोड, जूटमिल, पुसौर, तमनार एवं लैलूंगा थाना क्षेत्रों के पान ठेलों, अड्डेबाजी स्थलों एवं दुकानों में पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा दबिश दी गई।

      कार्रवाई के दौरान “गोगो” नामक नशे की सामग्री बेचते पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा संबंधित संचालकों पर जुर्माना लगाया गया, वहीं पुलिस द्वारा पृथक से संचालकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए कड़ी समझाइश दी गई। थाना कोतवाली क्षेत्र के राजीव नगर, रामपुर, ढिमरापुर, इंदिरा नगर और चांदमारी क्षेत्र के पांच अलग-अलग स्थानों पर कुल 06 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में लगभग 15-16 दुकानों की जांच के दौरान मेडिकल कॉलेज के पास और पंजरी प्लांट क्षेत्र में “गोगो” बेचते पाए जाने पर चार व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। थाना कोतरारोड क्षेत्र में किरोड़ीमल नगर, पतरापाली और भगवानपुर क्षेत्र में 06 दुकानों में दबिश देकर प्रत्येक दुकान संचालक पर 800-800 रुपए का जुर्माना लगाया गया। थाना पुसौर क्षेत्र में बोरोडिपा और बाजार चौक बस्ती में संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए चार व्यक्तियों पर 400-400 रुपए का जुर्माना किया गया। थाना तमनार क्षेत्र में मुख्य बाजार, राम मंदिर के पास तथा बस स्टैंड क्षेत्र में पांच व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसी प्रकार थाना लैलूंगा क्षेत्र में डॉक्टर प्रिया सिंह एवं पुलिस टीम द्वारा अटल चौक और आसपास के दुकानों की जांच कर प्रत्येक दुकानदार पर 200-200 रुपए का जुर्माना लगाया गया।

   *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश*-

       “*होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की नशे की सामग्री की अवैध बिक्री, वितरण या सेवन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा। अभिभावक अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखें।”*

       रायगढ़ पुलिस आम जनता से भी अपील करती है कि नशे से दूर रहें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम और संबंधित थाना प्रभारी को दें, ताकि जिले में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सके।

*35 व्यक्तियों पर कार्रवाई*:
• कोतवाली – 6 दुकानदार (राजीव नगर, रामपुर, ढिमरापुर, इंदिरा नगर और चांदमारी)
• चक्रधरनगर – 4 दुकानदार (मेडिकल कॉलेज के पास, पंजरी प्लांट)
• कोतरारोड – 6 दुकानदार (किरोड़ीमल नगर, पतरापाली, भगवानपुर)
• पुसौर – 4 दुकानदार (बोरोडिपा, बाजार चौक बस्ती)
• तमनार – 5 दुकानदार (मुख्य बाजार, राम मंदिर के पास, बस स्टैंड)
• लैलूंगा – 5 दुकानदार (अटल चौक एवं आसपास )
• जूटमिल - 5 दुकानदार (सांगीतराई, कांशीराम चौक, ट्रांसपोटनगर, कबीर चौंक, कयाघाट)

Leave Your Comment

Click to reload image