ताजा खबरें

बड़ी खबर

ऑपरेशन शंखनाद” के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओडिशा बूचड़खाने ले जाए जा रहे 16 गौवंश को तस्करों के कब्जे से कराया मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार


रायगढ़, 18 फरवरी। जिले में गौवंश तस्करी पर पूर्णतः रोक लगाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस ने घेराबंदी कर 16 नग गौवंश को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है, जिन्हें अवैध रूप से ओडिशा के बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर लैलूंगा पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, झगरपुर मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
मामला जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 17 फरवरी की शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम आमापाली से झगरपुर मार्ग होते हुए कुछ तस्कर गौवंश को अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और ग्राम झगरपुर के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी।
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एक युवक को गौवंश के साथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम देवानंद यादव (32 वर्ष), निवासी ग्राम आमापाली, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ बताया। आरोपी के कब्जे से कुल 16 नग गौवंश बरामद किए गए।
वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका आरोपी, पूछताछ में कबूला तस्करी का अपराध
पुलिस द्वारा गौवंश के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी रब्बुल खान के साथ मिलकर गौवंश को अवैध रूप से ओडिशा बूचड़खाने ले जा रहा था। आरोपी की स्वीकारोक्ति के बाद पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
मुक्त कराए गए गौवंश का कराया गया चिकित्सकीय परीक्षण, गौशाला भेजकर की गई समुचित व्यवस्था
पुलिस द्वारा बरामद सभी 16 गौवंश का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद उनके चारा-पानी एवं देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए उन्हें सलखिया गौशाला भेज दिया गया, जहां उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण किया जा रहा है।
पशु क्रूरता एवं पशु संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज, आरोपी भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
इस मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 52/2026 के तहत छत्तीसगढ़ पशु संरक्षण एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं 11 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपी देवानंद यादव को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, वहीं फरार आरोपी रब्बुल खान की पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह की सख्त चेतावनी — गौवंश तस्करों के खिलाफ जारी रहेगी कठोर कार्रवाई
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जिले में गौवंश तस्करी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन शंखनाद के तहत जिलेभर में लगातार अभियान चलाकर गौवंश तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और इस अवैध गतिविधि पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा।”
पुलिस अधिकारियों एवं टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस सफल कार्रवाई में एसएसपी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साहू, सहायक उपनिरीक्षक परमेश्वर गुप्ता एवं पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image