नशे के अवैध कारोबार पर रायगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार — जिलेभर में विशेष अभियान से मचा हड़कंप, अवैध शराब बिक्री, परिवहन और गांजा तस्करी पर कसी शिकंजा
ऑपरेशन “आघात” में रायगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार — अवैध शराब और गांजा के खिलाफ जिलेभर में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 64 पाव देशी शराब, 22 लीटर महुआ और 1.150 किलो गांजा जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार, 67 हजार से अधिक की संपत्ति बरामद
रायगढ़, 18 फरवरी 2026। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत ने बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री, परिवहन और गांजा तस्करी में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई चार बड़ी कार्रवाइयों में पुलिस ने 64 पाव देशी शराब, 22 लीटर महुआ शराब और 1.150 किलोग्राम गांजा सहित वाहन और मोबाइल जब्त किए हैं। इन कार्रवाइयों में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करते पाए गए छह व्यक्तियों पर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा की गई इन कार्रवाइयों में कुल 67,880 रुपये से अधिक मूल्य की अवैध सामग्री और संपत्ति जब्त की गई है। अभियान के तहत जिलेभर में लगातार निगरानी और सघन जांच की जा रही है, जिससे अवैध नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते 6 लोग गिरफ्तार, शहर में चलाया गया विशेष अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सिटी कोतवाली और चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने सर्किट हाउस तिराहा, बडेरामपुर रोड, रामपुर तिराहा, मरीन ड्राइव रोड, पंजरी प्लांट और सिग्नल चौक जैसे प्रमुख स्थानों पर कार्रवाई करते हुए छह व्यक्तियों को खुलेआम शराब सेवन करते हुए पकड़ा।
पुलिस ने रोहित साहू, रजनीश पटेल, सूरज यादव, भोजराम सिदार, परसराम श्रीवास और सुरज श्रीवास के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।
स्कूटी से अवैध शराब परिवहन करते आरोपी गिरफ्तार, वाहन सहित शराब जब्त
थाना तमनार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सलिहाभांठा मेन रोड में नाकेबंदी कर स्कूटी से अवैध शराब परिवहन कर रहे आरोपी दिगम्बर प्रसाद जायसवाल (52 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 34 पाव देशी प्लेन शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस विगो स्कूटी जब्त की गई। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत 23,480 रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई।
मोटरसाइकिल से शराब तस्करी करते आरोपी को जूटमिल पुलिस ने दबोचा
इसी प्रकार थाना जूटमिल पुलिस ने कोडातराई तिराहा के पास मोटरसाइकिल से अवैध शराब परिवहन करते आरोपी अमित कुर्रे (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 30 पाव देशी शराब और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत 12,400 रुपये बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
घर में बिक्री के लिए रखी 22 लीटर महुआ शराब जब्त, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
थाना कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम चिराईपानी में दबिश देकर आरोपी गोपाल धनुवार (38 वर्ष) के घर से 22 लीटर महुआ शराब जब्त की। आरोपी द्वारा उक्त शराब को बिक्री के उद्देश्य से रखना स्वीकार किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, मोटरसाइकिल की सीट में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा
थाना तमनार पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हमीरपुर–धौराभांठा मार्ग पर नाकेबंदी के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी मनोज कुमार प्रधान (42 वर्ष) और संजय कुमार देहरी (38 वर्ष), दोनों निवासी पत्थलगांव जिला जशपुर, मोटरसाइकिल की सीट में छिपाकर 1.150 किलोग्राम गांजा परिवहन कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 34,200 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
अवैध नशे के कारोबार पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई — एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब बिक्री, परिवहन और मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध “ऑपरेशन आघात” के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से जिले में अवैध नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे कानून व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।