ताजा खबरें

बड़ी खबर

जिसने उंगली पकड़कर चलना सिखाया उसी ने छीनी जिंदगी: पिता ने गुस्से में खोया आपा, आंगनबाड़ी सहायिका बेटी को टांगी से उतारा मौत के घाट, पुलिस ने आरोपी को भेजा सलाखों के पीछे

नारायणपुर/जशपुर, 19 फरवरी 2026।
जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामटोली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने गुस्से में अपनी ही आंगनबाड़ी सहायिका बेटी की टांगी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और क्षेत्र में मातम का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थिया अनुषा लकड़ा (उम्र 22 वर्ष), निवासी अंबाटोली, थाना नारायणपुर ने 18 फरवरी 2026 को थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके परिवार में पांच भाई-बहन हैं, जिनमें एक भाई और एक बड़ी बहन दूसरे प्रदेश में काम करते हैं, जबकि उसकी शादी ग्राम अंबाटोली में हो चुकी है। उसके मायके ग्राम जामटोली में उसके पिता लौरेस लकड़ा (उम्र 47 वर्ष), बड़ी बहन बिंदिया लकड़ा (उम्र 23 वर्ष) और छोटा भाई रहते थे।

मृतिका बिंदिया लकड़ा गांव में आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत थी। बिंदिया लकड़ा द्वारा घर के पास नया मकान बनाने के लिए नींव खुदवाई गई थी और निर्माण कार्य हेतु बालू व अन्य सामग्री भी मंगवाई गई थी।

बताया जा रहा है कि 18 फरवरी 2026 की दोपहर लगभग 3 बजे आरोपी पिता लौरेस लकड़ा घर पहुंचा और मकान निर्माण के लिए ईंट-गिट्टी मंगवाने की बात करने लगा। इसी दौरान उसने अपनी बेटी से पैसे देने की मांग की ताकि वह स्वयं निर्माण सामग्री मंगवा सके। इस बात को लेकर पिता और बेटी के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद के दौरान आरोपी पिता ने गुस्से में आपा खो दिया और घर में रखी टांगी के पिछले हिस्से से अपनी बेटी बिंदिया लकड़ा के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बिंदिया लकड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और गांव में सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉक्टर द्वारा जारी प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण सिर में गंभीर चोट लगना बताया गया है।

पुलिस ने मामले में आरोपी लौरेस लकड़ा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर उसे तत्काल हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी भी जब्त कर ली है। इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक पुरनचंद पटेल, आरक्षक उमेश मिंज, अशोक कंसारी, अमित एक्का एवं नगर सैनिक वीरेंद्र भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image